कॉकरोच जनता पार्टी अब यूनिवर्सिटी कैंपस में मांगेगी शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा, सोनम वांगचुक भी होंगे शामिल

इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर होने वाले अगले प्रदर्शन की घोषणा कर दी है.
यह प्रदर्शन 11 जून को पुणे यूनिवर्सिटी में शाम चार बजे से होगा. सीजेपी पहले ही इस्तीफ़े की मांग को लेकर केंद्र सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दे चुकी है.
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर वीडियो पोस्ट के ज़रिए इसकी जानकारी दी है. साथ ही कहा है कि पुणे यूनिवर्सिटी कैंपस में होने वाले इस प्रदर्शन में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल होंगे.
ग़ौरतलब है कि सीजेपी के अगले प्रदर्शन के लिए उन्होंने अपने गृहराज्य को चुना है.
30 साल के अभिजीत दीपके मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर से ताल्लुक रखते हैं. वह बीते क़रीब दो साल से अमेरिका में रह रहे थे और बीते शनिवार को पहले प्रदर्शन के लिए भारत आए थे.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस सोशल मीडिया समूह की कॉल पर कई सौ लोग शामिल हुए थे. हालांकि यह संख्या उसके दो करोड़ से ज़्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की तादाद से काफ़ी कम थी.























