लाइव, यमन में हूती लड़ाकों ने मोखा पोर्ट पर किया क़ब्ज़ा- रिपोर्ट
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, हूती लाल सागर के रणनीतिक बंदरगाहों पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे लाल सागर के अहम बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर उनका नियंत्रण बढ़ जाएगा.
यमन में हूती लड़ाकों ने मोखा पोर्ट पर किया क़ब्ज़ा- रिपोर्ट
इमेज स्रोत, Mohammed HUWAIS / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, यमन में संघर्ष बढ़ने का ख़तरा लगातार बना हुआ है (सांकेतिक तस्वीर)
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने तीन यमनी सरकारी अधिकारियों के हवाले से बताया कि हूती विद्रोहियों ने मोखा बंदरगाह पर क़ब्ज़ा कर लिया है.
वहीं आईआरआईबी ने अरब मीडिया के हवाले से कहा है कि यमन के हथियारबंद गुट अंसारल्लाह (हूती विद्रोही) ने सऊदी अरब समर्थित सैनिकों को पीछे धकेलने के बाद रणनीतिक तौर पर अहम मोखा पोर्ट पर नियंत्रण कर लिया है.
आईआरआईबी ने बताया है कि हूती विद्रोहियों ने रेड सी के कई द्वीपों पर क़ब्ज़ा कर लिया है. इसके साथ ही उन्होंने बाब अल-मंदेब स्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर भी नियंत्रण कर लिया है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, हूती लाल सागर पर रणनीतिक बंदरगाहों पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे लाल सागर के अहम बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर उनका नियंत्रण बढ़ जाएगा.
इससे पहले, यमन में सऊदी समर्थित बलों और हूती विद्रोहियों के बीच हुए तीखे संघर्ष ने युद्ध के भड़कने को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.
सऊदी अरब के विमानों ने यमन में बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के विरोध में वहां के कई क्षेत्रों पर भी हमले किए हैं.
तनाव बढ़ने के कारण दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब में स्थित खमीस मुशैत में इमरजेंसी की घोषणा कर दी गई है.
सोनम वांगचुक ने लद्दाख मुद्दे पर सरकार को दिया एक हफ़्ते का समय
इमेज स्रोत, @Wangchuk66
इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक लद्दाख के लिए अधिकारों की मांग कर रहे हैं
सोनम वांगचुक ने गुरुवार को लद्दाख से जुड़े मुद्दे पर केंद्र सरकार के रवैये पर असंतोष ज़ाहिर किया है.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "लेह एंड कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस की एपेक्स बॉडी के नेता 9 सितंबर को नई दिल्ली में हुई सब-कमेटी लेवव की बैठक से काफ़ी निराश हैं."
उन्होंने कहा कि चार महीने पहले हुई पिछली बैठक के मुक़ाबले इसमें कुछ भी नया नहीं था.
उन्होंने कहा कि चर्चा के लिए गृह मंत्रालय की ओर से कोई ड्राफ्ट तैयार नहीं था, लद्दाख की ओर से एक महीने पहले भेजी गई अपरिवर्तनीय सूची (नॉन निगोशिएबल्स) पर कोई जवाब नहीं मिला.
"यहां तक कि इस बात का भरोसा भी नहीं दिया गया कि वैध लोकतांत्रिक विधानसभा के गठन से पहले स्थानीय शासन, ज़मीन हस्तांतरण नीतियों वगैरह में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा."
उन्होंने कहा, "बैठक का शायद एकमात्र बड़ा नतीजा अगली बैठक की तारीख़ तय करना था, जो अक्तूबर में होगी. दुर्भाग्य से, भरोसा कम हो रहा है और अविश्वास बढ़ रहा है."
सोनम वांगचुक ने लद्दाख से जुड़े मुद्दों की मांग में एक हफ़्ते का समय दिया है और इसके पूरा नहीं होने पर 19 से 24 सितंबर के बीच बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.
नवरात्रि आयोजन: मुस्लिमों के प्रवेश को लेकर आदित्य ठाकरे ने ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आदित्य ठाकरे ने कहा है कि वीएचपी के कुछ लोगों को लगता है कि उनका हिन्दुत्व ही सही है (फ़ाइल फ़ोटो)
महाराष्ट्र में नवरात्रि से जुड़े कार्यक्रमों में मुसलमानों को प्रवेश न दिए जाने की मांग पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने विश्व हिन्दू परिषद पर निशाना साधा है.
