ट्रंप बोले- अमेरिका संघर्ष में शामिल न होता तो ईरान के पास परमाणु हथियार होता

अमेरिका और यूरोपीय संघ ने 2010 से ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को इजाज़त दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक कर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    पश्चिम बंगाल के नतीजे पर ममता बनर्जी से लेकर राहुल गांधी और ओवैसी क्या कह रहे हैं?

    शुभेंदु अधिकारी बनेंगे पश्चिम बंगाल के सीएम या बीजेपी किसी और चेहरे पर खेलेगी दांव?

    पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव में जीत दर्ज करने वालीं प्रमुख महिला उम्मीदवार कौन-कौन हैं?

  2. ट्रंप बोले- अमेरिका संघर्ष में शामिल न होता तो ईरान के पास परमाणु हथियार होता

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ओवल ऑफिस में एक कार्यक्रम में बोलते हुए (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका इस संघर्ष में शामिल नहीं होता तो "ईरान के पास परमाणु हथियार होता.’’

    उन्होंने ये भी कहा, ''शायद हम सब आज यहां नहीं होते.''

    गौरतलब है कि अमेरिका और यूरोपीय संघ ने 2010 से ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे.

    यह संदेह था कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम बम बनाने के लिए है. हालांकि, ईरान का कहना है कि वो सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम को आगे बढ़ा रहा है.

    ट्रंप ने कहा, ''ईरान को बुरी तरह हरा दिया गया है.''.

    उन्होंने कहा कि अब ईरान ''सिर्फ़ छोटी नावों तक सिमट गया है, जिनके आगे मशीनगन लगी होती है.''

    यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान की छोटी नावों पर हमला किया.

  3. अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग को काउंटिंग सेंटरों के सीसीटीवी फ़ुटेज जारी करने की मांग की

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि इलेक्शन कमीशन फ़ुटेज रिलीज़ कर दे तो बीजेपी को मिले जनादेश को मान लेंगे

    तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के काउंटिंग सेंटरों के सीसीटीवी फ़ुटेज रिलीज़ करने की मांग की है.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''आपने देखा कि काउंटिंग सेंटरों से तृणमूल के लोगों को मार के भगाया गया. इलेक्शन कमीशन वे सारे सीसीटीवी फ़ुटेज रिलीज़ करे. इलेक्शन कमीशन ये फ़ुटेज रिलीज़ कर दे कि काउंटिंग सेंटरों में ऐसा नहीं हुआ, हम उनका जनादेश मान लेंगे.''

    उन्होंने कहा, "मेरा चैलेंज है. मैं काउंटिंग सेंटरों के 100 ऐसे फ़ुटेज देता हूं. चुनाव आयोग सिर्फ़ दस रिलीज़ कर दे, ख़ासकर 12 बजे के बाद के छह घंटे तक का. मैं आपको शिकायत की कॉपी देता हूं जहां पर 17सी में जो ईवीएम रिकॉर्ड हुआ था और काउंटिंग टेबल पर जो ईवीएम आया, दोनों अलग मशीन थी.''

    इससे पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बेईमानी करके चुनाव जीतने का आरोप लगाया था.

    उन्होंने कहा था कि वो चुनाव नहीं हारी हैं इसलिए इस्तीफ़ा नहीं देंगी.

  4. सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर अब 38 होगी, कैबिनेट ने दी मंज़ूरी

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 34 से बढ़ाकर 38 हो जाएगी

    केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी.

    अब मुख्य न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों की कुल संख्या 34 से बढ़ाकर 38 हो जाएगी.

    केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि फ़िलहाल सुप्रीम कोर्ट में 33 न्यायाधीश और एक मुख्य न्यायाधीश हैं.

    भारत के सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने के लिए 1956 में सर्वोच्च न्यायालय अधिनियम 1956 के तहत एक अधिनियम पारित किया गया था.

    अधिनियम की धारा दो के अनुसार न्यायाधीशों की अधिकतम संख्या दस निर्धारित की गई थी.

    भारत के सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या को मूल अधिनियम में सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन अधिनियम, 2019 के माध्यम से संशोधन करके अंतिम बार 30 से बढ़ाकर 33 (भारत के मुख्य न्यायाधीश को छोड़कर) कर दिया गया था.

