ट्रंप ने किंग चार्ल्स के सामने ब्रिटिश लोगों को अमेरिकियों का सबसे क़रीबी दोस्त बताया

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला अपने अमेरिकी दौरे के दूसरे दिन व्हाइट हाउस पहुंचे हैं, जहां उनका स्वागत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने किया.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. ट्रंप ने किंग चार्ल्स के सामने ब्रिटिश लोगों को अमेरिकियों का सबसे क़रीबी दोस्त बताया

    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, किंग चार्ल्स अमेरिका के दौरे पर हैं

    ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला अपने अमेरिकी दौरे के दूसरे दिन व्हाइट हाउस पहुंचे हैं, जहां उनका स्वागत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने किया.

    इस मुलाक़ात की कई तस्वीरें भी आई हैं, जिनमें किंग चार्ल्स और राष्ट्रपति ट्रंप हाथ मिलाते हुए मुस्कुराते दिखाई दिए.

    ट्रंप से मुलाक़ात के बाद किंग चार्ल्स अमेरिकी सांसदों को संबोधित करेंगे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने भाषण में ब्रिटिश लोगों की "उदार भावना" का ज़िक्र किया और अमेरिका के इतिहास को ब्रिटेन से जोड़ा.

    ट्रंप ने कहा, "अमेरिका की स्थापना अटलांटिक के दोनों किनारों पर सैकड़ों वर्षों की सोच, संघर्ष, ख़ून, पसीने और बलिदान का नतीजा था."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका की आज़ादी के बाद बीती सदियों में "अमेरिकियों का ब्रिटिश लोगों से बढ़कर कोई क़रीबी दोस्त नहीं रहा."

    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने अपने भाषण में ब्रिटिश लोगों को उदार बताया
    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, किंग चार्ल्स के स्वागत के बाद ट्रंप ने अपना भाषण दिया
    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला ने अमेरिकी कैबिनेट के सदस्यों से भी मुलाक़ात की
    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ट्रंप के भाषण के बाद किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला व्हाइट हाउस की बालकनी से सैनिकों की परेड देखने पहुंचे
    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन और अमेरिका के राष्ट्रगान के दौरान की तस्वीर
  2. मेघालय ने अंग्रेज़ी, खासी और गारो को आधिकारिक भाषाएं घोषित की

    चंद्रशेखर एच. विजयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मेघालय के राज्यपाल चंद्रशेखर एच. विजयशंकर ने 'मेघालय आधिकारिक भाषा अध्यादेश 2026' को मंज़ूरी दे दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    मेघालय में अंग्रेज़ी के साथ-साथ खासी और गारो राज्य की आधिकारिक भाषाएं घोषित की गई हैं.

    संसद टीवी के मुताबिक़, मेघालय के राज्यपाल चंद्रशेखर एच. विजयशंकर ने 'मेघालय आधिकारिक भाषा अध्यादेश 2026' को मंज़ूरी दे दी है.

    सरकार की ओर से जारी ग़ज़ट में कहा गया है कि अंग्रेज़ी, खासी और गारो मेघालय की आधिकारिक भाषाएं होंगी और इनमें से किसी का भी इस्तेमाल मेघालय राज्य के आधिकारिक कामों में किया जा सकता है.

    ग़ज़ट के मुताबिक़, खासी और जयंतिया हिल डिवीज़न में सरकारी कामों में अंग्रेज़ी और खासी का इस्तेमाल होगा, जबकि गारो हिल डिवीज़न में अंग्रेज़ी और गारो का इस्तेमाल होगा.

  3. प्रधानमंत्री मोदी ने महिला आरक्षण पर अब क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Niharika KULKARNI / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह विधायिका में महिला आरक्षण को लागू करने में 'कोई कसर' नहीं छोड़ेंगे.

    उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, "अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया."

    "लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक़ लागू हो, इसमें मैं कोई कसर बाकी नहीं छोड़ूंगा."

    बीते दिनों संसद के विशेष सत्र में सरकार ने महिला आरक्षण क़ानून में संशोधन और परिसीमन से जुड़ा विधेयक पेश किया था, जो कि वोटिंग के बाद गिर गया.

