अमेरिका कई देशों पर नए टैरिफ़ लगाने की कर रहा तैयारी, चीन और जापान समेत 16 देश होंगे प्रभावित, जोनाथन जोसेफ्स और ऑसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका कई देशों से होने वाले आयात पर नए टैरिफ़ लगाने की तैयारी कर रहा है.
बीबीसी की जानकारी के मुताबिक़, इस फ़ैसले से अमेरिका के कई बड़े व्यापारिक साझेदार प्रभावित होंगे. इनमें चीन, यूरोपीय यूनियन, मेक्सिको और जापान समेत कुल 16 देश या व्यापारिक समूह शामिल हैं.
टैरिफ़ लगाना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीति का प्रमुख हिस्सा रहा है. उनका तर्क है कि आयात शुल्क बढ़ाने से अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे.
अप्रैल 2025 में ट्रंप ने दुनिया के कई व्यापारिक साझेदारों पर बड़े टैरिफ़ लगाने का एलान किया था. उनके इस फ़ैसले से दुनियाभर में हलचल मच गई थी. हालांकि, बाद में इन टैरिफ़ को रद्द कर दिया गया था.
उस समय अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर ने दलील दी थी कि विदेशों में ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन के कारण अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग प्रभावित हो रही है और निवेश को भी बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है.
नए टैरिफ़ के तहत अलग-अलग देशों पर आयात शुल्क की दरें अलग होंगी. यह दर इस बात पर निर्भर करेगी कि संबंधित देश ने पहले राष्ट्रपति ट्रंप के साथ किस तरह के व्यापारिक समझौते किए हैं.
इस फ़ैसले से अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ने की आशंका है. दुनिया की ये दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं पहले से ही ट्रेड विवाद में उलझी हुई हैं.









