फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर फ़ैक्ट चेकर्स को लेकर मेटा ने किया ये बड़ा फ़ैसला

मेटा ने फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर इंडिपेंडेंट फ़ैक्ट चेकर्स को हटाने का फ़ैसला लिया है. इसकी जगह 'एक्स' की तरह कम्युनिटी नोट्स का विकल्प शुरू होगा.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर से हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  2. फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर फ़ैक्ट चेकर्स को लेकर मेटा ने किया ये बड़ा फ़ैसला, लिव मैकमोहन, टेक्नोलॉजी रिपोर्टर

    मार्क ज़करबर्ग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मेटा ने फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर इंडिपेंडेंट फ़ैक्ट चेकर्स को हटाने का फ़ैसला लिया है. इसकी जगह 'एक्स' की तरह कम्युनिटी नोट्स का विकल्प शुरू होगा, जहाँ किसी पोस्ट की सच्चाई के बारे में कमेंट करना यूज़र की स्वेच्छा पर रहता है.

    मेटा कंपनी ने मंगलवार को एक ब्लॉग के साथ सीईओ मार्क ज़करबर्ग का एक वीडियो पोस्ट किया है. मार्क ज़करबर्ग ने कहा है कि थर्ड पार्टी मॉडरेटर्स भी "राजनीतिक झुकाव" वाले ही होते हैं. उन्होंने कहा है कि अब "अभिव्यक्ति की आज़ादी की अपनी जड़ों की ओर लौटने का वक्त आ गया है."

    मेटा के ग्लोबल हेड के पद पर सर निक क्लेग की जगह ले रहे जोएल कैपलन ने लिखा है कि स्वतंत्र मोडरेटर्स पर कंपनी ने सच्चे इरादे के साथ भरोसा किया था, लेकिन यह अक्सर यूजर्स पर सेंसर लगा देता था.

    हालांकि हेट स्पीच के ख़िलाफ़ अभियान चलाने वालों में इस फ़ैसले से असहमति दिख रही है. उनका मानना है कि यह बदलाव वास्तव में डोनाल्ड ट्रंप को ख़ुश करने के इरादे से किया जा रहा है.

    नवंबर में अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को शपथ लेंगे.

  3. तिब्बत में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 126 हुई, कड़ाके की ठंड में जारी है बचाव अभियान

    शिगात्से

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शिगात्से में रात के वक़्त तापमान माइनस16 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है

    तिब्बत के शिगात्से में आए भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 125 के पार हो गई है. इस हादसे में कम से कम 188 लोग घायल भी हुए हैं.

    भूकंप प्रभावित इलाक़े में बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है, लेकिन रात में यहां का तापमान -18 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है.

    इस तापमान के बीच इलाक़े में जीवित बचे लोगों के लिए बचाव अभियान जारी है.

    चीन के मौसम विभाग के मुताबिक़ हिमालय के उत्तर की तरफ भूकंप के एपिसेंटर टिंगरी काउंटी में रात शुरू होने से पहले ही तापमान -8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.

    हिमालय की पहाड़ियों पर एवरेस्ट के पास बसे शिगात्से में स्थानीय समय के मुताबिक़ मंगलवार सुबह क़रीब 9 बजे 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था.

    इस भूकंप की वजह से यहां एक हज़ार से ज़्यादा मकान ढह गए हैं या क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    इस भूकंप के झटके पड़ोसी देश भारत और नेपाल के कई इलाकों में भी महसूस किए गए थे.

    शिगात्से को तिब्बत के सबसे पवित्र शहरों में से एक माना जाता है, यह काफ़ी दुर्गम इलाक़े में बसा हुआ है.

    इस इलाक़े में अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं, लेकिन मंगलवार का भूकंप हाल के वर्षों में आए सबसे भीषण भूकंप में से एक है.

  4. पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का स्मारक बनाने को केंद्र सरकार ने दी मंज़ूरी

    शर्मिष्ठा मुखर्जी और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @Sharmistha_GK

    इमेज कैप्शन, शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पीएम मोदी के साथ मुलाक़ात की तस्वीर पोस्ट की है

    पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने अपने पिता प्रणब मुखर्जी के स्मारक बनाने की मंज़ूरी देने के लिए मोदी सरकार का धन्यवाद किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ शर्मिष्ठा मुखर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी के साथ मुलाक़ात की तस्वीरें पोस्ट की हैं और इस स्मारक के लिए उनका धन्यवाद किया है.

