लाइव, यूपी के सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने पर क्या बोले अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के बाद ढहाए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. यूपी के सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने पर क्या बोले अखिलेश यादव

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए कहा कि प्रदेश को सांप्रदायिक रास्ते पर ले जाने की कोशिश हो रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के बाद ढहाए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए कहा कि प्रदेश को सांप्रदायिक रास्ते पर ले जाने की कोशिश हो रही है.

    अखिलेश यादव ने कहा, "न्याय के लिए हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट हैं. क्या ज़रूरत थी 12 या 13 घंटे में मस्जिद को गिरा दिया जाए? ये सोची-समझी साज़िश है जिसके तहत ये पूरे प्रदेश को अधिकारियों के माध्यम से सांप्रदायिक रास्ते पर ले जाना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "इनके पास ना महंगाई का कोई जवाब है, ना देने के लिए रोज़गार है, ना निवेश में ये सफल हुए हैं, ना ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई धमक बना पाए हैं. जो चीज़ें थीं उनको ये बेच रहे हैं. ये सरकार अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चीज़ों को बेच रही है."

    उधर, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि वो मस्जिद ध्वस्तीकरण के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे और उन्हें पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया था.

    उन्होंने एक्स पर बताया कि अब उनकी लखनऊ से रिहाई हो गई है और बीजेपी सरकार के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बलप्रयोग हुआ था.

  2. कार्टून: खेल और वर्ल्ड कप

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, ईरान की अमेरिका को चेतावनी पर आज का कार्टून
  3. सत्य निकेतन हादसे पर दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा, सरकार ज़िम्मेदारी से नहीं बच सकती

    सत्य निकेतन में हुआ हादसा

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अदालत ने सोमवार को हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि 'सरकार ज़िम्मेदारी से नहीं बच सकती है (फ़ाइल फ़ोटो: सत्य निकेतन हादसा)

    दिल्ली हाई कोर्ट ने सत्य निकेतन में हुए हादसे के बाद मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव अभियान तेज करने का निर्देश दिया है.

    अदालत ने सोमवार को हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि 'सरकार ज़िम्मेदारी से नहीं बच सकती है.'

    बार एंड बेंच के मुताबिक़ कोर्ट ने कहा, "आप (सरकार) अपनी ज़िम्मेदारी से बच नहीं सकते... 50 छात्र जो अपनी ज़िंदगी के एक नए पड़ाव पर खड़े थे, उनमें से ज़्यादातर शायद अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं, इससे ज़्यादा दुखद और कुछ नहीं हो सकता."

    पीठ ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को निर्देश दिया कि वह उच्चतम स्तर पर जांच करे और यह पता लगाए कि हादसे में ढही इमारत का निर्माण वैध अनुमति के तहत किया गया था या नहीं.

    अदालत ने यह भी कहा कि लापरवाही के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और उनके ख़िलाफ़ प्रस्तावित कार्रवाई की जानकारी अदालत को दी जाए.

    हाईकोर्ट ने दिल्ली में इस तरह की घटनाओं के बार-बार होने पर भी नाराज़गी जताई. अदालत ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में लगभग हर दूसरे साल ऐसी त्रासदियां सामने आती हैं.

    सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार, एमसीडी और दिल्ली पुलिस की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए. उन्होंने अदालत को बताया कि बचाव अभियान पूरी गति से चल रहा है और सभी संभव उपाय किए जा रहे हैं.

    मेहता ने सोशल मीडिया पर हादसे से जुड़े ऐसे वीडियो प्रसारित किए जाने पर भी चिंता जताई, जिनमें घायल या मलबे में फंसे लोगों को दिखाया जा रहा है. उन्होंने अदालत से संवेदनशील वीडियो के प्रसार पर रोक लगाने के लिए निर्देश जारी करने का अनुरोध किया.

    गौरतलब है कि यह सुनवाई अनिकेत कुमार गुप्ता की ओर से दायर जनहित याचिका (पीआईअल) पर हुई थी. याचिका में हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवज़ा देने और दिल्ली के सभी पीजी आवासों और होस्टल का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग की गई है.

  4. भारत के ख़िलाफ़ एशिया कप के मैच में फ़ातिमा सना ने ऐसा क्या किया कि लग गया जुर्माना

    फ़ातिमा सना

    इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फ़ातिमा सना (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फ़ातिमा सना पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने मैच फ़ीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है.

