लाइव , मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

मणिपुर के चंदेल ज़िले में बीते तीन दिनों में कथित तौर पर ज़हरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, 150 से ज़्यादा लोगों का इंफाल के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, शुभम गर्ग

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    अग्निवीरों को 4 साल बाद 2 साल की अतिरिक्त सेवा का मौका, फिर क्यों उठ रहे सवाल?

    बालेन शाह के भारत दौरे को कैसे देख रहे हैं एक्सपर्ट्स

    आज़म ख़ान के 'दाढ़ी और हैदराबादी बिरयानी' वाले बयान के क्या हैं सियासी मायने

  2. मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    मरीजों से का हालचाल लेते मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह
    इमेज कैप्शन, मरीजों से का हालचाल लेते मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह

    मणिपुर के चंदेल ज़िले में बीते तीन दिनों में कथित तौर पर ज़हरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है.

    वहीं, 150 से ज़्यादा लोगों का इंफाल के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

    ज़िला प्रशासन के अनुसार, चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में ज़हरीली शराब से जुड़े कई संदिग्ध मामले सामने आए हैं.

    इसके बाद बीमार पड़े कई लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

    इस घटना के संबंध में ज़िले के एक अधिकारी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि 18 नवंबर को इलाके में कथित तौर पर ज़हरीली शराब से जुड़ी मौत के कई मामले सामने आए थे. इसके बाद यह सिलसिला जारी रहा.

    चंदेल के पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में शुरुआत में आठ मौतों की पुष्टि की गई थी, लेकिन मरने वालों की संख्या बाद में बढ़ गई.

    इस बीच, चंदेल के ज़िला उपायुक्त की ओर से जारी एक एडवाइज़री में कहा गया है, "चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में मिलावटी शराब के सेवन से जुड़ी मौतों की हालिया रिपोर्टों को देखते हुए आम जनता को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है."

    ज़िला प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. इसमें मौत के सही कारण का पता लगाने के साथ ही क्षेत्र में शराब लाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

    इस बीच, मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने गुरुवार को इंफाल पश्चिम के शिजा अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान और इंफाल पूर्व के बाबीना अस्पताल का दौरा कर इलाज करा रहे मरीजों की स्थिति का जायज़ा लिया.

    मुख्यमंत्री ने मरीजों को सरकार की ओर से आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया.

    खेमचंद सिंह ने अधिकारियों को दोषियों की पहचान के लिए जांच करने का निर्देश दिया और कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

  3. 26 रन पर ऑलआउट हुई नेपाल-ए, 306 रन से जीती इंडिया-ए

    भारत और नेपाल के झंडे
    इमेज कैप्शन, भारत और नेपाल के झंडे

    एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में टीम इंडिया-ए ने नेपाल-ए को 306 रनों से हराया.

    दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में नेपाल की टीम ने टॉस जीतकर इंडिया-ए को पहले बल्लेबाज़ी का न्यौता दिया.

    अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने कुमार कुशाग्र के साथ मोर्चा संभाला. दोनों ने भारतीय टीम का स्कोर नौ विकेट पर 332 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

    तिलक और कुमार के बीच 206 रनों की साझेदारी हुई. तिलक वर्मा ने 107 और कुमार कुशाग्र ने 117 रनों की पारी खेली.

    नेपाल के लिए कप्तान संदीप और ललित ने सबसे ज़्यादा 3-3 विकेट लिए.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम महज़ 26 रनों पर ऑलआउट हो गई. नेपाल का कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया. वहीं, पांच बल्लेबाज़ खाता भी नहीं खोल पाए.

    टीम इंडिया के लिए सबसे ज़्यादा पांच विकेट प्रिंस यादव ने लिए. वहीं, हर्षित राणा को चार और शाहबाज़ अहमद को एक विकेट मिला.

    टीम इंडिया अपना अगला मैच 22 नवंबर को पाकिस्तान-ए के खिलाफ खेलेगी.