    इसे पास कराने के लिए विशेष बहुमत की ज़रूरत थी.

  4. मध्य प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता के लिए बनाई उच्च स्तरीय समिति, शुरैह नियाज़ी, भोपाल से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    मोहन यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश सरकार का कहना है कि इस फ़ैसले का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समानता और न्याय सुनिश्चित करना है (फ़ाइल फ़ोटो)

    मध्य प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में एक अहम क़दम उठाते हुए सोमवार को छह सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है.

    यह समिति राज्य में यूसीसी लागू करने की संभावनाओं, क़ानूनी पहलुओं और सामाजिक प्रभावों का अध्ययन करेगी.

    इस समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं.

    सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, समिति विभिन्न धर्मों और समुदायों से जुड़े वैवाहिक, उत्तराधिकार और पारिवारिक क़ानूनों की समीक्षा करेगी और यह आकलन करेगी कि एक समान क़ानून किस तरह लागू किया जा सकता है.

    साथ ही, यह समिति अन्य राज्यों के अनुभवों और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों का भी अध्ययन करेगी. समिति उत्तराखंड और गुजरात के मॉडल का भी अध्ययन करेगी.

    समिति में विधि विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है. यह समिति 60 दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी.

    गौरतलब है कि यूसीसी का मुद्दा लंबे समय से राष्ट्रीय बहस का विषय रहा है. ऐसे में मध्य प्रदेश सरकार का यह क़दम राज्य स्तर पर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

    विपक्ष ने जहां इस फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं, वहीं सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समानता और न्याय सुनिश्चित करना है.

    समिति में अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई के अलावा रिटायर्ड आईएएस शत्रुघ्न सिंह, क़ानून के जानकार अनूप नायर, शिक्षाविद गोपाल शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता बुधपाल सिंह और अपर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अजय कटेसरिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.

  5. ट्रंप बोले, ईरान ने अमेरिका से होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने की मांग की

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Tasos Katopodis/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ईरान अपने 'नेतृत्व की स्थिति को सुलझाने' की कोशिश कर रहा है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने उनसे होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने की मांग की है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान 'ढहने की स्थिति' में है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, "ईरान ने अभी हमें जानकारी दी है कि वह 'ढहने की स्थिति' में है. वे चाहते हैं कि हम जितनी जल्दी हो सके 'होर्मुज़ स्ट्रेट खोल दें'."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ईरान अपने 'नेतृत्व की स्थिति को सुलझाने' की कोशिश कर रहा है और उनका मानना है कि वह ऐसा कर लेगा.

    पिछले हफ़्ते पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर का बातचीत का प्रयास हुआ था.

    लेकिन यह बातचीत नहीं हो पाई और अब तक दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हो पाया है.

  6. यूएई तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक और ओपेक प्लस से होगा अलग

    तेल रिफ़ाइनरी

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूएई सालाना 29 लाख बैरल तेल का उत्पादन करता है

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा है कि वह लगभग 60 साल बाद प्रमुख तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक और ओपेक प्लस से बाहर हो रहा है.

    यूएई ने कहा कि यह फ़ैसला उसकी "दीर्घकालिक रणनीति, इकोनॉमिक विज़न और बदलती एनर्जी प्रोफ़ाइल" को दर्शाता है.

    यूएई के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इन समूहों के तहत किसी बाध्यता से मुक्त होने पर देश को ज़्यादा लचीलापन मिलेगा.

    यूएई 1967 में ओपेक में शामिल हुआ था और उसके बाहर होने के बाद इस तेल समूह में 11 सदस्य रह जाएंगे.

    इस फ़ैसले को ओपेक के लिए झटका माना जा रहा है. एमएसटी फ़ाइनेंशियल में ऊर्जा अनुसंधान प्रमुख सॉल कैवोनिक ने कहा कि यह "ओपेक के अंत की शुरुआत" है.

    उन्होंने कहा, "यूएई के बाहर होने से ओपेक अपनी लगभग 15 प्रतिशत क्षमता खो देगा और अपने सबसे अनुशासित सदस्यों में से एक को भी गंवा देगा."

