लाइव, मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा, अमेरिका ने अलर्ट जारी कर अपने नागरिकों को सावधान रहने की दी सलाह

दूतावास ने कहा कि क्षेत्र की कुछ एयरलाइंस ने उड़ानों की बहाली की योजना टाल दी है, जबकि कुछ ने चुनिंदा मार्गों पर अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • एम्बुलेंस में ख़त्म हुई ऑक्सीजन, युवक की मौत
  • स्पेन में ऐसे घुसे हज़ारों प्रवासी
  • पप्पू यादव के भेष पर क्या बोले ओम बिरला?
  • घाना के सबसे लंबे शख़्स की 33 साल की उम्र में मौत
  • जंतर मंतर पर आंदोलन खत्म, कुछ ऐसा दिखा नज़ारा
  • अखिलेश यादव
  • मीराबाई चनू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार गोल्ड
  • तेज प्रताप यादव गिरफ्तार, ये है मामला

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा, अमेरिका ने अलर्ट जारी कर अपने नागरिकों को सावधान रहने की दी सलाह

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लगातार जटिल बनी हुई है और इसके अचानक और अधिक खराब होने की आशंका है

    मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच बग़दाद स्थित अमेरिकी दूतावास और इराक़ के एरबिल में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को मध्य पूर्व छोड़ने की तैयारी करने की सलाह दी है.

    अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर जारी बयान में कहा है, "क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लगातार जटिल बनी हुई है और इसके अचानक और अधिक खराब होने की आशंका है."

    "नागरिकों से अत्यधिक सतर्क रहने तथा उड़ानों के रद्द होने, हवाई क्षेत्र के अस्थायी रूप से बंद होने और अन्य यात्रा संबंधी बाधाओं की संभावना को ध्यान में रखने को कहा गया है."

    यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की गई है जब ईरानी सेना ने अमेरिका पर मध्य पूर्व में तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है.

    इससे पहले अमेरिकी मीडिया में ऐसी रिपोर्टें आई थीं कि अमेरिका और इसराइल इस सप्ताह ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले की तैयारी कर रहे हैं.

    दूतावास ने कहा कि क्षेत्र की कुछ एयरलाइंस ने उड़ानों की बहाली की योजना टाल दी है, जबकि कुछ ने चुनिंदा मार्गों पर अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं.

    अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे क्षेत्र से बाहर निकलने पर विचार करें या हालात बिगड़ने की स्थिति में तत्काल निकासी के लिए तैयार रहें.

    बीबीसी अरबी के अनुसार, काहिरा सहित क्षेत्र के कई शहरों में स्थित अमेरिकी दूतावासों ने भी इसी तरह के सुरक्षा संदेश जारी किए हैं.

    इनमें कहा गया है कि ईरानी सरकार का व्यवहार अप्रत्याशित है और हालिया घटनाएं संकेत देती हैं कि वह बिना पूर्व चेतावनी या स्पष्ट उकसावे के क्षेत्र के विभिन्न स्थानों को निशाना बना सकती है.

    जॉर्डन की राजधानी अम्मान और यरुशलम स्थित अमेरिकी दूतावासों ने भी इसी तरह के सुरक्षा अलर्ट जारी किए हैं.

    इन बयानों में यह भी कहा गया है कि ईरान ने अपने हमलों का दायरा उन इलाक़ों तक बढ़ा दिया है जो पहले उसकी कार्रवाई का लक्ष्य नहीं रहे थे.

  3. संसद में गेरुआ वस्त्र पहनने की आलोचना पर क्या बोले पप्पू यादव?

    सांसद पप्पू यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पप्पू यादव ने शुक्रवार को संसद परिसर में पुजारी बनने की नकल की थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने ख़िलाफ़ हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है.

    दरअसल, वह शुक्रवार को संसद भवन परिसर में गेरुआ वस्त्र में पहुंचे थे, जहां उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया था.

    इसके बाद वाराणसी में उनके ख़िलाफ़ सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए एफ़आईआर दर्ज कराई गई है.

    पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, "मतलब सनातन और मंदिर के पैसे को लूटने वालों का पर्दाफाश करना और उनके ख़िलाफ़ लड़ना ग़लत है? क्या मंदिर की रक्षा करना ग़लत है? मंदिर के पैसे की रक्षा करना ग़लत है? देश के 100 करोड़ लोगों की आस्था की रक्षा करना ग़लत है?"

    उन्होंने आगे कहा, "राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री चुप हैं. हम इसके ख़िलाफ़ लड़ेंगे. इसके लिए जितना विरोध सहना पड़े या जितनी गोलियां खानी पड़ें, हम तैयार हैं."

    संत का वेश धारण कर संसद भवन जाने के सवाल पर पप्पू यादव ने कहा, "मैं पुजारी और संत हूं. अगर मैं संत नहीं हूं, तो क्या वे लोग संत हैं जो पैसे लूटते हैं?"

  4. अभिजीत दीपके बोले- मुझे उम्मीद है कि आज रात प्रधानमंत्री माफ़ी मांगेंगे

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार रात एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आज रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जुलाई को हुए लाठीचार्ज के लिए माफ़ी मांगेंगे.

    उन्होंने कहा, "कल हम सभी ने मोदी जी का वीडियो देखा, जिसमें वह कह रहे थे कि वह बच्चों को माफ़ कर रहे हैं. मुझे लगता है कि मोदी जी आज भी एक वीडियो जारी करेंगे और मैं उम्मीद करता हूं कि उस वीडियो में वह 20 जुलाई को हुए लाठीचार्ज के लिए माफ़ी मांगेंगे."

    जारी वीडियो में दीपके ने आगे कहा, "पुलिस ने 12-12 साल की लड़कियों के सिर फोड़ दिए और पुरुष पुलिसकर्मियों ने लड़कियों के कपड़े तक फाड़ दिए. लड़कियों के निजी अंगों पर भी पुलिस ने लाठियां चलाईं. मैं चाहता हूं कि आज रात जारी होने वाले वीडियो में मोदी जी उन सभी लड़कियों से माफ़ी मांगें, जिन पर पुलिस ने इतनी बर्बरता की."

    दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की, जिसमें उन्होंने कहा कि "जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं."

    उन्होंने कहा, "बचपन ग़लतियों को सुधारने का अवसर भी होता है. ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें राह दिखाने का समय है, मैं इन्हें माफ़ करना चाहता हूं."

  5. केरल में भारी बारिश से आठ लोगों की मौत, नौ ज़िलों में रेड अलर्ट जारी, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    पीड़ितों को बचाने की कोशिश करते बचावकर्मी

    इमेज स्रोत, Kuttan Batheri

    इमेज कैप्शन, राज्य सरकार ने पतनमतिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड ज़िलों में रेड अलर्ट जारी किया है

    केरल में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अब तक आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि कम से कम छह लोगों के लापता होने की खबर है.

    शनिवार तड़के से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है. राज्य सरकार ने 14 में से नौ ज़िलों में रेड अलर्ट जारी किया है.

    भारी बारिश और पंपा नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए त्रावणकोर देवासम बोर्ड ने श्रद्धालुओं से 2 और 3 अगस्त को सबरीमाला मंदिर यात्रा से बचने की अपील की है. बोर्ड ने यात्रा मार्ग में भूस्खलन की आशंका भी जताई है.

    केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव शेखर कुरियाकोस ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "यह एक बेहद गंभीर मौसम घटना है. पठानमथिट्टा ज़िले के वडाचेरी में तीन से चार घंटे के भीतर 361 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पंपा क्षेत्र में करीब 200 मिलीमीटर बारिश हुई. इतनी मात्रा में पानी को कोई भी नदी तंत्र नहीं संभाल सकता."

    राज्य सरकार ने पतनमतिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड ज़िलों में रेड अलर्ट जारी किया है. हालांकि, रविवार के लिए इन सभी ज़िलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.

    इन ज़िलों में कई प्रमुख पर्यटन स्थल भी हैं, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं.

    प्रशासन ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में अचानक बाढ़, निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन, मलबा खिसकने और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका बनी हुई है. इसके अलावा तेज़ हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने का भी ख़तरा है.

    Rannii in Pathanamthitta.

