अमेरिका-ईरान वार्ता के बीच नेतन्याहू का लेबनान को लेकर आया ये बयान

स्विट्ज़रलैंड में चल रही अमेरिका और ईरान की वार्ता के बीच इसराइल के प्रधानमंत्री का लेबनान को लेकर बयान आया है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • नीट (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा हुई
  • पीएम मोदी ने कोलकाता में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
  • प्रदर्शनकारियों का जंतर-मंतर से हटने से इनकार
  • समंदर नीला क्यों दिखाई देता है
  • मैक्रों
  • जेडी वेंस
  • ट्रंप
  • भाई- बहन

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. अमेरिका-ईरान वार्ता के बीच नेतन्याहू का लेबनान को लेकर आया ये बयान

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, RONEN ZVULUN / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने लेबनान के लगभग 10 किलोमीटर अंदर 'बफ़र ज़ोन' बना रखा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    स्विट्ज़रलैंड में चल रही अमेरिका और ईरान की वार्ता के बीच इसराइल के प्रधानमंत्री का लेबनान को लेकर बयान आया है.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, "हम उत्तरी क्षेत्र के अपने प्रिय निवासियों और पूरे देश के नागरिकों की रक्षा के लिए ज़रूरी समय तक दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र (बफ़र ज़ोन) में बने रहेंगे."

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, उन्होंने आगे कहा, "इसराइल के प्रधानमंत्री के रूप में मैं इस बात पर दृढ़ता से ज़ोर देता हूं, और कोई भी चीज़ इसे नहीं बदलेगी."

    अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर नेतन्याहू ने कहा, "बातचीत में चाहे जो भी राजनीतिक निष्कर्ष निकले, मैं ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दूंगा. जब तक मैं इसराइल का प्रधानमंत्री हूं, ऐसा नहीं होने दूंगा."

    इससे पहले बीबीसी फ़ारसी सेवा ने इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ का बयान भी रिपोर्ट किया था. कात्ज़ ने भी लेबनान स्थित 'बफ़र ज़ोन' को नहीं छोड़ने की बात कही है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, लेबनान के लगभग 10 किलोमीटर अंदर स्थित एक ऐसा इलाक़ा है जिसे इसराइल 'बफ़र ज़ोन' कहता है. इसराइल ने वहां अपने सैनिकों की तैनाती कर रखी है.

    स्विट्ज़रलैंड में पाकिस्तान और क़तर की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत हो रही है.

    पिछले हफ़्ते अमेरिका और ईरान ने 60 दिनों के भीतर विवादित मुद्दों पर एक समझौते पर पहुंचने के लिए एक 'मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग' (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए.

    इस एमओयू में लेबनान सहित 'सभी मोर्चों' पर सैन्य अभियानों की 'तत्काल और स्थायी समाप्ति' का ज़िक्र है.

  3. रूस समर्थित प्रशासन ने क्राइमिया में क्यों बंद की ईंधन की बिक्री, निक बीक, यूरोप संवाददाता, यूक्रेन से और माया डेवीस

    क्राइमिया में पेट्रोल पंप पर गाड़ियों की कतार

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, जून की शुरुआत में क्राइमिया में एक पेट्रोल पंप पर गाड़ियों की लंबी कतार देखी गई

    यूक्रेन की ओर से क्राइमिया में जारी हमलों के बीच रूस समर्थित प्रशासन ने अपने क़ब्ज़े वाले क्राइमिया क्षेत्र में आम लोगों के लिए ईंधन की बिक्री बंद कर दी है.

    क्राइमिया के सप्लाई रूट्स के ख़िलाफ़ यूक्रेन के हालिया अभियान की वजह से पहले ही ईंधन की कमी हो गई थी और राशनिंग लागू की गई थी.

    क्राइमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने कहा कि अब आम नागरिकों और निजी व्यवसायों को पेट्रोल पंपों से ईंधन नहीं मिलेगा. ईंधन केवल उन सरकारी एजेंसियों को उपलब्ध कराया जाएगा जो क्राइमिया के 'संचालन और सुरक्षा' का काम संभालती हैं.

    वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र में तेल परिवहन से जुड़ी एक लॉजिस्टिक फ़ैसिलिटी को निशाना बनाया है. यह क्षेत्र कर्च स्ट्रेट के पार क्राइमिया से सटा हुआ है.

    ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि सैन्य लॉजिस्टिक केंद्रों और रडार सिस्टम्स को भी निशाना बनाया गया, हालांकि उन्होंने इनके स्थानों के बारे में नहीं बताया है.

    क्राइमिया को रूस ने 2014 में अपने क़ब्ज़े में ले लिया था. यह क्षेत्र लंबे समय से आपूर्ति और लॉजिस्टिक समस्याओं का सामना कर रहा है. ईंधन बिक्री पर यह अब तक का सबसे बड़ा प्रतिबंध माना जा रहा है.

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटिश पीएम स्टार्मर के इस्तीफ़े को लेकर की टिप्पणी

    किएर स्टार्मर और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Isabel Infantes / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने स्टार्मर को दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर 'फ़ेल' बताया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के इस्तीफ़े को लेकर टिप्पणी की है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "किएर स्टार्मर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देंगे. वह दो बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दों पर बुरी तरह से फ़ेल हुए हैं, इमिग्रेशन और एनर्जी."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने एनर्जी के मुद्दे पर नॉर्थ सी में मौजूद तेल और गैस की ओर इशारा किया.

    ब्रिटेन में प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के पद छोड़ने को लेकर अटकलें तेज़ हैं. ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि वह सोमवार को अपने पद से हटने की योजना या समयसीमा का एलान कर सकते हैं.

    ट्रंप का बयान

    इमेज स्रोत, Truth Social/@realDonaldTrump

  5. नीतीश कुमार फिर बने जेडीयू अध्यक्ष, निशांत को बताया गया पार्टी का 'भविष्य'

    नीतीश कुमार और निशांत कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रविवार को पटना में जेडीयू की राज्य परिषद और राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    जनता दल (यूनाइटेड) यानी जेडीयू ने रविवार को एक बार फिर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी का अध्यक्ष चुना है.

    इसके अलावा जेडीयू के नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार पार्टी का 'भविष्य' हैं.

    जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद कहा, "निशांत जी की भूमिका बेहद अहम रहेगी. पार्टी के सभी नेताओं ने ये माना है कि उनको लेकर जनता की उम्मीदें मज़बूत हो रही हैं. आने वाले समय में वो एक अहम भूमिका में रहेंगे."

    पार्टी में निशांत कुमार के नेतृत्व से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, "निःसंदेह, पार्टी को ये भरोसा है कि दशकों तक वह अगुवाई करेंगे और उनके नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी."

    वहीं, पार्टी के सांसद संजय झा ने कहा, "हमारी राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक में आज बात हुई. निशांत जी अभी सरकार में काम कर रहे हैं. आने वाले समय में वह पार्टी के काम में भी शामिल होंगे और वही इस पार्टी के भविष्य हैं."

    इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री और जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार को एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय परिषद की बैठक थी और उसमें हमारे सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार जी फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं."

    बिहार में रविवार को सबसे पहले जेडीयू की राज्य परिषद की बैठक हुई. इसके बाद राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई, जिनमें ये सभी फ़ैसले लिए गए.

  6. ब्रिटिश पीएम स्टार्मर के इस्तीफ़े की अटकलें तेज़, सरकार के भीतर बदले माहौल के मिले संकेत, निक अर्डली, राजनीतिक संवाददाता और हेनरी ज़ेफ़मेन, मुख्य राजनीतिक संवाददाता

    किएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Isabel Infantes - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, किएर स्टार्मर के आगे राजनीतिक चुनौतियां पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ती रही हैं

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के पद छोड़ने को लेकर अटकलें तेज़ हो गई हैं. संकेत मिल रहे हैं कि सोमवार को वह अपने पद से हटने की योजना या समयसीमा का एलान कर सकते हैं.