    फ़ातिमा को महिला एशिया कप में भारत के ख़िलाफ़ मुकाबले के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है.

    दुबई में शनिवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए महज़ 55 रन पर ऑलआउट हो गई थी. इसके जवाब में भारतीय टीम ने सात विकेट से मुकाबला अपने नाम किया.

    मैच के दौरान फ़ातिमा सना ने तीन विकेट हासिल किए. इनमें शेफाली वर्मा का विकेट भी शामिल था. शेफाली को आउट करने के बाद फ़ातिमा ने पवेलियन की ओर इशारा किया था. आईसीसी ने फ़ातिमा के इस इशारे को आचार संहिता का उल्लंघन माना.

    फ़ातिमा को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया. यह प्रावधान आउट होने के बाद बल्लेबाज़ के ख़िलाफ़ ऐसी भाषा, हरकत या इशारे से संबंधित है, जो उसे अपमानित करने या उकसाने वाला हो.

    फ़ातिमा को इससे पहले 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के ख़िलाफ़ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान भी डिमेरिट अंक मिला था.

  5. दिल्ली की अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा

    स्वतंत्र भारद्वाज

    इमेज स्रोत, Swatantra Bhardwaj/X

    इमेज कैप्शन, इन्फ़्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ़्तार किया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को इन्फ़्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

    दरअसल, मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान एक दलित छात्रा-कार्यकर्ता के पिता से कथित मारपीट से जुड़ा है.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, एडिशनल सेशन जज सौरभ प्रताप सिंह ललर ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए अदालत में पेश किए गए भारद्वाज को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.

    भारद्वाज को 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ़्तार किया गया था. उनके ख़िलाफ़ मारपीट के आरोपों के अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) और पॉक्सो अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं.

    स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि उन्होंने सीजेपी प्रदर्शन के दौरान छात्रा के पिता के साथ मारपीट की थी और पुलिस ने उन्हें केवल कुछ घंटों के लिए हिरासत में लिया था. उन्होंने बीजेपी नेता कपिल मिश्रा और सहयोगी दल के नेता चिराग पासवान से नज़दीकी होने का भी दावा किया था.

    हालांकि, चिराग पासवान ने भारद्वाज के दावे को ख़ारिज कर दिया था. उन्होंने भारद्वाज के ख़िलाफ़ उनके नाम के कथित दुरुपयोग को लेकर अलग से शिकायत भी दर्ज कराई थी.

    इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने छात्रा और उसके पिता के साथ संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया. इसके बाद भारद्वाज के ख़िलाफ़ अधिक गंभीर धाराएँ जोड़ी गईं और उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.

  6. सत्य निकेतन में हुए हादसे पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

    मनोज कुमार झा

    इमेज स्रोत, Ishant Chauhan/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राज्यसभा सांसद और दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर मनोज कुमार झा (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राज्यसभा सांसद और दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर मनोज कुमार झा ने सत्य निकेतन में हुए हादसे को लेकर सोमवार कोप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के बीचोंबीच बहुमंज़िला इमारत का इस तरह ढहना गंभीर सवाल खड़े करता है.

    मनोज झा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पत्र सार्वजनिक किया है.

    मनोज झा ने पत्र में लिखा, "इमारत में स्ट्रक्चरल रूल्स के उल्लंघन, पानी जमा होने और पुरानी इमारत में निर्माण या मरम्मत कार्य किए जाने जैसी बातें सामने आई हैं. ऐसे में हादसे की निष्पक्ष जांच ज़रूरी है."

    उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ इमारत की सुरक्षा का मामला नहीं है, बल्कि इससे सरकारी निगरानी और ज़िम्मेदारी में भी बड़ी कमी सामने आती है.

    मनोज झा ने कहा, "विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए पर्याप्त छात्रावास उपलब्ध नहीं होने के कारण हज़ारों छात्र आसपास के इलाक़ों में अनियमित और महंगे किराये के आवास लेने को मजबूर हैं."

    "इन आवासों में रहने वाले छात्रों के लिए इमारत की स्ट्रक्चरल सिक्योरिटी, फ़ायर सिक्योरिटी, साफ़-सफ़ाई और क़ानूनी स्थिति की जांच करना अक्सर संभव नहीं होता. ऐसे में छात्रों और उनके परिवारों को भारी किराये के साथ-साथ अपनी सुरक्षा का जोखिम भी उठाना पड़ता है."