    इमेज स्रोत, Shaji Vettipuram

    इमेज कैप्शन, पतनमतिट्टा के रनी में बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाते बचावकर्मी

    केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव शेखर कुरियाकोस ने बताया, "इडुक्की में पहला भूस्खलन शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जिसके बाद अन्य इलाक़ों में भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं. दक्षिणी ज़िलों में बारिश की तीव्रता अब कम हो रही है, लेकिन उत्तरी ज़िलों में अब भी भारी बारिश जारी है."

    केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पिछले कुछ दिनों से ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ था, लेकिन शुक्रवार देर रात हुई अचानक मूसलाधार बारिश ने व्यापक नुक़सान पहुंचाया.

    प्राधिकरण के सचिव शेखर कुरियाकोस ने कहा, “दक्षिणी ज़िलों में बारिश की तीव्रता कम होने के कारण वहां का पानी धीरे-धीरे समुद्र की ओर निकल जाएगा.”

    हालांकि, उन्होंने आगे कहा, “मौजूदा स्थिति की तुलना वर्ष 2018 की विनाशकारी बाढ़ से नहीं की जा सकती. 2018 की आपदा ने पूरे केरल को प्रभावित किया था.”

    भारी बारिश और भूस्खलन के बीच राज्य सरकार ने 1,338 लोगों को सुरक्षित निकालकर 62 राहत शिविरों में पहुंचाया है. सबसे अधिक प्रभावित मध्य केरल के ज़िलों में 17 मकान पूरी तरह तबाह हो गए हैं, जबकि 127 मकानों को आंशिक नुक़सान पहुंचा है.

    इडुक्की में भूस्खलन से छह और कोट्टायम में दो लोगों की जान गई. वहीं, कोट्टायम और मलप्पुरम में डूबने से दो-दो लोगों की मौत हुई. विजिनजम और मुथलाप्पोझी क्षेत्रों से दो-दो लोगों के लापता होने की सूचना है.

    मुख्यमंत्री ने क्या कहा

    केरल में भारी बारिश

    इमेज स्रोत, Kuttan Batheri

    इमेज कैप्शन, भारी बारिश और भूस्खलन के बीच राज्य सरकार ने 1,338 लोगों को सुरक्षित निकालकर 62 राहत शिविरों में पहुंचाया है

    मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने इडुक्की, कोट्टायम और पतनमतिट्टा के ज़िला कलेक्टरों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.

    उन्होंने संबंधित ज़िलों में मंत्रियों को कैंप कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने को भी कहा है.

  6. प्रशांत किशोर ने पटना एसएसपी के ख़िलाफ़ क्यों शिकायत दर्ज कराई?

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी भी पुलिस अधिकारी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने या चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जा सकती (फ़ाइल फ़ोटो)

    जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के ख़िलाफ़ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है.

    उन्होंने कहा, "हमने चुनाव के दौरान पिछले तीन दिनों में पुलिस के बर्ताव, खासकर उनके कामों, वोटरों को डराने-धमकाने, राजनीतिक नेताओं को हिरासत में लेने और किसी ख़ास पार्टी के पक्ष में काम करने के तरीके को लेकर पटना एसएसपी के ख़िलाफ़ लिखित सबूतों के साथ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है."

    प्रशांत किशोर ने आगे कहा, "चुनाव अधिकारी ने कहा है कि मामले की जांच के आदेश दिए जा रहे हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी. अगर यहां कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो हम दिल्ली में चुनाव आयोग और ज़रूरत पड़ने पर कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाएंगे."

    उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिस अधिकारी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने या चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

    गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था, इस उपचुनाव में 35 फ़ीसदी से भी कम लोगों ने मतदान किया. बांकीपुर में परंपरागत रूप से मतदान कम रहता है लेकिन 2025 की तुलना में इस बार सात फ़ीसदी कम मतदान हुआ है.

  7. पप्पू यादव के ख़िलाफ़ वाराणसी में शिकायत दर्ज, सनातन धर्म के अपमान का आरोप

    पप्पू यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी

    वाराणसी के कोतवाली थाने में महंत बालक नाथ ने सांसद पप्पू यादव के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है.

    काशी ज़ोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गौरव बंसवाल ने बताया, "शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो से संबंधित है, जिनमें सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव संत के भेष में दिखाई दे रहे हैं."

    शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन वीडियो में किए गए कृत्यों से सनातन धर्म का अपमान हुआ है.

    डीसीपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी.

    महंत बालक नाथ ने कहा, "आज पप्पू यादव के खिलाफ हमने एफआईआर दर्ज करवाई है. जिस प्रकार से उन्होंने सनातन, भगवा वस्त्र और साधु-संतों का अपमान किया है, उसी को लेकर हमने यह शिकायत दर्ज कराई है."

    उन्होंने प्रशासन से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून के अनुसार उचित कदम उठाए जाने चाहिए.

    शुक्रवार को सांसद पप्पू यादव संत के भेष में संसद पहुंचे थे, जहां उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया था.

  8. मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा की ब्रॉड पीक पर हिमस्खलन में मौत

    निर्मल पुर्जा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, निर्मल की संस्था ने बताया है कि इस हादसे में अभियान दल के अन्य सदस्यों की भी जान गई है

    दुनिया के मशहूर पर्वतारोही निर्मल ‘निम्सदाई’ पुर्जा की ब्रॉड पीक पर हुए हिमस्खलन में मौत हो गई है. उनकी संस्था इलीट एक्सपेड ने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए इसकी पुष्टि की है.

    वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पर्वतारोहियों के निधन पर दुख जताया है.

    निर्मल की संस्था ने बताया कि इस हादसे में अभियान दल के अन्य सदस्यों की भी जान गई है.

    इलीट एक्सपेड के मुताबिक, निर्मल पुर्जा के साथ उनके भरोसेमंद क्लाइंबिंग पार्टनर और गाइड पुर बहादुर गुरुंग (युक्टा) और निमा शेरपा की भी इस त्रासदी में मौत हो गई.

    संस्था ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पर्वतारोहण जगत ने एक महान पर्वतारोही और ऐसे नेता को खो दिया है, जिन्होंने अपने साहस, विनम्रता और दृढ़ विश्वास से लाखों लोगों को प्रेरित किया. निर्मल पुर्जा ने अपनी उपलब्धियों के ज़रिए दुनिया को दिखाया कि बड़े सपने देखने और सीमाओं को चुनौती देने से असंभव लगने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं."

    काराकोरम रेंज में 8,047 मीटर ऊंची चोटी पर गुरुवार को हिमस्खलन की ख़बर मिलने के बाद टीम के लिए खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया था.

    नेपाल के प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने ब्रॉड पीक पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले विश्व प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुर्जा समेत सभी पर्वतारोहियों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

    उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा, "पर्वतारोहण केवल शिखर तक पहुंचने की यात्रा नहीं है, बल्कि यह साहस, अनुशासन, त्याग और मानवीय सीमाओं को चुनौती देने वाले अदम्य आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति है. हिमालय और ऊंचे पर्वत कई लोगों को गौरव देते हैं, लेकिन कभी-कभी अपने आगोश में हमेशा के लिए समा भी लेते हैं."

    उन्होंने पाकिस्तान के काराकोरम पर्वत शृंखला में स्थित दुनिया के 12वें सबसे ऊंचे पर्वत 8,051 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर हुए हादसे में निर्मल पुर्जा सहित सभी दिवंगत पर्वतारोहियों को श्रद्धांजलि दी.

    उन्होंने कहा, "इन पर्वतारोहियों की भौतिक यात्रा भले ही समाप्त हो गई हो, लेकिन उनका साहस, समर्पण और योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा."

    प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों, रिश्तेदारों और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

  9. बांसुरी स्वराज पहुंचीं डीसीपी ऑफ़िस, पप्पू यादव और राहुल गांधी पर लगाया सनातन धर्म का मज़ाक उड़ाने का आरोप

    बांसुरी स्वाराज

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी का आरोप है कि संसद भवन में प्रदर्शन के दौरान सनातन संस्कृति और धार्मिक भावनाओं का अपमान किया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचीं.

    बीजेपी का आरोप है कि संसद भवन में प्रदर्शन के दौरान सनातन संस्कृति और धार्मिक भावनाओं का अपमान किया गया. बांसुरी स्वराज इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगी.

