लाइव, लोकसभा, राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित, रिजिजू की कांग्रेस से ये गुज़ारिश

लोकसभा में सोमवार को लोक परीक्षा संशोधन बिल पेश किया गया, लेकिन इस पर चर्चा नहीं हो पाई. विपक्ष के हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • मीराबाई चनू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार गोल्ड
  • धर्मेंद्र प्रधान
  • अखिलेश यादव
  • जंतर मंतर पर आंदोलन खत्म, कुछ ऐसा दिखा नज़ारा
  • तेज प्रताप यादव गिरफ्तार, ये है मामला
  • जंतर मंतर पर देर रात पहुंचे लोगों ने मनाया जश्न
  • पीएम मोदी

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. मल्लिकार्जुन खड़गे ने किस बात पर कहा- शाह को बयान देना होगा, मोदी जी को माफ़ी मांगनी पड़ेगी

    मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे का दावा है कि पश्चिम बंगाल और बिहार में बहुत सारे युवाओं को जबरन हिरासत में लिया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आरोप है कि जिन युवाओं ने हाल के प्रदर्शन में हिस्सा लिया उन्हें धमकियां मिल रही हैं.

    खड़गे का दावा है कि पश्चिम बंगाल और बिहार में बहुत सारे युवाओं को जबरन हिरासत में लिया गया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोदी सरकार की धमकियों से आज के हमारे युवा डरने वाले नहीं हैं. जिन युवाओं ने प्रदर्शन में भाग लिया उनको धमकियां मिल रही हैं. पश्चिम बंगाल और बिहार में बहुत सारे युवाओं को जबरन हिरासत में लिया गया है."

    "पहले युवाओं को लाठी-डंडे, पेलेट गन से मारा गया और अब जब प्रदर्शन ख़त्म हुआ है तो उनके सोशल मीडिया अकाउंटों तक की जांच-पड़ताल हो रही है. ये एक डरे हुए, तानाशाह की निशानी है."

    खड़गे ने आगे लिखा, "देश के युवा सवाल पूछ रहे हैं - 766 दिन पहले शिक्षा क्षेत्र और पेपर लीक रोकने के लिए बनी डॉ राधाकृष्णन कमेटी की सिफ़ारिशों का क्या हुआ? 895 दिन पहले पेपर लीक रोकने के लिए बना क़ानून पास हुआ था, उसके बाद इतने पेपर लीक क्यों हुए? 647 दिन तक एनटीए को एक फुल टाइम डायरेक्टर क्यों नहीं दिया गया?"

    खड़गे ने लिखा, "अमित शाह को बयान देना होगा, मोदी जी को माफ़ी मांगनी पड़ेगी."

    गौरतलब है कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में भी छाया रहा. विपक्षी सांसदों ने इस मुद्दे को लेकर हंगामा किया, जिस वजह से लोक परीक्षा संशोधन बिल पर चर्चा भी नहीं हो सकी.

  2. लोकसभा, राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित, रिजिजू की कांग्रेस से ये गुज़ारिश

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, Sansad TV/ANI Video Grab

    इमेज कैप्शन, किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष के कई सांसद भी इस विधेयक पर चर्चा के लिए तैयार थे

    लोकसभा में सोमवार को लोक परीक्षा संशोधन बिल पेश किया गया, लेकिन इस पर चर्चा नहीं हो पाई. विपक्ष के हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई.

    सदन की कार्यवाही शाम पांच बजे दोबारा शुरू होने पर भी विपक्षी सदस्य प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए नारेबाज़ी करते रहे.

    इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदन कल तक के लिए स्थगित कर दिए गए.

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "यह समय छात्रों के हित में देश भर में परीक्षा प्रक्रिया में सुधार लाने का है. इस विधेयक को पारित करना हमारी प्राथमिकता है. कांग्रेस पार्टी और विपक्ष के साथियों से मेरा अनुरोध है मुद्दे से भटकाने का प्रयास न करें."

    किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष के कई सांसद भी इस विधेयक पर चर्चा के लिए तैयार थे, लेकिन 'कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी दल लगातार व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं, जिसके कारण सदन में बहस नहीं हो पा रही है.'

