नेपाल बाढ़ः मरने वालों की संख्या 1295 हुई, तीन और भारतीय बचाए गए
इमेज स्रोत, Nepal Army
इमेज कैप्शन, नेपाल के त्रिशूली में टनल से दो लोगों को ज़िंदा बचाया गया था
नेपाल में बाढ़ के बाद मरने वालों की संख्या 1295 हो गई है. वहीं पांच हज़ार से ज़्यादा लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि नेपाल से अब तक 169 भारतीयों को बचाया जा चुका है. जिनमें तीन भारतीयों को गुरुवार को बचाया गया था. वहीं भारत के 275 लोग अभी लापता हैं.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नेपाल बाढ़ के बाद भारत की ओर से पहुंचाई जा रही मदद के बारे में भी जानकारी दी है.
उन्होंने कहा, हम नेपाल सरकार की ज़रूरतों के हिसाब से मदद देना जारी रखेंगे. आने वाले दिनों में हमारी योजना और फ़ोरेंसिक किट, बेली ब्रिज और अन्य सामान भेजने की है, जिनकी मांग नेपाल सरकार ने की है."
रणधीर जायसवाल ने आगे कहा, "कल हमारे दो भारतीय विमान 21 टन राहत सामग्री लेकर काठमांडू गए थे. अब तक, हमने सात विमानों से लगभग 95 टन राहत सामग्री पहुंचाई है."
उन्होंने कहा, "राहत सामग्री के अलावा, हमने नेपाल में राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए 54 लोगों को भी भेजा है. इसमें 30 टनल रेस्क्यू एक्सपर्ट, 19 फ़ॉरेंसिक एक्सपर्ट और पांच सदस्यों वाली मेडिकल टीम शामिल है. हमारी बचाव और फोरेंसिक टीमें ज़मीन पर तैनात हैं और वे नेपाल के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं."
उधर, चीन के अधिकारियों के मुताबिक़, शुक्रवार को तिब्बत से 155 नेपाली नागरिकों को भी बचाया गया है. इसमें 145 नेपाली नागरिक रसुवा के रहने वाले हैं.
स्वतंत्र भारद्वाज के दावे को लेकर चिराग पासवान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चिराग पासवान ने स्वतंत्र भारद्वाज से बनाई दूरी
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिंसा
की बात कबूलने वाले स्वतंत्र भारद्वाज द्वारा अपने नाम के इस्तेमाल को लेकर केंद्रीय
मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है.
शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस
थाने में एससी/एसटी एक्ट के तहत एफ़आईआर दर्ज करने की मांग को लेकर हुए हंगामे के
बाद शाम को चिराग पासवान ने स्वतंत्र भारद्वाज पर उनके नाम का ग़लत इस्तेमाल करने
का आरोप लगाया.
चिराग पासवान ने कहा, “ये घटना अत्यंत गंभीर है. जिस तरीके से एक व्यक्ति खुलेआम इस बात को
कबूल कर रहा है कि उसने किसी को इतना मारा कि संभवतः उनकी हत्या हो सकती थी. इस
बात को खुलेआम पॉडकास्ट पर कबूल करना और उसके बाद भी उस पर कार्रवाई नहीं होगी तो देश
और जनता के सामने यह बहुत ग़लत उदाहरण जाएगा.”
"उस व्यक्ति ने कई राजनेताओं के साथ
साथ मेरे भी नाम का मिसयूज़ करने का काम किया है, ऐसे में मैंने उस व्यक्ति के
ख़िलाफ़ अधिकृत शिकायत दर्ज की है".
चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने दिल्ली
पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जीवन में होने के नाते जितने भी राजनीतिक शख़्सियत हैं,
उनके साथ कोई भी व्यक्ति मिल सकता है, अपनी बातों को रख सकता है. लेकिन इसका ये मतलब
कतई नहीं कि वह व्यक्ति उस राजनेता को व्यक्तिगत रूप से जानता हो. इस बात को कहना
कि वह मुझे या मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर जानता हूं, ये सरासर ग़लत है, नाम का
मिसयूज़ करना ग़लत है.”
चिराग
पासवान ने कहा कि वह और उनकी पूरी पार्टी निशू और उनके परिवार के साथ मज़बूती से
खड़ी है.