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने संसद परिसर में हुए प्रदर्शन को लेकर पप्पू यादव, अवधेश प्रसाद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा.

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "कल संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव, अवधेश प्रसाद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जो तमाशा किया, वह न तो कोई विरोध था और न ही असहमति. हमारे अनुसार, यह सनातन संस्कृति का मज़ाक उड़ाना, संत समाज का अपमान करना और भारत की परंपराओं का तिरस्कार करना था."

    "इसीलिए हम आज पुलिस स्टेशन आए हैं ताकि एफ़आईआर दर्ज करने की मांग कर सकें और इस मामले की तुरंत जांच का अनुरोध कर सकें."

    वहीं बीजेपी विधायक करनैल सिंह ने कहा, "सनातन धर्म का अपमान किया गया है. हमारे ब्राह्मणों, पुजारियों और स्वामियों को बदनाम करने की कोशिश की गई है. हमने उनकी (सांसद पप्पू यादव) गिरफ्तारी की मांग की है. उन्हें सांसद पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, और अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें पद से हटा दिया जाना चाहिए."

    दरअसल, शुक्रवार को सांसद पप्पू यादव संत की वेशभूषा में संसद पहुंचे थे, जहां उन्होंने राम मंदिर चंदा घोटाले का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया था.

  10. कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की अचानक तबीयत बिगड़ी, डॉक्टरों की टीम पहुंची घर

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फिलहाल अभिजीत की तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता नहीं चल पाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई.

    न्यूज़ एजेंसी आईएनएस के मुताबिक, उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच के लिए डॉक्टरों की टीम महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके आवास पर पहुंची.

    पीटीआई के मुताबिक, उनके आवास पर पहुंचे डॉक्टर ने उनकी जांच के बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी है.

    डॉक्टर के अनुसार, दीपके का ब्लड प्रेशर थोड़ा कम है और उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत है.

    सुबह अपने आवास के पार्किंग क्षेत्र में लोगों से मुलाकात के दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ, जिसके बाद उनकी स्वास्थ्य जांच कराई गई.

    जंतर मंतर पर प्रदर्शन के बाद सीजेपी ने उन्हें टाइफ़ाइड होने की बात कही थी. अस्पताल में भर्ती होने की दीपके ने तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की थी.

  11. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाज़ प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने जीता गोल्ड मेडल

    2026 कॉमनवेल्थ गेम्स

    इमेज स्रोत, PA

    इमेज कैप्शन, ग्लासगो में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के 10वें दिन एसईसी सेंटर में स्कारलेट सवाना डेलगाडो के ख़िलाफ़ महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग का फ़ाइनल जीतने के बाद भारत की प्रीति पवार जश्न मनाती हुईं

    भारतीय मुक्केबाज़ प्रीति पवार ने शनिवार को महिला 54 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया.

    फाइनल मुकाबले में कनाडा की स्कारलेट सवाना डेलगाडो के ख़िलाफ़ जीत दर्ज कर प्रीति ने भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाला.

    वहीं भारतीय बॉक्सर जैस्मिन लंबोरिया ने महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया.

    उनकी इस उपलब्धि से भारतीय दल के पदक अभियान को भी मज़बूती मिली.

    कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 54 किग्रा कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार के घर जश्न का माहौल है.

    भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में ट्रिपल जंप में दो और मेडल जीते. भारत के प्रवीण चित्रवेल ने सिल्वर मेडल और सेल्वा प्रभु ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.

    प्रवीण चित्रवेल ने 16.58 मीटर की बेस्ट जंप के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया. वहीं सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने 16.52 मीटर की बेस्ट जंप के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.

    कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत 27 पदकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गया है. भारतीय दल ने अब तक कुल 7 गोल्ड, 13 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं.

  12. ई20 पेट्रोल के मुद्दे पर केजरीवाल का 4 अगस्त को पीएम हाउस तक मार्च का ऐलान

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, केजरीवाल ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि अगर इथेनॉल किसी भी दृष्टि से लाभकारी नहीं है, तो इसे पूरे देश में क्यों बढ़ावा दिया जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ई20 ईंधन नीति को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं.

    साथ ही केजरीवाल ने अपनी याचिका सौंपने के लिए 4 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करने की घोषणा की.

