क्या एआई से लैस हैकरों और बैंकों की आईटी टीमों के बीच साइबर जंग शुरू हो गई है?

विशेषज्ञों के मुताबिक़, आज बैंकिंग व्यवस्था के सामने एआई हैकर्स के रूप में बड़ी चुनौती है.
इमेज कैप्शन, विशेषज्ञों के मुताबिक़, आज बैंकिंग व्यवस्था के सामने एआई हैकर्स के रूप में बड़ी चुनौती है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
    • Author, इमरान क़ुरैशी
    • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 10 मिनट

हालात किसी काउबॉय फ़िल्म के उस दृश्य जैसे हैं, जिसमें दो लोग आमने-सामने खड़े हैं और सवाल है कि सबसे पहले बंदूक कौन निकालेगा.

एक तरफ़ हैकर हैं और दूसरी तरफ़ बैंकों की आईटी टीमें.

दोनों के बीच जंग इस बात की है कि हैकर बैंक में साइबर चोरी के लिए किस तरह की आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का इस्तेमाल करेंगे और बैंक उन्हें रोकने के लिए अपने एआई टूल कितनी तेज़ी और असरदार तरीक़े से इस्तेमाल कर पाएंगे.

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक़, आज बैंकिंग व्यवस्था के सामने यही बड़ी चुनौती है.

इसकी सबसे बड़ी वजह एआई से मिलने वाली 'मशीन जैसी रफ़्तार' है.

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आईटी सिस्टम में सामने आई एक नई ख़ामी का असर पुराने तकनीकी ढांचे पर पड़ सकता है. ख़ास तौर पर भारत की बैंकिंग व्यवस्था इससे प्रभावित हो सकती है.

विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर हमले अगले महीने तक, बल्कि उससे पहले भी शुरू हो सकते हैं.

बड़ी ख़ामोशी से साइबर अटैक

साइबर अटैक
इमेज कैप्शन, बैंकों के ज़्यादातर सिस्टम जावा पर चलते हैं जो हैकरों के लिए आसान निशाना बन गया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

क्लाउडसेक के सह-संस्थापक और सीईओ राहुल सासी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यह महीना और ज़्यादा हलचल वाला होने जा रहा है, क्योंकि जावा में जावा टू शेलच नाम की एक नई ख़ामी सामने आई है."

छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

"इससे सबसे ज़्यादा पुराने तकनीकी सिस्टम प्रभावित हो सकते हैं, जैसे बैंकिंग व्यवस्था. बैंकों के ज़्यादातर सिस्टम जावा पर चलते हैं."

राहुल सासी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "हमले के कई नए तरीक़े सामने आ रहे हैं. जिन ख़ामियों को पहले इंसान या मशीनें नहीं खोज पाए थे, अब एआई उन्हें खोज रहा है."

"इन ख़ामियों की मदद से किसी कंप्यूटर या सर्वर तक पहुंच बनाई जा सकती है. आप जिस भी तरह के सिस्टम के बारे में सोच सकते हैं, उस तक पहुंचने की कोशिश हो सकती है."

लेकिन केवल राहुल ही ऐसी चेतावनी नहीं दे रहे हैं.

ब्रीचएक्स के संस्थापक राजशेखर पुल्लाबतला ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "राहुल सासी सही कह रहे हैं. कई बार सेवाएं बंद पड़ने की घटनाओं को सामान्य तकनीकी ख़ामी बताकर छोड़ दिया जाता है."

"असल में इनमें से कई घटनाएं ऐसे साइबर हमलों की वजह से होती हैं, जिनमें हमलावर सिस्टम में घुस तो नहीं पाए, लेकिन उन्होंने सिस्टम को बंद कर दिया."

"यह केवल वह हिस्सा है, जो हमें दिखाई देता है. जिन साइबर हमलों में हैकर कामयाब हो जाते हैं, वे बहुत ख़ामोशी से होते हैं."

सिक्योरिटी कंसल्टेंसी सर्विसेज़ एलएलपी के संस्थापक शशिधर सीएन भी इन दोनों विशेषज्ञों से सहमत हैं.

हालांकि, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन यानी आईबीए के प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "अभी टिप्पणी नहीं कर पाएंगे."

तकनीकी ख़ामी है या नाकाम साइबर हमला?