  4. पीएम मोदी को एहसास हो गया है कि सरकार के ख़िलाफ़ नाराज़गी है: सौरव दास

    सीजेपी लीडर सौरव दास
    इमेज कैप्शन, सीजेपी लीडर सौरव दास

    फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर सौरव दास ने तंज किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा.

    सौरव दास ने कहा कि प्रधानमंत्री को अब एहसास हो गया है कि युवाओं में उनकी सरकार के ख़िलाफ़ भारी नाराज़गी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोज़गार देने और परीक्षाएं सही तरीके से कराने में पूरी तरह नाकाम रही है.

    उन्होंने कहा कि स्कूलों की हालत भी बेहद ख़राब है. जबकि जनता ने प्रधानमंत्री और उनकी राज्य सरकारों को व्यवस्था बदलने के लिए भारी ताक़त दी है.

    सौरव दास ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद हर स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है. उन्होंने कहा कि देश में एक भी ऐसा मॉडल शहर नहीं है, जिसकी तुलना यूरोप या दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के शहरों से की जा सके.

    उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारें ख़राब AQI और पटाखों से होने वाले प्रदूषण को भी सही ठहराती हैं.

    पोस्ट के आख़िर में सौरव दास ने कहा, "मेरी बात याद रखिएगा, युवा इस अहंकारी सरकार को हराएंगे."

  5. रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव पर किया बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, डैन वुडलैंड और सारा रेन्सफोर्ड, पूर्वी और दक्षिणी यूरोप संवाददाता, कीएव से

    हमले के बाद बिखरा हुआ सामान
    इमेज कैप्शन, हमले के बाद बिखरा हुआ सामान

    रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव में पुलों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाया है.

    रूस ने रातभर बड़े पैमाने पर हमला किया और इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इसे युद्ध के अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया है. इस हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्राइमिया ब्रिज पर हुए हमले का बदला लेने की धमकी दी थी. इस पुल का निर्माण रूस ने क्राइमिया प्रायद्वीप से जोड़ने के लिए कराया था.

    रूस के ताज़ा हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब युद्ध शांति को लेकर कई स्तरों पर बातचीत चल रही है. वहीं, रूस ने अमेरिका के उस दावे को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि रूस यूक्रेन के लिए पश्चिमी देशों के समर्थन वाली सुरक्षा गारंटी पर सहमत हो सकता है.

    यूक्रेन के रेलवे स्टेशन की छतिग्रस्त छत
    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के रेलवे स्टेशन की क्षतिग्रस्त छत

    ज़ेलेंस्की ने बताया कि रूस ने रातभर यूक्रेन के कई शहरों और इलाक़ों में हमले किए. इन हमलों में रिहायशी इमारतों और ऊर्जा ठिकानों को भी निशाना बनाया गया. पूरी रात हवाई हमले का अलर्ट जारी रहा. सुबह तक भी सायरन बजते रहे.

    ज़ेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने 110 से ज़्यादा मिसाइलें और 400 से अधिक ड्रोन दागे.

    उन्होंने कहा कि रूस ने 20 से 30 मिनट के अंतराल पर कई हमले किए. यह बेहद ख़तरनाक रणनीति थी. इससे आग बुझाना, मलबा हटाना और ज़रूरी सेवाएं बहाल करना और मुश्किल हो गया.

  6. हूती विद्रोहियों ने दी सऊदी अरब के बंदरगाहों को निशाना बनाने की धमकी

    याह्या सरी
    इमेज कैप्शन, हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी

    यमन के हूती विद्रोहियों ने जेद्दाह समेत लाल सागर में सऊदी अरब के दूसरे बंदरगाहों को निशाना बनाने की धमकी दी है.

    शुक्रवार को हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि अगर सऊदी सैन्य गठबंधन ने हूतियों के नियंत्रण वाले अल-हुदैदा बंदरगाह पर हमला किया, तो सऊदी अरब के बंदरगाहों को भी निशाना बनाया जाएगा.