    सार्वजनिक छात्रावासों के लिए विशेष फ़ंड की मांग

    मनोज झा ने केंद्र सरकार से दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए सार्वजनिक हॉस्टल के निर्माण हेतु आपातकालीन और अलग से वित्तीय पैकेज की घोषणा करने की मांग की.

    उन्होंने कहा कि इसके तहत नॉर्थ और साउथ कैंपस के साथ-साथ विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों के लिए स्टूडेंट हाउसिंग प्रोग्राम बनाया जाना चाहिए.

    उन्होंने केंद्र सरकार, दिल्ली विश्वविद्यालय और संबंधित एजेंसियों के पास उपलब्ध सार्वजनिक ज़मीन की पहचान कर वहां हॉस्टल बनाने का सुझाव दिया. साथ ही निर्माण की समयसीमा तय करने और प्रोग्रेस रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की.

    उन्होंने हॉस्टल में लड़कियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के छात्रों के साथ विकलांग विद्यार्थियों और आर्थिक रूप से कमज़ोर स्टूडेंट के लिए विशेष प्रावधान किए जाने की मांग भी की.

  7. सत्य निकेतन हादसा: दिल्ली नगर निगम ने पांच अधिकारियों को किया सस्पेंड

    सत्य निकेतन हादसे में पांच अधिकारी निलंबित

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सत्य निकेतन हादसे में पांच अधिकारी निलंबित

    दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में दिल्ली नगर निगम साउथ ज़ोन के पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया.

    दिल्ली नगर निगम के साउथ ज़ोन के जिन अधिकारियों को निलंबित किया गया है, उनके नाम हैं- राकेश कुमार (डिप्टी कमिश्नर साउथ ज़ोन), रणवीर सिंह (सुपरिटेंडेंट इंजीनियर साउथ ज़ोन), ललित कुमार गोयल ( एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, साउथ ज़ोन) सुनील चौहान ( एई- बिल्डिंग), साउथ ज़ोन) आशीष कुमार (जूनियर इंजीनियर- बिल्डिंग).

    दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर पांच मंज़िला पीजी इमारत गिरने के बाद रात भर मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी रही.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने एम्स के हवाले से बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या अब छह हो गई है.

    एम्स के मुताबिक़ ट्रॉमा सेंटर में दस लोगों को लाया गया जिनमें से पांच की पहले ही मौत हो चुकी थी. गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की बाद में मौत हो गई.

    तीन लोगों का इलाज चल रहा था और एक घायल को मामूली चोटों के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

  8. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: उठ रहे हैं ये 5 सवाल

    राजस्थानः 13 साल तक सर्जरी का इंतज़ार, दिल्ली एम्स में तन्वी की मौत के बाद परिजनों ने क्या लगाए आरोप

    दुनिया का कोई भी नक्शा पूरी तरह सही क्यों नहीं होता?

    ट्रंप ने सऊदी से कही थी इसराइल को मान्यता देने की बात लेकिन डील में कुछ और ही निकला

    दिल्ली हॉस्टल हादसा: 6 लोगों की मौत, रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन में क्या-क्या हुआ?

  9. नेपाल की बाढ़ में मरने वालों की संख्या 1355 हुई

    नेपाल की बाढ़ में मरने वालों को श्रद्धांजलि देते उनके परिजन

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, नेपाल की बाढ़ में मरने वालों को श्रद्धांजलि देते उनके परिजन

    नेपाल में आई भीषण बाढ़ के 13वें दिन मरने वालों की संख्या बढ़कर 1355 हो चुकी है.

    नेपाल में बाढ़ में मारे गए लोगों की याद में सोमवार को राष्ट्रीय शोक दिवस मनाया जा रहा है.

    पिछले सप्ताह हुई कैबिनेट की बैठक में बाढ़ के 13वें दिन राष्ट्रीय शोक मनाने का फैसला किया गया था.

    शोक की अवधि के दौरान पूरे नेपाल में सरकारी कार्यालयों और विदेशों में स्थित नेपाली राजनयिक मिशनों में राष्ट्रीय झंडा आधा झुका रहेगा.

    नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक़ अब तक 1,355 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पाया है.