दुनिया में सेवाओं के बंद होने की जो घटनाएं दिखाई दे रही हैं, वे अचानक या बिना वजह नहीं हो रहीं.
इमेज कैप्शन, एक्सपर्ट के अनुसार, दुनिया में सेवाओं के बंद होने की जो घटनाएं दिखाई दे रही हैं, वे अचानक या बिना वजह नहीं हो रहीं (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राजशेखर ने जिन सेवाओं के बंद होने की बात कही, उसका ज़िक्र राहुल सासी की सोशल मीडिया पोस्ट में भी था.

राहुल ससी ने लिखा, "चेतावनी: दुनिया में सेवाओं के बंद होने की जो घटनाएं दिखाई दे रही हैं, वे अचानक या बिना वजह नहीं हो रहीं. इन सभी का संबंध साइबर हमलों से है और ये दिखाती हैं कि इंटरनेट की व्यवस्था कितनी टूटी हुई है."

उनका कहना है कि नुक़सान पहुंचाने के लिए हैकरों का किसी सिस्टम में घुसने में कामयाब होना हमेशा ज़रूरी नहीं है.

कई बार नाकाम हमला भी किसी ऐप को क्रैश कर सकता है या पूरी सेवा को बंद कर सकता है.

राहुल सासी ने इसके लिए पीएचपी2शेल यानी सीवीई-2026-109618 का उदाहरण दिया.

उन्होंने लिखा, "इस ख़ामी का इस्तेमाल करके हमला करने के जो तरीक़े सार्वजनिक रूप से उपलब्ध थे, उनमें से कई इतने भरोसेमंद नहीं थे कि दूर से सर्वर पर अपनी मर्ज़ी का कोड चलाया जा सके."

"लेकिन वे सर्वर को क्रैश कर सकते थे."

सासी ने कहा कि जैसे-जैसे इन ख़ामियों का फ़ायदा उठाने की कोशिशें बढ़ती हैं, कोई घटना सामान्य तकनीकी ख़राबी जैसी दिख सकती है, जबकि वह असल में नाकाम साइबर हमला हो सकती है.

वह कहते हैं, "हमलावर सिस्टम में घुसने में नाकाम रहा, लेकिन सिस्टम फिर भी बंद हो गया."

जब राहुल सासी से पूछा गया कि हालात और मुश्किल क्यों होने वाले हैं, तो उन्होंने कहा, "अब ऐसी ज़्यादा से ज़्यादा ख़ामियां सामने आएंगी, जिन्हें पहले कभी नहीं खोजा गया. ये सभी चीज़ें एक साथ सामने आएंगी."

एआई इतना ख़तरनाक क्यों बन गया है?

बैंकिंग एक्सपर्ट मानते हैं कि अब किसी ख़ामी को सुधारने में पहला जितना टाइम नहीं मिल पाता
इमेज कैप्शन, बैंकिंग एक्सपर्ट मानते हैं कि अब किसी ख़ामी को सुधारने में पहला जितना टाइम नहीं मिल पाता (प्रतीकात्मक तस्वीर)

शशिधर बताते हैं कि पहले किसी गंभीर ख़ामी को ठीक करने के लिए 24 घंटे का समय लिया जाता था.

अगर ख़तरा मध्यम स्तर का होता था, तो उसे ठीक करने के लिए एक महीने का समय मिल सकता था.

कम ख़तरे वाली ख़ामी के बारे में कहा जाता था कि अगली बार सॉफ़्टवेयर अपडेट करते समय उसे ठीक कर लिया जाएगा.

लेकिन अब हालात बदल गए हैं.

शशिधर कहते हैं, "अब मध्यम स्तर के ख़तरे में भी 24 घंटे बहुत लंबा समय है. इस दौरान हमारा सिस्टम पहले ही असुरक्षित हो सकता है."

"कोई व्यक्ति एआई की मदद से उस ख़ामी का फ़ायदा उठा सकता है."

राजशेखर पुल्लाबतला कहते हैं कि पिछले 20 साल से साइबर सुरक्षा का ज़ोर हमले का पता लगाने पर रहा है.

इस तरीक़े में पहले हमले का इंतज़ार किया जाता है, फिर उसे पहचाना जाता है और उसके बाद जवाब दिया जाता है.

लेकिन यह तरीक़ा तभी काम करता है, जब उस तरह का ख़तरा पहले भी देखा जा चुका हो.

राजशेखर कहते हैं कि एआई का इस्तेमाल करने वाले हमलावर ऐसी ख़ामियां खोज सकते हैं, जिन्हें पहले कभी नहीं देखा गया.

ऐसे में सुरक्षा सिस्टम के पास पहचानने के लिए पहले से कोई जानकारी मौजूद नहीं होती.