    हूती प्रवक्ता ने बंदरगाहों पर काम करने वाले मज़दूरों और कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के इलाक़ों में रहने वाले लोगों को वहां से दूर जाने की सलाह दी है.

    उन्होंने शिपिंग कंपनियों से भी अपने सभी जहाज़ों और नावों को इन बंदरगाहों से हटाने की अपील की है.

    हूती विद्रोहियों की यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब सऊदी सैन्य गठबंधन ने खुद ही अल-हुदैदा बंदरगाह के आसपास रहने वाले लोगों को इलाक़ा खाली करने का निर्देश दिया था.

  7. "व्यापारियों को ताली बजाने लायक नहीं छोड़ा", राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री पर तंज कसा.

    राहुल गांधी ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन में उद्योगपतियों को ताना दिया था कि टैक्स घटाने के बावजूद न तो तनख़्वाह बढ़ाई गई और न ही नौकरियां दी गईं.

    इस पर राहुल गांधी ने कहा, "मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं, आपका क़बूलनामा है."

    उन्होंने प्रधानमंत्री के 'भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं' वाले बयान पर भी तंज कसा. राहुल ने कहा कि यह भूख किसकी है, पूरा देश जानता है.

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें कुछ चुनिंदा लोगों के हवाले कर दी हैं. उन्होंने सवाल किया कि इन लोगों ने कितनी नौकरियां पैदा की हैं.

    कांग्रेस नेता ने कहा कि छोटे व्यापारी और छोटे उद्योग नौकरियां देने का काम करते हैं. लेकिन नोटबंदी और ग़लत जीएसटी के ज़रिए उन्हें तबाह कर दिया गया. वहीं, ईमानदारी से मुक़ाबला करने वाली बड़ी कंपनियों के लिए भी मैदान ख़त्म कर दिया गया.

    उन्होंने कहा कि एकाधिकार से नौकरियां पैदा नहीं होतीं. इससे महंगाई बढ़ती है और प्रतिस्पर्धा ख़त्म होती है.

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से बात की (फ़ाइल फ़ोटो)

    राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के 'आप करो, हम देख लेंगे' वाले बयान पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि लूट प्रधानमंत्री और उनके मित्रों ने की है. देश ने यह सब देखा है और अब भी देख रहा है.

    उन्होंने सम्मेलन में तालियां न बजने पर प्रधानमंत्री की नाराज़गी को लेकर भी तंज कसा.

    राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की नीतियों ने उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, महंगाई से परेशान गरीबों और मध्यम वर्ग के साथ बेरोज़गार युवाओं को भी ताली बजाने लायक नहीं छोड़ा है.

    आख़िर में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अपने बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थालियां बजवा लें.

  8. राजस्थान: ज़िला परिषद चुनावों में कांग्रेस की बड़ी जीत, सीएम के गृह जिले और निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की हार, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए जयपुर से

    कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया

    राजस्थान के पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल भाजपा को बड़ा झटका दिया है.

    बीते दिनों हुए 41 ज़िला परिषदों के चुनावों में से शुक्रवार को 37 ज़िला परिषदों के परिणाम घोषित हुए हैं. 4 ज़िला परिषद के चुनावों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी.

    37 ज़िलों की 419 पंचायत समितियों के परिणामों में कांग्रेस 269, भाजपा 73, अन्य दल 60 और 7 पर कोई दल आगे नहीं रहा.

    37 ज़िला परिषदों में कांग्रेस को 23 में बहुमत मिला, भाजपा को 5, एक पर अन्य दल और 8 पर कोई भी दल बहुमत में नहीं रहा.

    मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की ज़िला परिषद में कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटें जीतीं हैं. जबकि भाजपा को महज 9 सीटें मिलीं और एक सीट आरएलपी ने जीती.

    मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में भी भाजपा को नुकसान हुआ और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने बहुमत हासिल किया.