    उन्होंने कहा, "पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को विकल्प मिलना चाहिए, जो लोग ई20 पेट्रोल लेना चाहें वे उसे खरीद सकें और जो शुद्ध पेट्रोल चाहते हैं, वो शुद्ध पेट्रोल लें."

    केजरीवाल ने दूसरी मांग रखते हुए कहा, "ई20 पेट्रोल की क़ीमत शुद्ध पेट्रोल से कम होनी चाहिए. और तीसरा, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमतों में गिरावट को देखते हुए देश में पेट्रोल का खुदरा मूल्य 84 रुपये प्रति लीटर से नीचे लाया जाना चाहिए."

    उन्होंने आरोप लगाया कि ई20 ईंधन से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस नीति को अमेरिका के दबाव में लागू किया जा रहा है.

    कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने कहा कि वो मंगलवार दोपहर याचिकाएं इकट्ठा करेंगे और लगभग 100 लोगों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च का नेतृत्व करेंगे.

  13. कुलगाम चरमपंथी हमले की राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने की कड़ी निंदा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में हुए चरमपंथी हमले में दो प्रवासी मज़दूरों की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गहरा दुख व्यक्त किया है.

    दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है. शोकाकुल परिवारों को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. आतंकियों के ऊपर इस कायराना हमले के लिए सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा मिले. आतंकवाद के खिलाफ देश हमेशा एकजुट है."

    वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे ने हमले को अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला बताया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है. दो निर्दोष मज़दूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है."

    "इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है. शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं. दोषियों के ख़िलाफ़ जल्द और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें कानून के अनुसार सख्त से सख्त सज़ा दी जानी चाहिए."

    दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम ज़िले में शुक्रवार शाम संदिग्ध चरमपंथियों की ओर से की गई गोलीबारी में दो प्रवासी मज़दूरों की मौत हो गई.

    दोनों मज़दूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और केलम इलाक़े में एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे. कुलगाम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मृतकों की पहचान दीपक रात्रे और भूपिंदर के रूप में हुई है.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  15. ईरानी हमलों से अरब देशों में अमेरिका के 9 ठिकाने प्रभावित हुए, अहमद नूर, शेरिहान अल-अख़रास और मार्क एलिसन

    ईरानी मिसाइल

    इमेज स्रोत, fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हालिया तनाव के बावजूद ईरान के पास अमेरिका से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कुछ क्षमता अब भी मौजूद है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के बीच बीबीसी की एक इन्वेस्टिगेशन में पता चला है कि ईरानी हमलों के कारण कई अरब देशों में अमेरिका से जुड़े सैन्य ठिकानों और नागरिक ढांचों को नुक़सान पहुंचा है.

    ये बात ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले यह कह चुके हैं कि ईरान की सैन्य क्षमताएं पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं.

    बीबीसी की फ़ैक्ट-फ़ाइंडिंग टीम के अनुसार, 12 जुलाई 2026 से शुरू हुए नए तनाव के दौर के बाद कुवैत, बहरीन, इराक़ और जॉर्डन में स्थित नौ सैन्य अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को नुक़सान पहुंचा है.

    इन्वेस्टिगेशन के मुताबिक़, हालिया तनाव के बावजूद ईरान के पास अमेरिका से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कुछ क्षमता अब भी मौजूद है.

    वहीं, बीबीसी की फ़ैक्ट-चेकिंग टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल ऐसे कई भ्रामक वीडियो की भी पहचान की, जिन्हें अरब देशों पर ईरानी हमलों के दृश्य बताकर साझा किया जा रहा था.

    इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि इनमें से कुछ वीडियो पुराने थे, जबकि कुछ को आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किया गया था.

  16. रूस का यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, नौ लोगों की मौत और 23 घायल, क्रिस ग्राहम

    किएव

    इमेज स्रोत, Sergei SUPINSKY / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, किएव में रूसी मिसाइल हमलों के बाद लगी भीषण आग

    यूक्रेन की राजधानी किएव पर रूस ने शनिवार तड़के बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला किया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 घायल हो गए.