आदित्य ठाकरे ने कहा, "जब मैंने कहा तब बीजेपी के ट्रोल वाले मुझे दबा रहे थे. अब रामदास अठावले जी ने कहा, अमृता फडणवीस जी ने भी कहा है. वीएचपी के जो लोग प्रतिबंध लगाने की बात कर रहे हैं, उन्हें लगता है कि उनकी संस्कृति और उनका हिन्दुत्व ही सही है."
उन्होंने कहा, "देश में हर जगह की अपनी-अपनी संस्कृति होती है. मराठी हिन्दुत्व अलग है. बंगाल का अलग होगा, पंजाब का अलग होगा. मुंबई की अपनी एक संस्कृति है. हम अपनी तरह से हर त्योहार मनाते हैं. आप अपनी तरह से जश्न मनाएं. हम अपनी तरह से मनाएंगे."
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा कि गरबा और नवरात्रि आयोजनों में सुरक्षा के लिहाज़ से आईकार्ड जांचना ठीक है, लेकिन धर्म के आधार पर लोगों को जांचना उचित नहीं है.
अमृता फडणवीस ने कहा, "चाहे गरबा हो, नवरात्रि हो, ये अपने बहुत ही सुंदर त्योहार है, लोग इसे पसंद करते हैं. आस्था, श्रद्धा से कोई भी चाहे अपने परिवार को लेकर आना चाहता है, तो मुझे लगता है कि जाति-धर्म का उसमें भेद नहीं रहना चाहिए."
दरअसल, नवरात्रि के दौरान महाराष्ट्र में होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने मुसलमानों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग की है.
वीएचपी ने आयोजनों में प्रवेश से पहले पहचान पत्र की जांच करने की भी मांग की है.
आम आदमी पार्टी ने बीजेपी विधायक के रिश्तेदार पर पीजी बनाने में ज़मीन क़ब्ज़ाने का लगाया आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली के कई इलाक़ों में अवैध फ़्लोर और इमारतों को तोड़ा जा रहा है
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सत्य निकेतन की एक पीजी बिल्डिंग पूरी तरह अवैध और अनधिकृत है. इसने रजिस्ट्री में दर्ज ज़मीन से दोगुने से भी ज़्यादा क्षेत्र पर क़ब्ज़ा कर रखा है.
सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "अभी मुझे विधायक अनिल शर्मा के एक्टेंडेड परिवार से संबंधित इस पीजी का बिल्डिंग प्लान मिला है. ज़मीन की रजिस्ट्री केवल 230 वर्ग गज की है, लेकिन इस पीजी ने 400-500 वर्ग गज ज़मीन पर क़ब्ज़ा कर रखा है."
सौरभ भारद्वाज ने कुछ दस्तावेज़ शेयर करते हुए लिखा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को को जवाब देना चाहिए? अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बुलडोज़र भेजकर सबसे पहले इस पीजी को ध्वस्त करना चाहिए."
उन्होंने ज़मीन पर क़ब्ज़े के आरोप पर दावा किया कि ज़मीन की पूरी तरह रजिस्ट्री कराई गई है.
दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर की दोपहर एक पांच मंज़िला इमारत ढह गई थी. इस इमारत में एक पीजी चल रहा था. इस हादसे में अभी तक कम से कम सात लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है वहीं कई लोग घायल हैं.
इस घटना के बाद इलाक़े में कई अवैध इमारतों को तोड़ने का काम जारी है.
शुक्रवार को कई बैंक यूनियनें हडताल पर, बैंकिंग सेवाओं पर कितना पड़ेगा असर?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कई बैंक यूनियन सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की मांग कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
सप्ताह में दो दिन छुट्टी की मांग को लेकर यूनाइटेड फ़ोरम ऑफ़ बैंक यूनियन्स (यूएफ़बीयू) की ओर से 11 सितंबर को हड़ताल का आह्वान किया गया है.
इससे साथ ही यूएफ़बीयू ने कहा है कि उसने 28, 29 और 30 सितंबर को भी हड़ताल का आह्वान किया है. यूएफ़बीयू ने 26 अक्तूबर से अनिश्चिकाल के लिए हड़ताल की चेतावनी दी है.
यूएफ़बीयू ने बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में 5 दिन काम करने की मांग रखी है.
