एस. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर क्या बात की?

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि बुधवार की शाम ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बात हुई.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. एस. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर क्या बात की?

    विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत में ईरानी दूतावास ने भी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की जयशंकर से बातचीत की जानकारी दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि बुधवार की शाम ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बात हुई.

    उन्होंने लिखा कि, “आज शाम ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची का फ़ोन आया, उनसे मौजूदा स्थिति के अलग-अलग पहलुओं पर विस्तार से बातचीत हुई. हमने लगातार संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई.”

    वहीं भारत में मौजूद ईरानी दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दोनों पक्षों ने युद्धविराम से जुड़े ताज़ा घटनाक्रम, द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की और अपने विचार साझा किए.

  3. दिल्ली हाई कोर्ट में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए सुनवाई के दौरान चला पोर्नोग्राफ़िक कंटेंट

    दिल्ली हाई कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीफ़ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की अदालत में हुई घटना (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अदालत में बुधवार को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए सुनवाई चल रही थी.

    इस दौरान कॉन्फ़्रेंसिंग में मौजूद एक प्रतिभागी ने पोर्नोग्राफ़िक कंटेंट और परेशान करने वाला म्यूज़िक चला दिया, जिसके बाद सुनवाई को बीच में ही रोक दिया गया.

    बार एंड बेंच के मुताबिक, कुछ देर बाद चीफ़ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की अदालत में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए फिर से सुनवाई शुरू हुई और एक बार फिर अश्लील सामग्री चला दी गई.

    इसके बाद सुनवाई को रोक दिया गया.

    दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा है कि उन्होंने रजिस्ट्रार जनरल को निर्देश दिया है कि वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग की कार्यवाही के दौरान अश्लील सामग्री चलाए जाने की घटनाओं के बाद उचित कार्रवाई की जाए.

    चीफ़ जस्टिस उपाध्याय ने आगे कहा कि कोर्ट की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग करना प्रतिबंधित है, और जिन लोगों ने इस घटना को रिकॉर्ड किया या प्रसारित किया, उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.

  4. बेंगलुरु में भारी बारिश की वजह से दीवार गिरी, सात की मौत, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    बारिश से गिरी दीवार
    इमेज कैप्शन, भारी बारिश की वजह से शिवाजीनगर स्थित बोरिंग अस्पताल के मुर्दाघर की ऊंची दीवार गिर गई

    बेंगलुरु में तेज़ हवाओं के बाद आई बारिश की वजह से ढही दीवार की चपेट में आकर सात लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है.

    भारी बारिश की वजह से शिवाजीनगर स्थित बोरिंग अस्पताल के मुर्दाघर की ऊंची दीवार गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ.

    मारे गए और गंभीर रूप से घायल लोगों में फुटपाथ पर सामान बेचने वाले छोटे दुकानदार और उनके ग्राहक शामिल थे.

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई.

    उन्होंने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है और वे ख़तरे से बाहर हैं. उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.”

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, PTI

    इमेज कैप्शन, घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया

    तेज़ बारिश

    बेंगलुरु में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे शहर के कई इलाक़ों में पानी भर गया और कई पेड़ गिर गए.

    मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, “यह जांच की जाएगी कि पास में चल रहे निर्माण कार्य की वजह से यह दीवार तो नहीं गिरी.”

    पिछले एक हफ्ते से बेंगलुरु में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है. दूसरे शहरों की तुलना में यह कम लग सकता है, लेकिन बेंगलुरु के लिए यह ज़्यादा है.

    बेंगलुरु के मौसम केंद्र के प्रमुख एन. पुवियारासन ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहा, “यह असामान्य नहीं है, हालांकि इस क्षेत्र में कम दबाव वाला क्षेत्र बनने की वजह से कुछ इलाकों में रोज़ ऐसी स्थिति बन रही है. कल तुमकुरु में था, आज बेंगलुरु में है.”

    उन्होंने बताया, “शाम 5:30 बजे तक शहर में 8 सेंटीमीटर बारिश हो चुकी थी, जिसमें हवा की रफ्तार 75 किमी प्रति घंटा थी. अभी भी कुछ हिस्सों में बारिश जारी है, इसलिए बारिश 8 सेंटीमीटर से बढ़ सकती है.”