    शर्मिष्ठा मुखर्जी ने लिखा है कि ऐसी किसी मांग के बिना ही इस पर विचार किया गया, इसलिए यह ज़्यादा ख़ास है.

    "बाबा कहा करते थे कि किसी सरकारी सम्मान की मांग नहीं की जानी चाहिए, यह ख़ुद दिया जाना चाहिए. पीएम मोदी ने बाबा की यादों को यह सम्मान दिया है, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं."

    शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा है कि उन्हें केंद्र सरकार के इस फ़ैसले की एक चिट्ठी 1 जनवरी को मिली थी और वो इसके लिए पीएम मोदी का धन्यवाद करना चाहती थीं.

    इससे पहले दिसंबर महीने की 26 तारीख़ को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद कांग्रेस पार्टी की तरफ़ से मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए जगह की मांग की जा रही थी, जहां उनकी समाधि और स्मारक बनाया जा सके.

    हालांकि केंद्र सरकार ने स्मारक के लिए ज़मीन देने पर सहमित जताई थी, लेकिन इसके लिए कुछ प्रक्रिया और इसमें समय लगने की बात कही थी.

    उस समय में शर्मिष्ठा मुखर्जी ने यह बात उठाई थी कि कांग्रेस पार्टी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन के वक़्त ऐसी मांग नहीं की थी.

  5. असम के मंत्री ने कोयला खदान में फंसे मज़दूरों के बारे में क्या बताया, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    मज़दूरों को बचाने के अभियान में लगी टीम

    इमेज स्रोत, DILIP SHARMA/BBC

    इमेज कैप्शन, कोयला खदान में सोमवार सुबह से मज़दूर फंसे हुए हैं

    असम के कोयला खदान में बीते 30 घंटे से फंसे मज़दूरों का अभी कोई सुराग नहीं मिला है. अब लोगों की नज़र विशाखापत्तनम से आए नौसेना के गोताखोरों पर टिकी हैं.

    ये मज़दूर सोमवार सुबह क़रीब 8 बजे असम के दीमा हसाओ ज़िले के उमरांगशु इलाक़े में एक कोयला खदान से कोयला निकालने गए थे. इन मजदूरों को बचाने के लिए एनडीआरएफ के गोताखोर मंगलवार को अलग-अलग समय पर 5 बार खदान के अंदर गए लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी.

    बचाव अभियान दल के एक अधिकारी ने कहा कि यह बहुत मुश्किल अभियान है क्योंकि खदान के अंदर 100 फीट ऊंचाई तक पानी भरा है.

    मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि बचाव अभियान में सहायता के लिए नौसेना के गोताखोरों को बुलाया गया है.

    मुख्यमंत्री सरमा ने एक नेपाली नागरिक समेत नौ लोगों के खदान में फंसे होने की पुष्टि की है, हालांकि खदान से सुरक्षित बाहर आए मज़दूर के अनुसार सोमवार सुबह 40 मजदूर अंदर गए थे और 15 से अधिक लोग अभी भी फंसे हुए हैं.

    खदान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तीन सौ फ़ुट गहरे खदान में 100 फ़ुट तक पानी भरे होने की बात कही जा रही है

    पहाड़ी इलाक़े में मौजूद इस खदान से इस सीज़न में कोयला निकालने के काम का सोमवार को पहला दिन था.

    घटनास्थल पर मौजूद असम के खान और खनिज मंत्री कौशिक राय ने कोयला खदान में फंसे मजदूरों के बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने कहा कि खदान में 100 फ़ुट तक पानी है. अभी बचाव दल 50 फ़ुट पानी में पहुँच सका था, इसके लिए नेवी के एक्सपर्ट की ज़रूरत है. इसलिए विशाखापत्तनम से नौसेना की टीम भी अब यहाँ पहुँच चुकी है.

    उन्होंने बताया कि इस मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई है और एक व्यक्ति को गिरफ़्तार भी किया गया है.

  6. उमर ख़ालिद की ज़मानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई शुरू, जानिए क्या रखी गईं दलीलें

    उमर ख़ालिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली हाईकोर्ट ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय यानी जेएनयू के पूर्व छात्र उमर ख़ालिद, शरजील इमाम और अन्य छह अभियुक्तों की ज़मानत याचिका पर सुनवाई की है.