    ओपेक के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, यूएई सालाना 29 लाख बैरल तेल का उत्पादन करता है. ओपेक का सबसे बड़ा उत्पादक देश सऊदी अरब सालाना 90 लाख बैरल तेल निकालता है.

  7. संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष विदेश मंत्री जयशंकर से मिलीं, क्या बोलीं

    एनालीना बेयरबॉक और एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष एनालीना बेयरबॉक ने मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों का ज़िक्र किया है

    संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष एनालीना बेयरबॉक ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात की है. इस दौरान दोनों नेताओं ने कई मुद्दों पर बात की.

    बैठक के बाद भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर लिखा, "हमारे बीच यूएन80, सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स, एआई के प्रभावों और पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा हुई. इस दौरान आज के दौर के मुताबिक़, ख़ासतौर पर ग्लोबल साउथ को ध्यान में रखते हुए बहुपक्षवाद में सुधार की ज़रूरत पर ज़ोर दिया गया."

    एनालीना बेयरबॉक ने भी अपने बयान में इस मुलाक़ात का ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात कर यह चर्चा करने का मौक़ा मिला कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच हम वैश्विक मुद्दों पर बहुपक्षीय सहयोग को कैसे मज़बूत कर सकते हैं."

    संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष ने मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर सीधे हमले हो रहे हैं. जलवायु परिवर्तन और कोविड जैसी वैश्विक स्वास्थ्य महामारी से लेकर युद्धों के वैश्विक आर्थिक असर तक, जैसा कि यूक्रेन पर रूस के हमले या होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने से देखा गया. दुनिया के एक हिस्से में जो होता है उसका असर हर जगह सब पर पड़ता है."

    "इसीलिए अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पालन और सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स को पाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि हम सबके हित में है"

    एनालीना बेयरबॉक ने कहा कि युद्धविराम हासिल करने की हर कोशिश बेहद अहम है.

    उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की भी बात कही.

    बेयरबॉक ने कहा, "मौजूदा हालात में, जब पी5 (सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्य) सदस्य देशों पर भी संयुक्त राष्ट्र चार्टर को कमज़ोर करने के आरोप लग रहे हैं, सुरक्षा परिषद सुधार पर चर्चा तेज़ हुई है. मैंने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए दो सह-समन्वयकों की नियुक्ति की है."

    उन्होंने कहा कि भारत समेत कई देशों के 'प्रस्ताव मेज़ पर' हैं. उन्होंने यह भी बताया कि अफ्रीकी संघ की ओर से प्रस्ताव है.

    अफ़्रीका ऐसा महाद्वीप है जिसका कोई भी देश सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के तौर पर प्रतिनिधित्व नहीं रखता.

  8. इंजीनियर राशिद को दिल्ली हाई कोर्ट ने दी ज़मानत, रखीं ये शर्तें

    इंजीनियर राशिद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, इंजीनियर राशिद बारामूला से सांसद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को जेल में बंद जम्मू-कश्मीर से लोकसभा सदस्य शेख अब्दुल राशिद उर्फ़ ​​इंजीनियर राशिद को एक हफ़्ते की अंतरिम जमानत दे दी है. उन्हें ये ज़मानत,अपने बीमार पिता से मिलने के लिए दी गई है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, जस्टिस प्रतिभा एम सिंह और मधु जैन की पीठ ने स्पष्ट किया कि इस दौरान राशिद या तो अपने पिता को देखने के लिए अस्पताल जा सकते हैं या घर पर रह सकते हैं. उन्हें इसके अलावा कहीं जाने की अनुमति नहीं होगी.

    अदालत ने आगे आदेश दिया कि कम से कम दो पुलिस अधिकारी हर समय सादे कपड़ों में उनके साथ रहेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अदालत ने यह आदेश राशिद की उस अपील पर सुनवाई करते हुए दिया, जिसमें उन्होंने निचली अदालत के 24 अप्रैल के उस फ़ैसले को चुनौती दी थी जिसमें उन्हें अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया गया था.