उन्होंने
कहा, “उनके परिवार को न्याय मिले, इसकी ज़िम्मेदारी भी मेरी पार्टी लेती है.
क्योंकि यह कहीं न कहीं एक आरोप की तरह मुझ पर और मेरी पार्टी पर लगाया गया है, कि
शायद मेरे या कुछ नेताओं के कहने पर उनके ऊपर कार्रवाई नहीं हुई है. तो हम अब
सुनिश्चित करेंगे कि सच्चाई सामने आए और जो व्यक्ति खुलेआम क़ानून का मज़ाक उड़ाने
का काम कर रहा है, जल्द से जल्द कार्रवाई है और जिस दंड का वो हक़दार है, उसे वो
ज़रूर मिले.”
भारतीय क्रिकेट टीम जापान में खेलेगी ऐतिहासिक टी20 मैच
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत-जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर भारतीय क्रिकेट टीम एक टी20 मैच खेलने के लिए जापान जाएगी. बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी है.
प्रेस रिलीज में कहा गया है, "जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत के लिए दोनों देशों की पुरुष टीमें एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी."
सुज़ुकी कप मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को तोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा.
प्रेस रिलीज में कहा गया है कि यह मैच "स्पोर्ट 75" पहल का पहला कदम होगा. यह पहल जापान की प्रधानमंत्री सनाई ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई एक बैठक में हुए समझौते से शुरू हुई है. इसका मकसद खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के आपसी आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है.
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “बीसीसीआई को इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है, क्योंकि भारत और जापान की पुरुष टीमें जापान में एक खास टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए एक साथ आ रही हैं. यह क्रिकेट के लिए एक अहम पल है, क्योंकि इससे भारतीय टीम एक नई जगह पर जा रही है.”
जेसीए के सीईओ नाओकी मियाजी ने कहा, "मौजूदा वर्ल्ड चैंपियंस को जापान में क्रिकेट खेलने बुलाना हमारी एसोसिएशन के लिए एक ऐतिहासिक पल है. हम भारतीय क्रिकेट फ़ैन्स के जोश का स्वागत करने के लिए बहुत उत्साहित हैं. साथ ही, हम क्रिकेट में दिलचस्पी रखने वाले स्थानीय जापानी लोगों को भी बढ़ावा देते हैं कि वे आएं और हमारी टीम का हौसला बढ़ाएं."
नेपाल बाढ़ के बाद अब तक बचाए गए 169 भारतीय: विदेश मंत्रालय
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अब तक नेपाल में 166 भारतीय नागरिकों को बचाया गया है
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नेपाल बाढ़ के बाद लापता और अब तक बचाए जा चुके भारतीयों के बारे में साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में जानकारी दी है.
रणधीर जायसवाल ने कहा, "ताजा जानकारी के अनुसार अभी 275 भारतीय लापता हैं.”
भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई ताजा जानकारी के अनुसार, नेपाल से बचाए गए भारतीयों की संख्या बढ़कर 169 हो गई है.
मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि कल से त्रिशूली बाज़ार से तीन और भारतीय नागरिकों को बचाया गया है. बचाए गए लोगों में अभिजीत सुरेश पवार, दीपिका अभिजीत पवार और समर्थ अभिजीत पवार (5 साल) शामिल हैं.
उन्होंने कहा, “विदेश मंत्रालय और भारत में संबंधित राज्य सरकारों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम उन भारतीयों के नाम नियमित रूप से जारी कर रहे हैं, जिन्हें बचाया गया है. हम इस मामले में नेपाली अधिकारियों के प्रयासों की बहुत सराहना करते हैं.”
जायसवाल ने कहा, “अब तक 1,907 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं.
राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति पर क्या बोले प्रशांत किशोर?
इमेज स्रोत, Getty Images
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के संचालन के लिए सीईओ का चुनाव किया गया था. राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति पर जन सुराज के विधायक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है.
मीडिया से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "पहले जो लोग थे, उनकी जवाबदेही तय किए बिना किसी नए व्यक्ति को नियुक्त कर देना... ठीक है, कोई नया व्यक्ति आ गया. हिंदुओं के इतने बड़े आस्था के केंद्र में चोरी हुई है. सरकार को इस मामले पर व्हाइट पेपर जारी करना चाहिए. सिर्फ नए व्यक्ति को नियुक्त कर देने से मामला खत्म नहीं होने वाला है."
