बेटी की शादी में चार लाख मेहमानों के आने का दावा करने वाले अनंत सिंह के पास कितनी संपत्ति है?

इमेज स्रोत, ANI
- Author, सीटू तिवारी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 6 मिनट
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है. यह शादी अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (बाढ़) में होगी.
नदवां गांव पटना शहर से क़रीब 65 किलोमीटर दूर है. अनंत सिंह ने ख़ुद दावा किया है कि शादी में बतौर मेहमान क़रीब चार लाख लोग आएंगे. फ़िलहाल इसकी तैयारियां चल रही हैं.
अनंत सिंह ने शादी के बारे में कहा है, "चार लाख से तो स्टार्टिंग (शुरुआत) है. अगर और लोग भी आएंगे तो उनके खाने का भी इंतज़ाम किया जाएगा. हमने इस शादी का न्योता हिंदुस्तान और पाकिस्तान में सबको भेजा है."
इस शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है. इस प्रतियोगिता में जीतने वाले को थार गाड़ी दी जाएगी. घुड़दौड़ प्रतियोगिता की घोषणा अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने ख़ुद सोशल मीडिया पर की थी, जिसकी पुष्टि बाद में अनंत सिंह ने भी की.
'सिनेमा जैसा टिकट नहीं लेना है, सभी शादी में आइए'
इस बात की भी चर्चा है कि अनंत सिंह अपने दामाद ऋषिकेश को एक क़ीमती गाड़ी देने वाले हैं. हालांकि, ऋषिकेश के पिता रण विजय कुमार ने मीडिया से कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है.
ऋषिकेश पटना के बिहटा स्थित कृष्णा नगर के रहने वाले हैं. परिवार के मुताबिक़, ऋषिकेश ने अमेरिका से एमबीए किया है.
अपने वन-लाइनर्स के लिए मशहूर अनंत सिंह से पत्रकार बार-बार शादी में आने वाले मेहमानों की सूची पूछ रहे हैं.
इस सवाल पर अनंत सिंह पत्रकारों से कहते नज़र आ रहे हैं, "यहां सिनेमा जैसा टिकट नहीं लेना है, आप सब शादी में आइए."
हालांकि, एक मीडिया इंटरव्यू में जब अनंत सिंह से शादी पर होने वाले ख़र्च के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मेरे दोस्त और चाहने वाले सारा इंतज़ाम करते हैं. हम ख़ुद कुछ नहीं करते हैं. कोई शामियाना का ख़र्चा उठा लेगा, कोई कुछ और कर देगा. मेरे दोस्त पूरे देश में हैं."
अनंत सिंह शादी पर ख़र्च के सवाल को टाल गए. लेकिन शादी पर हो रहे ख़र्च ने इस बात को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है कि अनंत सिंह की कुल संपत्ति कितनी है?
चुनाव आयोग में दाख़िल हलफ़नामे के मुताबिक़, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के पास कुल 100 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है.
जिस बिटिया की शादी, उसका कोई बैंक खाता नहीं

इमेज स्रोत, Ranjan kumar
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
65 साल के अनंत सिंह साल 2005 से मोकामा से लगातार विधायक हैं. सिर्फ़ कुछ समय के लिए उनकी पत्नी नीलम देवी इस सीट से विधायक रही थीं.
साल 2025 में विधानसभा चुनाव के दौरान दाख़िल हलफ़नामे के मुताबिक़, अनंत सिंह के पास 26 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 13 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है.
नक़दी की बात करें तो अनंत सिंह के पास 15 लाख रुपये, जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 34 लाख रुपये हैं. अनंत सिंह के पटना और बाढ़ में पांच बैंक खाते हैं, जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 12 बैंक खाते हैं.
अनंत सिंह ने अपने हलफ़नामे में चार आश्रितों का ज़िक्र किया है, जिनमें उनकी बेटी शिवांगी सिंह का नाम भी शामिल है. शिवांगी सिंह की शादी हो रही है और उनके नाम पर कोई बैंक खाता नहीं है, जबकि अन्य तीन आश्रितों के पास बैंक खाते हैं.
हलफ़नामे के अनुसार, अनंत सिंह के पास दर्प कंस्ट्रक्शन नाम की कंपनी में 34.375 फ़ीसदी शेयर हैं, जिनकी क़ीमत क़रीब 10.18 करोड़ रुपये है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी के पास राजनंदिनी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड और एसएसजीसी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के शेयर हैं, जिनका ख़रीद मूल्य 21 लाख 50 हज़ार रुपये है.
नीलम देवी ने लाइफ़ इंश्योरेंस में 37 लाख रुपये से ज़्यादा का निवेश किया है.
पत्नी को आठ करोड़ का लोन, दो करोड़ की लैंड क्रूजर