    किएर स्टार्मर अब तक लगातार कहते रहे हैं कि वह पद नहीं छोड़ेंगे और नेतृत्व को लेकर किसी भी चुनौती का सामना करेंगे. हालांकि, पिछले 48 घंटों में ब्रिटिश सरकार के भीतर का माहौल बदलता हुआ दिखाई दे रहा है.

    सरकारी सूत्रों के मुताबिक़, अब कई लोग मानते हैं कि प्रधानमंत्री सोमवार को इस्तीफ़े की समयसीमा की घोषणा कर सकते हैं.

    सरकार में तेज़ी से बदलते घटनाक्रम का संकेत बिज़नेस सेक्रेटरी पीटर काइल के बयान से भी मिला. उन्होंने बीबीसी से कहा कि प्रधानमंत्री "देश के सर्वोत्तम हित में" फ़ैसला करेंगे.

    पीटर काइल ने यह भी कहा कि स्टार्मर अपने सामने मौजूद चुनौतियों और राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार कर रहे हैं.

    प्रधानमंत्री के सामने राजनीतिक चुनौतियां पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ती रही हैं. हालांकि, उनके संभावित इस्तीफ़े को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

  7. इसराइली हमले में घायल लेबनान की इस पर्यावरण कार्यकर्ता की हुई मौत, समैंथा ग्रैनविल, बेरूत से

    मोना ख़लील

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोना ख़लील की यह तस्वीर साल 2002 में ली गई थी. उन्होंने अपना अधिकांश जीवन लेबनान के दक्षिणी तट पर लुप्तप्राय कछुओं के संरक्षण में बिता दिया.

    लेबनान की पर्यावरण कार्यकर्ता मोना ख़लील की मौत हो गई है. वो इसराइली हमले में घायल हुई थीं.

    मोना ख़लील ने लुप्तप्राय समुद्री कछुओं के घर के तौर पर दक्षिणी लेबनान के समुद्री तट को पूर्वी भूमध्यसागर के सबसे महत्वपूर्ण स्थल के रूप में बदलने में अहम भूमिका निभाई.

    76 साल की मोना ख़लील दो हफ़्ते पहले दक्षिणी लेबनान में इसराइली हमलों के दौरान घायल हुई थीं. तायर शहर के पास मंसूरी बीच पर स्थित उनके घर को निशाना बनाया गया था.

    स्थानीय पर्यावरण समूह के मुताबिक़, अस्पताल में कई दिन तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार को उनका निधन हो गया.

    उनकी मौत ऐसे समय हुई है जब दक्षिणी लेबनान में इसराइली हवाई हमले तेज़ हो गए हैं. इससे क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों के बीच फिर से हिंसा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

    बीबीसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए इसराइली सेना से संपर्क किया है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-ए ने ट्राई नेशन वनडे सिरीज़ के फ़ाइनल में श्रीलंका-ए को हराया, वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफ़ानी पारी

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों पर 94 रन की तूफ़ानी पारी खेली (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत-ए ने श्रीलंका-ए और अफ़ग़ानिस्तान-ए के साथ खेली गई ट्राई नेशन वनडे सिरीज़ जीत ली है. भारतीय टीम ने फ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका-ए को 66 रन से हराया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 377 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या की जोड़ी ने टीम को तेज़तर्रार शुरुआत दी.

    दोनों ने महज़ 8.5 ओवरों में 132 रन की साझेदारी की. वैभव ने तूफ़ानी बल्लेबाज़ी करते हुए महज़ 11 गेंदों में हाफ़ सेंचुरी जड़ दी. वह 29 गेंदों पर 94 रन बनाकर आउट हुए.

    उनके अलावा कप्तान तिलक वर्मा ने 67, ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 और प्रियांश आर्या ने 39 रन की पारी खेली.

    इसके बाद 378 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 311 रन पर ऑलआउट हो गई.

    श्रीलंका के लिए वनुजा सहान ने सबसे अधिक 62 रन बनाए. उनके अलावा सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन की पारी खेली.

    भारतीय गेंदबाज़ों में यश ठाकुर और विप्रज निगम ने सबसे अधिक तीन-तीन विकेट झटके, जबकि अनुकूल रॉय के खाते में दो विकेट आए और आलोक शर्मा और तिलक वर्मा ने एक-एक विकेट लिए.