उन्होंने ने आगे कहा. "जो लोग पहले वहां थे और जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उस पर भी सरकार को व्हाइट पेपर जारी करना चाहिए, ताकि लोगों को पता चल सके कि आखिर वहां हुआ क्या था."
इससे पहले 2 सितंबर को वायु सेना के पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र को राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ चुना गया था. जीतेंद्र मिश्र इसी साल मई में पश्चिमी वायु कमान के कमांडिंग इन चीफ़ के पद से रिटायर हुए थे.
ट्रस्ट ने बोर्ड में तीन नए सदस्यों को भी जगह दी है. इनमें अयोध्या से मदन मोहन पांडे, दिल्ली से महेश भागचंदका और शिकोहाबाद से निर्मला यादव शामिल हैं.
नेपाल बाढ़: नेपाल में मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 1294, बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, नेपाल में आई बाढ़ के बाद अभी भी 4,898 लोग लापता हैं
नेपाल पुलिस ने बताया है कि रसुवा से होकर बहने वाली भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में बाढ़ के कारण बहे 1,294 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं और 5,053 लोग अभी भी लापता हैं.
दोपहर 2 बजे पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मिले शवों में से 1,030 का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. पुलिस ने बताया कि बचाव कार्य के बाद 3,655 लोग अभी होल्डिंग सेंटर में हैं.
वहीं चीन के सरकारी मीडिया संस्थान शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, तिब्बती में अचानक आई बाढ़ के कारण 31 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 531 लोग अभी भी लापता हैं.
इसमें यह भी बताया गया है कि पीड़ितों से जुड़ी 987 चीज़ें बरामद की गई हैं.
नेपाल मौसम विभाग मौसम ने अपने हालिया बुलेटिन (जो गुरुवार शाम स्थानीय समय के अनुसार जारी किया गया) में रविवार तक बारिश के लिए कई 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
अभी मौसम वैसा ही है जैसा साल के इस समय मॉनसून की बारिश के दौरान होता है.
पाकिस्तान ने बलूचिस्तान में 12 चरमपंथियों को मारने का किया दावा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की सेना ने बलूचिस्तान के कलात ज़िले में यह कार्रवाई की है (फ़ाइल फोटो)
पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता ने दावा किया है कि 2 सितंबर को बलूचिस्तान के कलात ज़िले में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक ऑपरेशन में 12 चरमपंथी मारे गए.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक शुक्रवार को इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों के ठिकाने की पहचान की गई और उस पर नज़र रखी गई.
इसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत 'सर्जिकल कार्रवाई' करके उसे नष्ट कर दिया, जिसमें 12 आतंकवादी मारे गए.
आईएसपीआर के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान हथियारों और इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के भंडार को भी नष्ट किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश, इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के बाहर भरा पानी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया है.
समाचार एजेंसी एएनआई पर जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के बाहर भारी जलभराव हो गया है.
एयरपोर्ट पर एक यात्री ने कहा, "मैंने ऐसा पहले नहीं देखा. यहां बहुत ज़्यादा पानी है. मैं यहां आधे घंटे से खड़ी हूं. हम इंतज़ार कर रहे हैं कि पानी कम हो, ताकि हम अराइवल गेट की तरफ जा सकें."
दिल्ली एयरपोर्ट के अलावा सुब्रतो पार्क और बसंत गांव इलाके में भी भारी जलभराव हुआ है.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बारिश के बाद टर्मिनल-3 के बाहर का हाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बारिश के बाद टर्मिनल-3 के बाहर का हाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में भारी बारिश के बाद शिवा जी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के आस-पास भी भारी जल भराव
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में भारी बारिश के बाद शिवा जी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के आस-पास भी भारी जल भराव
जम्मू कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़, भारतीय सेना ने कहा- एक चरमपंथी की मौत हुई, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, gett
इमेज कैप्शन, भारतीय सेना का कहना है कि बडगाम में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था तभी मुठभेड़ हुई (फ़ाइल फोटो)
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सेना और चरमपंथियों के बीच एक मुठभेड़ की ख़बर आ रही है.