    इसके अलावा सरकार में कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और बेटे की हार ने भाजपा की मुश्किल बढ़ाई है.

    चुनाव नतीजे ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत वापसी और भाजपा के लिए बड़ी चुनौती के रूप में आने हैं. साथ ही आरएलपी को भी तीसरी ताकत के रूप में देखा जा रहा है.

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़
    इमेज कैप्शन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि, "भारतीय जनता पार्टी चुनाव परिणामों को जनादेश के रूप में स्वीकार करती है."

    उन्होंने कहा है कि, "भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कांग्रेस ने ये चुनाव विशुद्ध रूप से झूठ और फेक नैरेटिव के आधार पर लड़ा, जबकि भाजपा ने सकारात्मक राजनीति करते हुए विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी. चुनाव परिणामों पर पार्टी सकारात्मक भाव से मंथन करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी."

    अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि, "चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और उनके राष्ट्रीय आदर्श एवं लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए. कांग्रेस ने जिस तरह वोट चोरी का माहौल बनाया और संवैधानिक संस्थाओं पर छींटाकशी करते हुए अराजकता का वातावरण तैयार किया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है. आज चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस नेताओं का जश्न मनाना उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है."

    इधर कांग्रेस ने बड़ी जीत के बाद सरकार को घेरा है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा है कि, " पंचायत चुनाव में 2028 का ट्रेलर दिखा है. भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का जनता मन बना चुकी है."

    उन्होंने कहा है कि, "राजस्थान की जनता ने भाजपा सरकार के तीन साल के कुशासन, खोखले दावों और जनविरोधी नीतियों को करारा जवाब दिया है. यह परिणाम स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की राजनीति के साथ है. भाजपा की संविधान और लोकतंत्र विरोधी सोच को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है."

  9. अमेरिकी आयोग ने भारत पर लगाए मुसलमानों को निशाना बनाने के आरोप

    अमेरिकी आयोग के एक अधिकारी ने भारत को विशेष चिंता का देश घोषित करने की मांग की (सांकेतिक तस्वीर)
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी आयोग के बयान पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ़) ने भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ कथित कार्रवाई को लेकर दो बयान जारी किए हैं.

    भारत की ओर से इन बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है.

    यूएससीआईआरएफ़ की तरफ से गुरुवार को एक्स पर जारी बयान मेंआयोग के अध्यक्ष डॉ. आसिफ़ महमूद ने आरोप लगाया कि 'भारत सरकार मुस्लिम नागरिकों को निशाना बना रही है.'

    उन्होंने कहा कि मुसलमानों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं. उन्हें 'विदेशी' बताया जा रहा है और कथित तौर पर अवैध रूप से देश से बाहर भेजा जा रहा है.

    उन्होंने कहा, "यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के मुसलमानों को ‘घुसपैठिया’ बताया है, जिन्हें बाहर निकाल दिया जाना चाहिए."

    वहीं, यूएससीआईआरएफ़ के एक्स अकाउंट पर कमिश्नर जीन मिल्स की तरफ़ से जारी बयान में भी भारत सरकार की आलोचना की गई.

    उन्होंने आरोप लगाया, "भारतीय सरकार द्वारा अपने ही नागरिकों को उनके मुस्लिम धर्म के आधार पर देश से बाहर निकालना, धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने वाली रणनीतियों में एक चौंकाने वाली बढ़ोतरी है."

    जीन मिल्स ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय से कहा, "भारत में लगातार धर्म या विश्वास की स्वतंत्रता के उल्लंघन के कारण भारत को विशेष चिंता वाला देश (सीपीसी) घोषित करना चाहिए.

    अभी पिछले हफ़्ते ही यूएससीआईआरएफ़ ने शरजील इमाम की हिरासत को लेकर टिप्पणी की थी.

