डोनाल्ड ट्रंप अगले साल आ सकते हैं भारत, अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया

इमेज स्रोत, Eric Lee / POOL / AFP via Getty Images
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं. उन्होंने यह बात समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में कही है.
रुबियो ने यह कहा कि भारत और अमेरिका ट्रेड डील के बहुत क़रीब हैं.
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि सब कुछ शानदार ढंग से आगे बढ़ रहा है. मेरा मतलब है कि संबंध काफ़ी मज़बूत हैं. जी-7 में राष्ट्रपति की प्रधानमंत्री के साथ बहुत अच्छी मुलाक़ात हुई थी. और हम एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं."
रुबियो ने कहा, "हम इसे पूरा करने से बस कुछ ही क़दम दूर हैं और संकेत बहुत सकारात्मक हैं. हम बहुत जल्द एक और क्वाड बैठक में फिर से शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं."
"मैं ख़ुद भी इस साल के अंत से पहले दोबारा (भारत) लौटने का इंतज़ार कर रहा हूं और अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति (ट्रंप) की यात्रा की व्यवस्था पर काम कर रहा हूं."