    पुवियारासन ने कहा, “संभावना है कि आज की तरह कल भी बेंगलुरु में भारी बारिश हो सकती है.”

    मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, “मारे गए सभी लोग बहुत गरीब थे, मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा. “

    मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आधिकारिक आवास परिसर में भी एक पेड़ गिर गया, जिससे वहां आने-जाने का रास्ता कुछ समय के लिए बाधित हो गया.

    वहीं दक्षिण बेंगलुरु में गाड़ी पर पेड़ गिरने से एक कार ड्राइवर की मौत हो गई.

  5. पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में 91.66 फ़ीसदी वोटिंग

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के दौरान, वोट डालने के बाद मतदाता अपनी स्याही लगी उंगलियां और वोटर आईडी दिखाते हुए

    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग पूरी हो चुकी है.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 91.66 फ़ीसदी वोटिंग हुई है.

    इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड हैं. इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं.

    41,001 केंद्रों पर मतदान कराए गए और सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी.

    पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "चुनाव जिस तरह से शांतिपूर्ण रहे हैं, वैसे ही चुनाव के बाद भी कोई हिंसा नहीं होनी चाहिए."

    उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और गृह मंत्रालय ने फैसला किया है कि चुनाव के बाद भी यहां अर्धसैनिक बलों की कई बटालियन और कंपनियां तैनात रहेंगी.

  6. बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन बोले- भारत के साथ रिश्ते बेहतर होंगे

    शाकिब अल हसन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शाकिब अल हसन ने कहा है कि बांग्लादेश में नई सरकार के आने के बाद दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़े मामलों में सुधार होगा (फ़ाइल फोटो)

    बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और बीसीसीआई के बीच तनाव भरे रिश्तों में सुधार को लेकर उम्मीद जताई है.

    उन्होंने कहा कि नई सरकार के आने के बाद दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़े मामलों में सुधार होगा.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उन्होंने यूरोपीय टी-20 बेल्जियम लीग की जर्सी लॉन्च के मौके़ पर पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि अब चीज़ें बेहतर होने लगेंगी, क्योंकि चुनाव हो चुके हैं और नई सरकार आ गई है. और मुझे लगता है कि वो क्रिकेट को लेकर सही निर्णय लेंगे."

    इस साल की शुरुआत में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने बीसीसीआई के निर्देशों का पालन करते हुए बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिज़ुर रहमान को अपनी टीम से बाहर कर दिया था.

    इस फ़ैसले से बांग्लादेश में काफ़ी विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था.

    बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से अनुरोध किया था कि उनके मैच श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इसे ठुकरा दिया, क्योंकि भारत में टीम को किसी तरह का ठोस ख़तरा नहीं पाया गया. इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया था.

  7. पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बोले- चुनाव के बाद भी कोई हिंसा नहीं होनी चाहिए

    मनोज अग्रवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुख्य निर्वाचन अधिकारी बोले, "चुनाव आयोग और गृह मंत्रालय ने फैसला किया है कि चुनाव के बाद भी यहां अर्धसैनिक बलों की कई बटालियन और कंपनियां तैनात रहेंगी"

    पश्चिम बंगाल में शाम पांच बजे तक 89.99 फ़ीसदी वोटिंग हुई है और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल इसे सफलता बता रहे हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा, "इस बार यहां चुनाव सफलतापूर्वक दो चरणों में कराए जा रहे हैं. भविष्य में चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे. मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे शाम 6 बजे से पहले ज़रूर अपने वोट डालें."

    उन्होंने आगे कहा कि, "मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, और मतदाता एसआईआर को लेकर खुश हैं. जैसे चुनाव शांतिपूर्ण रहे हैं, वैसे ही चुनाव के बाद भी कोई हिंसा नहीं होनी चाहिए."

    उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और गृह मंत्रालय ने फैसला किया है कि चुनाव के बाद भी यहां अर्धसैनिक बलों की कई बटालियन और कंपनियां तैनात रहेंगी.