    इन लोगों पर दिल्ली दंगों में साज़िश रचने का आरोप है.

    इस मामले में दिल्ली सरकार की तरफ से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ने इन अभियुक्तों को ज़मानत देने का विरोध किया है.

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 748 लोग घायल हुए थे.

    उन्होंने दलील दी कि इस दंगे की योजना भारत विरोधी लोगों ने बनाई थी.

    उन्होंने उमर खालिद की ज़मानत के विरोध में कहा है कि अब भी परिस्थितियों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, इसलिए अदालत को इसपर ध्यान नहीं देना चाहिए.

    उन्होंने कहा, “ये अभियुक्त ट्रायल में देरी के लिए भी ज़िम्मेदार हैं. तीन अभियुक्तों ने इस मामले में एक अर्जी डालकर स्पष्टीकरण मांगा कि क्या मामले की जांच पूरी हो गई है या नहीं.”

    उन्होंने दलील दी, “इस मामले में तीन अभियुक्तों नताशा नरवाल, देवंगना कलिता और आसिफ़ तन्हा को मिली ज़मानत को नज़ीर बनाकर अन्य अभियुक्तों को ज़मानत नहीं दी जानी चाहिए.”

    बुधवार को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अमित प्रसाद इस केस के तथ्यों पर अपनी दलील जारी रखेंगे.

  7. तस्वीरों में देखिए तिब्बत में आए भूकंप की तबाही

    शिगात्से

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मंगलवार सुबह तिब्बत में आए भूकंप में कम से कम 95 लोगों की मौत हो गई और क़रीब 130 लोग घायल हैं.
    शिगात्से

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में से एक तिब्बत का शिगात्से शहर है. यह तिब्बत के पवित्र शहरों में से एक माना जाता है
    शिगात्से

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शिगात्से में स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह क़रीब नौ बजे 7.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए
    शिगात्से

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शिगात्से इलाक़े हिमालय के नजदीक है और यहाँ भूकंप आने की संभावना बनी रहती है.
    काठमांडू

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मंगलवार के भूकंप के झटके पड़ोसी देश भारत और नेपाल के भी कई इलाक़ों में महसूस किए गए. काठमांडू में भूकंप के झटके के बाद घर से बाहर निकले लोग
  8. भारतीय अर्थव्यवस्था को लग सकता है झटका, जानिए कितनी रह सकती है विकास दर

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत का सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी की वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष 2024-25 में 6.4 फ़ीसदी रहने का अनुमान है.

    पिछले वित्त वर्ष में जीडीपी की ग्रोथ 8.2 फ़ीसदी थी.

    मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है.

    राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय यानी एनएसओ ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राष्ट्रीय आय का पहला अग्रिम अनुमान जारी किया है.

    एनएसओ के मुताबिक़ वास्तविक जीडीपी के इस साल 6.4 फ़ीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है. वित्त वर्ष 2023-24 में जीडीपी की वृद्धि दर 8.2 फ़ीसदी बताई गई थी, हालाँकि ये आंकड़ा भी प्रॉविजनल ही है.

    आर्थिक ग्रोथ के ये आंकड़े कुछ चिंता में डालने वाले हैं, क्योंकि भारतीय रिज़र्व बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए जीडीपी ग्रोथ 6.6 फ़ीसदी रहने का अनुमान जताया था. ज़ाहिर है एनएसओ का आंकड़ा इससे कम है.

    साल 2022-23 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7 फ़ीसदी रही थी.

  9. दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख़ के ऐलान पर क्या बोलीं मायावती?

    मायावती

    इमेज स्रोत, ANI

    बहुजन समाज पार्टी यानी बीएसपी की प्रमुख मायावती ने कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनावों में किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी और अपने बूते चुनाव लड़ेगी.

    उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी.

    सोशल मीडिया एक्स पर मायावती ने लिखा, "दिल्ली में चुनावों की घोषणा का स्वागत है. बीएसपी यह चुनाव अपनी पूरी तैयारी और अपने बलबूते लड़ रही है."

    मायावती ने लिखा, "चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ है. मतदाताओं से अपील है कि वो किसी पार्टी के लुभावने वादों के बहकावे में न आएं."