    वरिष्ठ अधिवक्ता एन हरिहरन ने कहा कि अपीलकर्ता के पिता की हालत गंभीर है और श्रीनगर के सरकारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

    एनआईए की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने राशिद की अपील का विरोध करते हुए सुझाव दिया कि उन्हें अंतरिम जमानत के बजाय हिरासत में पैरोल पर अपने पिता से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए.

    अदालत ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया.

    राशिद बारामूला से सांसद हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में उमर अब्दुल्ला को हराया था. वे इस वक़्त आतंकवाद के वित्तपोषण मामले में मुक़दमे का सामना कर रहे हैं, जिसमें उन पर जम्मू-कश्मीर में अलगाववादियों और आतंकी समूहों को वित्त पोषित करने का आरोप है.

    उन्हें 2017 के आतंकी वित्तपोषण मामले में एनआईए ने गिरफ्तार किया था. साल 2019 से वे दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं.

  9. राजा रघुवंशी हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त सोनम रघुवंशी को मिली ज़मानत, समीर ख़ान, इंदौर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    सोनम और राजा रघुवंशी

    इमेज स्रोत, Sameer Khan

    इमेज कैप्शन, राजा रघुवंशी की हत्या के एक हफ़्ते बाद पुलिस ने सोनम को उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में पकड़ा था

    राजा रघुवंशी हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त सोनम रघुवंशी को ज़मानत मिल गई है. वह मेघालय के शिलॉन्ग जेल में बंद थीं.

    इस मामले में तीन अभियुक्तों को पहले ही ज़मानत मिल चुकी है.

    राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इंदौर में मीडिया से बातचीत में कहा कि वकील ने उन्हें बताया कि सोनम को एक दिन पहले यानी 27 अप्रैल को जमानत मिली है.

    उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश से सोनम को पुलिस ने हिरासत में लिया था तो उन्हें हिरासत में लेने की वजह नहीं बताई गई थी.

    विपिन रघुवंशी ने बताया कि सोनम के वकील ने कोर्ट में यही तर्क दिया और उन्हें ज़मानत मिल गई.

    साथ ही विपिन ने यह भी कहा कि वह इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ हाई कोर्ट में अपील करेंगे.

    पिछले साल मई महीने में इंदौर के राजा रघुवंशी की शिलॉन्ग में हत्या कर दी गई थी. इस मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी मुख्य अभियुक्त हैं.

    राजा रघुवंशी की हत्या के एक हफ़्ते बाद पुलिस ने सोनम को उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में पकड़ा था.

    इंदौर के राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई 2025 को हुई थी और वो 20 मई को मेघालय हनीमून मनाने के लिए निकले थे. लेकिन 23 मई को लापता हो गए थे.

    गुमशुदा राजा का शव 2 जून 2025 को मेघालय में ईस्ट खासी हिल्स में वेइसाडोंग फ़ॉल्स के पास 150 फीट गहरी खाई में मिला था.

    उस वक़्त मेघालय पुलिस सोनम पर 'हत्या में शामिल' होने का आरोप लगाया था लेकिन सोनम के परिजनों ने उन्हें 'बेगुनाह' बताया था.

  10. राजनाथ सिंह एससीओ बैठक में 'स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म' और 'न्यू वर्ल्ड ऑर्डर' पर क्या बोले

    राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजनाथ सिंह ने एससीओ समिट से इतर चीन और रूस के रक्षा मंत्रियों के साथ भी बैठक की

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित एससीओ देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए.

    इस दौरान उन्होंने 'स्टेट स्पॉन्सर्ड क्रॉस बॉर्डर टेररिज़्म' और 'न्यू वर्ल्ड ऑर्डर' जैसे मुद्दों पर बयान दिया.

    राजनाथ सिंह ने कहा, "हमें स्टेट स्पॉन्सर्ड क्रॉस बॉर्डर टेररिज़्म को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए, जो किसी भी देश की संप्रभुता को सीधा नुक़सान पहुंचाता है. इस विषय में दोहरे मानदंडों के लिए कोई स्थान नहीं है."