  8. इलाहाबाद हाई कोर्ट की टिप्पणी, मुसलमानों से जुड़े मामलों को नज़रअंदाज़ कर रहा है एनएचआरसी, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    इलाहाबाद हाई कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इलाहाबाद हाई कोर्ट (फ़ाइल फोटो)

    बुधवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज जस्टिस अतुल श्रीधरन ने एक मामले में सुनवाई टालते हुए अपने लिखित आदेश में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग(एनएचआरसी) पर कड़ी टिप्पणी की.

    उन्होंने कहा कि देश के मानवाधिकार आयोग ऐसे मामलों में भी दखल देने की कोशिश कर रहे हैं, जो असल में अदालत में आने चाहिए.

    उन्होंने लिखा कि जिन मामलों में मुस्लिम समुदाय के लोगों पर हमला होता है, कभी-कभी उनकी हत्या (लिंचिंग) तक हो जाती है, और आरोपियों के ख़िलाफ़ ठीक से केस दर्ज नहीं होता या जांच सही तरीके से नहीं होती.

    उन्होंने लिखा कि ऐसे मामलों में खुद से संज्ञान लेने के बजाय, मानवाधिकार आयोग उन मामलों में पड़ता दिखता है जो पहली नज़र में उससे जुड़े नहीं होते.

    कौन से मामले की थी सुनवाई

    फरवरी 2025 में एनएचआरसी के पास एक शिकायत आई थी कि उत्तर प्रदेश में 588 मदरसों को सरकारी अनुदान मिल रहा है, लेकिन वे ज़रूरी अच्छी इमारत, योग्य शिक्षक जैसे पैमाने को पूरा नहीं कर रहे.

    शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि शिक्षकों की नियुक्ति रिश्वत देकर हो रही है और यूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी भी इसमें शामिल हैं.

    इसके बाद एनएचआरसी ने उत्तर प्रदेश की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग को इन आरोपों की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा था.

    एनएचआरसी के इस आदेश के ख़िलाफ़ इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई, जिसकी सुनवाई जस्टिस श्रीधरन की अगुवाई वाली दो जजों की बेंच कर रही थी.

    इस मामले में याचिकाकर्ता ने सुनवाई टालने की मांग की, जबकि यूपी सरकार के वकील इसका विरोध कर रहे थे.

    जस्टिस श्रीधरन ने कहा कि पहली नज़र में इस मामले में कोई मानवाधिकार का मुद्दा नज़र नहीं आता.

    हालांकि, उनके साथ बैठे दूसरे जज जस्टिस विवेक सारन ने कहा कि वे एनएचआरसी के ख़िलाफ़ की गई टिप्पणियों से सहमत नहीं हैं, क्योंकि आयोग की ओर से इस मामले में कोई पक्ष मौजूद नहीं था.

    फिर भी, उन्होंने मामले में सुनवाई टालने की बात से सहमति जताई. अब इस मामले की अगली सुनवाई 11 मई को होगी.

  9. पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में शाम 5 बजे तक 89.99 फ़ीसदी वोटिंग

    कोलकाता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बुधवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के दौरान, अपना वोट डालने के लिए कतार में खड़े मतदाता

    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी है.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ शाम 5 बजे तक 89.99 फ़ीसदी वोटिंग हो चुकी है.

    इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड हैं. इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं.

    मतदान 41,001 केंद्रों पर हो रहा है और सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, लंदन में यहूदी समुदाय के दो लोगों पर चाक़ू से हमला

    लंदन पुलिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीबीसी न्यूज़ ने पुष्टि की है कि इस हमले में दो यहूदी पुरुषों को चाक़ू मारा गया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    नॉर्थ लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाक़े में यहूदी समुदाय के दो लोगों को चाक़ू मारे जाने की ख़बर है.

    बीबीसी न्यूज़ ने पुष्टि की है कि इस हमले में दो यहूदी पुरुषों को चाक़ू मारा गया और गंभीर हालत में उनका इलाज चल रहा है.

