ईरान को टोल चुकाने के मामले पर अमेरिका की शिपिंग कंपनियों को धमकी
अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर वे होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित निकलने के लिए ईरान को भुगतान करती हैं तो उन्हें प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.
ईरान को टोल चुकाने के मामले पर अमेरिका की शिपिंग कंपनियों को धमकी, तिनसी युंग, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की आवाजाही को काफ़ी हद तक सीमित कर दिया है
अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर वे होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित निकलने के लिए ईरान को भुगतान करती हैं तो उन्हें प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.
अमेरिकी विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफ़एसी) की ओर से शुक्रवार को जारी एक चेतावनी में कहा गया है कि अमेरिकी नागरिकों और कंपनियों को ईरानी सरकारी संस्थाओं को भुगतान करने से प्रतिबंधित किया गया है और गैर-अमेरिकी व्यक्तियों को भुगतान करने पर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.
ओएफ़एसी ने कहा है, “ईरान के बंदरगाहों पर आने-जाने वाले जहाज़ों से जुड़े समुद्री उद्योग के लोगों को ईरान के शिपिंग और पोर्ट सेक्टर पर लागू प्रतिबंधों के कारण, कड़े आर्थिक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.”
फ़रवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की आवाजाही को काफ़ी हद तक सीमित कर दिया है. अमेरिका ने भी ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी कर रखी है.
धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड में कोयले के कचरे में दबने से चार मज़दूरों की मौत, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज कैप्शन, गीले कोयले का कचरा जिसे स्लेरी कहते हैं उसमें दबने से चार मज़दूरों की मौत हुई है
झारखंड के धनबाद में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मुनीडीह वाशरी में शुक्रवार की शाम कोयले के कचरे में फंसने से चार मज़दूरों की मौत हो गई.
घटना की पुष्टि बीसीसीएल के टेक्निकल डायरेक्टर संजय सिंह ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से की है.
राष्ट्रीय कोइलरी मज़दूर यूनियन के महामंत्री एके झा ने बताया कि हादसे में कई अन्य मज़दूरों के फंसे होने की आशंका है.
हादसे के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गीले कोयले का कचरा जिसे स्लेरी कहते हैं, लोडिंग के समय उस स्लेरी का ढेर अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरा.
इस दौरान लोड करने वाले मज़दूर स्लेरी में दब गए, जिससे प्रेम बाउरी, मानिक बाउरी, दिनेश बाउरी और हेमलाल मेहरा की मौत हो गई है.
बीसीसीएल के टेक्निकल डायरेक्टर संजय सिंह ने बताया कि सभी असंगठित मज़दूर हैं, जिनके मुआवजे़ की बात चल रही है.
लेकिन राष्ट्रीय कोइलरी मज़दूर यूनियन के महामंत्री एके झा ने कहा कि "हमारी मांग है कि हर मृतक परिवार को 40 लाख रुपये मुआवज़ा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए."
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसराइली हमलों में 13 लोगों की मौत का दावा किया, जेमी व्हाइटहेड
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, दक्षिणी लेबनान में हुए हवाई हमले के बाद की एक तस्वीर (एक मई की तस्वीर)
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के
मुताबिक़, दक्षिणी लेबनान में इसराइल के हवाई
हमलों में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं.
नबातियेह ज़िले के हाबूश में इसराइल
डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ) ने पहले जगह खाली करने का आदेश जारी किया था. यहां हुए
हमले में दो महिलाएं और एक बच्चा समेत आठ लोग मारे गए हैं.
वहीं सिदोन ज़िले के ज़रारियेह में चार
लोगों की मौत हुई, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं,
जबकि टायर ज़िले के ऐन बाल में एक अन्य व्यक्ति
की जान गई.
इन हमलों में कुल 32 लोग घायल हुए.
इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच तीन
हफ़्तों के लिए सीज़फ़ायर की मियाद बढ़ाए जाने के बावजूद लड़ाई जारी है.
शनिवार को ईरान समर्थित समूह
हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसने लेबनान में इसराइली सैनिकों और सैन्य वाहनों को
निशाना बनाया.
इसराइली सेना ने कहा कि दक्षिणी
लेबनान में गुरुवार को लड़ाई के दौरान उसके एक सैनिक की मौत हुई.
ईरान में एक अभियान के दौरान आईआरजीसी के 14 कर्मी मारे गए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस घटना में दो सदस्य घायल भी हुए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी ने ईरान की
फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के हवाले से बताया है कि शुक्रवार रात एक अभियान के दौरान
रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के 14 सदस्य मारे गए.
फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़,
ज़ंजन में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जनसंपर्क
कार्यालय ने बताया कि युद्ध में बचे ज़िंदा बमों (जो नहीं फटे) को निष्क्रिय करने
के अभियान के दौरान 14 सदस्य मारे गए.
इस घटना में दो सदस्य घायल भी हुए
हैं.
बीबीसी न्यूज़ उर्दू के मुताबिक़,
ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने भी
ज़ंजन में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के 14 कर्मियों के मारे जाने की ख़बर दी है.
पुणे में तीन साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, सड़कों पर उतरे लोग
इमेज स्रोत, UGC
इमेज कैप्शन, इस घटना से इलाक़े में आक्रोश फैल गया और लोग कुछ समय के लिए सड़कों पर उतर आए
बीबीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़,
महाराष्ट्र के पुणे ज़िले के नसरापुर गांव में
साढ़े तीन साल की एक बच्ची के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई.
यह घटना शुक्रवार शाम सामने आई. पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ़्तार किया है.
राजगढ़ पुलिस स्टेशन में पॉक्सो एक्ट
की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और फिलहाल जांच जारी है. पुलिस ने कहा है कि पूरी घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है.
इस घटना से इलाक़े में आक्रोश फैल
गया और कुछ समय के लिए लोग सड़कों पर उतर आए. हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए ज़रूरी क़दम उठाए.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है, "पुणे में हुई घटना अत्यंत निंदनीय है. हम अदालत में मांग करेंगे कि अभियुक्तों को जल्द से जल्द मौत की सज़ा दी जाए."
वहीं एनसीपी के शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
आईसीसी वीमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान
इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, पिछले साल हुए वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी
आईसीसी वीमेंस टी-20 वर्ल्ड
कप 2026 के लिए बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट टीम का एलान किया है.
आईसीसी के मुताबिक़, कप्तान हरमनप्रीत कौर इस टूर्नामेंट में पांचवीं
बार भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी.
भारतीय महिला टीम अब तक एक भी बार
टी-20 वर्ल्ड कप का ख़िताब अपने नाम नहीं कर पाई है.
हालांकि, पिछले साल टीम ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीता था.
आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के
लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति
मंधाना (उप कप्तान), शेफ़ाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति
शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेनुका
सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा
यादव.
ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत असफल होने के बाद इस एयरलाइन ने व्यवसाय बंद करने का किया एलान, आर्ची मिचेल, बिज़नेस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पिरिट की आगे की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं
ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत असफल
होने के बाद स्पिरिट एयरलाइन एक व्यवसाय के तौर पर बंद हो रही है.
यह एयरलाइन ख़ुद को बंद होने से
बचाने के लिए ट्रंप प्रशासन से 500 मिलियन डॉलर के बेलआउट के लिए बातचीत कर रही
थी.
लेकिन बातचीत विफल हो गई और एयरलाइन
ने शनिवार को अपनी वेबसाइट पर एक घोषणा में कहा कि "गहरी निराशा" के साथ
एयरलाइन ने "तुरंत प्रभाव से अपने संचालन को बंद करने की
प्रक्रिया शुरू कर दी है."
हाल के वर्षों में दूसरी बार
दिवालिया होने के लिए आवेदन करने के बाद स्पिरिट उभर रही थी, लेकिन ईरान में अमेरिका-इसराइल युद्ध के कारण जेट
ईंधन की क़ीमतों में आई तेज़ बढ़ोतरी ने इसे बंद होने की कगार पर ला दिया.
स्पिरिट की भविष्य की सभी उड़ानें
रद्द कर दी गई हैं.
पश्चिम बंगाल: दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर फिर से मतदान, 3 बजे तक इतनी हुई वोटिंग
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दक्षिण 24 परगना में मतदाताओं ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर ख़ान के ख़िलाफ़ नारे लगाए और विरोध किया
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना
ज़िले में दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर शनिवार को दोबारा मतदान हो रहा
है.
