लाइव , एनविडिया विवाद के बाद एशियाई AI कंपनी मेगास्पीड पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में अमेरिका

अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह मेगास्पीड लिमिटेड को उन कंपनियों की लिस्ट में शामिल करने की योजना बना रहा है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नरेंद्र मोदी और बालेन शाह
  • कॉप-31
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह

  1. एनविडिया विवाद के बाद एशियाई AI कंपनी मेगास्पीड पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में अमेरिका, कैली हेज़, टेक्नोलॉजी रिपोर्टर

    मेगास्पीड
    इमेज कैप्शन, मेगास्पीड मुख्य रूप से डेटा सेंटर डेवलप करने का काम करती है

    अमेरिका ने सिंगापुर की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी मेगास्पीड पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है.

    कंपनी पर एनविडिया से जुड़े विवाद में कथित तौर पर शामिल होने का आरोप है.

    अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह मेगास्पीड लिमिटेड को उन कंपनियों की लिस्ट में शामिल करने की योजना बना रहा है, जिनके अमेरिका में सामान ख़रीदने या बेचने पर प्रतिबंध है.

    मेगास्पीड मुख्य रूप से डेटा सेंटर डेवलप करने का काम करती है. हाल के हफ़्तों में कंपनी की एक पूर्व अधिकारी पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप लगा था.

    उन पर एनविडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग के साथ रिश्ते में होने का भी आरोप है.

    इस संबंध के सामने आने के बाद अमेरिकी अधिकारियों की जांच बढ़ गई. साथ ही, यह चिंता भी बढ़ी कि मेगास्पीड एनविडिया की अत्याधुनिक एआई कंप्यूटर चिप चीन पहुंचा रही थी.

    हालांकि, अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने यह नहीं बताया है कि मेगास्पीड पर प्रतिबंध कब से लागू होगा.

    बीबीसी न्यूज़ ने इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट, व्हाइट हाउस और मेगास्पीड से संपर्क किया है.

    पिछले महीने तक अमेरिका में मेगास्पीड के बारे में ज़्यादा लोगों को जानकारी नहीं थी.

    मीडिया रिपोर्टों में कंपनी की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच अफ़ेयर की ख़बरें सामने आने के बाद यह कंपनी चर्चा में आई.

    अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों को शक था कि एलिस हुआंग बीजिंग के लिए काम कर रही थीं. इससे अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं.

    चीन ने एलिस हुआंग के जासूस होने के आरोपों को ख़ारिज किया है. चीन ने अमेरिका को चेतावनी भी दी है कि वह इस विवाद को एआई तकनीक पर 'टेक्नोलॉजिकल ब्लॉकेज' लगाने का बहाना न बनाए.

  2. नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, सिक्किम के युकसोम से 61 किलोमीटर दूर था केंद्र

    भूकंप
    इमेज कैप्शन, एनसीएस के मैप के मुताबिक़, भूकंप का केंद्र भारत के सिक्किम में युकसोम से 61 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था (सांकेतिक तस्वीर)

    नेपाल के कोशी प्रांत में मंगलवार सुबह 5.3 तीव्रता का भूकंप आया. यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (ईएमएससी) ने इसकी जानकारी दी है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, भूकंप मंगलवार सुबह आया. इसका केंद्र ज़मीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था.

    वहीं भारत के नेशनल सेंटर फ़ॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक़, भूकंप सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर आया.

    एनसीएस के मैप के मुताबिक़, भूकंप का केंद्र भारत के सिक्किम में युकसोम से 61 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था.

  3. एनवीडिया के दफ़्तर लौटे जेनसन हुआंग, कर्मचारियों से क्यों मांगी माफ़ी?

    जेनसन हुआंग
    इमेज कैप्शन, हुआंग ने एनवीडिया में मौजूद दर्जनों लोगों से कहा कि दूसरा मौक़ा देने के लिए आप सभी का शुक्रिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    एनवीडिया के मुख्यालय लौटे जेनसन हुआंग का कर्मचारियों ने ज़ोरदार स्वागत किया. उनकी वापसी के वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किए गए हैं.

    इनमें कंपनी के को-फाउंडर हुआंग के स्वागत में कर्मचारी ख़ुशी जताते और उनका नाम पुकारते दिख रहे हैं.

    हुआंग ने वहां मौजूद दर्जनों लोगों से कहा, "दूसरा मौक़ा देने के लिए आप सभी का शुक्रिया."

    कर्मचारी बार-बार उनका नाम पुकार रहे थे. इस पर हुआंग ने कहा, "दूसरी बार मैं एक बेहतर सीईओ बनूंगा."

    उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को इस पूरे घटनाक्रम से गुज़रने के लिए माफ़ी भी मांगी.

    हुआंग ने मज़ाक में कहा कि काम पर लौटने के बाद आईटी विभाग उन्हें नया कंप्यूटर देगा.

    उनकी टिप्पणी के आख़िर में एक महिला दौड़कर उनके पास आई और उन्हें गले लगा लिया.

  4. जेनसन हुआंग की वापसी के बाद एनवीडिया की वैल्यू में करीब 1 ट्रिलियन डॉलर का उछाल, रेचल क्लन, बिज़नेस रिपोर्टर, न्यूयॉर्क

    जेनसन हुआंग
    इमेज कैप्शन, शेयरों में उछाल के बाद एनवीडिया की मार्केट वैल्यू फिर से 4 लाख करोड़ डॉलर के क़रीब पहुंच गई (फ़ाइल फ़ोटो)

    जेनसन हुआंग की वापसी के बाद टेक कंपनी एनवीडिया की मार्केट वैल्यू में करीब 1 लाख करोड़ डॉलर का इज़ाफ़ा हुआ है.

    बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, कंपनी के शेयरों में 31 फ़ीसदी से ज़्यादा की तेज़ी आई. इसके साथ ही टेक कंपनियों के शेयरों में भी उछाल देखा गया.

    एनवीडिया ने जेनसन हुआंग को तत्काल प्रभाव से कंपनी के सीईओ पद पर फिर से नियुक्त किया है. उनकी यह वापसी इस्तीफ़े के दो हफ़्ते से भी कम समय बाद हुई है.

    हुआंग ने एक महिला के साथ अपने अफ़ेयर की बात स्वीकार करने के बाद इस्तीफ़ा दिया था.

    उस महिला पर चीनी जासूस होने का आरोप लगा था. इस दौरान चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया के शेयरों में भी काफ़ी गिरावट आई थी.

    एनवीडिया के शेयरों में तेज़ी का असर दूसरे शेयर बाज़ारों पर भी दिखा. टेक कंपनियों पर केंद्रित नैस्डैक में 6.5 फ़ीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जबकि एसएंडपी 500 में 4.75 फ़ीसदी की तेज़ी आई.

    एनवीडिया के बोर्ड के एलान के बाद दूसरी चिप कंपनियों के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई. माइक्रॉन टेक्नोलॉजी के शेयर 19 फ़ीसदी उछले, जबकि एएमडी के शेयर करीब सात फ़ीसदी चढ़े.

    शेयरों में उछाल के बाद एनवीडिया की मार्केट वैल्यू फिर से 4 लाख करोड़ डॉलर के क़रीब पहुंच गई. हालांकि, कंपनी के शेयर अब भी एक महीने पहले के मुक़ाबले करीब 21 फ़ीसदी नीचे हैं.

  5. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.