  9. ग़ज़ा: इसराइली हमलों में अल जज़ीरा के कैमरामैन समेत छह लोगों की मौत, मैलोरी मोंच

    ग़ज़ा में इसराइली हमलों में मारे गए लोग

    इमेज स्रोत, Saeed M. M. T. Jaras/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमले में मारे गए लोगों को ग़ज़ा सिटी के अल-शिफ़ा अस्पताल में अंतिम संस्कार की प्रक्रियाओं के लिए ले जाया गया

    ग़ज़ा में इसराइली हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है, जिनमें अल जज़ीरा के एक कैमरामैन और कम से कम एक बच्चा शामिल है. यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों और बचावकर्मियों ने दी है.

    अल जज़ीरा ने कहा कि वह अपने संवाददाता अहमद विशाह की 'हत्या के जघन्य अपराध की कड़ी निंदा' करता है. अहमद विशाह शनिवार को मध्य ग़ज़ा के एक घर पर हुए हमले में मारे गए.

    अल जज़ीरा ने यह भी कहा कि अहमद विशाह की मौत 'अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों और मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है और यह पत्रकारों को निशाना बनाने और सच की आवाज़ को दबाने की लगातार जारी एक व्यवस्थित नीति को दर्शाता है.'

    वहीं, इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने आरोप लगाते हुए अहमद विशाह को 'हमास की सैन्य शाखा से जुड़ा आतंकी' बताया और कहा कि वह 'स्नाइपर ऑपरेटिव के रूप में काम कर रहे थे.'

    हालांकि, इसराइली सेना ने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत सार्वजनिक नहीं किया.

    ग़ज़ा के हमास-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ पिछले अक्तूबर में इसराइल और हमास के बीच लागू हुए युद्धविराम के बाद से इसराइली सेना की कार्रवाई में 1,007 लोगों की मौत हो चुकी है.

    ग़ज़ा के हमास-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों को संयुक्त राष्ट्र भरोसेमंद मानता है.

  10. तमिलनाडु: एक निजी सीफ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस का रिसाव, दो की मौत और कई बीमार

    एंबुलेंस

    इमेज स्रोत, UGC

    इमेज कैप्शन, अब तक 64 लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है

    बीबीसी तमिल सेवा के मुताबिक़, तमिलनाडु के तिरुवल्लूर ज़िले के कन्निकैपेरे गांव में एक निजी सीफ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस के रिसाव से कई लोग बीमार हो गए हैं.

    तिरुवल्लूर के प्रभारी मंत्री आर कुमार ने पत्रकारों को बताया कि बीमार हुए सभी मज़दूर उत्तर भारत के राज्यों के हैं. उन्होंने बताया, "इनमें 60 महिलाएं और 4 पुरुष हैं. इनमें से दो की मौत हो चुकी है."

    उन्होंने यह भी कहा कि बीमारों के इलाज के लिए उच्च स्तरीय डॉक्टरों को बुलाया गया है और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय को हर दस मिनट में जानकारी दी जा रही है.

    बीबीसी तमिल सेवा के मुताबिक़, इस कंपनी में 200 से अधिक कर्मचारी दिन और रात की दो शिफ़्टों में काम करते हैं. रविवार सुबह, जब लगभग 120 लोग वहां काम कर रहे थे, तब अमोनिया गैस का रिसाव हुआ.

    इसके बाद कई लोगों को उल्टी और बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हुए और उन्हें तुरंत पास के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से बीमार लोगों को चेन्नई के स्टेनली अस्पताल में भेजा गया है.

  11. अमेरिका और ईरान वार्ता: स्विट्ज़रलैंड में किन मध्यस्थ देशों के नेता पहुंचे, अब तक क्या-कुछ हुआ

    शहबाज़ शरीफ़ और जेडी वेंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ और जेडी वेंस ने स्विट्ज़रलैंड में मुलाक़ात की है

    स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के लिए दोनों ही देशों के प्रतिनिधिमंडल पहुंच गए हैं. इसके अलावा मध्यस्थ देश पाकिस्तान और क़तर के नेता भी स्विट्ज़रलैंड में हैं.