    उन्होंने कहा, "एससीओ को उन लोगों के ख़िलाफ़ उचित कदम उठाने से पीछे नहीं हटना चाहिए, जो आतंकवाद को समर्थन, आश्रय या संरक्षण देते हैं."

    राजनाथ सिंह ने कहा कि एससीओ दुनिया की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए उसकी यह ज़िम्मेदारी बनती है कि वह अपने क्षेत्र के साथ ही पूरी दुनिया में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करे.

    'न्यू वर्ल्ड ऑर्डर' पर उन्होंने कहा, "आजकल 'न्यू वर्ल्ड ऑर्डर' की चर्चा अक्सर सुनने को मिलती है, लेकिन सवाल यह है कि क्या हमें एक 'न्यू वर्ल्ड ऑर्डर' या हमें एक ऐसी दुनिया चाहिए जो ज़्यादा व्यवस्थित हो."

    उन्होंने कहा, "हमें ऐसी व्यवस्था की ज़रूरत है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान और गरिमा मिले. जहां मतभेद विवाद का रूप न लें और विवाद विनाश का कारण न बनें."

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, राजनाथ सिंह सोमवार को बिश्केक पहुंचे थे. एससीओ समिट से इतर उन्होंने चीन और रूस के रक्षा मंत्रियों के साथ भी बैठक की.

  11. इसराइली सेना ने हिज़्बुल्लाह के एक हज़ार से ज़्यादा ठिकाने तबाह करने का दावा किया

    दक्षिणी लेबनान में इसराइली सेना की बख़्तरबंद गाड़ी

    इमेज स्रोत, Jalaa MAREY / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिणी लेबनान में इसराइली सेना की बख़्तरबंद गाड़ी (27 अप्रैल की तस्वीर)

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने दावा किया है कि उसने हिज़्बुल्लाह के एक हज़ार से ज़्यादा ठिकानों को तबाह किया है.

    आईडीएफ़ कहा कहना है कि हिज़्बुल्लाह के लड़ाके इन ठिकानों का इस्तेमाल 'इसराइली सेना के जवानों पर हमले करने' के लिए कर रहे थे.

    हालांकि, आईडीएफ़ ने यह नहीं बताया है कि उसने इन ठिकानों को कब तबाह किया.

    इसराइली सेना ने एक्स पर एक बयान जारी किया है. साथ ही कुछ तस्वीरें भी जारी की गई हैं, जिनमें गोला-बारूद दिखाई दे रहा है.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसके सैनिकों ने इन ठिकानों से सैकड़ों हथियार बरामद किए.

    इनमें 'मशीन गन, कलाश्निकोव राइफलें, ग्रेनेड, माइन्स, पिस्तौल, एंटी टैंक मिसाइलें, गोला-बारूद, आरपीजी रॉकेट और मोर्टार' शामिल हैं.

  12. राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने ली बीजेपी की सदस्यता, अरविंद केजरीवाल पर बोलीं

    वीरेंद्र सचदेवा और स्वाति मालीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीते दिनों स्वाति मालीवाल समेत आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी संसदीय दल में शामिल हुए थे

    राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली. इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा मौजूद रहे.

    स्वाति मालीवाल समेत आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी संसदीय दल में शामिल हुए थे. इन सभी सांसदों ने राघव चड्डा की अगुवाई में आम आदमी पार्टी से बग़ावत की है.

    स्वाति मालीवाल ने बीजेपी जॉइन करने के बाद कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के 'ऐतिहासिक' कामों से बहुत ज़्यादा प्रभावित हैं.

    उन्होंने कहा, "इनसे प्रेरणा लेकर मैं आज बीजेपी में शामिल हुई हूं. मैं बीजेपी में किसी मजबूरी की वजह से नहीं आई, मैं बीजेपी के कामों में बहुत सालों से दिलचस्पी रख रही हूं."

    उन्होंने कहा कि जब वह दिल्ली महिला आयोग का काम कर रही थीं, उस वक़्त बीजेपी की तरफ़ से भी काफ़ी सपोर्ट था.

    स्वाति मालीवाल ने कहा, "मैं आज बहुत भावुक हूं. यह दिन मेरे लिए बहुत अहम है."

    इसके अलावा उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने सरकार में रहते हुए दिल्ली में 'लूट मचाई' और इस दौरान 'सड़कें, पानी और मूल व्यवस्थाएं बदहाल' थीं.

    स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा है.

    बीते दिनों अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति से जुड़े मामले में कहा कि वह या उनके वकील दिल्ली हाई कोर्ट की जज जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में पेश नहीं होंगे.

    उनके अलावा मनीष सिसोदिया ने भी कहा है कि वह और उनके वकील भी जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में पेश नहीं होंगे.

    केजरीवाल इस केस से जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को हटाने की मांग कर रहे हैं. इसके लिए उन्होंने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र भी लिखा है.

    केजरीवाल की इस मांग पर मालीवाल ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी को ड्रामा करने की आदत है. ये बहुत समय से उनकी आदत है. आज हालत ये हो गई है कि अरविंद केजरीवाल जी के चलते आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल, दोनों ही देशभर में ड्रामा, झूठ, फ़रेब, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार... इन सब के लिए जाने जा रहे हैं."

  13. जिमी किमेल ने मेलानिया ट्रंप का मज़ाक उड़ाने पर दी सफ़ाई, मैडलिन हैल्पर्ट और हैरी सेकुलिक

    जिमी किमेल

    इमेज स्रोत, Randy Holmes/Disney via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेलानिया पर मज़ाक के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने जिमी किमेल को तुरंत डिज़्नी और एबीसी से निकाल देने की मांग की थी

    एबीसी के लेट-नाइट शो के होस्ट जिमी किमेल ने अपने उस मज़ाक का बचाव किया है, जिसमें उन्होंने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में गोलीबारी की घटना से कुछ दिन पहले फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को "एक्सपेक्टेंट विडो" कहा था.

    फ़र्स्ट लेडी ने पिछले गुरुवार प्रसारित किमेल के एक स्केच को "नफ़रत भरा और हिंसक" बताया था, जबकि व्हाइट हाउस ने उनके नेटवर्क एबीसी से कॉमेडियन को नौकरी से निकालने की मांग की थी.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं आमतौर पर जिमी किमेल की किसी बात पर ध्यान नहीं देता, लेकिन यह टिप्पणी हद से बाहर है. जिमी किमेल को तुरंत डिज़्नी और एबीसी से निकाल देना चाहिए."

    जिमी किमेल के इस मज़ाक के तीन दिन बाद वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी हुई.

    इस कार्यक्रम में डोनाल्ड ट्रंप मेलानिया के साथ शामिल हुए थे. अधिकारियों ने कहा है कि हमलावर का निशाना ट्रंप प्रशासन के सदस्य हो सकते हैं.

    किमेल ने कहा कि मूल मज़ाक राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के बीच 23 साल की उम्र के अंतर पर आधारित एक "हल्का व्यंग्य" था.

    उन्होंने गुरुवार रात के स्केच में कहा, "हमारी फ़र्स्ट लेडी मेलानिया यहां मौजूद हैं. मेलानिया को देखिए, कितनी ख़ूबसूरत हैं. मिसेज़ ट्रंप, आपके चेहरे पर वैसी चमक है जैसे किसी एक्सपेक्टेंट विडो के चेहरे पर होती है."

    डिनर पार्टी में गोलीबारी के बाद 'जिमी किमेल लाइव' में कॉमेडियन ने कहा कि यह "बहुत हल्का व्यंग्य था, इस बात पर कि वह (राष्ट्रपति ट्रंप) लगभग 80 साल के हैं और वह (मेलानिया ट्रंप) मुझसे भी कम उम्र की हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "किसी भी मायने में यह हत्या के लिए उकसाने वाली बात नहीं थी और वो यह जानते हैं. मैं कई सालों से ख़ासतौर पर गन वॉइलेंस के ख़िलाफ़ खुलकर बोलता रहा हूं."

  14. इसराइली आर्मी के चीफ़ ने कहा- हमें और ज़्यादा सैनिकों की ज़रूरत

    इयाल ज़मीर

    इमेज स्रोत, ABIR SULTAN/POOL/AFP via Getty Images

    इसराइली सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ इयाल ज़मीर ने कहा है कि इसराइली सेना 2026 में भी कई मोर्चों पर लड़ाई जारी रख सकती है.

