You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'आप और ट्रंप लगातार झूठ बोल रहे हैं', अमेरिकी रक्षा मंत्री और सांसदों की तीखी बहस
- Author, क्वासी एसिएडु
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान युद्ध के बाद पहली बार संसद में डेमोक्रेटिक सांसदों का सामना किया.
लगभग छह घंटे की सुनवाई की दौरान हेगसेथ ने शपथ के तहत सवालों का सामना करते हुए डेमोक्रेटिक सांसदों के साथ बहस की.
बुधवार को वो हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के सामने पेश हुए थे.
उनके साथ ज्वाइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़ के चेयरमैन जनरल डेन केन और रक्षा मंत्रालय के मुख्य वित्त अधिकारी जूल्स हर्स्ट भी मौजूद थे.
बहस की शुरुआत में हेगसेथ ने डेमोक्रेट्स और कुछ रिपब्लिकनों के बयान को 'निराशावादी' क़रार देते हुए कहा कि इस तरह के कमेंट्स अमेरिका के 'सबसे बड़े दुश्मन' हैं.
कमेटी में डेमोक्रेटिक सांसदों ने युद्ध में सरकारी धन के इस्तेमाल पर सवाल उठाए. हर्स्ट ने बताया कि अब तक इस युद्ध पर अमेरिका 25 अरब डॉलर ख़र्च कर चुका है.
उन्होंने कहा कि ज़्यादातर ख़र्च हथियारों और सैन्य उपकरणों को बदलने पर हुआ है.
हर्स्ट ने यह भी कहा कि कुल लागत का पूरा आकलन बाद में दिया जाएगा.
'ट्रंप मध्यपूर्व की एक और जंग के दलदल में'
अमेरिका और ईरान ने शांति वार्ता के लिए युद्ध विराम पर सहमति जताई है, लेकिन युद्ध आधिकारिक रूप से ख़त्म नहीं हुआ है.
इस सुनवाई में पैसे का मुद्दा प्रमुख रहा. व्हाइट हाउस ने कांग्रेस से रक्षा बजट बढ़ाकर 1.5 ट्रिलियन डॉलर करने की मांग की है, जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सैन्य ख़र्च में सबसे बड़ी बढ़ोतरी होगी.
हेगसेथ ने कहा कि यह बजट प्रस्ताव "मौजूदा स्थिति की गंभीरता" को दर्शाता है.
वहीं जनरल केन ने कहा कि यह "भविष्य की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक शुरुआती निवेश" है, जिससे अमेरिका तेज़ी से बदलती तकनीक में आगे रह सकेगा.
डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस सैन्य कार्रवाई को " वॉर ऑफ़ चॉइस'' बताया, जिसे कांग्रेस की मंज़ूरी के बिना शुरू किया गया.
कैलिफ़ोर्निया के डेमोक्रेट सांसद जॉन गरामेंडी ने कहा, "आप और राष्ट्रपति शुरू से ही इस युद्ध के बारे में अमेरिकी जनता से झूठ बोल रहे हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप मध्य-पूर्व के एक और युद्ध के दलदल में फँस गए हैं.
हेगसेथ ने इस बयान को "लापरवाह" बताया और कहा कि ट्रंप किसी "दलदल" में नहीं हैं.
उन्होंने जवाब दिया, "राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति आपकी नफ़रत आपको अंधा कर रही है."
कमेटी में कई रिपब्लिकन सदस्यों ने पेंटागन का समर्थन किया.
'आपको शर्म आनी चाहिए'
फ़्लोरिडा के सांसद कार्लोस जिमेनेज़ ने कहा कि ईरान से अमेरिका के अस्तित्व को ख़तरा है.
उन्होंने कहा, "अगर कोई 47 साल से कह रहा है कि वह हमें मारना चाहता है, तो मैं उसकी बात को गंभीरता से लूँगा."
इस सुनवाई में युद्ध के वैश्विक आर्थिक असर पर भी चर्चा हुई. जैसे तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी और उसकी वजह से सामानों की क़ीमतों पर असर.
एक समय पर हेगसेथ ने कड़ा जवाब देते हुए एक सांसद से कहा, "आपको शर्म आनी चाहिए."
कुछ सांसदों ने ईरान में एक स्कूल पर हुए हवाई हमले के लिए जवाबदेही की मांग की.
ईरानी अधिकारियों के अनुसार, मीनाब में हुए इस हमले में 168 लोग मारे गए, जिनमें क़रीब 110 बच्चे शामिल थे.
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, शुरुआती जाँच में यह संभावना जताई गई कि अमेरिकी सेना से अनजाने में यह हमला हुआ, लेकिन अंतिम निष्कर्ष अभी नहीं निकला है.
कमेटी के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य एडम स्मिथ ने कहा, "हमसे ग़लती हुई और युद्ध में ऐसा होता है, लेकिन दो महीने तक चुप रहकर हमने दुनिया को यह संदेश दिया कि हमें परवाह नहीं है."
कैलिफ़ोर्निया के सांसद रो खन्ना ने इस हमले की लागत पर सवाल उठाया.
इस पर हेगसेथ ने कहा कि यह मामला अभी जाँच के दायरे में है और वह इसकी लागत पर टिप्पणी नहीं करेंगे.
इसके अलावा डेमोक्रेट सांसद सारा जैकब्स ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मानसिक सेहत पर सवाल किया.
इस सवाल पर पीट हेगसेथ और सारा जैकब्स के बीच तीखी बहस हुई.
हेगसेथ गुरुवार को एक और सुनवाई के लिए अमेरिकी सीनेट के सामने पेश होंगे.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित