लाइव, ब्रिक्स के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिले मलेशिया के प्रधानमंत्री

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नाश्ते पर मुलाक़ात की.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • ख़राब नेटवर्क से परेशान शख़्स टावर पर चढ़ा
  • एशिया कप फ़ाइनल में भारतीय टीम
  • 9/11 हमले में जान गंवाने वालों को इस तरह दी गई श्रद्धांजलि
  • दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन
  • सत्य निकेतन इलाक़े के एक पीजी में रहने वाली स्टूडेंट दीपिका
  • विरोध प्रदर्शन करते रोबोट्स
  • चीन की लिफ़्ट

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. ब्रिक्स के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिले मलेशिया के प्रधानमंत्री

    राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अनवर इब्राहिम

    इमेज स्रोत, X/@INCIndia

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नाश्ते पर मुलाक़ात की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम के बीच हुई इस बैठक में भारत और मलेशिया के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा हुई.

    कांग्रेस ने बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं.

    इससे एक दिन पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री के बीच बातचीत हुई. मोदी और इब्राहिम ने व्यापार, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचे और रक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को लेकर चर्चा की थी.

    प्रधानमंत्री मोदी और अनवर इब्राहिम की यह बैठक यहां आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर हुई थी. मलेशिया ब्रिक्स समूह का साझेदार देश है.

  2. अभिजीत दीपके ने तंज़ कसते हुए कहा, 'मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देता हूं'

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके शनिवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंचे थे.

    वह आदिवासी क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के कारण बच्चों की मौत के बाद वहां स्वास्थ्य सुविधाओं को देखने पहुंचे थे. हालांकि, इस दौरान कुछ सोशल मीडिया इन्फ़्लुएंसर्स ने उन्हें घेर लिया और उनसे सवाल-जवाब किए.

    इन्फ़्लुएंसर्स ने दीपके से सवाल करते हुए पूछा, “क्या आप अब लाशों पर राजनीति करने आए हैं?” इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    घटना के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर व्यंग्यात्मक अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने तंज़ कसते हुए लिखा कि वह राज्यपाल भवन जाकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देंगे. इसके बाद उन्होंने एक नकली इस्तीफ़ा भी शेयर किया.

    दीपके ने सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने ख़ुद को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बताते हुए लिखा, “मैं तत्काल प्रभाव से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देता हूं.”

    पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए तंज़ कसा, "मुझे मध्य प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिला, लेकिन मैं इसमें विफल रहा."

    दीपके की इस पोस्ट में बालाघाट में बच्चों की मौत के साथ-साथ प्रदेश की स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा व्यवस्था पर भी व्यंग्य किया गया. पोस्ट का संदर्भ राजनीतिक कटाक्ष से है और यह कोई वास्तविक इस्तीफ़ा नहीं है.

  3. इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रही फ़ेरी से संपर्क टूटा, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

    नाव

    इमेज स्रोत, Christopher Furlong/Getty Images

    इमेज कैप्शन, नाव की आख़िरी लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी (सांकेतिक तस्वीर)

    इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रही एक फ़ेरी (नाव) से संपर्क टूटने के बाद बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है.

    अधिकारियों के मुताबिक़, 'विर्गो ट्रांसपोर्ट-8' नाम की यह फ़ेरी सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन शहर के लिए रवाना हुई थी. रविवार तड़के यात्रा के दौरान फ़ेरी ने ख़राब मौसम का सामना करने की सूचना दी थी.

    इसके बाद फ़ेरी से संपर्क टूट गया. खोज और बचाव एजेंसी ने कहा कि फ़िलहाल फ़ेरी से संपर्क नहीं हो पा रहा है और उसकी मौजूदा लोकेशन का भी पता नहीं चल सका है.

    अधिकारियों के अनुसार, नाव की आख़िरी लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी.

    रेस्क्यू एजेंसी ने बताया कि छह सदस्यों वाली बचाव टीम को लास्ट लोकेशन तक पहुंचने में क़रीब पांच घंटे लग सकते हैं.

  4. एंथ्रोपिक से इस्तीफ़ा देने वाले रिसर्चर बोले, 'एआई की रफ़्तार को नहीं रोका गया तो हम सभी ख़त्म हो जाएंगे', ब्रैंडन लिवसे

    जैकब कॉक्सन और लॉरा कुएन्सबर्ग
    इमेज कैप्शन, एंथ्रोपिक के पूर्व एआई रिसर्चर जैकब कॉक्सन और बीबीसी की लॉरा कुएन्सबर्ग

    एंथ्रोपिक से इस्तीफ़ा देने वाले एआई रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेज़ी से हो रहे विकास को लेकर गंभीर चिंता जताई है.