यूएफ़बीयू ने एक बयान में कहा, "कई वर्षों से बैंक सोमवार से शुक्रवार तक पूरे दिन और हर शनिवार को आधे दिन काम कर रहे थे. मई 2015 में हुए समझौते में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक प्रबंधन इस बात पर सहमत हुए थे कि शुरुआत में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक अवकाश घोषित किया जाएगा और इसके बदले बाक़ी शनिवार को पूरे दिन काम होगा."
यूएफ़बीयू का दावा है कि यह आश्वासन भी दिया गया था कि आगे चलकर सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की कोशिश की जाएगी.
यूएफ़बीयू के मुताबिक़, "मार्च 2024 में हुए समझौते में आईबीए और बैंक प्रबंधन इस बात पर सहमत हुए कि शनिवार को अवकाश घोषित किया जाएगा. समझौते की मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय, भारत सरकार को सिफारिश भेजी गई है."
यूएफ़बीयू का आरोप है कि ढाई साल से अधिक समय गुज़रने के बाद भी यह मुद्दा वित्त मंत्रालय के पास लंबित है.
यूएफ़बीयू ने आरोप लगाया है कि सरकार सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग लागू करने पर कोई प्रतिबद्धता नहीं दे सकी, इसलिए यूनियनों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है.
उसका कहना है कि इस हड़ताल के कारण सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी और हड़ताल के दिन कोई बैंकिंग सेवा उपलब्ध नहीं होगी.
यूनाइटेड फ़ोरम ऑफ़ बैंक यूनियन्स (यूएफ़बीयू) 7 यूनियनों का साझा मंच संगठन है.
यूएफ़बीयू के मुताबिक़ वह सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, निजी क्षेत्र के बैंकों, विदेशी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और सहकारी बैंकों में बैंकिंग क्षेत्र के 90% से अधिक कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है.
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को बताया 'एक्स गर्लफ़्रेंड', और क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली में मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी की आपत्ति पर बीजेपी संसाद राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया दी है.
चंडीगढ़ में पत्रकारों ने जब उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "आप एक ऐसी स्थिति में पहुंच गई है, जहां मैं उनके सपनों में भूत की तरह दिखाई देता हूं... मेरे लिए आप ऐसी एक्स-गर्लफ्रेंड की तरह है, जिसका बॉयफ्रेंड उसे छोड़कर अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ गया, लेकिन वह अब भी मुझसे पागलों की तरह प्यार करती है."
"मुझे चिंता है कि किसी टूटे दिल वाले प्रेमी की तरह वह एक दिन मेरे लिए अपनी कलाई काट सकती है. मुझे उनकी बहुत चिंता है."
आम आदमी पार्टी दिल्ली में राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने पर लगातार सवाल उठा रही है.
पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में गुरुवार को लिखा, "राघव चड्ढा का दिल्ली में वोट ‘स्पेशल रफ्तार’ से कैसे बना? राघव चड्ढा ने 26 अगस्त को दिल्ली में वोट बनवाने के लिए फ़ॉर्म 6 भरा और 2 सितंबर तक उनका वोट अप्रूव होकर एपिक नंबर जनरेट हो गया."
आप के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने सवाल किया, "दिल्ली में नया वोट बनवाने से पहले राघव चड्ढा का पंजाब वाला वोट फ़ॉर्म 8 के जरिए ट्रांसफ़र हुआ था या नहीं?"
ब्रिक्स आयोजन के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें होंगी प्रभावित, सलाह जारी, चंदन कुमार जजवाड़े, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था काफ़ी कड़ी कर दी गई है (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली में आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन सेवाएं भी काफ़ी ज़्यादा प्रभावित रहेंगी.
रेलवे के मुताबिक़ 11 से 13 सितम्बर तक नई दिल्ली स्टेशन पर रेल गाड़ियों का परिचालन 'ऑपरेशनल वजहों' से प्रभावित रहेगा.
रेलवे ने अब तक 100 से ज़्यादा ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी दी है.
रेलवे ने जिन ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी दी है उनमें कई लोकल ट्रेनों के अलावा 11 सिंतबर की-
20840 नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस
12424 नई दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस
12314 नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस
12306 नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस
22812 नई दिल्ली भुबनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस
12394 नई दिल्ली राजेंद्र नगर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस
और अन्य कई ट्रेनों के डायवर्जन की जानकारी दी गई है.
