पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में पुलिस चौकी पर 'चरमपंथी' हमला,डीएसपी समेत नौ पुलिसकर्मियों की मौत

इमेज स्रोत, Aamir QURESHI / AFP via Getty Images
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत में हांगू के खजीना चेक पोस्ट पर हुए हमले और जवाबी हमले में एक डीएसपी सहित नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ इस मुठभेड़ में पुलिस ने 15 चरमपंथियों को मारने का दावा किया है.
ख़ैबर पख्तूनख़्वा पुलिस के बयान के मुताबिक़ बुधवार को हुए हमले और उसके जवाब में चलाए गए अभियान में डीएसपी दियार खान समेत नौ पुलिसकर्मी मारे गए और डीएसपी मुजाहिद हुसैन सहित 28 पुलिसकर्मी घायल भी हो गए.
बयान में कहा गया है कि चरमपंथियों ने हांगू में खाजिना बंदा चौकी पर भारी हथियारों से हमला किया.
इससे पहले पाकिस्तान की सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) ने बुधवार को दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में सुरक्षा बलों ने ख़ैबर पख़्तूनख़्वा और बलूचिस्तान में चलाए गए संयुक्त अभियानों के दौरान '32 आतंकवादियों को मारा' है.
आईएसपीआर के मुताबिक़, ये अभियान चरमपंथियों और उनके मददगारों के ख़िलाफ़ चलाए गए थे.



