जिनपिंग के भारत आने से पहले बड़ा फ़ैसला, ग्वांगझोउ-दिल्ली के बीच शुरू होगी डायरेक्ट फ़्लाइट

इमेज स्रोत, Buddhika Weerasinghe/Getty Images
चीन की 'चाइना सदर्न एयरलाइंस' छह साल बाद भारत और चीन के बीच सीधी उड़ान सेवा फिर शुरू करने जा रही है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एयरलाइन ने शनिवार को बताया कि 21 सितंबर से ग्वांगझोउ और नई दिल्ली के बीच उड़ानें फिर शुरू होंगी.
एयरलाइन के मुताबिक़, इस सेवा के शुरू होने के बाद दक्षिण एशिया में उसकी साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 100 से ज़्यादा हो जाएगी. कंपनी दक्षिण एशिया के आठ रूट पर आने-जाने वाली उड़ानें चलाएगी.
उड़ान सेवा बहाल करने का यह एलान ऐसे समय हुआ है, जब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचने वाले हैं.
भारत और चीन के बीच सीधी यात्री उड़ान 2020 में कोरोना महामारी के बाद बंद हो गई थी.
इसके बाद पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच लंबे समय तक चले सैन्य तनाव के कारण भी उड़ान सेवाएं पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी थीं.