  10. सत्य निकेतन हादसा: दिल्ली हाई कोर्ट ने दायर याचिका तत्काल सुनवाई के लिए मंज़ूर की

    दिल्ली बिल्डिंग ध्वस्त

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रविवार को इमारत गिरने के बाद बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है

    दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से जुड़ी जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई की अनुमति दे दी. इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं.

    बेंच ने मामले को तुरंत सुनवाई के लिए लिस्ट करने की अनुमति दे दी.

    इस इमारत में पीजी चलाया जा रहा था.आशंका है कि इमारत के मलबे में अभी भी कई लोग दबे हो सकते हैं.

    दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच के सामने एक वकील ने मामले का तत्काल सुनवाई के लिए ज़िक्र किया.

    वकील ने कहा, "कल दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक दुखद घटना हुई, जहां इमारत अचानक ढह गई और करीब 30 छात्रों के मलबे में दबे होने की आशंका है."

    दिल्ली पुलिस के मुताबिक़, हादसे के बाद पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और डीडीएमए की टीमें फ़ायर टेंडरों और कैट्स एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया.

    दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी दक्षिण-पश्चिम और अतिरिक्त डीसीपी बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं.

  11. दुनिया के नए नक़्शे में जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर भारत के एतराज़ पर पाकिस्तान ने क्या कहा

    दुनिया का नक़्शा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से दुनिया के नए नक़्शे में जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर जताई गई आपत्तियों का पाकिस्तान ने जवाब दिया है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर ख़ान ने कहा, ''पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर भारत के बेबुनियाद दावों को पूरी तरह ख़ारिज करता है. भारत के दावे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त तथ्यों के उलट हैं. भारत की एकतरफा कार्रवाई और लगातार जारी अवैध कब्जा जम्मू-कश्मीर की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित स्थिति को नहीं बदल सकता.''

    पाकिस्तान विदेश मंत्रालय

    इमेज स्रोत, PAKISTAN FOREIGN MINISTRY

    भारत ने दुनिया के नए नक़्शे में जम्मू-कश्मीर की स्थिति लेकर आपत्ति जताई थी. विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत भारत का पूरा इलाका भारत के आधिकारिक नक्शे के हिसाब से ही दिखना चाहिए.

    ''भारत के इलाके को गलत या भ्रामक तरीके से दिखाना हमें मंजूर नहीं है. भारत की सीमाएं अटल हैं, इससे समझौता नहीं हो सकता.''

  12. जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी पूर्वी राज्य में बड़ी जीत की ओर, पॉल किर्बी, डिजिटल एडिटर- यूरोप और जेसिका पार्कर, बर्लिन संवाददाता

    एग़्जिट पोल में सैक्सोनी-आनहाल्ट में बड़ी बढ़त का अनुमान आने के बाद एएफ़डी के नेता खुशी से झूम उठे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एग़्जिट पोल में सैक्सोनी-आनहाल्ट में बड़ी बढ़त का अनुमान आने के बाद एएफ़डी के नेता खुशी से झूम उठे

    जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी ‘अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ पार्टी पूर्वी राज्य सैक्सोनी-आनहाल्ट में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है.

    ये पार्टी मुख्यधारा की प्रतिद्वंद्वी पार्टियों से काफी आगे है. हालांकि अनुमान है कि वह बहुमत हासिल नहीं कर पाएगी, लेकिन ‘अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ का कहना है कि उसे सरकार बनाने का जनादेश मिल गया है.

    धुर दक्षिणपंथी मानी जाने वाली 'अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी' को रिकॉर्ड 44 फ़ीसदी वोट मिलने का अनुमान है.

    अब तक आए ज्यादातर शुरुआती नतीजों में वह कंजरवेटिव सीडीयू से काफी आगे है, जिसे करीब 17 फ़ीसदी वोट मिलने का अनुमान है.

    राज्य में पार्टी के करिश्माई नेता उलरिख ज़ीगमुंड ने इसे "सनसनीखेज" जीत बताया और कहा कि पार्टी जल्द से जल्द सरकार चलाना शुरू करना चाहती है.

    द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से जर्मनी में किसी भी धुर दक्षिणपंथी पार्टी ने किसी राज्य की सत्ता नहीं संभाली है.

    राज्य स्तर पर सरकार बनाने का मतलब पुलिस व्यवस्था, स्थानीय शिक्षा और संस्कृति जैसे मामलों में अधिकार मिलना होगा.