    स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़, राजधानी के कई इलाक़ों में एक के बाद एक धमाके हुए. किएव के मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि शहर पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया, जिसके बाद विभिन्न हिस्सों में आग लग गई और कुछ इलाक़ों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई.

    अधिकारियों के अनुसार, सोलोमियांस्की ज़िले में एक पांच मंज़िला रिहायशी इमारत आंशिक रूप से ढह गई. इस हमले में दो लोगों की मौत हुई, जबकि आठ लोग घायल हुए. घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं.

    रूस ने हाल के दिनों में किएव पर बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है. लगातार हो रहे हमलों के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने आधुनिक इंटरसेप्टर मिसाइलों की ज़रूरत बताई है.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने इसी सप्ताह वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात कर पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों के प्रॉडक्शन का लाइसेंस देने की मांग की थी.

    हालांकि, शुक्रवार को कैंप डेविड में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने अभी तक यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलों के निर्माण की अनुमति नहीं दी है, लेकिन इस विषय पर बातचीत जारी है.

  17. कश्मीर: संदिग्ध चरमपंथियों की गोलीबारी में दो प्रवासी मज़दूरों की मौत, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता

    कुलगाम

    इमेज स्रोत, Muneeb-ul-Islam

    इमेज कैप्शन, कुलगाम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मृतकों की पहचान दीपक रात्रे और भूपिंदर के रूप में हुई है

    दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम ज़िले में शुक्रवार शाम संदिग्ध चरमपंथियों की ओर से की गई गोलीबारी में दो प्रवासी मज़दूरों की मौत हो गई.

    दोनों मज़दूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और केलम इलाक़े में एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे. कुलगाम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मृतकों की पहचान दीपक रात्रे और भूपिंदर के रूप में हुई है.

    अधिकारी के अनुसार, दीपक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपिंदर को पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. वहां से उन्हें श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ रेफ़र किया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

    घटना के बाद हमलावर अंधेरे का फ़ायदा उठाकर मौके से फ़रार हो गए. सुरक्षा बलों ने पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

    हालांकि, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही किसी चरमपंथी संगठन ने हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

    गोलीबारी की घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत की है.

    उपराज्यपाल ने अपने पोस्ट में कहा, "मैंने हमारे सुरक्षा बलों को अपने ऑपरेशन तेज़ करने और आतंकवादियों को ख़त्म करने का निर्देश दिया है."

    गौरतलब है कि इसी महीने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में अज्ञात बंदूकधारियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल आशिक़ हुसैन पर गोलीबारी की थी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हुई थी. आशिक़ हुसैन मूल रूप से बडगाम ज़िले के निवासी थे.

  18. सेबी ने सुभाष चंद्रा और उनके बेटे पुनीत गोयनका पर एक साल का बैन क्यों लगाया?

    सुभाष चंद्रा

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एस्सेल ग्रुप के प्रमोटर सुभाष चंद्रा (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय बाज़ार नियामक सेबी ने एस्सेल ग्रुप के प्रमोटर सुभाष चंद्रा और ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज़ेज़ लिमिटेड के सीईओ पुनीत गोयनका पर शेयर बाज़ार से जुड़े कामकाज में एक साल की रोक लगा दी है.

    इसके अलावा ज़ी एंटरटेनमेंट पर भी दो महीने की पाबंदी लगाई गई है. सेबी ने तीनों पर कुल 1.48 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है.

    जुर्माने की रक़म में ज़ी एंटरटेनमेंट पर 30 लाख रुपये, सुभाष चंद्रा पर 60 लाख रुपये और पुनीत गोयनका पर 58 लाख रुपये शामिल हैं. सेबी ने तीनों को 45 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि जमा करने का निर्देश दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह मामला 27 दिसंबर 2018 को हुए डिपॉज़िट एंड डिक्लेरेशन एग्रीमेंट से जुड़ा है. इस समझौते के तहत ज़ी एंटरटेनमेंट की हैदराबाद स्थित संपत्ति के ओरिजिनल दस्तावेज़ इंडियाबुल्स हाउसिंग फ़ाइनेंस लिमिटेड के पास जमा किए गए थे. इन दस्तावेज़ों का इस्तेमाल एस्सेल होम और एस्सेल ग्रुप से जुड़ी अन्य कंपनियों के कर्ज़ की गारंटी के तौर पर किया गया था.