  10. चुनाव आयोग ने भारत में चुनाव को बताया 'गोल्ड स्टैंडर्ड', दिए कई आरोपों के जवाब

    राजीव कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजीव कुमार ने चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों को ख़ारिज़ किया है

    चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनावों की तारीख़ का ऐलान कर दिया है. दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फ़रवरी को वोट डाले जाएंगे, जबकि वोटों की गिनती 8 फ़रवरी को होगी.

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इस दौरान ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विपक्षी दलों के सभी आरोपों को भी ख़ारिज़ किया है.

    वोटरों के नाम हटाने पर क्या कहा

    उन्होंने कहा कि ईवीएम पर आरोप लगते रहते हैं. इस बार वोटर लिस्ट से नाम काटने की भी शिकायत की गई. वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप भी लगे.

    दरअसल, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में चुनाव से पहले वोटर लिस्ट से कई मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाया है.

    इन आरोपों पर राजीव कुमार ने कहा कि लिस्ट से वोटर का नाम हटाने के लिए पूरी प्रक्रिया का पालन किया जाता है और राजनीतिक दलों की सहमति से वोटर लिस्ट अपडेट होती है.

    ईवीएम पर लग रहे आरोपों पर चुनाव आयोग का जवाब

    पिछले कुछ विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी ने खुलकर ईवीएम पर सवाल उठाए हैं. इसके अलावा अन्य दलों ने भी कई बार चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

    राजीव कुमार ने इन आरोपों पर कहा है, "साल 2020 से अब तक 20 विधानसभा चुनाव हुए हैं, इसमें 15 जगहों पर अलग-अलग दलों ने सबसे ज़्यादा सीटें जीती हैं." राजीव कुमार ने दावा किया है कि भारत का चुनाव 'गोल्ड स्टैन्डर्ड' का होता है.

    मतदान के आंकड़े बढ़ने पर जवाब

    राजीव कुमार ने कहा कि आरोप लगाया जाता है कि वोटों की गिनती में करोड़ों वोट बढ़ा दिए गए.

    “हमसे कहा जाता है कि कहां लंबी कतारें थीं, वो सीसीटीवी दिखाइए."

    इस आरोप पर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया की वजह से होता है और हर जगह से आंकड़े आने में समय लगता है, अगर ईवीएम में इंटरनेट नहीं होगा तो यह समय लगेगा.

    उनका कहना है कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट लगातार अलग-अलग आदेशों में ये कहते आए हैं कि ईवीएम में किसी तरह की गड़बड़ी या हैकिंग नहीं हो सकती है.

    कार्ड

    वोट की गिनती में अंतर पर क्या कहा?

    राजीव कुमार ने कहा है कि कई बार यह आरोप भी लगाया जाता है कि जितने वोट डाले गए उसेस ज्यादा वोट गिने गए हैं.

    कुछ मशीनों में मॉक पोल का डेटा नहीं हटाया गया तो ऐसा होता है, लाख़ों मशीन में चार मशीनों में ऐसा हो सकता है.

    ऐसे मशीनों के वोट अलग रख लिए जाते हैं और गिनती ख़त्म होने के बाद अगर यह वोट जीत- हार के मार्जिन से कम होता है तो उम्मीदवार की जीत घोषित की जाती है.

    इस आरोप पर उन्होंने कहा, “चुनाव की तारीख़ से 7 या 8 दिन पहले ईवीएम में सिंबल डाले जाते हैं, उसी दिन बैटरी डाली जाती है, मॉक पोल होता है और उसी दिन एजेंट के सामने मशीन को सील कर स्ट्रॉंग रूप में रखा जाता है."

    उसके बाद यह पोलिंग के दिन निकाला जाता है. वहां भी पोलिंग एजेंट चाहें तो मॉक पोल होता है.

    दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अधिसूचना 10 जनवरी को जारी की जाएगी.

    इस चुनाव में नामांकन दाखिल करने की आख़िरी तारीख़ 17 फ़रवरी है, जबकि नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 17 फ़रवरी को होगी और उम्मीदवारों के लिए नाम वापसी की अंतिम तारीख़ 20 फ़रवरी रखी गई है.

  11. प्रशांत किशोर को पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है. रविवार को प्रशांत किशोर छात्रों के एक जुलूस का नेतृत्व भी कर रहे थे

    बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन (बीपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा फिर से कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    जन सुराज पार्टी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में ये जानकारी दी है.