  13. सत्य निकेतन हादसा: दिल्ली सरकार लाएगी अब ये बिल्डिंग रूल, सीएम रेखा गुप्ता ने और क्या बताया

    दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड करने की बात कही है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    सत्य निकेतन में बिल्डिंग ढहने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नया बिल्डिंग रूल लाने की बात कही है.

    उन्होंने सोमवार को पत्रकारों को बताया, ''सरकार अधिकारियों के साथ मिलकर एक ड्राफ़्ट रूल बनाने की तैयारी कर रही है. राजधानी में पुरानी इमारतों कोस्ट्रक्चरल ऑडिट का फरफ़ॉर्मा देना होगा. उनको बताना पड़ेगा कि बिल्डिंग सेफ़ है या नहीं. नहीं तो उनको कोई अधिकार नहीं है कि वो पब्लिक यूटिलिटी की कोई सर्विस वहां शुरू करे.चाहे वो पीजी हो, नर्सिंग होम या स्कूल हो. इस पर सख़्त नियम लाएंगे. सत्य निकेतन हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होंगे उन्हें बख़्शा नहीं जाएगा.''

    ''उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड करने के लिए आज ही ऑर्डर निकाला जाएगा.''

    उन्होंने बताया हादसे के बाद जिन स्टूडेंट्स को रहने की दिक्कत हो रही है उनके लिए इंतज़ाम किए जा रहे हैं.

    उन्हें कॉलेज हॉस्टलों में रखा जा रहा है. उन्हें और उनके परिवार वालों को भी मदद दी जा रही है.

  14. एआईएमआईएम चीफ़ ओवैसी क्यों बोले, 'अब हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे'

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    एआईएमआईएम चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि राजस्थान में उनकी पार्टी और हनुमान बेनीवाल की आरएलपी पार्टी ने चुनावी गठबंधन कर लिया है.

    इसका एलान करते ओवैसी ने कहा, ''मैं कांग्रेस और बीजेपी के लोगों को बताना चाहता हूं कि यह गठबंधन सिर्फ स्थानीय निकाय चुनावों तक सीमित नहीं रहेगा.''

    ''ओवैसी और बेनीवाल अगले राजस्थान विधानसभा चुनाव और संभवत: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी सांप्रदायिक ताक़तों का मुकाबला करने के लिए साथ आएंगे.''

    उन्होंने कहा, ''आज एआईएमआईएम और आरएलपी मिलकर उन तमाम ताकतों को यह बताने के लिए एक साथ आई हैं, जिन्होंने वर्षों से हमें झुकाने की कोशिश की है कि हम नहीं झुकेंगे उन्हें झुकाएंगे. हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे.''

  15. आदित्य ठाकरे ने गरबा और डांडिया में मुसलमानों की एंट्री पर रोक को लेकर क्या कहा

    आदित्य ठाकरे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में गरबा और डांडिया पर मुसलमानों की एंट्री पर बैन लगाने के वीएचपी के फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं

    शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में मुसलमानों के प्रवेश पर विश्व हिंदू परिषद के फ़ैसले का विरोध किया है.

    उन्होंने इस फ़ैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, ''हमें हिंदुत्व का सर्टिफ़िकेट देने वाले ये कौन होते हैं. ये लोग कौन हैं?''

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''मुंबई में चाहे गरबा हो, नवरात्रि हो, दही हांडी हो या गणपति उत्सव, यहां आपको दिखने वाले सभी लोगों की पहली पहचान मुंबईकर की है. वे चाहे कोई भी भाषा बोलते हों, किसी भी राज्य से आए हों, उनका धर्म या जाति कुछ भी हो. वे बप्पा के लिए आते हैं. वे किसी ख़ास व्यक्ति के लिए नहीं आते. बप्पा सबके हैं."

    टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक़ विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नैयर ने कहा है कि संगठन ने गरबा और डांडिया में मुस्लिमों की एंट्री रोकने के लिए गाइडलाइंस बनाई है.

  16. इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से डेढ़ लाख से भी अधिक यात्री हवाई अड्डों पर फंसे, टोबी मैन

    ज्वालामुखी

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, अधिकारियों के मुताबिक़ ज्वालामुखी विस्फोट शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ था. इसके बाद आसपास के इलाकों में लगातार भूकंप जैसे हालात बनने लगे

    इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से यहां के आठ हवाईअड्डों पर करीब एक लाख सत्तर हजार यात्री फंसे हुए हैं. इन हवाई अड्डों से फ़िलहाल उड़ानों को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है.

