पंजाब के गवर्नर की हत्या

- Author, हफ़ीज़ चाचड़
- पदनाम, बीबीसी हिंदी संवाददाता, इस्लामाबाद
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रांत के गवर्नर सलमान तासीर की इस्लामाबाद में हत्या कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार इस्लामाबाद की कोहसार मार्कीट में एक सुरक्षाकर्मी ने उन पर उस समय गोलियाँ चलाईं जब वे अपनी गाड़ी से उतर रहे थे. पुलिस का कहना है कि गोलियाँ उनके ही सुरक्षागार्ड ने चलाईं.
कुछ दिन पहले सलमान तासीर ने ईश-निंदा के आरोप में मौत की सज़ा काट रही ईसाई महिला आसिया बीबी से मुलाक़ात की थी और उनकी माफ़ी के लिए राष्ट्रपति से अनुरोध करने का आश्वासन दिया था. इसके बाद से उनको धमकियाँ मिल रही थीं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सलमान तासीर के सीने पर कई गोलियाँ लगी और वे गंभीर रुप से घायल हो गए जिसके बाद उन्हें करीबी अस्पलात पहुँचाया गया.डॉक्टरों ने सलमान तासीर को मृत घोषित कर दिया और कहा कि उनके सीने पर नौ गोलियाँ लगी हैं.
कद्दवार हस्ती

पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने बताया है,"गार्ड ने हत्या करने के बाद अपने आप ही आत्मसमर्पण कर दिया. सुरक्षा गार्ड का कहना था कि उसने गोली इसलिए चलाई क्योंकि उसके मुताबिक सलमान तासीर ने ईश-निंदा क़ानून को काला क़ानून कहा था."
पुलिस ने घटनास्थल को घेरे में लिया और कुछ संदिग्ध लोगों को भी गिरफ्तार किया है. गोलीबारी के बाद सभी दुकानें बंद हो गई हैं.
सलमान तासीर पाकिस्तान की अहम राजनीतिक हस्तियों में से एक थे. उनकी हत्या ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुज़र रहा है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सलमान तासीर की हत्या की निंदा की है और रहमान मलिक से हत्या की जाँच की निगरानी करने के लिए कहा है.
