    उन्होंने यह बात सोमवार शाम उत्तरी इसराइल के रमत डेविड एयर बेस पर हुई बैठक में कही. इस बैठक में ईरान के साथ युद्ध और लेबनान में इसराइली सैन्य कार्रवाई के नतीजों की समीक्षा की गई.

    इयाल ज़मीर ने कहा, "7 अक्तूबर 2023 से इसराइली सेना लगातार कई मोर्चों पर लड़ रही है और सेना हर समय तैयार और सतर्क रहती है ताकि अगर सभी मोर्चों पर फिर से तेज़ लड़ाई शुरू हो तो तुरंत जवाब दिया जा सके."

    उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले सालों में सेना पर बढ़ती ज़िम्मेदारियों को देखते हुए इसराइली सेना को और ज़्यादा सैनिकों की ज़रूरत है.

    इसराइली आर्मी के चीफ़ ने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच युद्धविराम चल रहा है.

    ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव भेजा था. लेकिन रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप इससे खुश नहीं हुए.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पाबंदियों के बीच पुतिन के क़रीबी उद्योगपति के लग्ज़री शिप ने क्रॉस किया होर्मुज़ स्ट्रेट, हैरी सेकुलिच

    नॉर्ड

    इमेज स्रोत, PAVEL KOROLYOV/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अलेक्सी मोरदाशोव की पत्नी की कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है ये शिप

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी सहयोगी से जुड़े लग्ज़री शिप ने होर्मुज़ स्ट्रेट पार किया है. जबकि यह अहम समुद्री रास्ता फ़िलहाल सभी देशों के लिए बंद बताया जा रहा है.

    इस लग्ज़री शिप का नाम नॉर्ड है, जो 465 फीट का है. इसे अरबपति अलेक्सी मोरदाशोव से जोड़ा जाता है. अलेक्सी पर कई तरह के प्रतिबंध लगे हुए हैं.

    अलेक्सी मोरदाशोव के पुतिन से करीबी रिश्ते हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर वो इस नाव के मालिक नहीं बताए गए हैं.

    लेकिन नॉर्ड के रिकॉर्ड दिखाते हैं कि 2022 में यह शिप अलेक्सी की पत्नी की कंपनी के नाम पर रजिस्टर हुआ था. नॉर्ड की कीमत 50 करोड़ डॉलर से ज़्यादा बताई जाती है.

    गौरतलब है कि सोमवार को ही ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की थी.

    अब्बास अराग़ची ने कहा कि युद्ध ने दिखाया है कि ईरान के "रूस जैसे बड़े दोस्त और सहयोगी" हैं. उन्होंने समर्थन के लिए क्रेमलिन का धन्यवाद भी किया.

  17. पाकिस्तान: पूर्व पीएम इमरान ख़ान को ले जाया गया अस्पताल

    इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान फ़िलहाल रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया और सुबह 4 बजे मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेज दिया गया.

    पूर्व पीएम इमरान ख़ान फ़िलहाल रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं.

    अस्पताल प्रशासन की तरफ़ से जारी जानकारी में कहा गया, "28 अप्रैल को इमरान ख़ान को पीआईएमएस लाया गया, जहां उनकी आंख में इंट्राविट्रियल इंजेक्शन का चौथा डोज़ दिया गया."

    पीआईएमएस प्रशासन के बयान में कहा गया कि इंजेक्शन देने से पहले आंखों के डॉक्टरों ने इमरान ख़ान की जांच की और उनकी हेल्थ को ठीक पाया.

    बयान के मुताबिक़, इमरान ख़ान की मंज़ूरी लेने के बाद सर्जनों ने ऑपरेशन थिएटर में सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उनकी आंख में चौथा इंजेक्शन लगाया.

    प्रशासन के अनुसार, अस्पताल में रहने के दौरान इमरान ख़ान की हालत स्थिर रही. बाद में उन्हें आगे की देखभाल और फ़ॉलो-अप से जुड़ी हिदायतों के साथ छुट्टी दे दी गई.