    आयोग ने एक्स पर लिखा था, "शरजील इमाम एक मुस्लिम शख़्स हैं, जिन्हें भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की पैरोकारी के कारण हिरासत में रखा गया है."

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा नेयूएससीआईआरएफ़ की शरजील वाली टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.

    उन्होंने एक्स पर कहा था कि यूएससीआईआरएफ़ को भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फ़ैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं है.

    क्वात्रा ने आयोग के आकलन को 'पक्षपातपूर्ण, अधूरी जानकारी पर आधारित और पूर्वाग्रह' से ग्रस्त बताया था.

    उन्होंने आगे कहा था कि यूएससीआईआरएफ़ को अपने पूर्वाग्रहों पर विचार करना चाहिए और दूसरों को उपदेश देना बंद करना चाहिए.

  10. सिराज को प्लेइंग इलेवन में नहीं मिली जगह तो इमरान मसूद ने उठाए सवाल, रिजिजू ने क्या दिया जवाब

    Imran Masood
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

    न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले क्रिकेट टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली.

    इस फैसले पर अब सियासत भी शुरू हो गई है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भारतीय टीम इलेवन में सिराज के चयन नहीं होने को लेकर सवाल उठाए हैं.

    इमरान मसूद ने कहा कि सिराज का हालिया प्रदर्शन टीम में जगह पाने के लिए काफ़ी था.

    उन्होंने चयन के पीछे की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, "उनका नाम सिराज है, क्या यही कारण काफ़ी नहीं है? अगर वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और फिर भी उन्हें नहीं चुना जा रहा है, तो इसके पीछे और क्या वजह हो सकती है? सिर्फ़ यही एक कारण हो सकता है. इसके अलावा कोई दूसरी वजह नहीं हो सकती."

    मसूद ने कहा कि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में सिराज भारत के सबसे सफल गेंदबाज़ रहे हैं. इसके बावजूद उन्हें बेंच पर बैठाना समझ से बाहर है.

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू

    वहीं, इमरान मसूद के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि देश में किसी के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता और न ही किसी को नज़रअंदाज़ किया जाता है.

    रिजिजू ने कहा कि भारत में मौक़े योग्यता के आधार पर दिए जाते हैं. इसमें किसी के धर्म या जाति का कोई लेना-देना नहीं है. अगर किसी को ऐसा लगता है, तो यह सही नहीं है.

  11. कार्टून: वो आ गया

    आज का कार्टून.
    इमेज कैप्शन, कॉर्पोरेट्स में सैलेरी को लेकर पीएम मोदी के बयान पर आज का कार्टून.
  12. खड़गे ने क्यों कहा, 12 साल बाद नींद से जागे हैं प्रधानमंत्री

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

    फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तीखा पलटवार किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार को घेरा.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आर्थिक उदारीकरण की जननी है. देश में सबसे ज़्यादा औसत दशकवार आर्थिक विकास कांग्रेस और यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुआ था.

    उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने फिक्की में अपने भाषण के दौरान अपनी नाकामियों का दोष उद्योग जगत पर डाल दिया. ऐसा लगा जैसे प्रधानमंत्री विपक्ष के नेता हों और 12 साल बाद नींद से जागे हों.

    कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा सभी को समान अवसर देने की बात करती रही है. पार्टी ने सरकार को बार-बार चेताया भी. लेकिन मोदी सरकार ने देश के सभी संसाधन एक-दो पूंजीपति मित्रों को सौंप दिए. इससे छोटे उद्योगों और व्यापारियों को भारी नुक़सान हुआ है.

    खड़गे ने आरोप लगाया कि आज देश में रोज़गार की कमी है, लोगों की बचत घट रही है और महंगाई चरम पर है. सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को ख़त्म किया जा रहा है. वहीं, 'मेक इन इंडिया' अब 'बाय फ्रॉम चाइना' बन गया है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए भारतीय अर्थव्यवस्था का नियंत्रण चुनिंदा पूंजीपतियों के हाथों में सौंप दिया है.