इन जगहों पर चुनाव आयोग ने एक दिन
पहले कथित चुनावी गड़बड़ियों की रिपोर्ट्स के बाद दोबारा मतदान का आदेश दिया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी
के हवाले से बताया कि दोपहर 3 बजे तक इन बूथों पर 72 प्रतिशत से ज़्यादा मतदान हुआ
है.
एजेंसी के मुताबिक़, मगरहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 मतदान
केंद्रों और डायमंड हार्बर के चार केंद्रों पर मतदान कमोबेश शांतिपूर्ण तरीक़े से
जारी है.
हालांकि, पीटीआई ने बताया कि डायमंड हार्बर सीट के चंदा प्राइमरी स्कूल स्थित
बूथ नंबर 179 पर तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों ने एक विकलांग मतदाता और उनकी मां के साथ दुर्व्यवहार किया.
इस कथित घटना के बाद पार्टी
कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.
वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दक्षिण 24 परगना में मतदाताओं ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर ख़ान के ख़िलाफ़ नारे लगाए और विरोध किया.
एजेंसी के मुताबिक़, यह विरोध वोटिंग को लेकर टीएमसी की ओर से मिली कथित धमकी के बाद हुआ.
पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने अतिरिक्त पुलिस और काउंटिंग ऑब्ज़र्वर तैनात किए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले 77 पुलिस ऑब्ज़र्वर तैनात किए हैं
पश्चिम बंगाल में सोमवार को होने
वाली मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने शनिवार को राज्य में अतिरिक्त 165 काउंटिंग
ऑब्ज़र्वर और 77 पुलिस ऑब्ज़र्वर तैनात किए हैं.
वहीं अतिरिक्त पुलिस ऑब्ज़र्वर
सुरक्षा को मज़बूत करेंगे और मतगणना केंद्रों के बाहर क़ानून-व्यवस्था की निगरानी
करेंगे.
अधिकारियों ने बताया कि आमतौर पर
मतगणना के दौरान पुलिस ऑब्ज़र्वर तैनात नहीं किए जाते. लेकिन इस मामले में इन
ऑब्ज़र्वर्स को मतगणना केंद्रों के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी और वे केवल बाहर
क़ानून-व्यवस्था संभालेंगे.
छत्तीसगढ़ में आईईडी विस्फोट में चार जवानों की मौत, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, JALEES ANDRABI/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, बस्तर में डीआरजी के जवान (फ़ाइल फ़ोटो)
छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर
ज़िले की सीमा पर छोटेबेठिया में आईईडी विस्फोट में डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड (डीआरजी) के
चार जवानों की मौत हो गई.
विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि तीन जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई.
बस्तर के आईजी पुलिस सुंदरराज पी के
मुताबिक़, पिछले कुछ महीनों में सरेंडर कर चुके
माओवादियों से मिली जानकारी और दूसरे इनपुट के आधार पर बस्तर रेंज में पुलिस और
सुरक्षा बलों ने माओवादियों की ओर से पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों आईईडी बरामद
कर निष्क्रिय किए.
सुंदरराज पी ने कहा, "आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, जब कांकेर ज़िला पुलिस दल आईईडी को निष्क्रिय कर
रहा था, तभी उसमें अचानक से विस्फोट हुआ,
जिसके कारण तीन पुलिस बल के सदस्यों की मौत हो गई,
जबकि एक पुलिस बल का सदस्य गंभीर रूप से घायल हो
गया."
इस आईईडी विस्फोट में मारे जाने वालों में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले शामिल हैं.
इसी साल मार्च के अंत में केंद्रीय
गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा था कि "नक्सलवाद अब लगभग पूरी तरह
समाप्त हो चुका है… बस्तर में अब स्कूल बन रहे हैं, राशन की दुकानें खुल रही हैं."
उन्होंने दावा किया था कि 31 मार्च,
2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य
हासिल कर लिया गया है.
ईरान में इसराइल के लिए जासूसी करने के आरोप में दो लोगों को फांसी दी गई
इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, हालिया युद्ध के बाद ईरान में फांसी की प्रक्रिया तेज़ हो गई है (ईरान की न्यायपालिका के मुख्यालय की 10 अप्रैल 2025 को ली गई तस्वीर)
बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी के मुताबिक़,
ईरान की न्यायपालिका ने कहा है कि उसने इसराइल के
लिए "ख़ुफ़िया गतिविधियों और जासूसी में सहयोग" करने के आरोप में दो
क़ैदियों को फांसी दे दी है.