इसके साथ ही 11,12 और 13 सिंतबर की कई ट्रेनों को रद्द, उनके समय में बदलाव रूट में बदलाव, समय में बदलाव या शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है.
रेलवे ने मुसाफ़िरों से आग्रह किया है कि अपनी ट्रेन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए 139 पर कॉल करें या एनटीईएस (नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम) की वेबसाइट या ऐप पर इसकी जानकारी ज़रूर ले लें.
धीरेंद्र शास्त्री के बचाव में आए पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी, पुलिस को दिया ये आदेश
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, धीरेंद्र शास्त्री ने पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान हिन्दुओं से शाकाहारी भोजन करने की अपील की थी, जिसका बड़े पैमाने पर विरोध हुआ था
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गा पूजा के दौरान शाकाहारी भोजन की अपील करने वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बचाव किया है.
अधिकारी ने कहा कि संत ने किसी पर कुछ थोपा नहीं और भवानीपुर पुलिस स्टेशन के बाहर शास्त्री की तस्वीर जलाने वालों की गिरफ़्तारी के आदेश दिए.
उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के सत्र के दौरान कहा, "मैंने देखा लोगों ने साधु-संत समाज का अपमान किया, इस राज्य में यह सब नहीं चलेगा."
इससे पहले धीरेंद्र कृष्ण गर्ग (धीरेंद्र शास्त्री) ने रविवार को हावड़ा ज़िले के लिलुआ में दुर्गा पूजा के दौरान हिन्दुओं से शाकाहारी भोजन करने की अपील की थी.
धीरेंद्र शास्त्री की इस अपील को लेकर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक पारा काफ़ी चढ़ हुआ है.
विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि प्रदेश की बीजेपी सरकार बंगाल की संस्कृति को अपमानित कर रही है.
चीन में मालवाहक जहाज़ में आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत, फेलन चटर्जी
इमेज स्रोत, Xinhua
इमेज कैप्शन, जहाज़ मेंटेनेंस के लिए पूर्वी चीन के क़िंगदाओ शहर में एक शिपयार्ड में खड़ा था
चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी ने बताया है कि पूर्वी चीन के एक बंदरगाह पर खड़े विदेशी झंडे वाले मालवाहक जहाज़ में आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है.
सीसीटीवी के मुताबिक, जहाज़ पर सवार 42 लोगों में से 17 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनमें से पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है.
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इससे पहले बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए कहा.
जहाज़ मेंटेनेंस के लिए पूर्वी चीन के क़िंगदाओ शहर में एक शिपयार्ड में खड़ा था, तभी स्थानीय समयानुसार क़रीब 11:15 बजे इसमें आग लग गई.
सीसीटीवी के अनुसार, इस आग पर काबू पाने में तीन घंटे से ज़्यादा समय लगा.
समाचार एजेंसी एएफ़पी को एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जहाज़ से घना धुआं उठ रहा था.
सरकारी मीडिया की ओर से जारी तस्वीरों में जहाज़ का नाम ओसीन मेलोडी दिखाई दिया.
यह लाइबेरिया के झंडे वाला 190 मीटर लंबा मालवाहक जहाज़ है, जो ट्रैकिंग साइट मैरीन ट्रैफ़िक के अनुसार 31 अगस्त को क़िंगदाओ पहुंचा था.
आईआरसीटीसी मामला: कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी और राबड़ी देवी के खिलाफ़ दिया ये आदेश
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह मामला यूपीए-1 सरकार के दौर का है जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे (सांकेतिक तस्वीर)
बार एंड बेंच और लाइव लॉ के मुताबिक़ दिल्ली की अदालत ने आईआरसीटीसी मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप तय किए करने के आदेश दिए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि आईआरसीटीसी से जुड़े कथित घोटाले से जुड़े प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के केस में पूर्व रेल मंत्री लालू, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी और चार अन्य के ख़िलाफ़ कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया.
यह मामला आईआरसीटीसी के होटलों से जुड़ा हुआ है. पीटीआई के मुताबिक़ अदालत ने कहा कि लालू प्रसाद के कार्यकाल में रेलवे अधिकारियों ने रांची और पुणे में लीज़ पर देने के लिए टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर किया.
तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर कहा, "यह कोर्ट का मामला है, इसमें ज़्यादा कुछ नहीं कह सकते. हम कोर्ट में अपने पक्ष को और मज़बूती से रखेंगे."
