लाइव, भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जीता टॉस, कप्तान ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिया ये अपडेट

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच शनिवार को दूसरा टी-20 मुक़ाबला खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • afghan family
  • रणबीर कपूर ने अपने वायरल बयान पर मांगी माफ़ी
  • आसमान से निकलते झरने जैसा नज़ारा
  • फ़्रांस हिंसा: आगजनी के बीच ड्रिंक इंजॉय करता दिखा कपल
  • भारत में हो रहे आंदलनों पर बोले मोहन भागवत
  • दशहरे पर दिल्ली में जलेगा कॉकरोच का पुतला
  • फ़्रांस हिंसा पर बोले ट्रंप

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जीता टॉस, कप्तान ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिया ये अपडेट

    वैभव सूर्यवंशी
    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 मुक़ाबले के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच शनिवार कोदूसरा टी-20 मुक़ाबला खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया है.

    भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 मुक़ाबले के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किया है. कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान इसकी जानकारी दी.

    हालांकि, इससे पहले हुए मुक़ाबले में सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया गया था.

    दोनों टीमों की प्लेइंग-11

    भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव

    न्यूज़ीलैंड: फ़िन एलन, टिम सइफ़र्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवॉन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी और लॉकी फ़र्ग्यूसन

  2. राहुल गांधी से रैली स्थगित करने की मांग, व्यापार संगठन बोला- हज़ारों करोड़ का हो सकता है नुक़सान

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, सीटीआई ने राहुल गांधी से 10 नवंबर के बाद रैली को आयोजित करने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली को स्थगित करने की अपील की है.

    सीटीआई ने राहुल गांधी से 10 नवंबर के बाद इस रैली को आयोजित करने की अपील की है.

    व्यापार संगठन ने आशंका जताई है कि रैली के चलते दिवाली के व्यस्त खरीदारी सीज़न में दिल्ली के कारोबार को हज़ारों करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है.

    सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा, "रैली से रामलीला मैदान के आसपास के थोक और ख़ुदरा बाज़ारों में व्यापार प्रभावित हो सकता है. धनतेरस और दिवाली से पहले बाज़ारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में बड़े राजनीतिक आयोजन के कारण यातायात बाधित होने और आवाजाही पर पाबंदियां लगने से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है."

    गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन की यह रैली एसआईआर में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर है.

    कांग्रेस ने कहा है कि यह इंडिया गठनबंधन की अब तक की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी.

    चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री का पत्र
    इमेज कैप्शन, चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लिखा पत्र
  3. अमेरिका ने चीन के इन संस्थानों को बताया 'राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा', बंद करने की तैयारी

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन संस्थानों पर 'प्रोपेगेंडा सेंटर्स' के रूप में काम करने का आरोप लगाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के रक्षा विभाग ने चीनी भाषा और संस्कृति की शिक्षा देने वाले कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट्स को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा बताया है.

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन संस्थानों पर 'प्रोपेगेंडा सेंटर्स' के रूप में काम करने का आरोप लगाया है.

    सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अलग-अलग नामों से ऐसे दर्जनों केंद्र स्थापित किए गए हैं.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इन संस्थानों का उद्देश्य 'इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी की चोरी करना और अमेरिकी छात्रों की विचारधारा को प्रभावित' करना है.

    हेगसेथ के मुताबिक़, अमेरिकी रक्षा विभाग इन सेंटर्स को व्यवस्थित तरीक़े से बंद करने की दिशा में काम कर रहा है.

    वहीं, इस मामले पर वाशिंगटन स्थित चीनी दूतावास की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

  4. मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच बने केरोन पोलार्ड

    केरोन पोलार्ड
    इमेज कैप्शन, केरोन पोलार्ड महेला जयवर्धने की जगह पर इस ज़िम्मेदारी में नजर आएंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ़्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस ने केरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है.

    वह महेला जयवर्धने की जगह पर इस ज़िम्मेदारी में नजर आएंगे.

    पोलार्ड का जुड़ाव मुंबई इंडियंस से नया नहीं है, इससे पहले टीम के बैटिंग कोच की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे.

    मुंबई इंडियंस की को-ऑनर नीता अंबानी ने पोलार्ड की नियुक्ति पर ख़ुशी जताई. उन्होंने कहा कि पोलार्ड महज़ 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों में फ़्रेंचाइज़ी परिवार का अहम हिस्सा बन गए हैं.

    उन्होंने कहा, "टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि उनका यह अनुभव टीम को आगे बढ़ाने और उसकी विरासत को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा."

    मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनाए जाने पर केरोन पोलार्ड ने इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस टीम उनके जीवन और करियर का अहम हिस्सा रही है.

