लाइव , राहुल के बाद ऋषभ पंत का भी शतक, न्यूज़ीलैंड पर भारत की बड़ी बढ़त

ऋषभ ने 153 गेंदों पर 128 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और छह छक्के लगाए.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह

  1. ईरान का दावा, बहरीन में अमेरिका के दो रडारों को बनाया निशाना

    ईरान
    इमेज कैप्शन, ईरान ने चेतावनी दी कि उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए जाने पर कड़ा जवाब दिया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफ़ेंस सिस्टम के दो रडार को निशाना बनाया है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ये रडार अल-रिफ़ा और अवाली स्थित दो सैन्य ठिकानों पर लगे हुए हैं. रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक़, मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया.

    रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह हमला "ईरान के हवाई क्षेत्र का लगातार उल्लंघन और उसके ख़िलाफ़ आक्रामक कार्रवाई" के जवाब में किया गया.

    बयान के मुताबिक़, यह कार्रवाई उस समय की गई जब अमेरिकी सेना के दो जासूसी ड्रोन एमक्यू-1 और एमक्यू-9 ईरान के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए.

    रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी कि किसी भी देश या "आक्रामक ताक़त" की ओर से ईरान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए जाने पर "कड़ा और निर्णायक" जवाब दिया जाएगा.

  2. राहुल के बाद ऋषभ पंत का भी शतक, न्यूज़ीलैंड पर भारत की बड़ी बढ़त

    ऋषभ पंत
    इमेज कैप्शन, ऋषभ पंत ने अपनी पारी में 10 चौके और छह छक्के लगाए.

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में भारत ने 650 से ज़्यादा रन बना लिए हैं. भारत की बढ़त 280 रन से अधिक हो गई है.

    टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत की ओर से ऋषभ पंत ने शतक लगाया. उन्होंने 153 गेंदों पर 128 रन की पारी खेली. ऋषभ ने अपनी इस पारी में 10 चौके और छह छक्के लगाए.

    इससे पहले केएल राहुल भी शतक लगा चुके हैं, जबकि कप्तान शुभमन गिल 98 रन बनाकर आउट हो गए थे.

    फ़िलहाल भारत की ओर से ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज़ पर मौजूद हैं.

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  3. ट्रंप ने कहा- ईरान में सत्ता परिवर्तन में दिलचस्पी नहीं

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि मुझे कभी भी सत्ता परिवर्तन में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रही

    मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ रहा है. ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के दावे किए हैं. साथ ही उसने एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाने की बात कही है.

    इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के साथ सिर्फ़ 'एक टिकाऊ और दीर्घकालिक' समझौता चाहते हैं.

    ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को फ़ोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मुझे कभी भी सत्ता परिवर्तन में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रही. कुछ लोग सत्ता परिवर्तन की बात करते हैं, लेकिन आपको यह भी बताना होगा कि इसका मतलब क्या है."

    उन्होंने कहा, "मैं अब तक दो सरकारों का अंत कर चुका हूं. ग्रुप वन और ग्रुप टू. अब हम ग्रुप थ्री से निपट रहे हैं. इसलिए आप इसे अंतिम सत्ता परिवर्तन भी कह सकते हैं."

    ट्रंप ने कहा, "तीसरे समूह का रवैया बहुत अलग नहीं है. शायद वे ज़्यादा समझदार हैं, लेकिन उनके साथ काम करना बहुत, बहुत मुश्किल है. मेरा मतलब है कि हम कोई समझौता करते हैं और अगले ही दिन वे उसे तोड़ देते हैं."

    उन्होंने कहा कि वह ईरान के साथ ऐसा समझौता करना चाहते हैं जो लंबे समय तक कायम रहे.

    ट्रंप के मुताबिक़, "ताकि अगर चार, 15 या 20 साल बाद कोई अयोग्य राष्ट्रपति भी सत्ता में आ जाए, तब भी ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके."

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.