यह मामला मनमोहन सिंह नेतृत्व वाली यूपीए-1 सरकार के दौर का है. उस वक़्त लालू प्रसाद यादव देश के रेल मंत्री थे.
पश्चिम बंगाल सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के पीए को हिरासत में लिया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी
पश्चिम बंगाल सीआईडी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के पीए (पर्सनल असिस्टेंट) सुमित रॉय को हिरासत में ले लिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि सुप्रीम कोर्ट ने सुमित रॉय को अग्रिम ज़मानत देने से इनकार कर दिया और इसके ठीक बाद उन्हें हिरासत में लिया गया है.
उन्हें ज़मीन से जुड़े एक कथित घोटाले के मामले में हिरासत में लिया गया है.
इस मुद्दे पर बीजेपी विधायक सजल घोष ने कहा, "अभी उनके क़रीबी को हिरासत में लिया गया है, लेकिन जब उनके नेता को पकड़ा जाएगा, तब बंगाल में असली जश्न होगा. उन्हें आने दीजिए, अगर आएंगे तो उन्हें भी उठाया जाएगा."
चीनी विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि- शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के लिए भारत आएंगे
इमेज स्रोत, Suo Takekuma - Pool/Getty Images
चीन के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली आ रहे हैं.
12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वां ब्रिक्स समिट होगा.
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पीएम मोदी के निमंत्रण पर शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स के 18वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आएंगे.
इसे लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से कहा कि तुग़लक रोड इलाक़े में क़रीब 500 सीसीटीवी लगाए गए हैं.
ब्रिक्स दुनिया की पाँच सबसे तेज़ी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है.
ब्रिक्स अंग्रेज़ी के अक्षर B R I C S से बना वो शब्द है, जिसमें हर अक्षर एक देश का प्रतिनिधित्व करता है. ये देश हैं ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ़्रीका.
बीसीसीआई ने दलीप ट्रॉफ़ी जीतने पर ईशान किशन की टीम को दी बधाई
इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईशान किशन के दलीप ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में शानदार दोहरा शतक लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)
ईस्ट ज़ोन ने दलीप ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल मैच में साउथ ज़ोन को हरा दिया है. बीसीसीआई ने ईशान किशन के नेतृत्व वाली टीम को तीसरी बार ख़िताब जीतने पर बधाई दी है.
दलीप ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल मैच चेन्नई में 6 सितंबर को शुरू हुआ था, जो गुरुवार 10 सितंबर को ड्रॉ पर समाप्त हुआ. हालांकि पहली पारी के आधार पर ईस्ट ज़ोन को विजेता घोषित किया गया.
ईस्ट ज़ोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए थे. इसमें टीम के कप्तान ईशान किशन ने सबसे ज़्यादा 270 रन बनाए. उन्होंने दूसरी पारी में भी 80 रनों का योगदान दिया.
ईस्ट ज़ोन ने अपनी दूसरी पारी 388 रनों पर घोषित कर दी.
वहीं साउथ ज़ोन ने पहली पारी में 336 रन बनाए.
राज ठाकरे ने उठाए सवाल, राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह गुजरात में क्यों?
इमेज स्रोत, Shiv Sena (UBT)/ANI
इमेज कैप्शन, राज ठाकरे का कहना है कि अगर दिल्ली में नहीं तो किसी ऐसे राज्य में समारोह हो, जिनका फ़िल्म उद्योग में योगदान रहा है
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह को गुजरात के केवड़िया में शिफ़्ट करने पर सवाल खड़े किए हैं.
राज ठाकरे ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों के 72 साल के इतिहास में पहली बार समारोह को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गुजरात के केवड़िया में स्थानांतरित किया जा रहा है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के महत्व को कम करने का लगातार प्रयास चल रहा है और अब दिल्ली के महत्व को भी धीरे-धीरे कम किया जा रहा है."
उन्होंने आगे लिखा, "इस पुरस्कार समारोह को स्थानांतरित करने की असल वजह क्या है? ऐसा लगता है कि ख़ुद कुछ ठोस काम करने में नाकाम होने के कारण अब नाम और जगह बदलकर एक भ्रामक इतिहास गढ़ने की रणनीति है."
"शायद इस संभावना को भांपते हुए कि अंत में उनका प्रभाव केवल गुजरात तक सीमित रह सकता है, केंद्र में सत्ता में बैठे दोनों नेता वहां किसी तरह की भव्यता और महत्व स्थापित करने लगे हैं."