    यह बातचीत स्विट्ज़रलैंड के पर्यटक स्थल बर्गेनस्टॉक में होनी है.

    अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में बड़े चेहरे के रूप में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शामिल हैं. उनके अलावा अमेरिका के मध्यपूर्व के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और अमेरिकी राष्ट्रपति के दामाद जैरेड कुशनर भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं.

    वहीं ईरानी प्रतिनिधिमंडल में संसद के स्पीकर बग़र ग़ालिबाफ़ और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची शामिल हैं. ये नेता इससे पहले भी इस्लामाबाद में हुई बातचीत में अपने देश की अगुवाई कर चुके हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने रविवार सुबह जेडी वेंस और उनके प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात की है.

    वहीं, बीबीसी फ़ारसी सेवा का कहना है कि ईरानी वार्ता दल के प्रमुख मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कतर के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की है और ईरानी विदेश मंत्री ने स्विस विदेश मंत्री के साथ बैठक की है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि इस वार्ता में ईरान, अमेरिका, क़तर और पाकिस्तान, यानी चारों देश के नेता शामिल हो रहे हैं.

  12. भारत ने जीता एफ़आईएच हॉकी वीमेंस नेशंस कप, इस टूर्नामेंट के लिए किया क्वालिफ़ाई

    नवनीत कौर

    इमेज स्रोत, Action Foto Sport/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से नवनीत कौर ने भी एक गोल किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफ़आईएच हॉकी वीमेंस नेशंस कप 2025-26 के ख़िताबी मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड को हरा दिया है.

    हॉकी इंडिया के मुताबिक़, ऑकलैंड में खेले गए इस फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम ने मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराया है.

    इसी के साथ भारतीय महिला टीम ने एफ़आईएच हॉकी महिला प्रो लीग में भी जगह बना ली है.

    इस मुक़ाबले में भारत की ओर से नवनीत कौर और सुनेलिता तोप्पो ने एक-एक गोल दागे.

  13. इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का एलान, यशस्वी को नहीं मिली जगह

    यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 110 रन बनाकर नॉटआउट रहे थे

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का एलान कर दिया है. अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ शनिवार को आख़िरी वनडे मैच में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिली है.

    यशस्वी ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 110 रन बनाए थे. उन्होंने रोहित शर्मा के साथ 170 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की.

    वहीं, विराट कोहली को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, उनकी फ़िटनेस को लेकर संशय बना हुआ है. फ़िट होने के बाद ही वह मैच खेल पाएंगे.

    भारतीय टीम जुलाई महीने में इंग्लैंड दौरे पर रहेगी. जहां उसे तीन वनडे मैच और पाँच टी20 मैच खेलने हैं. टी-20 टीम का एलान पहले ही हो चुका है.

    इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़.

    इसके अलावा बीसीसीआई ने आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम में बदलाव किया है. बोर्ड के मुताबिक़, वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टी-20 टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.

    आयरलैंड दौरे के लिए अपडेटेड भारतीय टी-20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा.

  14. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. ईरान-अमेरिका बातचीत: स्विट्ज़रलैंड पहुंचे शहबाज़ शरीफ और जेडी वेंस

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, X/@PakPMO

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ईरान-अमेरिका वार्ता में शामिल होने के लिए स्विट्ज़रलैंड पहुंच गए हैं. फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी इस यात्रा में शरीफ़ के साथ हैं.

    इससे पहले अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी वार्ता के लिए स्विट्ज़रलैंड पहुंचे. दूसरी ओर, ईरान का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को ही यहां पहुंच गया था.

    पिछले कुछ महीनों में ईरान और अमेरिका के बीच हुई बातचीत में पाकिस्तान मुख्य मध्यस्थ रहा है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने पहले कहा था कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि, साथ ही पाकिस्तान और क़तर के मध्यस्थ भी इस बैठक में शामिल होंगे.