    पोस्ट में कहा गया है कि सोमवार की देर रात प्रशांत किशोर की तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    मेदांता अस्पताल के डॉक्टर रविशंकर सिंह ने कहा, "प्रशांत किशोर की हालत अभी स्थिर है. अभी उनकी जाँच चल रही है. शाम तक ही इस बारे में ज़्यादा जानकारी दी जा सकती है."

    प्रशांत किशोर को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, बाद में उन्हें ज़मानत पर छोड़ दिया गया.

  12. विराट कोहली और रोहित शर्मा की आलोचनाओं पर क्या बोले युवराज सिंह

    युवराज सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, युवराज सिंह एक इवेंट के सिलसिले में इन दिनों दुबई में हैं

    पूर्व टेस्ट क्रिकेटर युवराज सिंह ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का समर्थन किया है.

    ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत की हार के बाद कई लोग रोहित शर्मा और विराट कोहली की आलोचना कर रहे हैं. कई लोगों ने इन दोनों दिग्गजों को संन्यास तक लेने की सलाह दे डाली है.

    युवराज ने कहा, "इन दोनों की मौजूदगी में भारत ने पिछले 5-6 साल में जो हासिल किया है वो शानदार है. ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो सिरीज़ जीतना... मुझे नहीं याद कि किसी और टीम ने ऐसा किया हो."

    युवराज ने कहा, "हम विराट कोहली और रोहित के बारे में बहुत ख़राब बातें बोल रहे हैं, लेकिन लोग ये भूल जाते हैं कि उन्होंने पूर्व में क्या हासिल किया है. ये ठीक है कि हम हार गए, लेकिन इसका दु:ख हमसे ज़्यादा उन्हें महसूस हो रहा है."

    सिडनी में आखिरी टेस्ट में रोहित शर्मा के खुद प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने से सवाल पर युवराज ने कहा, "ये बड़ी बात है. मैंने ऐसा देखा नहीं है कि कोई कप्तान फॉर्म में नहीं चल रहा हो और उसने खुद को टीम से बाहर रख दिया. रोहित ने टीम को पहले रखा, वो बहुत अच्छे कप्तान हैं. उनकी कप्तानी में हमने वनडे वर्ल्ड कप का फ़ाइनल खेला, टी20 वर्ल्ड कप जीता. "

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक आगे की ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    ट्रूडो की जगह लेने वालों की रेस में शामिल कनाडा की 'पहली हिंदू मंत्री' कौन हैं?

    संभल इतिहास के आईने मेंः बाबर के नाम पर गढ़ी जा रही पहचान और मस्जिद-मंदिर का विवाद

    जस्टिन ट्रूडो ने छोड़ा पद, क्या अब बेहतर होंगे भारत के साथ कनाडा के रिश्ते?

    एचएमपीवी क्या भारत में फैल सकता है, कितनी ख़तरनाक है ये बीमारी?

    राजस्थान में ज़मीन से निकले पानी के सरस्वती नदी होने के दावे में कितना दम है?

  14. अखिलेश यादव ने पूछा, योगी सरकार आख़िर संभल में छिपाना क्या चाहती थी?

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर संभल की घटना में असलियत छिपाने का आरोप लगाया है.

    अखिलेश ने कहा, "हमारा प्रतिनिधिमंडल जब पहली बार संभल जाकर लोगों से बात करना चाहता था, तब सरकार ने पाबंदी लगा दी. हमारे लोग दिल्ली और लखनऊ से संभल जाने के लिए तैयार हुए तो पुलिस प्रशासन ने उन्हें नहीं जाने दिया."

    उन्होंने कहा, "जब दूसरी बार प्रतिनिधिमंडल वहां गया तो उसी शासन प्रशासन ने हमें जाने दिया. तो ये समझ से परे है कि सरकार क्या छुपाना चाहती थी, जिसकी वजह से प्रतिनिधिमंडल को पहली बार वहाँ नहीं जाने दिया गया."

    अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि संभल में कई लोगों के ऊपर झूठे मुकदमे लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि संभल में जो कुछ हुआ है वो सरकार ने अधिकारियों के माध्यम से कराया है.

    अखिलेश ने आरोप लगाया कि जो लोग संभल में मारे गए हैं, वो दंगे में नहीं, बल्कि पुलिस की गोली से मारे गए हैं. उन्होंने कहा, "जो लोग जेल गए हैं, उनके साथ मारपीट की बात सामने आ रही है."

