कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा- हमें कल तक का इंतज़ार करने के लिए कहा गया है

इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
स्टूडेंट्स और अन्य प्रदर्शनकारियों की हिरासत और गिरफ़्तारी की ख़बरों पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने चिंता जताते हुए कहा है कि उन्हें मंगलवार तक का इंतज़ार करने के लिए कहा गया है.
सीजेपी की प्रवक्ता रत्ना सिंह ने कहा, "हमें कल तक इंतज़ार करने के लिए कहा गया है. प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान यह स्पष्ट कर दिया गया था कि अगर तब तक आश्वासन नहीं मिलता है तो प्रदर्शन फिर से शुरू किया जाएगा."
रत्ना सिंह ने मीडिया से कहा, "सीजेपी के वॉलंटियर्स भी अपने घर लौटना चाहते थे और इस दौरान कई लोग वहाँ से निकलने की कोशिश कर रहे थे. कई लोग जंतर-मंतर पर फंसे हुए थे, जिनकी मदद के लिए एक टीम वहां भेजी गई थी."
उन्होंने आरोप लगाया कि टीम के वहां पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर के आसपास जो भी लोग दूसरों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं, पुलिस उन्हें भी हिरासत में ले रही है.
दरअसल, सीजेपी ने प्रदर्शन ख़त्म करने के बाद सोमवार को पहली बार प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस दौरान सीजेपी ने दावा किया है कि प्रदर्शन ख़त्म होने के बाद पुलिस की ओर से स्टूडेंट्स को निशाना बनाया जा रहा है.
सीजेपी ने कहा था कि प्रदर्शन के बाद पुलिस कार्रवाई न किए जाने पर भी सहमति बनी थी. सीजेपी ने चेतावनी दी है कि अगर यह कार्रवाई नहीं रोकी गई तो उन्हें फिर से प्रदर्शन करना पड़ेगा.
सीजेपी ने मांग की है कि सरकार के साथ क़ानूनी मामलों को लेकर हुआ लिखित समझौता मंगलवार तक साझा किया जाए.
