    लंदन में एक व्यक्ति को हाई स्ट्रीट पर दौड़ते हुए देखा गया. संदिग्ध हमलावर इलाक़े में यहूदी लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था.

    यहूदी समुदाय की सुरक्षा संस्था शॉम्रिम ने कहा कि उन्होंने एक संदिग्ध को पकड़ लिया है.

    उनका कहना है कि इसके बाद पुलिस मौके़ पर पहुंची और उस व्यक्ति को बिजली का झटका देने वाले हथियार (टेज़र) से काबू किया और फिर उस संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया.

  11. नरेंद्र दाभोलकर मर्डर केस में दोषी पाए गए शरद शंकर को मिली ज़मानत

    डॉ. नरेंद्र दाभोलकर

    इमेज स्रोत, Facebook

    इमेज कैप्शन, डॉ. नरेंद्र दाभोलकर महाराष्ट्र के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक थे (फ़ाइल फोटो)

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने नरेंद्र दाभोलकर मर्डर केस के मुख्य हमलावर शरद शंकर को ज़मानत दे दी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक, जस्टिस अजय गडकरी और जस्टिस रंजीत सिन्हा भोसले की डिविज़न बेंच ने 50 हज़ार रुपये के बेल बॉन्ड पर उनकी ज़मानत का आदेश दिया.

    साल 2024 में एक स्पेशल कोर्ट ने शरद शंकर को दोषी पाया था, जिसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट में अपील की थी. उन्होंने अपील पर सुनवाई होने और फ़ैसला आने तक ज़मानत की मांग की थी.

    महाराष्ट्र के पुणे में 20 अगस्त 2013 को डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह महाराष्ट्र के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक थे.

  12. पश्चिम बंगाल चुनाव: दोपहर 3 बजे तक 78.68 फ़ीसदी वोटिंग हुई

    पश्चिम बंगाल में चुनाव के लिए जाते बुज़ुर्ग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में, पुरबा बर्धमान में एक बुजुर्ग मतदाता को सीएपीएफ़ के एक जवान वोट डालने के लिए ले जा रहे हैं

    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी है. चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 3 बजे तक 78.68 फ़ीसदी वोटिंग हो चुकी है.

    इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड हैं. इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं.

    मतदान 41,001 केंद्रों पर हो रहा है और सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.

    पीटीआई के मुताबिक़, वोटिंग के दौरान बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर के एक ही मतदान केंद्र पर पहुंच गए थे.

  13. स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से अपने जहाज़ के गुजरने पर जापान ने क्या कहा?

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फिलहाल जापान से जुड़ा जहाज़ जापान की ओर बढ़ रहा है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    आज यानी बुधवार को जापान से जुड़ा एक जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से होकर गुज़रा.

    इससे पहले इसे फ़ारस की खाड़ी में रोका गया था. इस जहाज़ पर तीन जापानी क्रू मेंबर सवार हैं और यह फिलहाल जापान की ओर बढ़ रहा है.

    जापान के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    जापान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, "जापान ने अलग-अलग मौकों पर, अंतरराष्ट्रीय बैठकों में ईरान से मांग की है कि वह सभी देशों के जहाज़ों, खासकर जापान से जुड़े जहाज़ों के लिए स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में सुरक्षित और बिना रोक-टोक आवाजाही सुनिश्चित करे."

    "जापान सरकार इसे को सकारात्मक मानती है, ख़ासकर से जापानी नागरिकों की सुरक्षा के नज़रिये से."

    मंत्रालय ने आगे कहा, "जापान आगे भी ईरान से आग्रह करता रहेगा कि वह स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुजरने वाले सभी जहाज़ों, जिनमें जापान से जुड़े जहाज़ भी शामिल हैं, के लिए सुरक्षित और स्वतंत्र रास्ता सुनिश्चित करे."

    दुनिया का करीब 20 फ़ीसदी तेल आमतौर पर स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से होकर गुज़रता है. अमेरिका-इसराइल से जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने इसे बंद कर दिया था और अभी भी इसे पूरी तरह नहीं खोला गया है.