भारतीय सेना ने बयान में कहा है कि इस मुठभेड़ में एक चरमपंथी की मौत हुई है.
एक्स पर चिनार कोर ने बताया, "ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ़ ने बडगाम के अशदार गली इलाक़े में एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया था."
बयान के मुताबिक़, "सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती देने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया. एक एके राइफ़ल और अन्य सामग्री बरामद की गई है. सर्च ऑपरेशन जारी है."
सेना ने अभी तक मारे गए व्यक्ति की पहचान और उसके संगठन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
होर्मुज़ स्ट्रेट में सैनिक भेजने को लेकर क्या बोला दक्षिण कोरिया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मीडिया में ख़बरें आई थीं कि दक्षिण कोरिया होर्मुज़ स्ट्रेट में अपनी सेना भेजने की योजना बना रहा है
ईरान और अमेरिका बीच जारी तनाव के बीच दक्षिण कोरिया ने होर्मुज़ स्ट्रेट में अपने सैनिकों को भेजने को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में सैन्य बल भेजने के बारे में अभी तक कोई फ़ैसला नहीं लिया गया है.
मीडिया में ऐसी ख़बरें आई थीं कि दक्षिण कोरिया इस साल के अंत तक होर्मुज़ में सैन्य बल भेजने की तैयारी कर रहा है.
उन्हीं ख़बरों पर कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने आज कहा कि इस मामले में कोई फ़ैसला नहीं लिया गया है.
वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए इस अहम जलमार्ग पर ईरान अपने अधिकार का दावा कर रहा है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि इसे स्वतंत्र नौ परिवहन के लिए खुला रखना होगा.
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने रचा ये इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी
जॉर्जिया मेलोनी दूसरे विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बन गई हैं. इस उपलब्धि पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है.
पीएम मोदी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरी मित्र और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को दूसरे विश्व युद्ध के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बनने पर बधाई. यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इतालवी लोगों के भरोसे और विश्वास को दिखाती है."
उन्होंने आगे लिखा, "भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनकी दोस्ती और सहयोग की भी अहम भूमिका रही है. मैं दोनों देशों के लोगों के बेहतर और समृद्ध भविष्य के लिए उनके साथ मिलकर काम जारी रखने की उम्मीद करता हूं."
"आने वाले वर्षों में उनकी सफलता के लिए मेरी ढेरों शुभकामनाएं."
इससे पहले जॉर्जिया मेलोनी ने एक्स पर लिखा था, "आज हमारी सरकार इटली गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक काम करने वाली सरकार बन गई है."
"यह एक ऐसी बात है जिसका मैं आभार और ज़िम्मेदारी की गहरी भावना के साथ स्वागत करती हूं. क्योंकि स्थिरता कोई ऐसा रिकॉर्ड नहीं है जिसका दिखावा किया जाए, बल्कि यह वह स्थिति है जो किसी देश को योजना बनाने, फ़ैसले लेने, वादे पूरे करने और सम्मान पाने में मदद करती है."
नेपाल बाढ़ में मरने वालों की संख्या 1200 के पार पहुंची, पांच हज़ार से ज़्यादा अब भी लापता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नेपाल बाढ़ के बाद लगभग 5,083 लोग अभी लापता हैं
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताज़ा आंकड़ों के अनुसार यह संख्या 1200 के पार पहुंच गई हैं.
नेपाल की आपदा प्रबंधन एजेंसी का कहना है कि अब तक 1,287 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अनुमान के मुताबिक 5,083 लोग अभी भी लापता हैं.
यह संख्या नेपाल पुलिस की पिछली जानकारी से ज़्यादा है, जिसमें 1,280 लोगों की मौत और 4,798 लोगों के लापता होने की बात कही गई थी.
सबसे ज़्यादा 359 शव चितवन में बरामद किए गए हैं, जबकि नुवाकोट में 184 और रसुवा में 140 शव बरामद हुए हैं.
वहीं, त्रिशूली 3A साइट से दो लोगों को ज़िंदा बचाए जाने के बाद, एक तीसरे व्यक्ति का शव मिला है.