    दोनों पक्षों के बीच समझौते पर पहले ही दस्तख़त हो चुके हैं. पाकिस्तान ने भी बतौर मध्यस्थ डील पर हस्ताक्षर किए थे.

  16. नीट के जिस छात्र को अबू धाबी सेंटर मिला था, वह नागपुर के परीक्षा केंद्र पर पहुंचा

    नीट का छात्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एनटीए ने छात्र का परीक्षा केंद्र अबू धाबी से बदलकर नागपुर कर दिया था

    नीट (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा आज (21 जून 2026) होने वाली है. जिस अभ्यर्थी को पहले अबू धाबी का परीक्षा केंद्र आवंटित हुआ था, वह नागपुर के सेंटर पर परीक्षा देने पहुंचा है.

    एनटीए ने छात्र का परीक्षा केंद्र अबू धाबी से बदलकर नागपुर कर दिया था.

    शनिवार को एनटीए ने कहा था कि कैंडिडेट ने खुद पोर्टल के ज़रिए परीक्षा शहर की प्राथमिकताओं में बदलाव किया था. उसने अबू धाबी को पहली और दुबई को दूसरी पसंद के रूप में चुना था.

    अब्दुल्ला तालिब ने रविवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं एनटीए के बयान को ग़लत नहीं कहता, क्योंकि उनके पास कोई सबूत होगा. लेकिन यह हमारी तरफ़ से नहीं हुआ. किसी ने शरारत की होगी. वह कौन है, जिसकी वजह से एनटीए और हम बदनाम हुए."

    उन्होंने कहा, "हमने बहुत मुश्किल से उसे (बेटे को) समझाया. वह बिल्कुल तैयार नहीं हो रहा था, पूरी रात उल्टियां करता रहा. वह बहुत घबराया हुआ था. वह सुबह क़रीब दस बजे उठा. उसने कोई रिवीज़न नहीं किया."

    अब्दुल्ला तालिब ने कहा, "हम बाहर जाकर परीक्षा क्यों देना चाहेंगे. वहां हमारा कोई साधन नहीं है, कोई रिश्तेदार नहीं, पासपोर्ट नहीं, पैसे नहीं, कुछ भी नहीं... हम उसे अबू धाबी क्यों ले जाएंगे."

  17. राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले पर बोले अरविंद केजरीवाल

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images

    अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से करोड़ों करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई, लेकिन इस पर अब तक कोई एफ़आईआर नहीं हुई है.

    अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए और एक भी एफ़आईआर नहीं हुई है.''

    उन्होंने कहा, "यूपी पुलिस, ईडी और सीबीआई ने कोई एफ़आईआर नहीं की. केंद्र में और यूपी में, दोनों जगह इनकी (बीजेपी) सरकारें हैं. कोई रेड नहीं, कोई गिरफ़्तारी नहीं."

    केजरीवाल ने कहा, "कहा जा रहा है कि बहुत बड़े बड़े नाम शामिल हैं. कार्रवाई हुई तो सरकार भी गिर सकती है. आपके हिसाब से किसे बचाना ज़रूरी है? सरकार को या करोड़ों करोड़ों लोगों की आस्था को?"

    इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एसआईटी गठित हो गई है और 15 दिन में 'दूध का दूध' और 'पानी का पानी' हो जाएगा.

    योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक कार्यक्रम में कहा है, "रामभक्तों से मेरी विनम्र अपील है कि अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं. चिंता मत कीजिए, 15 दिन का इंतज़ार कीजिए. एसआईटी गठित हुई है, दूध का दूध, पानी का पानी होगा. सब साफ़ होगा."

  18. वैभव सूर्यवंशी ने 94 रन की शानदार पारी खेली, सिर्फ़ 11 गेंदों में बना दी हाफ सेंचुरी

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने महज़ 11 गेंदों पर अर्धशतक लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच ट्राई नेशन वनडे सिरीज़ के मुक़ाबले में भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को शानदार पारी खेली है.

    श्रीलंका में दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में वैभव 29 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने महज़ 11 गेंदों पर हाफ सेंचुरी लगाई.