राज ठाकरे ने सवाल किया, "अगर जगह बदलनी ही थी, तो इसे मुंबई क्यों नहीं ले जाया गया? पुरस्कार वितरण उस राज्य में क्यों नहीं हो रहा, जहां दादासाहेब फाल्के ने भारतीय सिनेमा की नींव रखी थी? महाराष्ट्र में क्यों नहीं, या तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश या तेलंगाना जैसे दक्षिणी राज्यों में क्यों नहीं, जहां सबसे ज्यादा फिल्में बनती हैं? गुजरात ही क्यों?"
इस मुद्दे पर फ़िल्म निर्देशक राहुल ढोलकिया ने लिखा, "मुझे दिल्ली में राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों के आयोजन को लेकर कोई ख़ास लगाव नहीं है, लेकिन मैं इनके आयोजन को गुजरात स्थानांतरित किए जाने पर सवाल उठाता हूं. गुजरात ही क्यों?"
"आप किसी दूसरे शहर या राज्य में पुरस्कार देने की परंपरा को क्यों तोड़ रहे हैं, तो फिर यह सम्मान ऐसे राज्य को क्यों नहीं दिया जाता, जिसने सिनेमा में योगदान दिया है? जैसे महाराष्ट्र, केरल या तमिलनाडु. यहां तक कि हैदराबाद जैसे किसी शहर को भी यह सम्मान दिया जा सकता है."
नेशनल फ़िल्म डेवलपमेंट कॉरपोरशन (एनएफ़डीसी) के मुताबिक़ 72 राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित किया जाएगा.
बिहार के वैशाली में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, 7 मज़दूर घायल, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Vikash Mahapatra
इमेज कैप्शन, हादसे में घायल हुए तीन मज़दूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है
बिहार के वैशाली ज़िले में गुरुवार दोपहर भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से सात मज़दूर घायल हो गए हैं.
इनमें से तीन मज़दूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. वहीं, अन्य घायल मज़दूरों को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
वैशाली के वरीष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शुभांक मिश्रा ने बताया, "जलालपुर पंचायत में भारतमाला प्रोजेस्ट के अंतर्गत एनए 139 डब्लू बन रहा था. यह जो लॉन्चर मशील पुल पर सामान चढ़ाती है. वह मशीन अचानक किसी गड़बड़ी की वजह से गिर गई."
उन्होंने बताया कि इस हादसे में नीचे 7 मजदूर घायल हो गए.
"इनमें से तीन को सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक मजदूर क़रीब 1.5 घंटे तक मशीन के नीचे दबा रहा. उसका पैर दबा रह गया था. फिर गैस कटर की मदद से मशीन को काटकर मजदूर को बाहर निकाला गया."
शुभांक मिश्रा ने कहा, "यहां स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद सुरक्षा से जुड़ी जो बातें सामने आई हैं, उसे लेकर आगे राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य विभाग से बात की जाएगी."
स्थानीय पत्रकार विकास महापात्र ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "इस हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है.
उन्हें ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर मौक़े से चले गए. निचले स्तर के कर्मचारियों ने ही राहत और बचाव का काम संभाला."
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े और हज़ारों करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर कंपनी की ओर से न तो कोई एंबुलेंस मौजूद थी और न ही आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतज़ाम किए गए थे.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
पाकिस्तान में पांच दिन में पेट्रोल के दाम 21 रुपये बढ़े, एक लीटर की क़ीमत हुई इतनी
इमेज स्रोत, Loic VENANCE / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में 5 सितंबर से 10 सितंबर के बीच पेट्रोल की क़ीमत में 21.88 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में पिछले पांच दिनों में बड़ा इज़ाफ़ा हुआ है.
5 सितंबर से 10 सितंबर के बीच पेट्रोल की क़ीमत में प्रति लीटर 21.88 पाकिस्तानी रुपये, जबकि हाई-स्पीड डीज़ल के दाम में 14.62 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है.
बीबीसी उर्दू के अनुसार, 10 सितंबर को पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत प्रति लीटर बढ़कर 367.75 पाकिस्तानी रुपये हो गई है. वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल अब 392.67 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की क़ीमत से बिक रहा है.
इससे एक दिन पहले, 9 सितंबर को पेट्रोल की क़ीमत 364.35 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत 385.95 रुपये प्रति लीटर थी.