वह कहते हैं, "साइबर सुरक्षा के क्षेत्र को अब हमले का पता लगाने से आगे बढ़कर ख़ामी खोजने पर काम करना होगा. यानी हमलावर से पहले ख़ामी ढूंढनी होगी."

हमला रोकने की रफ़्तार ही सबसे बड़ी चुनौती

बैंक
इमेज कैप्शन, एक्सपर्ट का कहना है कि असली मुक़ाबला इस बात का है कि बैंक अपने सिस्टम को कितनी तेज़ी से बचा सकते हैं और हैकर उसमें कितनी तेज़ी से सेंध लगा सकते हैं (प्रतीकात्मक तस्वीर)

शशिधर के मुताबिक़, असली मुक़ाबला इस बात का है कि बैंक अपने सिस्टम को कितनी तेज़ी से बचा सकते हैं और हैकर उसमें कितनी तेज़ी से सेंध लगा सकते हैं.

पहले दोनों के बीच समय का अंतर ज़्यादा होता था. एआई ने इस अंतर को बहुत कम कर दिया है, क्योंकि अब कई काम अपने आप और बहुत तेज़ी से हो सकते हैं.

लेकिन बैंकिंग सिस्टम में ख़ामी को अपने आप ठीक करना भी आसान नहीं है.

शशिधर उन संदेशों का उदाहरण देते हैं, जो बैंक अपने ग्राहकों को भेजते हैं.

इन संदेशों में बताया जाता है कि देर रात 'मेंटेनेंस' के लिए बैंकिंग सेवाएं आधे घंटे या एक घंटे तक बंद रहेंगी.

वह कहते हैं, "अगर किसी ख़ामी को ठीक करना है, तो पूरे सिस्टम को रोकना पड़ता है. ऐप को बंद करना होता है और फिर ख़ामी ठीक करनी होती है."

इस प्रक्रिया के कारण सिस्टम को ठीक करने की रफ़्तार कम हो जाती है.

शशिधर कहते हैं, "ये ज़मीनी चुनौतियां हैं. हैकर के लिए कोई नियम नहीं होता. आपकी एक छोटी-सी ग़लती उसके लिए काफ़ी है."

"लेकिन सिस्टम बचाने वाले व्यक्ति के लिए एक छोटी-सी बात भी बहुत बड़ी समस्या बन सकती है. यही असली चुनौती है. एआई एक तरह का दानव बन गया है."

राजशेखर इससे एक क़दम आगे जाते हैं.

वह कहते हैं, "एआई की मदद से हमने यह काम क़रीब एक घंटे में होते देखा है."

"हमले अब मशीन की रफ़्तार से होते हैं. इसलिए किसी ख़ामी का पता चलते ही उससे बचने की तैयारी भी होनी चाहिए."

राजशेखर के मुताबिक़, कई बैंक आज भी 20 साल पहले बनाई गई सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं.

एआई की मदद से हमला करने वाले हैकर ऐसे ही पुराने सिस्टम की तलाश करते हैं.

अगला हमला कहां हो सकता है

साइबर अटैक
इमेज कैप्शन, एक कंपनी ने दावा किया कि 1,700 से अधिक ज़ीरो-डे ख़ामियां खोजीं लेकिन पिछले चार महीनों में केवल 11 ठीक हो पाईं (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राजशेखर कहते हैं, "हमले का पता लगाने वाला सिस्टम आपको बताता है कि आप पर हमला हो चुका है. ख़ामी खोजने वाला सिस्टम बताता है कि आप पर हमला कहां हो सकता है."

"इनमें से केवल दूसरा तरीक़ा आपको कार्रवाई करने का समय देता है."

उनका कहना है कि किसी कंपनी की सुरक्षा टीम को यह जानने के लिए सॉफ़्टवेयर देने वाली कंपनी की चेतावनी का इंतज़ार नहीं करना चाहिए कि उसके सिस्टम में कहां से सेंध लगाई जा सकती है.

किसी ख़ामी को ठीक करने में कितना समय लगता है?

राजशेखर अपनी कंपनी का उदाहरण देते हुए 'ज़ीरो-डे' ख़ामी के बारे में बताते हैं.

ज़ीरो-डे ऐसी ख़ामी होती है, जिसके बारे में सॉफ़्टवेयर बनाने वाली कंपनी को भी जानकारी नहीं होती. इसलिए उसे ठीक करने का कोई तरीक़ा भी उपलब्ध नहीं होता.

इस ख़ामी का इस्तेमाल करने वाला हमला उन सुरक्षा इंतज़ामों को आसानी से पार कर सकता है, जो केवल पहले से मालूम ख़तरों को रोकने के लिए बनाए गए हैं.