जिन लोगों को फांसी दी गई है,
उनके नाम याकूब करीमपुर और नासिर बकरज़ादेह हैं.
ईरान के सर्वोच्च न्यायालय ने दोनों
की सज़ा को बरकरार रखा.
न्यायपालिका ने कहा है कि याकूब
करीमपुर ने "युद्ध के दौरान मोसाद के साथ प्रभावी ढंग से सहयोग करना जारी रखा
और मोसाद अधिकारी को देश की संवेदनशील जानकारी भेजी."
मोसाद, इसराइल की ख़ुफ़िया एजेंसी है.
ईरानी न्यायपालिका ने यह भी कहा कि नासिर
बकरज़ादेह "संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे."
न्यायपालिका ने दावा किया कि
बकरज़ादेह ने "मोसाद के एक अधिकारी के आदेश पर अहम सरकारी, धार्मिक और प्रांतीय हस्तियों के साथ-साथ नतान्ज़
क्षेत्र जैसे अहम केंद्रों की जानकारी इकट्ठा कर मोसाद के एजेंट को भेजा."
बीबीसी इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से
पुष्टि नहीं कर पाया है.
हाल ही में सज़ा-ए-मौत का सामना कर
रहे क़ैदी नासिर बकरज़ादेह की एक ऑडियो फ़ाइल उर्मिया जेल के अंदर से जारी की गई
थी.
उन्होंने कहा कि तीसरी बार उनकी मौत
की सज़ा बरकरार रहने के बाद उन्हें लगता है कि वह "किसी भी पल मर सकते
हैं."
हालिया युद्ध के बाद ईरान में फांसी
की प्रक्रिया तेज़ हो गई है.
मानवाधिकार संगठनों और कार्यकर्ताओं
ने बढ़ती फांसी की सज़ाओं पर चिंता व्यक्त की है और इन सज़ाओं को मानवाधिकारों का
उल्लंघन बताया है.
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत को लेकर आया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने अजय राय के जल्द ठीक होने की कामना की (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को शुक्रवार शाम को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब अस्पताल प्रशासन ने बताया है कि फ़िलहाल उनकी स्थिति में सुधार है.
लखनऊ मेदांता अस्पताल ने बयान जारी करते हुए लिखा, "अजय राय को शुक्रवार शाम लगभग 6:30 बजे आपातकालीन विभाग में लाया गया. उस समय वो अचेत अवस्था में थे और उन्हें दौरे की शिकायत हुई थी. शुरुआती जांच में उनके ख़ून में सोडियम का लेवल कम पाया गया."
"वर्तमान में उनका इलाज क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉक्टर दिलीप और उनकी टीम की निगरानी में चल रहा है. इलाज के दौरान उनके सोडियम लेवल को नियंत्रित एवं स्थिर किया गया है."
अस्पताल ने बताया कि फ़िलहाल अजय राय की स्थिति में सुधार है, उन्हें आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
इस बीच पीएम मोदी ने शुक्रवार देर रात एक्स पर पोस्ट कर अजय राय के जल्द ठीक होने की कामना की.
उन्होंने लिखा, "यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अस्वस्थ होने का समाचार मिला. मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ईरानी अधिकारी का दावा, 'अमेरिका के साथ फिर टकराव हो सकता है'
इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के ख़ातम अल अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर से जुड़े एक अधिकारी ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच फिर से टकराव हो सकता है.
डिप्टी इंस्पेक्टर मोहम्मद जाफ़र ने कहा, "सबूत यह भी दिखाते हैं कि अमेरिका किसी वादे या समझौते का पालन नहीं करता."
जाफ़र ने कहा, "अमेरिका के ज़्यादातर काम और बयान मीडिया से जुड़े होते हैं. उनका पहला मक़सद तेल की कीमतों को गिरने से रोकना है. दूसरा मक़सद उन मुश्किलों से निकलना है जो उन्होंने ख़ुद बनाई है."