मौके पर मौजूद नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के डिप्टी मैनेजर सुरेश राउत का कहना है कि शव की हालत ऐसी थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल था.
उन्होंने बीबीसी को बताया, "सुरंग के अंदर मिला शव फूला हुआ है और उसकी पहचान नहीं हो सकी. ऐसा लगता है कि सुरंग से भागने की कोशिश के दौरान बाढ़ के पानी में फंसने से उस व्यक्ति की मौत हो गई."
इससे पहले शुक्रवार सुबह नेपाल के त्रिशूली 3-ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में 9 दिनों तक फंसने के बाद दो लोगों संजय शाह और कबीर महर्जन को ज़िंदा बाहर निकाला गया है.
संजय शाह परियोजना में मैकेनिकल फोरमैन हैं, जबकि कबीर महर्जन मैकेनिकल सुपरवाइजर हैं.
सुरेश राउत ने बताया कि बचाए जाने के बाद कबीर और संजय "थके हुए लग रहे थे, लेकिन खुश थे."
उन्होंने कहा, "कबीर ने दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते किया."
उन्होंने आगे कहा, "कबीर के घुटने और कमर में चोटें थीं. हो सकता है बाहर निकलने की कोशिश के दौरान उन्हें चोट लगी हो."
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सौरभ कुमार यादव रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
अमेरिका ने कहा, 'यूरोपीय संघ ईरान को अलग-थलग करने को तैयार'
इमेज स्रोत, Peter Zay/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका लगातार इस कोशिश में लगा है कि ईरान को आर्थिक तौर पर अलग-थलग किया जा सके
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान जारी यूरोपीय संघ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि, "यूरोपीय संघ आधिकारिक तौर पर ईरान को आर्थिक तौर पर अलग-थलग करने के अभियान में शामिल हो गया है."
उन्होंने कहा कि अमेरिका "उसके मज़बूत और शुरुआती रुख़ की सराहना करता है."
बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ मज़बूती से खड़ा है. हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ईरानी शासन अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं, हथियार कार्यक्रमों और आतंकवादी गुटों को वित्तीय मदद देने के लिए वैश्विक वित्तीय व्यवस्था का दुरुपयोग न कर सके."
अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा कि "दुनिया ईरानी शासन को साफ़ संदेश दे रही है कि जब तक वित्तीय मदद की आख़िरी बची कड़ी भी नहीं टूट जाती, तब तक वे नहीं रुकेंगे."
दो दिन पहले यूरोपीय आयोग ने एशविले में जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान एक बयान जारी किया था. इसमें ईरान पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालने की कोशिशों का समर्थन किया गया था. इसमें अमेरिका के नेतृत्व वाले अभियान के ज़रिए आर्थिक दबाव बढ़ाने की संभावना भी शामिल है.
सोनिया गांधी की किताब को मिला नया प्रकाशक, अब ये पब्लिकेशन हाउस हुआ तैयार
इमेज स्रोत, Rahul Gandhi/X
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने अपने दिवंगत पिता राजीव गांधी के जन्मदिन पर इस किताब का कवर पेज सोशल मीडिया पर साझा किया था
प्रकाशन कंपनी हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने कहा है कि वह सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ़ लव' को भारत में प्रकाशित करेगा.
यह संस्मरण भारत में 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगा. इस किताब के छपने का इंतज़ार लंबे समय से किया जा रहा है.
हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हमारे समय के सबसे चर्चित राजनीतिक संस्मरणों में से एक 'बिलॉन्गिंग' प्रेम, पहचान, कर्तव्य और अपनेपन की एक भावनात्मक और बेहद निजी कहानी है. यह भारत की यात्रा का एक दुर्लभ अंदरूनी नजरिया भी पेश करता है."
इससे पहले अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने एक रिपोर्ट में यह दावा किया था कि पैंगुइन रैंडम हाउस इंडिया इस किताब के प्रकाशन से पीछे हट गई है.
अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक़, प्रकाशक ने सोनिया गांधी से किताब के कुछ हिस्सों को संपादित करने और हटाने के लिए कहा था जिससे उन्होंने इनकार कर दिया.
सोनिया गांधी की इस किताब को लेकर प्रकाशन कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान जारी कर कहा था कि वो भारत में इस किताब की प्रकाशक नहीं है.
