You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
विनेश फोगाट बोलीं वो बृजभूषण यौन उत्पीड़न मामले की हैं सर्वाइवर, गोंडा के टूर्नामेंट को लेकर जताई आशंकाएं
ओलंपियन और भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने रविवार को सोशल मीडिया पर अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) के एक रैंकिंग टूर्नामेंट को लेकर कई आशंकाएं ज़ाहिर की हैं.
साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि वो डब्ल्यूएफ़आई के पूर्व अध्यक्ष "बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली 6 महिला सर्वाइवर्स में से एक हैं."
विनेश फोगाट ने कहा कि डब्ल्यूएफ़आई ने एक रैंकिंग टूर्नामेंट के आयोजन का एलान किया है जो बृजभूषण शरण सिंह के क्षेत्र गोंडा में आयोजित किया जा रहा है.
विनेश ने अपनी सुरक्षा के साथ-साथ इस टूर्नामेंट के निष्पक्ष होने पर गहरी आशंकाएं ज़ाहिर की हैं.
डब्ल्यूएफ़आई के अध्यक्ष संजय सिंह ने अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस से कहा है कि वह उनकी सुरक्षा की 'व्यक्तिगत तौर पर गारंटी' देंगे. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विनेश जो कि एक कांग्रेस विधायक भी हैं, उनको इस मुद्दे पर पॉलिटिकल नहीं होना चाहिए
विनेश फोगाट ने अपने अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी किए गए एक वीडियो में ख़ुद के सर्वाइवर होने की बात बताते हुए कहा कि यह मामला अभी अदालत में है और इसकी सुनवाई जारी है लेकिन परिस्थितयां ऐसी बन गई हैं कि उन्हें मजबूरी में यह बताना पड़ रहा है.
विनेश के इस बयान पर यह समाचार पब्लिश किए जाने तक बृजभूषण शरण सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. ऐसी प्रतिक्रिया या इस मुद्दे से जुड़ा कोई भी बयान आता है तो हम उसे ख़बर में शामिल करेंगे.
बता दें कि 2023 में डब्ल्यूएफ़आई के तत्कालीन अध्यक्ष और पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के ख़िलाफ़ अभियान चलाने वालीं महिला पहलवानों में विनेश फोगाट भी शामिल थीं.
विनेश फोगाट ने क्या कहा है?
विनेश फोगाट ने कहा है, "एक महीने पहले रेसलिंग फ़ेडरेशन ने एक रैंकिंग टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा की है. यह कम्पटीशन गोंडा, यूपी में आयोजित करवाया जा रहा है... जहां बृजभूषण का घर है, उसका प्राइवेट कॉलेज है."
अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार रैंकिंग टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश के गोंडा ज़िले में स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में 10 से 12 मई के बीच आयोजित किया जाना है. गोंडा से सांसद रह चुके बृजभूषण शरण सिंह नंदिनी नगर महाविद्यालय के संस्थापक हैं.
उन्होंने आशंका जताते हुए कहा, "वहां पर मेहनत करने वाले हर खिलाड़ी को उसका हक़ मिलेगा यह नामुमकिन और असंभव बात है. कौन रैफ़री किसके मैच में जाएगा, कौन कितने पॉइंट्स देगा, कौन मैट चेयरमैन कहां बैठेगा, किसको जितवाना है, किसको हरवाना है वह सब बृजभूषण के लोगों द्वारा कंट्रोल किया जाएगा. सभी मेहनती खिलाड़ियों का वज़न ठीक से चेक किया जाएगा, उनकी मेहनत का रिज़ल्ट मैट पर आएगा- मुझे नहीं लगता."
विनेश ने कहा, "आज से तीन साल पहले हमने सेक्सुअल हैरेसमेंट के ख़िलाफ़ भी आवाज़ उठाई थी. छह महिला खिलाड़ियों ने शिकायतें की थीं, उनके आधार पर आज भी गवाहियां चल रही हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि किसी भी विक्टिम की आइडेंटिटी को ज़ाहिर नहीं किया जाए. लेकिन आज मजबूरी है कि मैं आप सबको बोलना चाहती हूं. मैं बताना चाहती हूं कि उन छह विक्टिम में से एक मैं हूं जिसने शिकायत की थी."