जाफ़र ने आगे कहा कि ईरान की सेना किसी भी संभावित हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लगभग तीन हफ़्ते हो चुके हैं. भले फ़िलहाल युद्ध रुका हुआ हो, लेकिन होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर हालात अब भी तनावपूर्ण हैं.
मोबाइल पर आए इमरजेंसी अलर्ट का क्या मतलब, सरकार ने बताया
इमेज कैप्शन, भारत सरकार की ओर से परीक्षण के लिए भेजा गया अलर्ट
भारत में आज सुबह कई लोगों के स्मार्टफ़ोन पर अचानक तेज़ आवाज़ के साथ इमरजेंसी अलर्ट आया. इसमें भारत सरकार की ओर से भेजा गया एक आधिकारिक टेस्ट मैसेज था.
सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य परीक्षण करना है, ताकि लोगों के फ़ोन पर सीधे और लगभग रियल टाइम में इमरजेंसी अलर्ट पहुंचाना है.
दूरसंचार विभाग ने एक्स पोस्ट में बताया, "अगर आपके फ़ोन पर अलर्ट मैसेज आए, घबराएं नहीं. यह इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग का हिस्सा है, ताकि आपदा के समय सही जानकारी समय पर मिल सके. टेस्टिंग के दौरान यह संदेश बार-बार आ सकता है. इसे अनदेखा करें, आपको कुछ करने की ज़रूरत नहीं है."
भारत सरकार की ओर से मोबाइल पर मिले अलर्ट में लिखा था, "भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी. सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र."
मैसेज में लिखा था, "इस संदेश को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है. यह एक परीक्षण संदेश है."
इससे पहले शुक्रवार को नेशनल डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की ओर से भी एक एसएमएस भेजा गया था. इसमें बताया गया था कि 2 मई को 'सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट' का परीक्षण होगा.
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स पर लिखा, "भविष्य में इसी सिस्टम के जरिए किसी आपदा या इमरजेंसी की स्थिति में लोकेशन और स्थानीय भाषा के अनुसार तुरंत अलर्ट भेजे जा सकेंगे. यह पहल नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत करने और आपदा के समय तेजी से जानकारी पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम है."
पश्चिम बंगाल में मतगणना को लेकर टीएमसी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का आया फ़ैसला
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, मतगणना के दौरान सिर्फ़ केंद्रीय कर्मचारियों की मौजूदगी को टीएमसी ने चुनौती दी थी
भारत के निर्वाचन आयोग ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट को भरोसा दिलाया कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मतगणना के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से जुड़ी सर्कुलर का पालन करेगा.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, निर्वाचन आयोग की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट दामा शेषाद्रि नायडू ने कहा कि 4 मई को वोटों की गिनती राज्य सरकार के प्रतिनिधि की मौजूदगी में होगी.
दरअसल जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जॉयमाल्या बाग़ची की बेंच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी के फ़ैसले को चुनौती दी गई थी.
इस फ़ैसले में केवल केंद्र सरकार के कर्मचारियों को वोट गिनती पर्यवेक्षक बनाने का आदेश दिया गया था.
निर्वाचन आयोग का पक्ष जानने के बाद कोर्ट ने टीएमसी की अपील पर कोई आदेश देने से इनकार कर दिया, जो कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के ख़िलाफ़ दायर की गई थी.
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, "एसएलपी में और आदेश की ज़रूरत नहीं है. हम नायडू की बात दर्ज करते हैं कि निर्वाचन आयोग का सर्कुलर पूरी तरह पालन किया जाएगा."
गौरतलब है कि यह मामला तुरंत सुना गया क्योंकि वोटों की गिनती 4 मई को होनी है.
यह याचिका कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के ख़िलाफ़ दायर की गई थी, जिसने गुरुवार को टीएमसी की याचिका ख़ारिज कर दी थी.
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर की क़ीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉमर्शियल सिलेंडर की क़ीमतों में बढ़ोतरी होने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि यह 'अंतरराष्ट्रीय समस्या' है.
दरअसल, शुक्रवार को 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर की क़ीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, घरेलू सिलिंडर की क़ीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
क़ीमतों में बढ़ोतरी के बाद प्रह्लाद जोशी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमारी एलपीजी की 50% से ज़्यादा ज़रूरत आयात पर निर्भर है. मुश्किलों के बावजूद मोदी सरकार ने पेट्रोल, डीज़ल, घरेलू एलपीजी और एलएनजी की क़ीमतें संभालकर रखी हैं."