पेंगुइन ने अपने बयान में कहा, "तथ्य की जांच करना और लेखक को ऐसी सिफ़ारिशें देना जो किताब और लेखक दोनों के हित में हो, एक प्रकाशक के रूप में हमारा विशेषाधिकार और ज़िम्मेदारी दोनों है."
इस किताब को अमेरिका में अल्फ्रेड ए नॉफ़ और ब्रिटेन में विलियम कॉलिन्स प्रकाशित करेंगे.
स्वतंत्र भारद्वाज मामले में सीजेपी ने कहा, 'अपराधी के क़बूलनामे पर भी पुलिस ख़ामोश- ये देश के लिए शर्मनाक'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका संसद मार्ग थाने पहुंचे हैं
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका निशु आज़ाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की मांग को लेकर नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे.
आशुतोष रांका ने कहा, "जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हमारी साथी निशु के पिता संजय जी के साथ मारपीट हुई. उनका सिर फोड़ा गया. यह घटना खुलेआम हुई."
"सौरव और हमारी पूरी टीम लगातार दिल्ली पुलिस से मांग करती रही कि इन गुंडों को गिरफ़्तार कीजिए, इन पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाइए, लेकिन दिल्ली पुलिस सोती रही."
उन्होंने कहा, "अब देश की राजधानी में हालत ऐसे हो गए हैं. वो ख़ुद क़बूल कर रहे हैं कि उस पर अटेम्ट टू मर्डर (हत्या के प्रयास) का केस बनता था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने कपिल मिश्रा और बीजेपी के गुंडों की शह पर कुछ नहीं किया."
आशुतोष रांका ने आरोप लगाया, "यह देश के लिए शर्मनाक दिन है. हम दिल्ली पुलिस से मांग करते हैं कि इन गुंडों को गिरफ़्तार किया जाए और उन पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया और इन पर जितनी संगीन धाराएं लगाई जा सकती हैं, वो लगाई जाएं."
बिहार: पटना से लेकर मुंगेर तक कई इलाक़े बाढ़ में डूबे, देखिए तस्वीरें
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पटना के बिंद टोली में बाढ़ के पानी से होकर गुज़रती स्कूली छात्राएं
बिहार की राजधानी पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ रही है. यही हाल राज्य के मुंगेर समेत कई और ज़िलों का है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पटना सिटी के कई घाटों के बाद अब श्मशान घाटों तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है. अंतिम संस्कार के लिए वहां पहुंच रहे लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
यहां मालसलामी, दीदारगंज और चौक इलाकों के साथ ही गायघाट, कंगन घाट, पत्थर घाट, डमराही घाट, नूरगंज घाट, पीरदमरिया घाट, बुंदेल टोली और रिकाबगंज घाट के आसपास की सड़कों पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है. कई इलाकों में पानी घरों में भी घुस गया है.
वहीं मुंगेर ज़िले में गंगा नदी का जलस्तर ख़तरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. यहां कई इलाक़े में घर गंगा के पानी में डूब गए हैं.
मुंगेर के डीएम (ज़िलाधिकारी) निखिल धनराज ने बताया है कि प्रभावित इलाक़ों में नाव और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, गंगा और सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से पटना के दानापुर और मनेर इलाक़े की कई इमारतों में पानी भर गया है, यह मनेर के एक स्कूल की तस्वीर है
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पटना के निचले इलाक़ों में पानी भरने से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुंगेर में गंगा नदी ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही है. वहां निचले इलाक़ों में घर पानी में डूबे नज़र आ रहे हैं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुंगेर के डीएम (ज़िलाधिकारी) निखिल धनराज ने कहा है कि गंगा में जलस्तर काफ़ी बढ़ रहा है जिससे 7 पंचायतें प्रभावित हुई हैं
पाकिस्तान ने नरोवाल में 'हिंदू मंदिर गिराने' के भारत के आरोपों पर ये कहा
इमेज स्रोत, @ForeignOfficePk
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार (सांकेतिक तस्वीर)
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अड्डा सिराज में नरोवाल स्थित हिंदू मंदिर को गिराए जाने को लेकर भारत के आरोपों को ख़ारिज किया है. इस मुद्दे पर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर ख़ान ने कहा, "भारत की ओर से फैलाए जा रहे झूठे प्रचार के विपरीत, मंदिर की इमारत को 21 जुलाई 2026 को भारी बारिश के कारण नुक़सान पहुंचा था."