  5. काउंटिंग सेंटर में ममता बनर्जी के साथ बदसलूकी के आरोपों पर क्या बोले मुख्य निर्वाचन अधिकारी

    मनोज कुमार अग्रवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने ममता बनर्जी के उस आरोप का जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि काउंटिंग सेंटर में उनके साथ बदसलूकी हुई है.

    तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि काउंटिंग सेंटर में उनके साथ धक्का-मुक्की हुई थी.

    मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा,"काउंटिंग सेंटर में सीसीटीवी कैमरा बंद नहीं था. मैंने जिला निर्वाचन अधिकारी से भी बात की थी. किसी के साथ मारपीट या धक्का-मुक्की नहीं हुई. अगर ऐसा होता तो शिकायत दर्ज होती और एफ़आईआर होती. न कोई शिकायत मिली न कोई एफ़आईआर दर्ज़ हुई. ऐसा कुछ भी नहीं हुआ.''

    चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ ममता बनर्जी के आरोपों पर उन्होंने कहा, ''काउंटिंग में मुख्य निर्वाचन अधिकारी की कोई भूमिका नहीं होती. यह काम रिटर्निंग ऑफिसर डीईओ के मार्गदर्शन में करता है.''

    फाल्टा में दोबारा मतदान पर उन्होंने कहा, ''सभी तैयारियां कर ली गई हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि टेप लगाने या परफ्यूम छिड़कने जैसी कोई घटना न हो.''

    पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनाव हारने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि काउंटिंग सेंटर में उनसे बदसलूकी हुई.

  6. दिनभर : होर्मुज़ पर फिर नज़र, दोबारा छिड़ेगी जंग? | 5 मई 2026, बीबीसी हिन्दी

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा- ‘अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम कायम है’

    पीट हेगसेथ

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर बयान दिया है

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम ख़त्म नहीं हुआ है.

    हेगसेथ से पूछा गया था कि क्या होर्मुज़ स्ट्रेट में अमेरिकी कार्रवाई से क्या ये मतलब निकाला जाना चाहिए कि युद्धविराम ख़त्म हो गया है.

    इस पर उन्होंने कहा, "नहीं. युद्धविराम अभी ख़त्म नहीं हुआ है. ये अलग और ख़ास प्रोजेक्ट है.''

    हेगसेथ ने ईरान से कहा कि वह अपने क़दम ''सावधानी से उठाए, ताकि हालात दोबारा युद्ध शुरू होने की सीमा को न पार कर जाए.''

    उन्होंने कहा, ''फ़िलहाल, युद्धविराम कायम है.''

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 22 अप्रैल को ईरान के साथ अनिश्चितकाल तक युद्धविराम बढ़ाने का फ़ैसला किया था.

    लेकिन पहले दौर की बातचीत के सफल नहीं होने के बाद अमेरिकी सेना ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर नाकाबंदी की थी.

    अमेरिकी सेना की नाकाबंदी फ़िलहाल कायम है और ये अमेरिका-ईरान के बीच मौजूदा तनाव के बढ़ने की बड़ी वजह बनी हुई है.

  8. ममता बनर्जी के इस्तीफ़ा न देने वाले बयान पर बीजेपी ने क्या कहा

    देबजीत सरकार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ममता के इस्तीफ़ा न देने वाले बयान पर बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रतिक्रिया दी है

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    बीजेपी के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जैसी बातें वो बोल रही हैं, उनसे वो खुद को ही हास्यास्पद बना रही हैं. वो कुछ दिनों तक प्रचार की रोशनी में रहना चाहती हैं, इसलिए वो ऐसी बातें कर रही हैं. इस तरह की हास्यास्पद बातों का कोई उत्तर भारतीय जनता पार्टी या संविधान में विश्वास करने वाली कोई पार्टी नहीं दे सकती."

    उन्होंने कहा, "संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास करने वाला कोई भी व्यक्ति ऐसी बात नहीं कर सकता है."

    इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की हार पर ममता बनर्जी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया.

    उन्होंने इस्तीफा देने के सवाल पर कहा, "क्यों, मैं क्यों जाऊंगी. हम तो हारे नहीं हैं कि जाएंगे. हार का सबूत देते तो इस्तीफा देते. जबरदस्ती करके कोई बोले कि इस्तीफा देना होगा तो नहीं... अभी इस्तीफा नहीं दूंगी. मैं ये कहना चाहती हूं कि हम चुनाव नहीं हारे हैं."

    उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी की हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मुख्य विलेन है.

  9. असम में बीजेपी की जीत पर क्या बोले ओवैसी

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम में बीजेपी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों ने राज्य में बीजेपी पर फिर अपना विश्वास दिखाया है.

    उन्होंने कहा, "ये सच है कि हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य में लगभग 50 हजार मुस्लिमों को विस्थापित कर दिया है, इसके बावजूद वो यहां चुनाव जीत सकते हैं. इसके लिए हम कांग्रेस को वोट देते रहे हैं. लेकिन आख़िरी नतीजा क्या आया. बीजेपी जीत रही है.''

    उन्होंने कहा, ''अगर एआईयूडीएफ़ के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के पास और ज्यादा एमएलए होते तो ये राज्य की 30 फ़ीसदी मुस्लिमों को मजबूत आवाज़ देते.''

    भारत में जम्मू-कश्मीर के बाद असम में प्रतिशत के लिहाज़ से मुसलमानों की सबसे बड़ी आबादी रहती है.

    2011 की जनगणना के मुताबिक़, असम की कुल आबादी में क़रीब 35 फ़ीसदी मुसलमान हैं.

    126 सीटों वाली मौजूदा असम विधानसभा में 31 मुस्लिम विधायक हैं, जिनमें 15 बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआईयूडीएफ़ के हैं और 15 कांग्रेस के.

  10. इस्तीफ़े के सवाल पर ममता ने कहा- 'हारे नहीं हैं तो इस्तीफ़ा क्यों दूं.'

    ममता बनर्जी प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान

    पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनाव हारने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया.

    इस्तीफ़े के बारे में उन्होंने कहा, ''क्यों मैं क्यों जाऊंगी. हम तो हारे नहीं है कि जाएंगे. हार का सुबूत देते तो इस्तीफ़ा देते. जोर-जबरदस्ती करके कोई बोले कि इस्तीफ़ा देना होगा तो नहीं.अभी इस्तीफ़ा नहीं दूंगी.मैं ये कहना चाहती हूं कि हम चुनाव नहीं हारे हैं.''

    उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी की हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मुख्य विलेन है.

    ममता बनर्जी ने कहा, ''पार्टी सदस्यों के साथ आगे की स्ट्रैटजी पर चर्चा की जाएगी. मैं अब बीजेपी के अत्याचारों को और बर्दाश्त नहीं करूंगी. मैं सड़कों पर लौटूंगी.''

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 293 सीटों में से 207 सीटें जीत ली हैं. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती हैं. कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं.

  11. पश्चिम बंगाल में हार के बाद ममता बनर्जी की पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस, बोलीं- टीएमसी को निशाना बनाया जा रहा है

    तृणमूल कांग्रेस

    इमेज स्रोत, X/AITC

    इमेज कैप्शन, टीएमसी ने 80 सीटें जीती हैं

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टीएमसी की हार के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर कई आरोप लगाए हैं.

    ममता बनर्जी ने कहा, ''इस तरह का चुनाव पहले कभी नहीं देखा. टीएमसी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने हराया. चुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने हर हथकंडा अपनाया.''

    उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग बीजेपी का एजेंट बन गया है और सीआरपीएफ़ केंद्र की गुंडा वाहिनी है. बीजेपी ने काउंटिंग सेंटर को हैक कर लिया. ये बंगाल के लिए काला दिन है.''

    ममता बनर्जी ने कहा, "उनके साथ धक्का-मुक्की की गई है. इस तरह की प्रताड़ना निंदनीय है.''

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 293 सीटों में से 207 सीटें जीत ली हैं. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती हैं. कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं.

  12. असम में बीजेपी के विधायक दल की बैठक के लिए नड्डा होंगे केंद्रीय पर्यवेक्षक

    जेपी नड्डा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम में बीजेपी ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है

    असम में बीजेपी की भारी जीत के बाद मुख्यमंत्री चुनने के लिए तैयारियां चल रही हैं.

    असम में विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम पर सहमति कायम की जाएगी.

    विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है.

    असम में बीजेपी ने तीसरी बार जीत हासिल की है. पार्टी ने राज्य की 126 सीटों में से 82 सीटें जीती हैं. कांग्रेस को सिर्फ़ 19 सीटें मिल पाईं.