8 सितंबर को पेट्रोल 358.77 रुपये और हाई-स्पीड डीज़ल 381.77 रुपये प्रति लीटर था.
5 सितंबर को पेट्रोल की क़ीमत 345.87 रुपये प्रति लीटर थी, जबकि हाई-स्पीड डीज़ल 378.05 रुपये प्रति लीटर पर था.
गौरतलब है कि वैश्विक बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखने को मिल रही है, बुधवार को कच्चे तेल की कीमत बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई.
अफ़ग़ानिस्तान सिरीज़ और एशियन गेम्स से बाहर हुए हर्षित राणा, इस गेंदबाज़ को मिली जगह
इमेज स्रोत, Maynard Manyowa/News Images/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा के रेक्टस फ़ेमोरिस (मांसपेशी) में खिंचाव आ गया है (फ़ाइल फ़ोटो)
अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ आगामी टी-20 सिरीज़ और 2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में बदलाव किया गया है. तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है.
दरअसल, हर्षित राणा रिहैबिलिटेशन के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में अभ्यास कर रहे थे और उनकी रिकवरी अच्छी तरह आगे बढ़ रही थी. हालांकि, 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाज़ी करते समय उन्हें रेक्टस फ़ेमोरिस (मांसपेशी) में खिंचाव आ गया. इसके बाद उन्हें दोनों टीमों से बाहर कर दिया गया.
वहीं, 27 वर्षीय यश ठाकुर ने जुलाई में ज़िम्बाब्वे दौरे के दौरान अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल मुक़ाबला खेला था. यश ने भारत के लिए अब तक दो मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम चार विकेट हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ टी-20 सिरीज़ के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप कप्तान), शिवम दुबे, नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर.
2026 एशियन गेम्स के लिए भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप कप्तान), नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और यश ठाकुर.
गौरव भाटिया मानहानि केस: सीजेपी नेताओं ने आपत्तिजनक पोस्ट हटाने पर जताई सहमति
इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रवक्ता और सीनियर एडवोकेट गौरव भाटिया (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं ने दिल्ली हाई कोर्ट से कहा कि बीजेपी नेता गौरव भाटिया के ख़िलाफ़ एक्स पर किए आपत्तिजनक पोस्ट हटा दिए जाएंगे.
जस्टिस तुषार राव गेडेला ने गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान अपने आदेश में दर्ज किया कि सौरव दास और आशुतोष रांका ने भाटिया के ख़िलाफ़ किए गए आपत्तिजनक पोस्ट हटाने पर सहमति जताई है.
अदालत को सौरव दास के वकील ने बताया कि संबंधित पोस्ट गुरुवार को ही हटा दिया जाएगा. वहीं, रांका के वकील ने भी उनका पोस्ट उसी दिन हटाए जाने की जानकारी दी.
लाइव लॉ के मुताबिक़, यह मुक़दमा 5 सितंबर को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सौरव दास और आशुतोष रांका की ओर से किए गए एक पोस्ट को लेकर दायर किया गया था.
भाटिया का आरोप है कि दास और रांका ने उनके नाम से ऐसे बयान को जोड़कर सार्वजनिक किया, जो उन्होंने कभी दिया ही नहीं.
बार एंड बेंच के अनुसार, अदालत ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म मेटा और एक्स को भी निर्देश दिया कि भविष्य में यदि भाटिया की ओर से सौरव और आशुतोष के ऐसे ही पोस्ट को फ़्लैग किया जाता है, तो उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए.
मानहानि मामले में अदालत ने सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके को भी समन जारी किया है. अदालत ने तीनों को भाटिया की ओर से दायर मुक़दमे पर अपना जवाब दाख़िल करने का निर्देश दिया.
अदालत ने टिप्पणी की, "फ़िलहाल हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इस मुद्दे पर कोई कटुता न हो. अभी हम किसी के ख़िलाफ़ कुछ आरोपित नहीं कर रहे हैं."
गौरतलब है कि यह मामला गौरव भाटिया की ओर से दायर मानहानि के मुक़दमे से जुड़ा है. भाटिया ने सीजेपी और उसके नेताओं के ख़िलाफ़ याचिका दायर करते हुए 2 करोड़ रुपये के हर्ज़ाने और आपत्तिजनक पोस्ट के ख़िलाफ़ स्थायी रोक लगाने की मांग की है.