  14. इसराइल का दावा- हवाई हमले में हमास की इंटेलिजेंस विंग के बड़े लीडर की मौत

    इसराइली सैनिक

    इमेज स्रोत, HAZEM BADER / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल का कहना है कि वो शख़्स इसराइली सेना की हलचल की जानकारी जुटाने में अहम भूमिका निभाते थे

    इसराइली सेना और शिन बेट (इसराइल की सिक्योरिटी एजेंसी) ने एक संयुक्त बयान में बताया है कि उत्तरी ग़ज़ा पर किए गए हवाई हमले में हमास की इंटेलिजेंस विंग के एक बड़े लीडर की मौत हो गई है.

    बयान में बताया गया है कि मारे गए व्यक्ति का नाम इयाद अहमद अब्दुल रहमान शम्बारी था, जो इंटेलिजेंस यूनिट में ऑपरेशंस का प्रमुख था.

    बयान में कहा गया, "इयाद अब्दुल रहमान शम्बारी इसराइली सेना की हलचल की जानकारी जुटाने में अहम भूमिका निभाता था और इलाक़े में तैनात फ़ौजों के लिए सीधा ख़तरा माना जाता था."

    यह भी बताया गया कि उन्होंने '7 अक्तूबर 2023 को हमास के हमले की योजना बनाने में हिस्सा लिया' था.

    इसी के बाद इसराइल और फ़लस्तीन के बीच टकराव बढ़ गया था.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पश्चिम बंगाल चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 61.11% वोटिंग हुई

    महिला वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए 41,001 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है

    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी है. दोपहर 1 बजे तक 61.11% वोटिंग हो चुकी है.

    इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड हैं. इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं.

    मतदान 41,001 केंद्रों पर हो रहा है और सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.

    पीटीआई के मुताबिक़, वोटिंग के दौरान बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर के एक ही मतदान केंद्र पर पहुंच गए थे.

    वहां दोनों ने मीडिया के ज़रिए एक-दूसरे पर तंज कसे, लेकिन सीधे तौर पर कोई बातचीत या आमना-सामना नहीं हुआ.

    यह घटना चक्रबेड़िया के वार्ड नंबर 70 में हुई, जहां ममता बनर्जी पहले से ही मौजूद थीं. उन्हें स्थानीय टीएमसी नेताओं की शिकायतें मिली थीं.

    महिला वोटर्स

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    युवा वोटर्स

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    बुजुर्ग वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

  17. केजरीवाल और सिसोदिया के बाद 'आप' के इस नेता ने जस्टिस स्वर्ण कांता को चिट्ठी लिखी

    दुर्गेश पाठक, मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बाद आम आदमी पार्टी नेता और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने भी जस्टिस स्वर्ण कांता को चिट्ठी लिखी है.

    दुर्गेश पाठक ने चिट्ठी में कहा है कि आबकारी नीति मामले में वो ख़ुद या उनकी तरफ़ से वकील पेश नहीं होंगे.

    दुर्गेश पाठक ने इस चिट्ठी को एक्स पर जारी करते हुए लिखा, "न्याय सिर्फ़ होना ही नहीं चाहिए, बल्कि दिखना भी चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "सम्मान और विनम्रता के साथ मैंने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा है कि मैं भी अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ क़ानूनी प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लूंगा, ना तो व्यक्तिगत रूप से और ना ही वकील के ज़रिए."

    इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने सोमवार और मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को चिट्ठी लिखी.

    दोनों ने कहा कि आबकारी मामले में सीबीआई की अपील याचिका पर वो ख़ुद या उनके वकील पेश नहीं होंगे.

  18. ईरान ने अमेरिका के कब्ज़े वाले अपने जहाज़ों को छुड़वाने की किससे की अपील?

    अमीर सईद इरवानी

    इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरवानी ने एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन)से अपील करते हुए अपने उन जहाज़ों को छुड़वाने की मांग की है जिन्हें अमेरिका ने जब्त कर लिया है.

    इस संबंध में ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरवानी ने मंगलवार को यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखा है.

    इरवानी ने अपने पत्र में अपील की है कि वो अमेरिकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करें. साथ ही अमेरिका ने ईरान के जिन व्यापारिक जहाज़ों और टैंकरों को जब्त किया है, इन्हें तुरंत छोड़ा जाए.