    वैभव ने इससे पहले इस सिरीज़ में अब तक एक भी अर्धशतक नहीं बनाया था. अब तक वो चार मैचों में 117 रन ही बना पाए थे. उनका बेस्ट स्कोर 44 रन रहा था .हालांकि,आज उन्होंने ताबड़तोड़ रन बनाए.

    इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फ़ैसला किया है.

    भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, " वैभव 50 ओवर के क्रिकेट को ऐसा फ़ॉर्मेट मानते हैं, जिसमें वह और ज़्यादा धमाल कर सकते हैं. क्योंकि 10 ओवर तक सर्कल के बाहर सिर्फ़ 2 फील्डर होते हैं, 6 नहीं."

  19. नीट परीक्षा दोबारा शुरू होने से ठीक पहले क्या बोले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

    धर्मेंद्र प्रधान

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्र निडर होकर परीक्षा देने बैठें और चिंता न करें (फ़ाइल फ़ोटो)

    शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि उन्हें एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) पर भरोसा है.

    पेपर लीक की शिकायतों के बाद नीट 2026 की रद्द परीक्षा आज यानी 21 जून को फिर से हो रही है. इस परीक्षा के संचालन की ज़िम्मेदारी एनटीए के पास है, जिस पर कई लोग लगातार सवाल खड़े कर रहे हैं.

    धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्र निडर होकर परीक्षा देने बैठें और चिंता न करें. उन्होंने छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी है.

    धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया से कहा, "नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा आज होने जा रही है. मुझे एनटीए, सभी राज्य सरकारों, ज़िला प्रशासन, भारत की शिक्षा व्यवस्था और ख़ासकर भारत के छात्रों पर पूरा भरोसा है."

    "लगभग 22 लाख छात्र नीट परीक्षा देंगे. निडर होकर बैठिए, चिंता मत कीजिए, आप ज़रूर अच्छा करेंगे. यह छात्रों के लिए मेरी शुभकामना है. उन्हें भारत की व्यवस्था पर भरोसा है और आगे भी रहेगा."

    उन्होंने कहा, "इस मौक़े पर, एक अभिभावक और एक सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर मैं आपसे निवेदन करता हूं कृपया भारत की नई पीढ़ी का भविष्य ख़तरे में मत डालिए. कोई मज़ाक मत बनाइए. ऐसा कुछ मत कीजिए जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़े."

    गौरतलब है कि इस साल तीन मई को नीट यूजी परीक्षा 2026 एनटीए की देखरेख में कराई गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  20. दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के धरने में इतने लोग मौजूद, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता

    सीजेपी का प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, सुबह करीब नौ बजे जंतर-मंतर पर 100 से 150 प्रदर्शनकारी मौजूद थे

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन का दूसरा दिन है. कई प्रदर्शनकारियों ने बीती रात धरनास्थल पर ही बिताई.

    सुबह क़रीब नौ बजे जंतर-मंतर पर 100 से 150 प्रदर्शनकारी मौजूद थे.

    सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देंगे, प्रदर्शन जारी रहेगा.

    दीपके से पूछा गया कि क्या आपका धरना अनशन में बदलेगा? इस पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में निर्णय नहीं लिया गया है.

    अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों का खाना और पानी बंद करने के आरोप भी लगाए.

    हालांकि, बीबीसी ने देखा कि जंतर-मंतर पर आज सुबह ऐसी पाबंदी नहीं थी, जैसी बीती रात थी. लोगों के साथ-साथ सामान भी आसानी से अंदर आ रहा था.

    दरअसल, जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन की अनुमति कल शाम पांच बजे समाप्त हो गई थी. इसके बावजूद सीजेपी का धरना जारी है.

    अभिजीत दीपके ने कहा, "अगर पुलिस उन्हें कोई दूसरा प्रदर्शन स्थल देती है तो वो वहां जाने के लिए तैयार हैं."

    दीपके के मुताबिक़, उन्होंने सरकार को बातचीत का प्रस्ताव दिया था, लेकिन सरकार की तरफ़ से अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.