    इसके लिए कंपनी ने अपनी ऑडिट समिति से पहले मंज़ूरी नहीं ली, जो लिस्टिंग ऑब्लिगेशन्स एंड डिस्क्लोज़र रिक्वायरमेंट्स नियमों का उल्लंघन है.

    सेबी ने कहा कि ज़ी एंटरटेनमेंट ने इस लेन-देन से जुड़ी ज़रूरी जानकारी अपनी वित्तीय रिपोर्ट में भी शेयर नहीं की.

    सेबी के मुताबिक़, पुनीत गोयनका और सुभाष चंद्रा को जानकारी थी कि कंपनी की हैदराबाद स्थित ज़मीन को कर्ज़ की गारंटी के रूप में इस्तेमाल किया गया है और इस ज़मीन के ओरिजिनल दस्तावेज़ जून 2020 तक कर्ज़दाता कंपनी के पास रखे गए थे.

    सेबी ने सुभाष चंद्रा के लिए कहा कि उन्होंने ज़ी एंटरटेनमेंट के चेयरमैन पद का ग़लत इस्तेमाल किया. उन्होंने कंपनी की हैदराबाद संपत्ति के असली दस्तावेज़ इंडियाबुल्स को सौंप दिए और यह दावा किया कि इस फ़ैसले को कंपनी प्रबंधन की मंज़ूरी मिली हुई है, जबकि ऐसा नहीं था.

  19. 'मुझे गालियां दीं', पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?

    पवन खेड़ा और संजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उन्हें और उनकी मां गालियां दी गईं. अब इस पर विपक्षी पार्टियों की ओर से प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं.

    दरअसल, पीएम मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की, जिसमें उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं.

    उन्होंने कहा, "बचपन ग़लतियों को सुधारने का अवसर भी होता है. ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें राह दिखाने का समय है, मैं इन्हें माफ़ करना चाहता हूं."

    पीएम के इस वीडियो पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए एक्स पर लिखा, "लो कर लो बात. देश इनसे माफ़ी मांगने को कह रहा है, इन्होंने देश को माफ़ कर दिया."

    आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स पर लिखा, "मैं मोदी सर से सहमत हूं, गाली-गलौज नहीं करनी चाहिए. लेकिन ये ज्ञान प्राप्त करने में आपको बहुत समय लग गया प्रभु, आपके लोगों ने तो किसी की मां, बहन, बेटी किसी को नहीं बख़्शा सबको भद्दी-भद्दी गालियां दीं. प्रभु मुझे तो आपने अपने लोगों से लाखों गालियां दिलवाईं, ख़ूब अपमानित करवाया."

  20. कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में बड़ी कटौती, इतना सस्ता हुआ

    कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर

    इमेज स्रोत, Sunil Ghosh/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, नई क़ीमतों के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 192 रुपये घटकर 2,738 रुपये हो गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तेल कंपनियों ने शनिवार (1 अगस्त, 2026) को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में बड़ी कटौती की है. कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम देशभर में क़रीब 200 रुपये तक घटा दिए हैं.

    वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में शनिवार को कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसके अलावा 5 किलो वाले फ़्री ट्रेड एलपीजी (एफ़टीएल) सिलेंडर की क़ीमत में भी क़रीब 46 रुपये की कटौती की गई है.

    नई क़ीमतों के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 192 रुपये घटकर 2,738 रुपये हो गई है. वहीं, 5 किलो वाले एफ़टीएल सिलेंडर की क़ीमत 46.5 रुपये कम होकर 762 रुपये रह गई है.

    मुंबई में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत में 194 रुपये प्रति सिलेंडर की कमी की गई है. अब यहां 19 किलो वाला सिलेंडर 2,691.5 रुपये में मिलेगा.

    देश के प्रमुख महानगरों में कोलकाता में सबसे बड़ी कटौती देखने को मिली है. यहां 19 किलो वाले सिलेंडर की क़ीमत 209 रुपये घटकर 2,872.5 रुपये हो गई है.

    इससे पहले 1 जुलाई को कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत में क़रीब 183 रुपये प्रति रिफ़िल की कटौती की थी.