    उन्होंने बीबीसी से बातचीत में कहा कि इस तकनीक पर काम करने वाले लोग इसकी बढ़ती क्षमताओं और मानवता पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर 'वास्तव में डरे हुए' हैं.

    कॉक्सन ने शनिवार को बीबीसी की लॉरा कुएन्सबर्ग से बातचीत के दौरान अपने वायरल इस्तीफ़ा पोस्ट को लेकर भी चर्चा की. इस पोस्ट में उन्होंने एआई के नियंत्रण से बाहर होने की आशंका जताते हुए इसकी मौजूदा रफ़्तार पर सवाल उठाए थे.

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि अगर हमने एआई की मौजूदा रफ़्तार को नहीं रोका, तो इस बात की प्रबल संभावना है कि निकट भविष्य में हम सभी ख़त्म हो जाएंगे."

    27 वर्षीय कॉक्सन ब्रिटेन के रहने वाले हैं और उनका शोध एआई मॉडल्स की ट्रेनिंग पर बेस्ड रहा है.

    उन्होंने कहा, "एआई क्षेत्र से जुड़े संभावित ख़तरों को लेकर इसी तरह की चिंता जाहिर कर चुके लोगों में एलन मस्क और ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन शामिल हैं."

    कॉक्सन का यह बयान ऐसे समय आया है जब एआई इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है. उनके एक्स-बॉस और एंथ्रोपिक के प्रमुख डारियो अमोदेई ने भी शनिवार को प्रकाशित एक लेख में एआई के विकास की रफ़्तार धीमी करने की वकालत की है.

    हालांकि, इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि एआई के ख़तरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.

  5. दिलजीत दोसांझ ने लंदन में रचा ये इतिहास, नूर नानजी और अमृत सिंह चीमा, वेम्बली स्टेडियम से रिपोर्टिंग

    दिलजीत दोसांझ

    इमेज स्रोत, Leonardo MUNOZ / AFP via Getty Image

    इमेज कैप्शन, दिलजीत दोसांझ ने लंदन के वेम्बली स्टेडियम में लाइव शो किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिलजीत दोसांझ लंदन के वेम्बली स्टेडियम में परफ़ॉर्म करने वाले पहले पंजाबी गायक बन गए हैं. उन्होंने शनिवार रात को यहां लाइव शो किया.

    दिलजीत दोसांझ ने अपने शो में 'गोट' और 'लवर' समेत कई हिट गाने गाए. क़रीब दो घंटे से ज़्यादा चले इस कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह लगातार बना रहा.

    फ़ैंस को संबोधित करते हुए दिलजीत ने इस ख़ास मौके की अहमियत बताई. उन्होंने कहा, "यह पल इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा."

    कार्यक्रम से पहले दिलजीत ने बीबीसी से विशेष बातचीत में वेम्बली में परफ़ॉर्म करने को अपने लिए "एक सपना" बताया था.

    दिलजीत दोसांझ कई बार अंतरराष्ट्रीय चार्ट में जगह बना चुके हैं और एड शीरन जैसे बड़े पॉप सिंगर्स के साथ भी काम कर चुके हैं.

    पंजाब के एक छोटे से गांव से अपने सफ़र की शुरुआत करने वाले दिलजीत दोसांझ ने साल 2023 में भी इतिहास रचा था. वह अमेरिका के मशहूर म्यूज़िक फ़ेस्टिवल कोचेला में पंजाबी में परफ़ॉर्म करने वाले पहले गायक बने थे.

  6. ईरान के सुप्रीम लीडर कहां हैं और कैसे हैं? राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने दिया ये जवाब

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, John Lamparski/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि दुश्मन हमारे नए सुप्रीम लीडर के साथ भी वैसा ही करना चाह रहे हैं, जैसा उन्होंने पिछले सुप्रीम लीडर के साथ किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ज़िंदा हैं और अपना काम कर रहे हैं.

    दरअसल, ब्रिक्स में शामिल होने भारत आए मसूद पेज़ेश्कियान ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में ख़ामेनेई का ज़िक्र किया था.

    इंटरव्यू के दौरान पेज़ेश्कियान से पूछा गया था कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई कहां हैं और कैसे हैं?

    इसके जवाब में पेज़ेश्कियान ने कहा, "शुक्र है कि हमारे सर्वोच्च नेता ज़िंदा हैं और वो पहले की तरह उसी सिस्टम में अपना काम कर रहे हैं. दुश्मन उनके सही ठिकाने का पता नहीं लगा पा रहे हैं, इसलिए तरह-तरह की अटकलें फैलाई जा रही हैं. दुश्मन हमारे नए सुप्रीम लीडर के साथ भी वैसा ही करना चाह रहे हैं, जैसा उन्होंने पिछले सुप्रीम लीडर के साथ किया."

