ईरानी टीम के कोच बोले, 'मेक्सिको के प्रशंसकों ने हमें अलग-थलग महसूस नहीं होने दिया'

इमेज स्रोत, Matt McNulty - FIFA/FIFA via Getty Images
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान की फ़ुटबॉल टीम के मुख्य कोच अमीर ग़ालेनोई ने फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड से मैच के बाद कहा कि मुक़ाबले के दौरान मेक्सिकन लोगों ने ईरानी टीम को अलग-थलग महसूस नहीं होने दिया.
ईरानी कोच ने मैच के बाद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अमेरिका की ओर से उनकी टीम के अमेरिकी ज़मीन पर रहने को लेकर लगाई गई समय सीमा का भी ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, "उन्होंने हमें माहौल में ढलने के लिए दो हफ़्ते पहले आने की इजाज़त नहीं दी, और अब आराम करने के बजाय उन्होंने कहा है कि हमें यहां से जाना होगा."
ईरानी टीम को अमेरिका छोड़ने से जुड़े सवाल के जवाब में ग़ालेनोई ने कहा, "ईरानी टीम वर्ल्ड कप के इतिहास में शायद ऐसी टीम है, जिसका सबसे अधिक उत्पीड़न किया गया है."
उन्होंने स्टेडियम में मौजूद उन ईरानियों को धन्यवाद दिया जिन्होंने टीम का उत्साह बढ़ाया और उन मैक्सिकन लोगों को भी धन्यवाद दिया, जिनके लिए उन्होंने कहा कि इन लोगों ने तिजुआना में ईरानी टीम को अलग-थलग महसूस नहीं होने दिया गया.
ग्रुप जी में ईरान और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला गया मुक़ाबला ड्रॉ पर ख़त्म हुआ. दोनों ही टीमों ने 2-2 गोल दागे.
मैच में ईरान ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी की. ईरान के लिए रामिन रेज़ाइयान और मोहम्मद मोहेबी ने 1-1 गोल किया.



















