राहुल गांधी ने पंजाब के वित्त मंत्री का मांगा इस्तीफ़ा, लगाए ये आरोप

इमेज स्रोत, @RahulGandhi
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पंजाब की आप सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है - सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और प्रताड़ना से मिलेगा."
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को पंजाब के वित्त मंत्री से सवाल पूछने के बाद इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने ख़ुदकुशी कर ली.
राहुल गांधी ने कहा, "मुख्यमंत्री तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लें और सुनिश्चित करें कि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो जिसकी एफ़आईआर में उनका नाम दर्ज किया जाए."
इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया था कि पंजाब में गुलजार सिंह ने आप सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा से नशे पर सवाल पूछा तो उन्हें डराया-धमकाया गया.
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने गुलज़ार सिंह की मौत के मामले में पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस भेजे जाने की जानकारी दी है.
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस भेज कर और उनसे 15 दिनों में मामले से जुड़ी रिपोर्ट भेजने को कहा गया है.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)