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम ज़मानत मिली

    आसाराम (फ़ाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम को 2013 के रेप केस मामले में अंतरिम ज़मानत दे दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम को मेडिकल ग्राउंड पर ज़मानत दी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक आसाराम को 31 मार्च तक अंतरिम ज़मानत मिली है.

    कोर्ट ने आसाराम को निर्देश दिए कि ज़मानत पर जेल से बाहर रहने के दौरान वो सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेंगे. इसके अलावा वो अपने अनुयायियों से भी नहीं मिल सकेंगे.

    सूरत की एक महिला ने 2013 में आसाराम और सात अन्य लोगों के ख़िलाफ़ बलात्कार और अवैध रूप से बंधक बनाने का मामला दर्ज कराया था.

    अभियुक्तों में से एक की मुकदमे की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो गई थी. पुलिस ने इस मामले में जुलाई, 2014 में चार्जशीट दायर की थी.

    अहमदाबाद के चांदखेड़ा पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक आसाराम ने 2001 से 2006 के बीच पीड़िता महिला से अहमदाबाद शहर के बाहरी इलाके में स्थित आश्रम में कई बार दुष्कर्म किया गया था.

    ये भी पढ़ें : -

  16. बिहार : बीपीएससी मामले में राज्यपाल से मिलने गए पप्पू यादव क्या बोले

    पप्पू यादव और उनके समर्थक रेल रोकते हुए

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पप्पू यादव और उनके समर्थक रेल रोकते हुए (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव समर्थकों के साथ बीपीएससी परीक्षार्थियों की मांगों को लेकर राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान से मुलाक़ात की है.

    राज्यपाल से मुलाक़ात के बाद उन्होंने कहा,''राज्यपाल ने हमारी बातें ध्यान सुनीं. उन्होंने परीक्षार्थियों की समस्याओं के हल का पूरा आश्वासन दिया.उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय नहीं होगा. उनकी सभी मांगें पूरी होंगी.''

    पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने बीपीएससी पेपर लीक में दोषियों के ख़िलाफ़ जांच और कार्रवाई की मांग की है.

    उन्होंने कहा, '' सिपाही भर्ती घोटाले में कथित तौर पर संजीव की तस्वीर किन-किन नेताओं के साथ है इसकी भी जांच की मांग की जा रही है.''

    पप्पू यादव और उनके समर्थकों ने तीन दिन पहले पटना में सचिवालय हॉल्ट के पास रेल रोकने की कोशिश की थी. इस पर रेलवे पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की थी.

    इससे पहले इस मामले दो जनवरी से आमरण अनशन पर बैठे जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर को सोमवार सुबह चार बजे पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी.

  17. रूस ने यूक्रेन के शहर पर फिर कब्जे का दावा किया, यूक्रेन ने क्या कहा

    रूस का सैनिक झंडा लिए हुए

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रूस का सैनिक झंडा लिए हुए

    रूस ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में कुराखोवे शहर पर फिर से कब्जा कर लिया है.

    हालाँकि यूक्रेन ने रूस के इस दावे को स्वीकार नहीं किया है.

    कुराखोवे को सामरिक दृष्टि से रूस यूक्रेन सीमा पर अहम ठिकाना माना जाता है.

    रविवार को यूक्रेन ने इस इलाके में जवाबी हमला शुरू किया था, इसके बाद से ही रूस और यूक्रेन की सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई चल रही है.

    सोशल मीडिया पर एक तस्वीर काफी चर्चा में है, जिसे समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने उपलब्ध कराया है. इस तस्वीर में कुराखोवे में एक सैनिक रूस का झंडा उठाए हुए दिखाई दे रहा है.

    बीबीसी ने स्वतंत्र तौर पर इस तस्वीर की पुष्टि नहीं की है.

    यूक्रेन की संगठित सेना के प्रवक्ता विक्टर त्रिहुबोव ने कहा कि सोमवार की सुबह तक यूक्रेन की सेना कुराखोवे के अंदर रूस की सेनाओं से लड़ रही थी.