    उन्होंने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती और आर्थिक तबाही बताया.

  13. ईरानी सांसद ने बताया ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर क्या बोले चीन और रूस?

    अली ख़ामेनेई का पोस्टर
    इमेज कैप्शन, तेहरान में लगा ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई का पोस्टर

    ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अहमद बख़्शायेश अर्देस्तानी ने कहा, "देश का एक वर्ग और आम जनता कुछ हद तक परमाणु हथियार बनाने के पक्ष में है."

    उनके मुताबिक, अमेरिका के दबाव ने ईरान को परमाणु हथियार बनाने के मुद्दे पर सोचने के लिए मजबूर किया है.

    हालांकि, सांसद अर्देस्तानी ने चीन और रूस जैसे देशों के साथ ईरान के रिश्तों का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस मामले में कुछ सावधानियां बरतनी ज़रूरी हैं.

    अहमद बख़्शायेश अर्देस्तानी के मुताबिक, "ये देश ईरान को सलाह देते हैं कि वह इस मामले में ज़्यादा सावधानी बरते और फिलहाल ऐसा कोई फ़ैसला न ले."

    उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने के समर्थकों का मानना है कि इससे देश की रक्षा करने और दुश्मनों को हमले से रोकने की ताक़त बढ़ सकती है.

    पिछले कुछ हफ़्तों में ईरान की परमाणु नीति में बदलाव और परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) से बाहर निकलने की संभावना पर चर्चा हुई है. इस मुद्दे को इस्लामिक रिपब्लिक के कई राजनीतिक, सैन्य और धार्मिक नेताओं ने उठाया है.

  14. पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारत का स्कोर 159/1, जायसवाल ने खेली 85 रन की पारी

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की टीम पहली पारी में 368 रन पर ऑलआउट हो गई थी

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का दूसरा दिन ख़त्म हो गया है. भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए हैं.

    आईसीसी के अनुसार, केएल राहुल 52 रन और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर क्रीज़ पर हैं. यशस्वी जायसवाल 85 रन बनाकर आउट हुए.

    न्यूज़ीलैंड की टीम पहली पारी में 368 रन पर ऑलआउट हो गई थी. इस तरह भारतीय टीम अभी 209 रन पीछे है.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

    भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 92 रन देकर चार विकेट लिए. आकाश दीप ने 53 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.

  15. चक्रवाती तूफ़ान अक्वान ने ओडिशा तट पार किया, डीप डिप्रेशन में बदलने के आसार

    अकवान तूफ़ान
    इमेज कैप्शन, इस तूफ़ान का नाम ईरान ने रखा है. इसका संबंध फ़िरदौसी के महाकाव्य 'शाहनामा' से है (सांकेतिक तस्वीर)

    चक्रवाती तूफ़ान अक्वान ने आज सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच दक्षिण ओडिशा और उससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट को पार किया.

    इस दौरान यह ओडिशा के गोपालपुर के पास से गुज़रा.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक़, तट पार करते समय तूफ़ान की रफ़्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी. हवा के झोंकों की रफ़्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई.

    मौसम विभाग के मुताबिक़, इसके कमज़ोर होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है.

    अर्णब और मुरासु के बाद बंगाल की खाड़ी में बना यह तीसरा चक्रवाती तूफ़ान अक्वान है.

    इस तूफ़ान का नाम ईरान ने रखा है. इसका संबंध फ़िरदौसी के महाकाव्य 'शाहनामा' से है.

    'अक्वान' नाम 'अक्वान दीव' या 'अक्वान-ए-दीव' से लिया गया है. पौराणिक कहानी में अक्वान-ए-दीव को एक बुरे राक्षस के रूप में दिखाया गया है जो बुराई और नकारात्मक सोच का प्रतीक है.