हलफ़नामे के मुताबिक़, अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी को आठ करोड़ 37 लाख रुपये का क़र्ज़ दिया है, जबकि दूसरे लोगों को तीन करोड़ 75 लाख रुपये दिए हैं. वहीं, नीलम देवी ने भी 10 करोड़ रुपये से ज़्यादा का क़र्ज़ दिया है. यानी इस दंपती ने कुल 22 करोड़ रुपये से ज़्यादा का क़र्ज़ दिया है.
अनंत सिंह के पास तीन करोड़ रुपये से ज़्यादा क़ीमत की गाड़ियां हैं. इनमें 48 लाख रुपये की टोयोटा फ़ॉर्च्यूनर भी शामिल है, जिसे साल 2024 में ख़रीदा गया था.
अनंत सिंह के पास साल 2013 में ख़रीदी गई महिंद्रा एक्सयूवी 500 और साल 2015 में ख़रीदी गई दो करोड़ 70 लाख रुपये की लैंड क्रूज़र भी है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी के पास इनोवा क्रिस्टा, महिंद्रा थार और फ़ॉर्च्यूनर सिग्मा है. अनंत सिंह और नीलम देवी के पास कुल चार करोड़ रुपये से ज़्यादा क़ीमत की गाड़ियां हैं.
हलफ़नामे के मुताबिक़, अनंत सिंह के पास 150 ग्राम सोना है, जिसकी क़ीमत क़रीब 15 लाख रुपये है. वहीं, नीलम देवी के पास तक़रीबन 700 ग्राम सोना और छह किलो चांदी है, जिसकी क़ीमत 71 लाख रुपये से ज़्यादा है
अनंत 11 करोड़ तो नीलम 49 करोड़ की अचल संपत्ति की मालिक

इमेज स्रोत, Seetu
अनंत सिंह की अचल संपत्ति 11 करोड़ रुपये की है, जबकि नीलम देवी के पास 49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है.
अनंत सिंह की खेती योग्य ज़मीन की क़ीमत 15 लाख रुपये है, जबकि नीलम देवी के पास इस तरह की ज़मीन की क़ीमत छह करोड़ रुपये से ज़्यादा है. अनंत सिंह के पास ग़ैर-खेती योग्य ज़मीन सिर्फ़ अपने गांव नदवां में है, जिसकी क़ीमत एक करोड़ रुपये से ज़्यादा है. वहीं, नीलम देवी के पास पटना के पाटलिपुत्र, बंदर बगीचा, बिरला मंदिर और बोरिंग कैनाल रोड के अलावा उत्तर प्रदेश के जीबी नगर में भी ज़मीन है.
कमर्शियल बिल्डिंग की बात करें तो अनंत सिंह के पास फ़्रेज़र रोड पर हसन मंज़िल है, जिसकी मौजूदा क़ीमत तक़रीबन 10 करोड़ रुपये है. वहीं, नीलम देवी के पास पटना के पाटलिपुत्र, बंदर बगीचा और दक्षिणी कृष्णापुरी में संपत्ति है. इसके अलावा बाढ़ के बेरहना और गुरुग्राम में उनका एक दफ़्तर भी है, जिसकी क़ीमत 13 करोड़ 90 लाख रुपये है.
अनंत सिंह के पास अपने पैतृक गांव नदवां में रिहाइशी इमारत है. नीलम देवी के पास पटना के बोरिंग रोड पर 5,700 वर्ग फ़ुट का एक फ़्लैट और दिल्ली के जीके में 2,100 वर्ग फ़ुट का फ़्लैट है. इन दोनों की क़ीमत तीन करोड़ रुपये से ज़्यादा है.
समाजसेवा, बिजनेस और खेती
अनंत सिंह ने इस हलफ़नामे में अपना पेशा समाजसेवा, बिज़नेस और खेती बताया है. उन्होंने अपनी पत्नी नीलम देवी का पेशा भी यही बताया है. आय के स्रोत के तौर पर मकान के किराये का भी ज़िक्र किया गया है.
हलफ़नामे में अनंत सिंह पर दो करोड़ रुपये और उनकी पत्नी पर 23 करोड़ रुपये से ज़्यादा का क़र्ज़ भी बताया गया है. अनंत सिंह ने कार ख़रीदने के लिए दो करोड़ रुपये का लोन लिया है. वहीं, उनकी पत्नी ने कार लोन के साथ-साथ कृषि लोन भी लिया है.
इसके अलावा, नीलम देवी ने अनंत सिंह से आठ करोड़ रुपये और राजनंदिनी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से 12 करोड़ रुपये से ज़्यादा का लोन लिया है. अनंत सिंह ने भी इस कंपनी से 10 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया है.
अनंत सिंह पर 28 आपराधिक मामले लंबित हैं. इनमें हत्या, हत्या की धमकी, अपराधियों को संरक्षण देने और अपहरण जैसे गंभीर मामले शामिल हैं.
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को आगामी एक दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है. अदालत ने अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की वजह से उन्हें चार हफ़्ते की मोहलत दी थी. इसके बाद अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है और वह सरेंडर करेंगे.
यह निर्देश सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में दिया था. दुलारचंद यादव की हत्या साल 2025 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी.
मोकामा के स्थानीय पत्रकार अनुभव कुमार बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताते हैं, "अनंत सिंह और नीलम देवी के पांच बच्चे हैं. तीन बेटे और दो बेटियां. ये छोटी बेटी है जिनकी शादी हो रही है. इससे पहले बड़ी बेटी की शादी भी इतनी धूमधाम से हुई थी. उनकी शादी एक सरकारी अधिकारी से हुई थी. लेकिन तब सोशल मीडिया इस कदर हावी नहीं था इसलिए शादी उतनी लाइमलाइट में नहीं आई."
ख़ुद अनंत सिंह भी सोशल मीडिया पर अपनी छोटी बेटी की शादी को लेकर हो रही चर्चा की वजह से चिढ़े हुए दिख रहे हैं. इस दौरान कई बार वह पत्रकारों से कहते दिख रहे हैं कि वह कुछ नया नहीं कर रहे हैं. उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी में भी घुड़दौड़ प्रतियोगिता करवाई थी और पहले स्थान पर आने वाले विजेता को गाड़ी दी थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.