    रविवार सुबह जकार्ता के सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सबसे पहले बंद किया गया.

    हवाई अड्डे के पास एयर स्पेस में अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी की राख पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया.

    इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक़, 1,558 उड़ानें देरी से चल रही हैं.

    हवाई अड्डे स्थानीय समय के मुताबिक सोमवार सुबह नौ बजे तक बंद रहेंगे.

    इंडोनेशिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सिंगापुर के अलावा दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, ज्वालामुखी विस्फोट शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ था.

    इसके बाद आसपास के इलाकों में लगातार भूकंप जैसे हालात बनने लगे.

    लावा के फव्वारे और जोरदार धमाकों की आवाज़ सुनाई देती रहीं.

    रविवार तड़के दो और विस्फोट हुए. परिवहन मंत्रालय ने बताया कि उड़ानों का संचालन रुकने से मुख्य रूप से सिंगापुर आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं.

    इसके अलावा दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.

  17. सत्य निकेतन हादसे पर बोले दीपेंदर हुड्डा- ‘दर्द शब्दों में बयां नहीं कर सकता’

    दीपेंदर हुड्डा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा ने कहा है कि हॉस्टल गिरने के बाद भी बचाव कार्य ठीक से नहीं चल रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा ने दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल हादसे के बाद दिल्ली सरकार को घेरा है.

    घटनास्थल पर मौजूद हुड्डा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''इस हादसे का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. पिछले चार साल से दिल्ली में हॉस्टल बिल्डिंग्स ध्वस्त हो रही हैं. हर साल बच्चों के जानें जा रही हैं और सरकार की कोई जवाबदेही नहीं है.''

    ''आज भी जब ये हादसा हुआ, उसके दो घंटे बाद भी न पुलिस आई, न फ़ायर ब्रिगेड, और न एंबुलेंस.''

    उन्होंने कहा, ''विनोद जी (एनएसयूआई अध्यक्ष) और कई स्टूडेंट मौके पर पहुंचे और खुद मलबा हटाकर तीन बच्चों को बाहर निकालने में मदद की.''

    ''अभी भी स्टूडेंट्स मलबा हटाने में जुटे हैं. यहां प्रशासन का बचाव अभियान ठीक से नहीं चल रहा है.''

    दीपेंदर हुड्डा ने कहा, '' बचाव अभियान का समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का है. सबसे पहले सरकार को एक सूची जारी करनी चाहिए, जिसमें बताया जाए कि कितने बच्चों को बचाया गया है और कितने अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं.''

    उन्होंने कहा, '' इस हादसे की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. नक्शों को मंजूरी किसने दी? स्थानीय विधायक कौन हैं? मुख्यमंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.''

    उन्होंने कहा, ''दिल्ली से सात सांसद हैं. एनसीआर क्षेत्र से मैं विपक्ष का अकेला सांसद हूं. मैं सुबह से यहां मौजूद हूं. दिल्ली के सातों बीजेपी सांसद और एनसीआर के बाकी 15 बीजेपी सांसद कहां हैं?''

    दिल्ली के सत्य निकेतन मार्केट इलाक़े में रविवार दोपहर एक पांच मंज़िला पीजी इमारत गिर गई थी जिसमें कई लोगों के अब भी दबे होने की आशंका है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़ अब तक 5 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है.

  18. अमेरिका: मियामी एयरपोर्ट पर प्लेन क्रैश, पांच लोगों की मौत

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं.

    अमेज़न एयर का यह कार्गो विमान स्थानीय समय के मुताबिक़ क़रीब दोपहर दो बजे उतरने के बाद रनवे से आगे निकल गया और क्रैश हो गया.

    विमान करीब 209 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से रनवे से बाहर चला गया.

    बोइंग 767-300 विमान ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद उसमें आग लग गई.

    हादसे की शुरुआती सूचना मिलने के बाद करीब 200 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे.

    अधिकारियों के मुताबिक़, घायलों में से तीन को स्थानीय ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है, जबकि दो अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

  19. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    नेपाल के लिए जिसे वरदान कहा गया वो अब क्यों घिरा हुआ है ख़तरे में

    वज़न घटाने वाली एक नई दवा जो आई भी नहीं और ब्लैक मार्केट में छा गई