  5. कांग्रेस ने कहा- एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की सबसे बड़ी रैली होगी

    केसी वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा की यह रैली चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की सबसे बड़ी रैली होने जा रही है.

    वेणुगोपाल ने शनिवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि यह रैली चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ होगी.

    उन्होंने कहा, "एक नवंबर को भारत की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होने जा रही है. यह रामलीला मैदान में आयोजित होगी और इसके साथ एक मार्च भी निकाला जाएगा."

    वेणुगोपाल ने कहा, "मोदी और अमित शाह मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार के पद का दुरुपयोग करके, चुनाव से जुड़े मामलों में गड़बड़ियां कर रहे हैं. अब कैबिनेट सचिव के नोट से इस बात की पुष्टि हो गई है."

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और के.सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी की थी.

    इस दौरान रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई.

  6. अमेरिका की कौन सी अपील पर क्यूबा बोला- ऐसा लग रहा जैसे टूथपेस्ट बेच रहे

    ट्रंप और रुबियो
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए क्यूबा के लोगों से बदलाव लाने की अपील की (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि ईरान से निपटने के बाद अमेरिका क्यूबा के मामले पर ध्यान देगा. ट्रंप ने संकेत दिया कि क्यूबा के साथ समझौते को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भेजा जाएगा.

    इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए क्यूबा के लोगों से बदलाव लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जो लोग क्यूबा में सकारात्मक बदलाव चाहते हैं, उनके लिए यह सही समय है.

    रुबियो ने एक्स पर पोस्ट किया, "क्यूबा में सकारात्मक बदलाव लाने की चाह रखने वालों के लिए अब सही समय है."

    उन्होंने लिखा, "अधूरे वादों, भ्रष्टाचार और सिर्फ़ कुछ लोगों की ख़ास सुविधाओं वाली ज़िंदगी से निराश हैं, तो इस मौक़े का फ़ायदा उठाएं और सीआईए के साथ गुप्त साझेदारी करके अपनी पसंद का बदलाव लाएं."

    वहीं, सीआईए ने सोशल मीडिया पर स्पेनिश भाषा में एक वीडियो जारी किया है, जिसमें क्यूबा के लोगों को सुरक्षित रूप से (वीपीएन और बर्नर ईमेल के ज़रिए) जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं.

    क्यूबा के उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने अमेरिका के इस कदम को उसकी "हताशा और लाचारी" बताया है.

    उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब अमेरिका सार्वजनिक रूप से सीआईए के लिए भर्तियां कर रहा है, जैसे कोई टूथपेस्ट बेच रहा हो.

  7. हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ लड़ने से तुर्की का इनकार, मक्का रक्षा समझौते के बावजूद बनाई दूरी

    तुर्की के रक्षा मंत्री याशर गुलेर
    इमेज कैप्शन, तुर्की के रक्षा मंत्री याशर गुलेर (फ़ाइल फ़ोटो)

    तुर्की ने कहा है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ किसी सैन्य संघर्ष में शामिल होने का इरादा नहीं रखता है.

    दरअसल, तुर्की का सऊदी अरब और पाकिस्तान के साथ हुए संयुक्त रक्षा समझौता (मक्का समझौता) है, लेकिन सऊदी पर हमलावर हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ लड़ने से उसने इनकार कर दिया है.

    एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में तुर्की के रक्षा मंत्री याशर गुलेर ने कहा, ने कहा, “हम हूतियों के साथ किसी भी तरह के संघर्ष में शामिल होने पर विचार नहीं कर रहे हैं.”

    उन्होंने कहा कि सऊदी अरब को तुर्की की ओर से दी जाने वाली संभावित सैन्य सहायता का मुख्य उद्देश्य प्रतिरोधक क्षमता को मज़बूत करना होगा.

    गौरतलब है कि तुर्की, सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच अगस्त में ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर साइन किए गए थे. इस सप्ताह इसे मंज़ूरी के लिए तुर्की की संसद में पेश किया गया है.

    समझौते के प्रावधानों के अनुसार, तीनों देशों में से किसी एक पर हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा.

  8. दलेर मेहंदी विवाद: मीका सिंह ने कहा- सीएम धामी का फ़ोन आया, लेकिन मुझे अब भी उम्मीद है कि...

    रैपर मीका सिंह
    इमेज कैप्शन, रैपर मीका सिंह ने दलेर मेहंदी विवाद में कहा कि अब इस मामले को ख़त्म करने का समय है

    पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के भाई और रैपर मीका सिंह ने कहा है कि उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फ़ोन किया और अब वो यह विवाद ख़त्म करना चाहते हैं.