  18. ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ज़िंदा हैं या नहीं? अमेरिकी विदेश मंत्री ने दिया ये जवाब

    मोजतबा ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान की ताक़त उन लोगों के हाथ में हैं, जो 'कट्टरपंथी सोच' के हैं.

    फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में रुबियो ने कहा, "धार्मिक सोच वाले कट्टरपंथी लोग सिर्फ़ इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के अधिकारी ही नहीं हैं, बल्कि ईरान की राजनीति और उनके आसपास की परिषद में भी शामिल हैं."

    इस इंटरव्यू में रुबियो से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ज़िंदा हैं?

    इस पर मार्को रुबियो ने कहा, "हां, हमारे पास संकेत हैं कि वह ज़िंदा हैं लेकिन इस बात का पुख़्ता सबूत नहीं है. ईरान भी उनके ज़िंदा होने का दावा करता रहा है."

    गौरतलब है कि आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या के बाद सुप्रीम लीडर बने मोजतबा ख़ामेनेई का कोई वीडियो या ऑडियो जारी नहीं हुआ है, सिर्फ़ लिखित संदेश मीडिया में आए हैं.

  19. अरविंद केजरीवाल के बाद मनीष सिसोदिया ने जस्टिस स्वर्ण कांता को लिखा पत्र

    मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया की भी सुनवाई चल रही है

    अरविंद केजरीवाल के बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता को एक चिट्ठी लिखी है.

    मनीष सिसोदिया ने चिट्ठी में कहा है कि आबकारी नीति मामले में कोई वकील उनकी तरफ़ से पेश नहीं होगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में मेरी अंतरात्मा मुझे इस मामले की कार्यवाही में उनके समक्ष, आगे भाग लेने की अनुमति नहीं देती."

    "मेरे लिए यह किसी व्यक्ति विशेष का प्रश्न नहीं है, बल्कि उस भरोसे का प्रश्न है जिस पर न्याय व्यवस्था खड़ी होती है कि हर नागरिक को न्याय न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि निष्पक्ष दिखाई भी दे."

    सिसोदिया ने लिखा, "मैं यह भी स्पष्ट करना चाहता हूं कि न्यायपालिका और संविधान पर मेरा विश्वास पूरी तरह अटूट है. लेकिन जब मन में गंभीर संदेह रह जाए, तो केवल औपचारिक भागीदारी मेरे लिए सही नहीं है. इसलिए मेरे पास सत्याग्रह के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा."

    इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को चिट्ठी लिख कर कहा कि आबकारी मामले में सीबीआई की अपील याचिका पर वो ख़ुद या उनके वकील पेश नहीं होंगे.

  20. अफ़ग़ानिस्तान का आरोप- पाकिस्तानी हमले में 7 लोगों की मौत और 75 घायल हुए, योगिता लिमये और गैब्रिएला पोमेरे

    तालिबान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तालिबान शासन के अधिकारियों का आरोप है कि हमले पाकिस्तान ने किए (फ़ाइल फ़ोटो: तालिबान के सदस)

    अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में सोमवार को हुए हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई और 75 से ज़्यादा लोग घायल हुए.

    अफ़ग़ानिस्तान के तालिबान शासन के अधिकारियों का आरोप है कि ये हमले पाकिस्तान ने किए.

    तालिबान शासन के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ित्रत ने दावा किया कि सोमवार दोपहर 2 बजे शुरू हुए पाकिस्तानी हमलों में मोर्टार और रॉकेट दाग़े गए.

    जबकि कुछ सूत्रों ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि लड़ाकू विमान और ड्रोन भी इस्तेमाल किए गए.

    तालिबान के मुताबिक़, घायलों में यूनिवर्सिटी के 30 छात्र, बच्चे और आम नागरिक शामिल हैं.

    दूसरी तरफ़, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि यूनिवर्सिटी और रिहायशी इलाक़ों को निशाना बनाने की ख़बरें झूठी हैं.

    कुछ हफ़्ते पहले अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर हवाई हमला हुआ था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 269 लोगों की मौत हुई थी.