बयान में कहा गया, "स्थानीय अधिकारियों ने बारिश से हुए नुक़सान का सर्वे पहले ही कर लिया है और इमारत की मरम्मत के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. इसलिए यह शर्मनाक है कि भारत तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है और सस्ती चालों का सहारा ले रहा है."
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा, "दुनिया हिंदुत्व की विचारधारा के जरिए अल्पसंख्यकों को निशाना बनाए जाने से अच्छी तरह वाकिफ है. उसे मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदायों के उत्पीड़न के लिए भारतीय नेतृत्व को जवाबदेह ठहराना चाहिए."
इस मुद्दे पर बुधवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान जारी कर कहा था, "हमने पाकिस्तान के नरोवाल के सिराज गांव में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर को नष्ट किए जाने की परेशान करने वाली ख़बरों पर गंभीर चिंता जताई है."
"हम अल्पसंख्यक समुदाय के 100 साल पुराने पूजा स्थल में की गई इस निंदनीय तोड़फोड़ की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं."
बयान के अनुसार, "ऐसी घटनाएं इस बात की साफ़ याद दिलाती हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय लगातार असुरक्षित हैं और उनकी धार्मिक आज़ादी और पूजा स्थलों का गंभीर उल्लंघन हो रहा है."
होर्मुज़ स्ट्रेट में दक्षिण कोरिया की सेना भेजने की तैयारी- रिपोर्ट
इमेज कैप्शन, ईरान-अमेरिका संघर्ष की वजह से होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही चुनौती बनी हुई है (सांकेतिक तस्वीर)
दक्षिण कोरियाई मीडिया के मुताबिक़ देश की सरकार "होर्मुज़ स्ट्रेट में शिपिंग की आज़ादी" का समर्थन करने के लिए उपकरण और सैन्य बल भेजने की तैयारी कर रही है और इस मिशन को इस साल शुरू करने की योजना बना रही है.
ईरान की महत्वपूर्ण सैन्य विंग 'ख़ातम अल-अनबिया' सेंट्रल हेडक्वार्टर के आधिकारिक प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोल्फ़ग़ारी ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया एक्स पर टिप्पणी की है.
उन्होंने लिखा, "दक्षिण कोरिया अब शिपिंग की आज़ादी का समर्थन करने के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट में सेना भेजने पर विचार कर रहा है. उसके विकल्पों में समुद्री गश्ती विमान, लॉजिस्टिक्स सपोर्ट पोत या समुद्री बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें हटाने वाली यूनिट शामिल हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "दक्षिण कोरिया ने पहले कहा था कि वह अमेरिका-ईरान युद्ध ख़त्म होने के बाद ही तैनाती पर विचार करेगा. यह बदलाव तब आया है जब ट्रंप ने अमेरिकी युद्ध प्रयासों का समर्थन नहीं करने के लिए दक्षिण कोरिया की आलोचना की."
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि दक्षिण कोरियाई मीडिया में सरकारी और सैन्य सूत्रों का हवाला देते हुए कहा गया है कि कि इस तैनाती के लिए संसदीय मंजूरी के लिए ज़रूरी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं.
इन रिपोर्टों के अनुसार, कैबिनेट में योजना की समीक्षा करने के बाद, सरकार इस महीने संसद की अनुमति पाने के लिए औपचारिक अनुरोध पेश करने की योजना बना रही है.
दक्षिण कोरियाई सेना की संभावित तैनाती ऐसे समय में होर्मुज़ स्ट्रेट में सुरक्षा तनाव और कमर्शियल जहाज़ों पर हमलों में हाल के हफ़्तों में बढ़ोतरी के साथ सामने आई है.
कई देश इस रणनीतिक जलमार्ग में जहाज़ों की सुरक्षा में शामिल होकर इसके तरीके तलाश रहे हैं.
दक्षिण कोरियाई सरकार के अधिकारियों ने अभी तक इन रिपोर्टों पर आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.