  13. यूएई पर हुए हमलों को लेकर सऊदी अरब ने क्या कहा

    सऊदी अरब

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब के विदेश मंत्री फ़ैसल अल फ़रहान (फ़ाइल फ़ोटो)

    सऊदी अरब ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ईरान की ओर से दागी गईं मिसाइलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव को लेकर चिंता जताई है.

    यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को उस पर ईरान की ओर से कई मिसाइलें दाग़ी गईं, जिन्हें उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया था.

    यूएई के इस दावे के बाद सऊदी अरब ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता ज़ाहिर की है.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा है, ''क्षेत्र में तनाव घटाया जाए और शांति के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिश का समर्थन किया जाए ताकि इस क्षेत्र में तनाव और न बढ़े.''

    ''अगर ऐसे ही तनाव बढ़ता गया तो ये इस क्षेत्र और पूरी दुनिया के लोगों के हितों के ख़िलाफ़ होगा.''

    इससे पहले भारत ने यूएई पर ईरान के कथित हमलों की निंदा की थी.

    भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. आम लोगों और नागरिक ठिकानों पर हमला करना बिल्कुल ग़लत है."

  14. पश्चिम बंगाल में सीएम चुनने की तैयारी तेज़, अमित शाह होंगे केंद्रीय पर्यवेक्षक

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री चुनने की कवायद तेज हो गई है.

    बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में पार्टी ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है.

    इसके अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है.

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 294 सीटों में से 206 सीटें जीत ली हैं. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती हैं. कांग्रेस और वामपंथी दलों ने 2-2 सीटें जीती हैं. अन्य दलों को भी 2 सीटें मिली हैं.

  15. असम: हिमंत बिस्वा ने बीजेपी की सीटों को लेकर लगाया था अनुमान, नतीजों के बाद इसे शेयर किया

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Anuwar Hazarika/NurPhoto via Getty Images

    असम के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 102 सीटों के साथ जीत दर्ज की है. नतीजों के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपना अनुमान साझा किया है, जो उन्होंने वोटिंग के बाद एक कागज पर लिखा था.

    हिमंत बिस्वा ने एक तस्वीर पोस्ट की है, इसमें उन्होंने बीजेपी की सीटों को लेकर अपनी भविष्यवाणी लिखी है. इसमें लिखा है- 'सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर 101 सीटें, बेहतरीन प्रदर्शन पर 90 प्लस सीटें और खराब प्रदर्शन पर 88 प्लस सीटें.'

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, @himantabiswa

    इमेज कैप्शन, हिमंत बिस्वा सरमा की ओर से शेयर किए गए पोस्ट में इस नोट का ज़िक्र है

    हिमंत बिस्वा सरमा ने इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा, "जब असम में 9 अप्रैल को वोटिंग खत्म हुई, तो मैंने हमेशा की तरह एक कागज़ पर अपने विचार लिखे कि नतीजा कैसा हो सकता है."

    "हम लोगों ने पहले के रिकॉर्ड से एक सीट ज़्यादा जीत ली है, ये जनता का बड़ा आशीर्वाद है."

    गौरतलब है कि असम में लगातार तीसरी बार बीजेपी ने जीत दर्ज की है. जबकि विपक्षी दल कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गया है.

  16. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. टीएमसी की हार पर बोले राहुल गांधी- 'जो कांग्रेसी खुश हो रहे, उन्हें...'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने बीजेपी पर चुनाव आयोग की मदद लेने का आरोप लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह खुश होने का विषय नहीं है.

    राहुल गांधी ने कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ताओं से छोटी-मोटी राजनीति छोड़ देने की अपील की.

    राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के जो लोग टीएमसी की हार पर खुश हो रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी, बीजेपी के लिए भारतीय लोकतंत्र को ख़त्म करने के मिशन में एक बड़ा क़दम है."

    राहुल गांधी ने कहा, "छोटी राजनीति को किनारे रखो. यह किसी एक पार्टी या दूसरी पार्टी का मामला नहीं है. यह भारत का मामला है."

    इससे पहले एक पोस्ट में राहुल गांधी ने बीजेपी पर चुनाव आयोग की मदद लेने और 100 सीटें चुराने का आरोप लगाया था.