    दरअसल, उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित सिद्धिपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान मशहूर गायक दलेर मेहंदी की परफ़ॉर्मेंस के समय उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन पर शराब पीकर गाने और लिप्सिंग करने का आरोप लगाया था.

    इस मामले पर मीका सिंह ने शुक्रवार को कहा, "अब इस मामले को ख़त्म करने का समय है, ख़ासकर तब जब मुझे उत्तराखंड के सम्मानित मुख्यमंत्री धामी साहब का ख़ास फ़ोन आया. वह बहुत अच्छे इंसान हैं और बिल्कुल भी घमंड नहीं करते. उन्होंने हमसे बहुत प्यार और अच्छे तरीक़े से बात की. उन्होंने कहा कि कोई एक इंसान ग़लत है, इसका मतलब ये नहीं कि पूरा उत्तराखंड ग़लत है"

    उन्होंने कहा, "मेरी अब भी एक गुज़ारिश है सुबोध जी, अगर आप दलेर जी को फ़ोन करके माफ़ी मांग लें, तो यह सही होगा. आपने उनकी इज़्ज़त को बहुत नुकसान पहुंचाया है. मुझे अब भी उम्मीद है कि आप माफ़ी मांगेंगे."

    मीका ने कहा, "हमारे मन में किसी के लिए कोई निजी दुश्मनी नहीं है. हम गुंडे या झगड़ा करने वाले लोग नहीं हैं, जो मुक़दमे करने के लिए घूमते रहें, लेकिन आपने जो किया, वह ग़लत था. दलेर भाई ने चुप रहना चुना और उनके इस तरह शांत रहने पर लोगों ने जिस तरह प्रतिक्रिया दी, वह बहुत शानदार रही."

    मीका ने कहा कि वो हर रोज़ दलेर मेहंदी से बात करते हैं और अब उनकी तबीयत काफ़ी बेहतर है.

  9. बिहार: सीवान ज़िले के एक घर में पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट, पांच लोगों की मौत

    सीवान
    इमेज कैप्शन, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जामो बाज़ार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है

    बिहार के सीवान ज़िले के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान एक घर में भीषण विस्फोट हो गया. हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    सीवान के एसपी भारत सोनी के मुताबिक़, मेडिकल टीम के आकलन के बाद सिविल सर्जन ने पांच शव बरामद होने की पुष्टि की है.

    बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में सात से आठ लोग मौजूद थे, जिनमें से पांच की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, दो से तीन लोगों के घर से बाहर होने की बात सामने आई है. पुलिस इन लोगों का पता लगाने में जुटी है.

    सीवान के एसपी भारत सोनी ने कहा, “फ़ॉरेंसिक साइंस लैब (एफ़एसएल) की टीम मौक़े पर पहुंच गई है. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और पूरे घर की तलाशी ली जा रही है. बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाली टीम भी मौक़े पर मौजूद है. इलाक़े की जांच के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है. हम एफ़आईआर दर्ज कर रहे हैं और जांच से घटना की असली वजह का पता चलेगा.”

    उन्होंने कहा, “सिविल सर्जन की टीम को संदेह है कि मलबे में एक और शव हो सकता है.”

    मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जामो बाज़ार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस ने मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.

    घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है.

  10. डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को चेतावनी, 'अमेरिका फिर कर सकता है हमला'

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, मेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान समझदारी दिखाए, तो उसे गंभीर वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव देना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अमेरिका एक बार फिर ‘एपिक फ़्यूरी’ जैसा सैन्य अभियान चला सकता है.

    हालांकि, साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता भी हो सकता है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को फ़्लोरिडा में एक चुनावी रैली के दौरान कहा, “हम एक और छोटा-सा ‘एपिक फ़्यूरी’ जैसा अभियान चला सकते हैं या वे समझौता कर सकते हैं.”

    ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान समझदारी दिखाए, तो उसे गंभीर वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव देना चाहिए. हालांकि, उन्होंने ने यह भी कहा कि उन्हें संदेह है कि ईरान ऐसा करेगा.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ईरान की अर्थव्यवस्था इस समय दुनिया की सबसे ख़राब अर्थव्यवस्थाओं में से एक है. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया है.

    ट्रंप ने इससे पहले शुक्रवार को ही कहा था कि अमेरिका ईरान के साथ युद्ध को जल्द समाप्त कर सकता है.

    हालांकि, उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या अमेरिका को युद्ध जल्द ख़त्म करने की कोशिश करनी चाहिए या संघर्ष को धीरे-धीरे शांत होने देना चाहिए.