    उन्होंने कहा, "अमेरिका और इसराइल एक व्यक्ति के लिए उसके पूरे परिवार को मार देते हैं, इमारत तबाह कर देते हैं, फिर दावा करते हैं कि वो आतंकवादी थे. जिस दुनिया में हम रहते हैं, उसमें यह अपराध करने का एक नया तरीका है."

    गौरतलब है कि ईरान के वर्तमान सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई पद संभालने के छह महीने बाद भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं.

    हालांकि, उनके लिखित संदेश सामने आते रहते हैं. इसके अलावा, ईरानी अधिकारी लगातार यह दावा करते आए हैं कि मोजतबा ज़िंदा हैं.

  7. 'ट्रंप ने हूतियों के ख़िलाफ़ सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई की मांग ठुकराई', रिपोर्ट

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Artur Widak/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने दो बार फ़ोन पर बात की (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस ने दावा किया है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने बीते हफ़्ते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार फोन पर बातचीत की.

    रिपोर्ट के अनुसार, क्राउन प्रिंस ने यमन में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई करने का अनुरोध किया था, लेकिन ट्रंप ने इस मांग को ठुकरा दिया.

    यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब यमन में संघर्ष एक बार फिर तेज़ हो गया है. शनिवार को सऊदी अरब समर्थित यमन के सरकारी बलों ने दावा किया कि उन्होंने लाल सागर के तटीय शहर मोखा के आसपास हूती ठिकानों को निशाना बनाया.

    पिछले कुछ दिनों में हूती विद्रोहियों ने यमन के लाल सागर तट के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है. उन्होंने बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर भी अपनी पकड़ मज़बूत करने का दावा किया है.

    साथ ही हूतियों ने यह भी एलान किया है कि उन्होंने लाल सागर में सऊदी अरब के बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर दी है.

    वहीं, शनिवार रात सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हूतियों की ओर से दागा गया एक प्रोजेक्टाइल सीमा के पास के इलाके में गिरा. इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, हमले में एक मस्जिद, कई इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है.

  8. महिला एशिया कप 2026: भारत और श्रीलंका के बीच फ़ाइनल मैच आज, इतने बजे से शुरू होगा

    भारतीय टीम की खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय महिला क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    महिला एशिया कप 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला भारत और श्रीलंका के बीच रविवार (13 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

    यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा.

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है. भारत ने ग्रुप ए में छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल करते हुए फ़ाइनल में जगह बनाई.

    इस दौरान टीम पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भी जीत दर्ज की. मुक़ाबले में पाकिस्तान की टीम टी-20 क्रिकेट में अपने सबसे कम स्कोर (55 रन) पर ऑलआउट हो गई थी.

    वहीं, श्रीलंका ने लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप के फ़ाइनल में जगह बनाई है. दुबई में शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर ख़िताबी मुक़ाबले में जगह बनाई.

    इससे पहले भारत ने पहले सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में प्रवेश किया था. अब दोनों टीमों की नज़रें ख़िताब अपने नाम करने पर होंगी.

  9. मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम ने ब्रिक्स डिनर के दौरान गाए किशोर कुमार और मुकेश के गाने

    अनवर इब्राहिम

    इमेज स्रोत, Kazuhiro NOGI / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम (फ़ाइल फ़ोटो)

    मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स डिनर के दौरान हिन्दी फ़िल्मों के दो मशहूर गाने गाए. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    वीडियो में अनवर इब्राहिम पियानो की धुन पर किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त’ और मुकेश का गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ गाते नज़र आ रहे हैं. क़रीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में वह दोनों गानों के कुछ अंतरे गाते दिखाई देते हैं.

    अनवर इब्राहिम ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किया है. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु, थोड़ा-सा गाने की इजाज़त है?”

    किशोर कुमार का ‘ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त’ गाना 1965 में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘तीन देवियां’ का है. वहीं, मुकेश की आवाज़ में लोकप्रिय हुआ ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ 1964 में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘संगम’ का गीत है.

    इससे पहले फ़रवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज शेयर किया था. इसमें फ़िल्म ‘कभी ख़ुशी कभी ग़म’ का लोकप्रिय गाना ‘बोले चूड़ियाँ’ इस्तेमाल किया गया था.

    अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद की ज़िम्मेदारी संभाली थी. इससे पहले वह 1993 में मलेशिया के 7वें डिप्टी प्रधानमंत्री बने थे.

  10. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.