  16. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का दो दिन का भारत दौरा,पीएम मोदी से करेंगे मुलाक़ात

    बालेन शाह
    इमेज कैप्शन, बालेन शाह के सम्मान में पीएम मोदी आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिन के भारत दौरे पर आएंगे. इस दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करेंगे.

    नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़, प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के राजकीय दौरे पर रहेंगे.

    उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत आने का न्योता दिया है.

    बालेन शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और नेपाल सरकार के सीनियर अधिकारी भी होंगे.

    दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, बालेन शाह के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे.

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात करेंगे.

  17. योगी आदित्यनाथ की मां का 91 साल की उम्र में निधन, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    योगी आदित्यनाथ
    इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी की मुलाक़ात की यह तस्वीर मई 2022 की है

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है.

    उनका निधन उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल ज़िले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर हुआ.

    वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं. उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना विभाग ने उनके निधन की पुष्टि की है.

    सूचना विभाग के मुताबिक़, "मां के निधन की सूचना मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा."

    वह शुक्रवार, 20 नवंबर को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम में शामिल हुए.

    योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड के वन विभाग में अधिकारी थे. उनका अप्रैल 2020 में निधन हो गया था.

    कोरोना महामारी की पहली लहर के दौरान पिता के निधन पर योगी आदित्यनाथ अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे.

    उस समय उन्होंने कहा था कि कोविड महामारी के बीच प्रदेश के लोगों के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी के कारण वह अपने पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर सके.

    जून 2024 में योगी आदित्यनाथ अपनी बीमार मां से मिलने ऋषिकेश स्थित एम्स भी गए थे.

    उस समय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया था कि वह लंबे अंतराल के बाद अपनी मां से मिले थे.

  18. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    चीन में शी और पुतिन के साथ शिखर सम्मेलन से ट्रंप को क्या हासिल हुआ?

    शी जिनपिंग ने एपीईसी समिट में क्या पुतिन की उपेक्षा की?

    बांग्लादेशः हिंसा में सत्तारूढ़ पार्टी के दो नेताओं की मौत, हसीना की पार्टी पर साज़िश का आरोप

    GTA 6: लूसिया की एंट्री क्यों ख़ास है, गेमिंग की दुनिया में महिला किरदारों की कितनी जगह?

  19. गोरखपुर में लड़के की मौत पर अखिलेश ने योगी आदित्यनाथ के बयान पर उठाए सवाल

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के इस घटना के लिए दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में एक नाबालिग लड़के की मौत को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर सवाल उठाए हैं.

    अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के इस घटना के लिए दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं.

    उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि वहां न तो कोई रोड शो था और न ही रैली, जिस पर मुख्यमंत्री दोष मढ़ रहे हैं.

    अखिलेश यादव ने इस घटना की सर्वोच्च स्तर पर जांच कराने और सच सामने लाने की मांग की है.

    इससे पहले गुरुवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस लड़के की मौत के लिए समाजवादी पार्टी को ज़िम्मेदार ठहराया था.

    एक्स पर जारी बयान में उन्होंने कहा था, "समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था, एक नाबालिक लड़के को उन्होंने अपने रोड शो का शिकार बना दिया"

    उन्होंने कहा, "अराजकता में उस मासूम नौजवान की जो यहां पर एक प्रतिष्ठित विद्यालय में अध्ययन करने के लिए आया था, अपने पिता के साथ परिवार के साथ रहता था उसकी निर्मम हत्या कर दी गई."

  20. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    चीन में शी और पुतिन के साथ शिखर सम्मेलन से ट्रंप को क्या हासिल हुआ?

    शी जिनपिंग ने एपीईसी समिट में क्या पुतिन की उपेक्षा की?

    बांग्लादेशः हिंसा में सत्तारूढ़ पार्टी के दो नेताओं की मौत, हसीना की पार्टी पर साज़िश का आरोप

    GTA 6: लूसिया की एंट्री क्यों ख़ास है, गेमिंग की दुनिया में महिला किरदारों की कितनी जगह?