राजशेखर के मुताबिक़, ब्रीचएक्स ज़ीरो-डे लैब्स ने बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले सॉफ़्टवेयर में 1,700 से अधिक ज़ीरो-डे ख़ामियां खोजी हैं.

इनमें से केवल कुछ ख़ामियों की जानकारी कंपनी की वेबसाइट पर डाली गई है.

इसकी वजह यह है कि किसी ख़ामी को ठीक किए जाने से पहले उसकी जानकारी सार्वजनिक कर दी जाए, तो हमलावर उसका फ़ायदा उठा सकते हैं.

राजशेखर कहते हैं, "अब ख़ामियां खोजने की रफ़्तार उन्हें ठीक करने की रफ़्तार से ज़्यादा हो गई है."

"हमारे पास 1,700 से अधिक ज़ीरो-डे ख़ामियां हैं. पिछले चार महीनों में इनमें से केवल 11 को ठीक किया गया है."

"एआई मशीन की रफ़्तार से ख़ामियां खोज रहा है, जबकि दुनिया अब भी उन्हें इंसानों की रफ़्तार से ठीक कर रही है."

असली सुधार आने तक 'वर्चुअल पैच'

किसी ख़ामी को ठीक करने में सॉफ़्टवेयर बनाने वाली कंपनी को कई हफ़्ते लग सकते हैं, मगर बैंक का काम रुकना भी नहीं चाहिए.
इमेज कैप्शन, किसी ख़ामी को ठीक करने में सॉफ़्टवेयर बनाने वाली कंपनी को कई हफ़्ते लग सकते हैं, मगर बैंक का काम रुकना भी नहीं चाहिए (प्रतीकात्मक तस्वीर)

किसी ख़ामी को ठीक करने में सॉफ़्टवेयर बनाने वाली कंपनी को कई हफ़्ते लग सकते हैं.

लेकिन बैंक इतने लंबे समय के लिए अपने सिस्टम बंद नहीं कर सकता.

राजशेखर की कंपनी ऐसी स्थिति में एक 'वर्चुअल पैच' का इस्तेमाल करती है.

यह उस ख़ामी के रास्ते होने वाले हमलों को तब तक रोकता है, जब तक उसे ठीक करने वाला असली सुधार लागू नहीं हो जाता.

क्या एआई ही असली विलेन है?

राजशेखर इस बात से सहमत नहीं हैं.

वह कहते हैं, "एआई खलनायक नहीं है. जिस ताक़त से यह ख़ामियां खोज सकता है, उसी ताक़त से उन्हें ठीक भी कर सकता है."

"लेकिन केवल इंसानों की टीम एआई की मदद से होने वाले हमले की रफ़्तार का सामना नहीं कर सकती. बचाव भी मशीन की रफ़्तार से करना होगा."

राजशेखर एक बार फिर इस बात की ओर ध्यान दिलाते हैं कि कई बैंक आज भी 20 साल पहले बनाई गई सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं.

उनके मुताबिक़, एआई की मदद से हमला करने वाले हैकर ऐसे ही पुराने सिस्टम की तलाश करते हैं.

ग्राहकों को बचाने के लिए बैंकों को क्या करना चाहिए?

राहुल सासी कहते हैं, "सुरक्षा और तकनीकी ढांचे को मज़बूत करने का यह सबसे सही समय है."

उनके मुताबिक़, बैंकों को ख़ामियों को पहले से ज़्यादा तेज़ी से ठीक करना होगा और अपनी सुरक्षा बढ़ानी होगी.

वह कहते हैं, "सुरक्षा को और मज़बूत करने का यही सही समय है."

बैंक खाताधारकों को क्या करना चाहिए?

बैंक
इमेज कैप्शन, एक्सपर्ट ने बैंक ग्राहकों को कुछ ख़ास एहतियात बरतने की ज़रूरत बताई है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राजशेखर कहते हैं, "केवल एक बैंक खाते और एक डेबिट कार्ड पर निर्भर न रहें."

"अगर किसी जांच के दौरान आपका खाता फ़्रीज़ हो जाता है, तो वह कुछ समय तक बंद रह सकता है."

उन्होंने सलाह दी कि एक दूसरे बैंक में खाता खुलवाकर एक या दो महीने का ख़र्च चलाने लायक पैसा रखा जाए.

राजशेखर के मुताबिक़, साल के आख़िर में छुट्टियों का समय ज़्यादा ख़तरे वाला होता है. इसलिए ऐसा करने का यही सही समय है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.