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन यह होना ही था क्योंकि कंपनियां बहुत नुकसान झेल रही हैं. इसी वजह से ऐसा (क़ीमतों में वृद्धि) हुआ."
विपक्ष ने साधा निशाना
कॉमर्शियल सिलेंडर क़ीमत बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने तंज कसते हुए एक्स पोस्ट लिखा में, "पहला वार गैस पर और अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर."
डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलानगोवन ने कहा, "यह सरकार चुनाव ख़त्म होने का इंतज़ार कर रही थी. उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतें बढ़ा दी हैं. इसका मतलब है कि ज़्यादातर होटल बंद करने पड़ेंगे, क्योंकि वे कॉमर्शियल एलपीजी पर चल रहे हैं और उनके पास बंद करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है."
उन्होंने कहा, "सरकार रूस से कच्चे तेल की खरीद क्यों रोक रही है?यही वजह है कि ऐसी स्थिति पैदा हो रही है. डीज़ल और पेट्रोल की क़ीमतों में भी बढ़ोतरी होगी."
ईरान युद्ध की वजह से सऊदी अरब में शराब की कमी
इमेज स्रोत, Maya Anwar/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, रियाद में साल 2024 में खुली थी शराब की पहली सरकारी दुकान
ईरान युद्ध की वजह से सऊदी अरब में शराब की सप्लाई प्रभावित हुई है. सऊदी अरब में ग्राहकों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि जंग की वजह से माल की सप्लाई देर से हो रही है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, सऊदी अरब में शराब की एक सरकारी दुकान है, जो रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर वाले इलाक़े में है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, हाल के दिनों में दुकान पर गए पांच लोगों ने बताया कि अब शेल्फ़ ज़्यादातर खाली हैं और वहां सिर्फ़ महंगे या कम मशहूर ब्रांड ही मिल रहे हैं.
इस दुकान का कोई नाम या बोर्ड नहीं है. यह 2024 में खुली थी ताकि ग़ैर-मुस्लिम राजनयिकों को सेवा दी जा सके. पिछले साल से यह अमीर ग़ैर-मुस्लिम विदेशी लोगों को भी सामान देने लगी.
सऊदी अरब में 1952 से शराब पर पूरी तरह से प्रतिबंधित है. हालांकि, विदेशी कामगारों को आकर्षित करने के लिए सरकार ने लाइसेंस वाली शराब की दुकान खोलने की सीमित इजाज़त दे रखी है.
अमेरिका ने इसराइल और खाड़ी के इन देशों को 8.6 अरब डॉलर के हथियार बेचने की दी मंज़ूरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने पैट्रियट मिसाइल डिफ़ेंस सिस्टम समेत कई प्रिसिजन हथियारों की बिक्री की मंज़ूरी दी है
अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपने सहयोगियों के लिए 8.6 अरब डॉलर के हथियार सौदों को मंजूरी दी है.
यह फ़ैसला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच लड़ाई चल रही है और अब युद्धविराम लागू हुए तीन हफ़्ते से ज़्यादा का समय हो चुका है.
अमेरिका जिन देशों को हथियार देगा, उनमें इसराइल, क़तर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं.
इस फ़ैसले के तहत क़तर को पैट्रियट एयर एंड मिसाइल डिफ़ेंस सिस्टम की सप्लाई और सपोर्ट सर्विसेज़ दी जाएंगी, जिसकी क़ीमत 4 अरब डॉलर से ज़्यादा है.
इसके अलावा एडवांस्ड प्रिसिजन किल वेपन सिस्टम भी बेचे जाएंगे, जिनकी क़ीमत 992.4 मिलियन डॉलर है.
कुवैत को 2.5 अरब डॉलर का इंटीग्रेटेड बैटल कमांड सिस्टम और इसराइल को 992 मिलियन डॉलर से ज़्यादा क़ीमत के एडवांस्ड प्रिसिज़न किल वेपन सिस्टम बेचने की मंज़ूरी दी गई है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यूएई को भी यही सिस्टम बेचने की मंजूरी दी है, जिसकी क़ीमत 147 मिलियन डॉलर से ज़्यादा है.