झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान थी अहम भूमिका, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी न्यूज़ हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, @JmmJharkhand
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के क़रीबी और झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से अचानक निधन हो गया. वह गिरिडीह सदर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के विधायक थे.
जेएमएम ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी है.
इसमें पार्टी ने कहा, "उनका जाना पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा."
शनिवार की रात सोने की तैयारी कर रहे सोनू के सीने में उठे दर्द के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के एक निजी अस्पताल ले गए.
लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया नहीं जा सका.
निधन से महज कुछ घंटे पहले 5 सितंबर को वह शिक्षक दिवस और गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में शामिल हुए थे.
90 के दशक से जेएमएम से जुड़े सुदिव्य सोनू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के क़रीबी माने जाते थे.
साल 2019 में पहली बार विधायक और फिर 2024 में चुनाव जीतकर वह कैबिनेट मंत्री बने थे.
उनके पास नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति और खेलकूद जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी.
हाल ही में जेपीएससी-जेएसएससी विद्यार्थी आंदोलन के दौरान सरकार और स्टूडेंट्स के बीच मध्यस्थता में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी.