उन्होंने आगे कहा, "पहले ही हम एथलीट्स पर बहुत प्रेशर रहता है और वहां पर जाकर मैं अपना 100 फ़ीसदी दे पाऊंगी, मुझे नहीं लगता. मैं कहूंगी कि एक लड़की के लिए बहुत मुश्किल होता है ऐसी परिस्थिति में कॉम्पीट करना और वह हर खिलाड़ी मुझसे रिलेट कर सकता है जो इस स्थिति से गुज़रता है."
विनेश ने कहा, "अगर मैं उस कम्पटीशन में जाऊंगी, मेरे साथ मेरी टीम भी होगी, मेरे वेलविशर भी होंगे और किसी के साथ कोई दुर्घटना होती है तो उसकी सीधे-सीधे भारत सरकार ज़िम्मेदार होगी."
"मैं कोई प्रिविलेज या अपने लिए स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं चाहती हूं. मैं बस इतना चाहती हूं कि मैट के ऊपर फ़ैसला हर खिलाड़ी की मेहनत के बेस पर हो न कि किसी गुंडे-बदमाश द्वारा. वह जिसको चाहता है जितवाएगा, जिसको चाहता है हरवाएगा."
'सुरक्षा की व्यक्तिगत गारंटी'
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार विनेश के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डब्ल्यूएफ़आई के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि वह विनेश फोगाट की सुरक्षा की 'व्यक्तिगत गारंटी' देते हैं, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि विनेश कांग्रेस की विधायक भी हैं, उन्हें इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए.
संजय सिंह ने अख़बार से कहा, "मैं विनेश को उनकी सुरक्षा को लेकर अपनी व्यक्तिगत गारंटी दे रहा हूं. डब्ल्यूएफ़आई अध्यक्ष के रूप में मैं उन्हें और उनकी टीम को यह भरोसा देता हूं कि गोंडा में वे पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी. मैं खुद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करूंगा. कृपया आइए और मैट पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कीजिए."
उन्होंने आगे कहा, "दूसरी ओर, अगर वह राजनीति करना चाहती हैं तो यह उनकी पसंद है. मामला अदालत में है, इसलिए मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा. सच सामने आने दीजिए."
संजय सिंह ने यह भी कहा, "गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए लगभग 1200 एंट्रीज़ आई हैं, जिनमें से करीब 800 एंट्रीज़ हरियाणा के पहलवानों की हैं. इनमें से किसी भी अन्य पहलवान ने कोई आपत्ति नहीं जताई है.
उन्होंने आगे कहा, "अगर विनेश को पक्षपाती रेफ़री को लेकर चिंता है, तो मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूँ कि इस प्रतियोगिता के लिए चुने जाने वाले सभी रेफ़री भारतीय कुश्ती महासंघ और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के पैनल से होंगे. यह चयन पूरी तरह निष्पक्ष है और न ही बृजभूषण शरण सिंह और न ही मेरा इसमें कोई दख़ल होगा कि कौन रेफ़री बनेगा."
यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ अभियान
साल 2023 में भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे और कुछ भारतीय पहलवानों ने लगातार बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ अपना विरोध प्रदर्शन किया था. हालांकि, बृजभूषण इन आरोपों से इनकार करते रहे.
पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने अपने सरकारी सम्मान 'खेल रत्न' और 'अर्जुन पुरस्कार' दिल्ली में कर्तव्य पथ पर छोड़ दिए थे. दोनों पहलवानों ने दिल्ली पुलिस से इसे प्रधानमंत्री को सौंपने का अनुरोध किया था.
पिछले साल मई में विनेश फोगाट समेत बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ अभियान चलाने वाले पहलवानों को तब झटका लगा था जब दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ दर्ज 'पॉक्सो' का केस बंद कर दिया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.