कुलगाम मुठभेड़ में एक चरमपंथी की मौत, पहचान की प्रक्रिया जारी: पुलिस

इमेज स्रोत, Getty Images
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक चरमपंथी मारा गया है.
कश्मीर ज़ोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के मुताबिक, जहां पर मुठभेड़ हुई वहां से शव और एक हथियार बरामद हुआ है. फिलहाल उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है.
भारतीय सेना ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया, ''एक चरमपंथी ने मस्जिद में शरण ले ली थी. सुरक्षा बलों ने बहुत संयम बरतते हुए धार्मिक स्थल की पवित्रता का पूरा ध्यान रखा और चरमपंथी को मस्जिद परिसर से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया, जिसके बाद उसे मार गिराया गया.''
इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम शामिल है.
इससे पहले, मुठभेड़ के दौरान कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने बताया था कि पुलिस को मिली पुख़्ता सूचना के आधार पर इलाक़े की घेराबंदी की गई थी. उन्होंने वहां लतीफ़ नाम के एक स्थानीय चरमपंथी के घिरे होने की बात कही थी.
अनायत अली के मुताबिक़, चरमपंथी ने आत्मसमर्पण से इनकार कर दिया और एक मस्जिद में घुसकर रात क़रीब 2:45 बजे गोलीबारी शुरू कर दी.
एसएसपी ने दावा किया कि लतीफ़ 18 नवंबर, 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और उसे सीमा पार से शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बाधित करने के निर्देश मिल रहे थे.
पुलिस ने बरामद शव की पहचान अभी स्पष्ट नहीं की है.






