लाइव, एआईएमआईएम चीफ़ ओवैसी क्यों बोले, 'अब हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे'
ओवैसी ने कहा, ''उनकी और बेनीवाल की पार्टी अगले राजस्थान विधानसभा चुनाव और संभवत: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी सांप्रदायिक ताक़तों का मुकाबला करने के लिए साथ आएगी.''
एआईएमआईएम चीफ़ ओवैसी क्यों बोले, 'अब हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे'
इमेज स्रोत, ANI
एआईएमआईएम चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि राजस्थान में उनकी पार्टी और हनुमान बेनीवाल की आरएलपी पार्टी ने चुनावी गठबंधन कर लिया है.
इसका एलान करते ओवैसी ने कहा, ''मैं कांग्रेस और बीजेपी के लोगों को बताना चाहता हूं कि यह गठबंधन सिर्फ स्थानीय निकाय चुनावों तक सीमित नहीं रहेगा.''
''ओवैसी और बेनीवाल अगले राजस्थान विधानसभा चुनाव और संभवत: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी सांप्रदायिक ताक़तों का मुकाबला करने के लिए साथ आएंगे.''
उन्होंने कहा, ''आज एआईएमआईएम और आरएलपी मिलकर उन तमाम ताकतों को यह बताने के लिए एक साथ आई हैं, जिन्होंने वर्षों से हमें झुकाने की कोशिश की है कि हम नहीं झुकेंगे उन्हें झुकाएंगे. हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे.''
आदित्य ठाकरे ने गरबा और डांडिया में मुसलमानों की एंट्री पर रोक को लेकर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में गरबा और डांडिया पर मुसलमानों की एंट्री पर बैन लगाने के वीएचपी के फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं
शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में मुसलमानों के प्रवेश पर विश्व हिंदू परिषद के फ़ैसले का विरोध किया है.
उन्होंने इस फ़ैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, ''हमें हिंदुत्व का सर्टिफ़िकेट देने वाले ये कौन होते हैं. ये लोग कौन हैं?''
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''मुंबई में चाहे गरबा हो, नवरात्रि हो, दही हांडी हो या गणपति उत्सव, यहां आपको दिखने वाले सभी लोगों की पहली पहचान मुंबईकर की है. वे चाहे कोई भी भाषा बोलते हों, किसी भी राज्य से आए हों, उनका धर्म या जाति कुछ भी हो. वे बप्पा के लिए आते हैं. वे किसी ख़ास व्यक्ति के लिए नहीं आते. बप्पा सबके हैं."
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक़ विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नैयर ने कहा है कि संगठन ने गरबा और डांडिया में मुस्लिमों की एंट्री रोकने के लिए गाइडलाइंस बनाई है.
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से डेढ़ लाख से भी अधिक यात्री हवाई अड्डों पर फंसे, टोबी मैन
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, अधिकारियों के मुताबिक़ ज्वालामुखी विस्फोट शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ था. इसके बाद आसपास के इलाकों में लगातार भूकंप जैसे हालात बनने लगे
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से यहां के आठ हवाईअड्डों पर करीब एक लाख सत्तर हजार यात्री फंसे हुए हैं. इन हवाई अड्डों से फ़िलहाल उड़ानों को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है.
रविवार सुबह जकार्ता के सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सबसे पहले बंद किया गया.
हवाई अड्डे के पास एयर स्पेस में अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी की राख पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया.
इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक़, 1,558 उड़ानें देरी से चल रही हैं.
हवाई अड्डे स्थानीय समय के मुताबिक सोमवार सुबह नौ बजे तक बंद रहेंगे.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सिंगापुर के अलावा दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़, ज्वालामुखी विस्फोट शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ था.
इसके बाद आसपास के इलाकों में लगातार भूकंप जैसे हालात बनने लगे.
लावा के फव्वारे और जोरदार धमाकों की आवाज़ सुनाई देती रहीं.
रविवार तड़के दो और विस्फोट हुए. परिवहन मंत्रालय ने बताया कि उड़ानों का संचालन रुकने से मुख्य रूप से सिंगापुर आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं.
इसके अलावा दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.
सत्य निकेतन हादसे पर बोले दीपेंदर हुड्डा- ‘दर्द शब्दों में बयां नहीं कर सकता’
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा ने कहा है कि हॉस्टल गिरने के बाद भी बचाव कार्य ठीक से नहीं चल रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा ने दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल हादसे के बाद दिल्ली सरकार को घेरा है.
घटनास्थल पर मौजूद हुड्डा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''इस हादसे का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. पिछले चार साल से दिल्ली में हॉस्टल बिल्डिंग्स ध्वस्त हो रही हैं. हर साल बच्चों के जानें जा रही हैं और सरकार की कोई जवाबदेही नहीं है.''
''आज भी जब ये हादसा हुआ, उसके दो घंटे बाद भी न पुलिस आई, न फ़ायर ब्रिगेड, और न एंबुलेंस.''
उन्होंने कहा, ''विनोद जी (एनएसयूआई अध्यक्ष) और कई स्टूडेंट मौके पर पहुंचे और खुद मलबा हटाकर तीन बच्चों को बाहर निकालने में मदद की.''
''अभी भी स्टूडेंट्स मलबा हटाने में जुटे हैं. यहां प्रशासन का बचाव अभियान ठीक से नहीं चल रहा है.''
दीपेंदर हुड्डा ने कहा, '' बचाव अभियान का समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का है. सबसे पहले सरकार को एक सूची जारी करनी चाहिए, जिसमें बताया जाए कि कितने बच्चों को बचाया गया है और कितने अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं.''
उन्होंने कहा, '' इस हादसे की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. नक्शों को मंजूरी किसने दी? स्थानीय विधायक कौन हैं? मुख्यमंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.''
उन्होंने कहा, ''दिल्ली से सात सांसद हैं. एनसीआर क्षेत्र से मैं विपक्ष का अकेला सांसद हूं. मैं सुबह से यहां मौजूद हूं. दिल्ली के सातों बीजेपी सांसद और एनसीआर के बाकी 15 बीजेपी सांसद कहां हैं?''
दिल्ली के सत्य निकेतन मार्केट इलाक़े में रविवार दोपहर एक पांच मंज़िला पीजी इमारत गिर गई थी जिसमें कई लोगों के अब भी दबे होने की आशंका है.
समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़ अब तक 5 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है.
अमेरिका: मियामी एयरपोर्ट पर प्लेन क्रैश, पांच लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं.
अमेज़न एयर का यह कार्गो विमान स्थानीय समय के मुताबिक़ क़रीब दोपहर दो बजे उतरने के बाद रनवे से आगे निकल गया और क्रैश हो गया.
विमान करीब 209 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से रनवे से बाहर चला गया.
बोइंग 767-300 विमान ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद उसमें आग लग गई.
हादसे की शुरुआती सूचना मिलने के बाद करीब 200 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों के मुताबिक़, घायलों में से तीन को स्थानीय ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है, जबकि दो अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.