यूपी के सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने पर क्या बोले अखिलेश यादव

इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के बाद ढहाए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए कहा कि प्रदेश को सांप्रदायिक रास्ते पर ले जाने की कोशिश हो रही है.
अखिलेश यादव ने कहा, "न्याय के लिए हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट हैं. क्या ज़रूरत थी 12 या 13 घंटे में मस्जिद को गिरा दिया जाए? ये सोची-समझी साज़िश है जिसके तहत ये पूरे प्रदेश को अधिकारियों के माध्यम से सांप्रदायिक रास्ते पर ले जाना चाहते हैं."
उन्होंने कहा, "इनके पास ना महंगाई का कोई जवाब है, ना देने के लिए रोज़गार है, ना निवेश में ये सफल हुए हैं, ना ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई धमक बना पाए हैं. जो चीज़ें थीं उनको ये बेच रहे हैं. ये सरकार अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चीज़ों को बेच रही है."
उधर, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि वो मस्जिद ध्वस्तीकरण के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे और उन्हें पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया था.
उन्होंने एक्स पर बताया कि अब उनकी लखनऊ से रिहाई हो गई है और बीजेपी सरकार के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बलप्रयोग हुआ था.


