  18. असम की कोयला खदान में नौ मजदूर फंसे, बचाव अभियान में उतरी सेना, दिलीप शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम में कोयला खदान में फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश जारी

    इमेज स्रोत, DILIP SHARMA/BBC

    इमेज कैप्शन, असम में कोयला खदान में फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश जारी

    असम के दीमा हसाओ ज़िले के उमरांगशु इलाक़े में एक कोयला खदान में नौ मजदूर फंसे हुए हैं.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बचाव अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि सहायता के लिए नौसेना के गोताखोरों को बुलाया गया है.

    असम सरकार ने खदान में फंसे मजदूरों की सूची जारी की है. इनमें एक मजदूर नेपाल का है.

    असम

    इमेज स्रोत, DILIP SHARMA/BBC

    मौके पर तैनात टीम के अनुसार खदान के अंदर पानी का स्तर लगभग 100 फीट तक बढ़ गया है. गोताखोरों को विशाखापत्तनम से बुलाया गया है और उनके यहां जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है.

    कोयला खदान में मजदूरों की फंसने की घटना सोमवार सुबह क़रीब 8 बजे की है, जब कुछ मज़दूर खदान के अंदर कोयला निकालने के लिए गए थे.

    घटनास्थल के पास मौजूद एक पीड़ित मज़दूर के रिश्तेदार ने बताया कि सुबह से कुछ मज़दूर खदान के अंदर फंसे है.

    यह हादसा खदान के अंदर अचानक पानी भरने से हुआ है. दरअसल जिस कोयला खदान में यह हादसा हुआ है, वह क़रीब 300 फीट गहरी खदान बताई जा रही है.

    असम में कोयला खदान में मजदूर फंसे

    इमेज स्रोत, DILIP SHARMA/BBC

    असम में कोयला खदान में मजदूर फंसे

    इमेज स्रोत, DILIP SHARMA/BBC

  19. तिब्बत के शिगात्से शहर में भूकंप, चीन के सरकारी मीडिया ने मौतों की संख्या 53 बताई

    भूकंप के झटके नेपाल में भी महसूस किए गए

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भूकंप के झटके नेपाल में भी महसूस किए गए

    चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा है कि तिब्बत के शिगात्से शहर में मंगलवार ( 7 जनवरी 2025) को आए भूकंप में 53 लोगों की मौत हो गई और 38 घायल हो गए हैं.

    शिगात्से शहर में आए इस भूकंप से आशंका जताई जा रही है कि वहां ख़ासा नुक़सान हो सकता है.

    नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत उत्तर भारत में भी इस भूकंप के भारी झटके महसूस किए गए.

    अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे (यूएसजीएस) के मुताबिक़ भूकंप का केंद्र चीन के तिब्बत में है जहां पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आया है.

    भूकंप

    इससे पहले यूएसजीएस ने भूकंप का केंद्र नेपाल के लोबुचे इलाक़े को बताया था लेकिन उसने फिर इसमें बदलाव कर दिया.

    यूएसजीएस ने नेपाल के खुम्बू क्षेत्र में भी 4.8 तीव्रता से अधिक के चार भूकंप के झटके रिकॉर्ड किए हैं.

    जबकि चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी के मुताबिक़ भारतीय समयानुसार मंगलवार सुबह 6.35 बजे तिब्बत के शिगात्से शहर में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया है

  20. दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का आज हो सकता है एलान, चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई

    दिल्ली चुनाव

    चुनाव आयोग मंगलवार ( 7 जनवरी 2025) को दिल्ली विधानसभा चुनावों की तारीख की एलान कर सकता है. चुनाव आयोग ने इस संबंध में मंगलवार को दोपहर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है.

    समझा जा रहा है कि चुनाव आयोग इसमें दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर सकता है. इससे पहले फरवरी महीने में दिल्ली के चुनाव होने के कयास लगाए जाते रहे हैं.

    दिल्ली में विधानसभा की कुल 70 सीटें हैं. माना जा रहा है कि चुनाव को एक ही चरण में संपन्न करवाया जा सकता है. दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 15 फरवरी 2025 को समाप्त होने वाला है.

    बीजेपी दिल्ली में लगातार छह बार चुनाव हार चुकी है. इस बार वो चुनाव जीतने के लिए पूरा जोर लगा रही है.

    चुनाव आयोग

    इमेज स्रोत, CEC

    दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी पर 'आप-दा' कहकर हमला किया है.

    वहीं आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी को अपने वादों के ऊपर ध्यान देना चाहिए.