    इरवानी ने ईरानी जहाज़ों की जब्ती को 'समुद्री डकैती' क़रार दिया.

    पत्र में इरवानी ने यह भी कहा, "अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत ईरान को इन खुलेआम की गई कार्रवाइयों का जवाब देने का पूरा अधिकार है."

    इसी बीच, अमेरिकी वित्त मंत्री ने अपने बयान में दावा किया है कि अगर अमेरिकी नाकाबंदी जारी रही तो ईरान की तेल भंडारण क्षमता पूरी तरह ख़त्म हो जाएगी. इससे ईरान की तेल सप्लाई लाइन को नुक़सान होगा और पेट्रोल की कमी हो जाएगी.

  19. गाज़ियाबाद की एक सोसाइटी की इमारत में लगी भीषण आग

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, 15 मंज़िला इमारत के 9वें फ़्लोर पर लगी आग

    उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम की ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लग गई. आग बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे लगी, जिससे कई फ्लैट जल गए.

    यह आग 15 मंज़िला इमारत के 9वें फ़्लोर पर लगी, जो बाद में फैल गई और ऊपर के कुछ फ़्लोर को अपनी चपेट में ले लिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए यहां के निवासी रोहित ने बताया, “करीब 10-12 फ्लैट आग में जल गए हैं. शायद बिजली की कोई समस्या रही होगी. मुझे पूरी जानकारी नहीं है.”

    यहां रहने वाली मीरा ने बताया, "आग 9वीं मंज़िल से 13वीं मंज़िल तक फैल गई है. सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी और अब तक बुझी नहीं है, यह सबसे ऊपर की मंज़िल तक पहुंच गई है."

    उन्होंने कहा, "9वीं मंज़िल पर पेंट का काम चल रहा था. वहीं शॉर्ट सर्किट हुआ और एसी में धमाका हुआ. मुझे नहीं पता कि कोई घायल हुआ है या नहीं."

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

  20. पश्चिम बंगाल में 9 बजे तक 18.39 फ़ीसदी वोटिंग हुई, सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर लगाया ये आरोप

    कतार में खड़े मतदाता

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    पश्चिम बंगाल में आज सुबह 7 बजे से 142 सीटों पर मतदान हो रहा है. सुबह 9 बजे तक 18.39% वोटिंग हो चुकी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी भवानीपुर विधानसभा सीट के कई बूथों का दौरा किया. उन्होंने आरोप लगाया, "सेंट्रल फ़ोर्सेज़ और चुनाव पर्यवेक्षक बीजेपी के कहने पर काम कर रहे हैं."

    वहीं इस सीट पर उनके प्रतिद्वंद्वी बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "ममता बनर्जी आज उम्मीदवार हैं और उन्हें बूथ पर जाने का अधिकार है, लेकिन वो इतनी भीड़ क्यों लेकर आई हैं? मैं भी बूथ पर जा रहा हूं, लेकिन सिर्फ़ अपने बॉडीगार्ड्स के साथ. उन्हें भी ऐसा ही करना चाहिए. उन्होंने डर फैलाने के लिए इतनी भीड़ लाई है."

    पीटीआई के मुताबिक़, बारानगर के वार्ड नंबर 72 में वोटिंग रोक दी गई है क्योंकि ईवीएम ख़राब हो गई. नाराज़ वोटरों का कहना है कि मशीन पांच बार बदली गई, लेकिन वोटिंग शुरू नहीं हुई.

    खानाकुल के हुगली ज़िले में राजहाटी-1 पंचायत के रामचंद्रपुर के बूथ नंबर 147 पर टीएमसी और आईएसएफ समर्थकों के बीच झगड़ा हुआ. आरोप है कि नकली पोलिंग एजेंट लगाए गए थे.

    महिला वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    इमेज कैप्शन, दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से 220 महिलाएं हैं
    महिला वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    इमेज कैप्शन, 2021 में इन 142 सीटों में से टीएमसी ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को सिर्फ 18 और आईएसएफ को 1 सीट मिली थी