ईरान ने कहा, 'इस बार युद्ध केवल इसी इलाक़े तक सीमित नहीं रहेगा'

इमेज स्रोत, @Ebrahimazizi33
ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुखइब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि 'हम हारने वालों से लड़ने से नहीं डरते हैं.'
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''ट्रंप के बताए आंकड़ों के मुक़ाबले मारे गए (ईरान युद्ध में) या घायल हुए अमेरिकियों की संख्या पहले ही कहीं ज़्यादा है, और यह संख्या और बढ़ेगी.''
उन्होंने लिखा, ''इस बार, यह युद्ध सिर्फ़ इसी इलाक़े (खाड़ी) तक सीमित नहीं रहेगा. देखते हैं क्या होता है.''
इससे पहले अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. ईरान में कई जगहों पर इन हमलों की आवाज़ सुनी गई है. हालाँकि हमलों से कितना बड़ा नुक़सान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
लेकिन ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना ताक़त नहीं, हताशा का प्रदर्शन है.
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है और यहां से गुज़रने की कोशिश करने वाले किसी भी पोत को निशाना बनाने की चेतावनी दी है.
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा भी किया है.