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 206, टीएमसी को 80, कांग्रेस को 2 और लेफ़्ट को 2 सीटें मिली हैं. एक सीट पर अंतिम नतीजे जारी नहीं हुए हैं. जबकि एक सीट पर 21 मई को दोबारा वोटिंग होनी है.

  18. यूएई पर हुए हमलों को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Abdul Saboor / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि भारत यूएई के साथ मज़बूती से खड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा की है और कहा है कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के ज़रिए होना चाहिए.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. आम लोगों और नागरिक ठिकानों पर हमला करना बिल्कुल ग़लत है."

    "भारत यूएई के साथ मज़बूती से खड़ा है और यह दोहराता है कि सभी मुद्दों का शांतिपूर्वक हल बातचीत और कूटनीति के ज़रिए होना चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित और बिना रुकावट जहाज़ों का आना-जाना क्षेत्र में लंबे समय तक शांति, स्थिरता और दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा के लिए बहुत ज़रूरी है."

    भारत के विदेश मंत्रालय ने भी यूएई के फ़ुजैराह में हुए हमले को 'अस्वीकार्य' क़रार दिया है और ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की.

    गौरतलब है कि यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को उस पर ईरान की ओर से कई मिसाइलें दाग़ी गईं, जिन्हें उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया था.

  19. पश्चिम बंगाल की इस सीट पर अब तक नहीं आए नतीजे, जानिए क्या है मामला

    तपश चटर्जी और पीयूष कनोडिया

    इमेज स्रोत, ECI

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की राजारहाट न्यू टाउन सीट पर तपश चटर्जी और पीयूष कनोडिया के बीच मुक़ाबला है

    पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की है. जबकि टीएमसी ने 80 सीटों पर चुनाव जीता है. लेकिन राज्य की एक सीट ऐसी भी है, जहां पर अब तक नतीजा घोषित नहीं हुआ है.

    दरअसल, नॉर्थ 24 परगना जिले की राजारहाट न्यू टाउन सीट पर अब भी परिणाम जारी नहीं हुआ है. चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़, यहां पर 18 में से 17 राउंड काउंटिंग हो चुकी है और टीएमसी बढ़त बनाए हुए है.

    राजारहाट न्यू टाउन विधानसभा सीट पर टीएमसी के तपश चटर्जी को 1,06,250 वोट मिल चुके हैं. जबकि बीजेपी प्रत्याशी पीयूष कनोडिया को 1,05,927 वोट मिल चुके हैं. यहां पर टीएमसी 323 वोटों से लीड कर रही है.

    गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में लगातार तीन बार शासन करने के बाद तृणमूल कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है. यहां पर पहली बार बीजेपी को बहुमत मिला है. बीजेपी को 206, टीएमसी को 80, कांग्रेस को 2 और लेफ्ट को 2 सीटें मिली हैं. जबकि एक सीट फाल्टा पर 21 मई को दोबारा वोटिंग होनी है.

  20. अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों पर क्या कहा?

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बीजेपी की जीत पर सवाल उठाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर विपक्षी दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी की जीत पर सवाल उठाया है.

    अरविंद केजरीवाल ने पूछा है कि बीजेपी दिल्ली और बंगाल को मोदी लहर में नहीं जीत पाई, तो अब कैसे जीत लिया.

    केजरीवाल ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "जिस दिल्ली और बंगाल को भाजपा 'मोदी वेव' की चरम सीमा पर नहीं जीत पाई. 2015 में दिल्ली में और 2016 में बंगाल में इनकी 3-3 सीटें आईं. उस दिल्ली और बंगाल को भाजपा ने तब जीत लिया जब मोदी जी की लोकप्रियता पूरे देश में पाताल में जा रही... कैसे?"

    इससे पहले ममता बनर्जी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी बीजेपी की जीत पर सवाल उठा चुके हैं. राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने 100 सीटों की चोरी की. अखिलेश यादव ने कहा कि मतगणना में केंद्रीय बलों का दुरुपयोग हुआ है.

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 206, टीएमसी को 80, कांग्रेस को 2 और लेफ्ट को 2 सीटें मिली हैं. जबकि एक सीट पर फ़िलहाल नतीजे नहीं आए हैं और टीएमसी 323 वोटों से आगे चल रही है.