  3. कार्टून: Z से सिक्योरिटी

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, जेन Z के प्रोटेस्ट के तरीकों पर आज का कार्टून
  4. राजघाट पहुंचे सोनम वांगचुक ने कहा, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा तो सिर्फ़ शुरुआत है

    सोनम वांगचुक

    इमेज स्रोत, ANI

    सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सोमवार को दिल्ली के राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पहुंचे. यहां पर उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा तो सिर्फ़ शुरुआत है, मुद्दे का असली इलाज होना चाहिए.

    सोनम वांगचुक ने कहा, "इस्तीफ़ा सिर्फ़ शुरुआत है. अगर इस मुद्दे का इलाज हो तो हमारा देश एक बेहतर जगह बनेगा. मेरे हिसाब से यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. अभी बातचीत चल रही है और मुझे उम्मीद है कि बहुत सकारात्मक बातचीत के ज़रिए देश के लिए सही क़दम उठाया जाएगा. इससे हम आपसी सद्भावना के साथ एक बेहतरीन व्यवस्था लागू कर पाएंगे."

    सोनम वांगचुक ने पब्लिक एग्ज़ामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर कहा कि यह अच्छी बात है, इस पर चर्चा होनी चाहिए और अच्छी तरह विचार करने के बाद सही क़दम उठाए जाने चाहिए.

    उन्होंने आगे कहा, "शांतिपूर्ण तरीक़े से प्रदर्शन कर रहे लोगों के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. अगर कुछ शरारती लोग ग़लत इरादे से काम कर रहे हैं, तो हम यह नहीं कह सकते कि कुछ भी नहीं होगा."

    वांगचुक ने कहा, "लेकिन मैं यह साफ़ करना चाहता हूं कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन हमारा संवैधानिक अधिकार है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए. बाक़ी मामलों में क़ानून अपना काम करेगा."

  5. कॉकरोच जनता पार्टी की सरकार को फिर प्रदर्शन करने की चेतावनी, बताई ये वजह

    सीजेपी प्रतिनिधि

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीजेपी ने मांग की है कि सरकार के साथ क़ानूनी मामलों को लेकर हुआ लिखित समझौता मंगलवार तक साझा किया जाए

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आरोप लगाया है कि कई प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की जा रही है. सीजेपी ने चेतावनी दी है कि अगर यह कार्रवाई नहीं रोकी गई तो उन्हें फिर से प्रदर्शन करना पड़ेगा.

    सीजेपी ने मांग की है कि सरकार के साथ क़ानूनी मामलों को लेकर हुआ लिखित समझौता मंगलवार तक साझा किया जाए.

    पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "हम देख रहे हैं कि प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ पुलिस कार्रवाई नहीं करने के समझौते का पूरी तरह उल्लंघन हो रहा है. बिहार और बंगाल में सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार किया गया है, जबकि दिल्ली और दूसरे राज्यों में सैकड़ों छात्रों पर नज़र रखी जा रही है और उन्हें परेशान किया जा रहा है."

    उन्होंने आगे लिखा, "दिल्ली से कई ऐसी ख़बरें भी सामने आ रही हैं कि प्रदर्शनकारियों तक ज़रूरी सामान पहुंचाने में मदद कर रहे वॉलंटियर्स को हिरासत में लिया जा रहा है."

    रांका ने कहा, "हम मांग करते हैं कि प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी एफआईआर तुरंत वापस ली जाएं, छात्रों को रिहा किया जाए और आगे कोई नई एफआईआर दर्ज न की जाए. यह बात दिल्ली पुलिस, केंद्रीय जांच एजेंसियों और बीजेपी के सहयोगी राज्यों की पुलिस पर भी लागू हो. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हमें फिर से प्रदर्शन पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ेगा."

    उन्होंने यह भी कहा कि क़ानूनी मामलों को लेकर हुआ लिखित समझौता और भारत सरकार के साथ तय समय-सीमा मंगलवार तक साझा की जाए.

  6. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई तक एसआईटी से मांगी स्टेटस रिपोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Pradeep Gaur/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूपी सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि राज्य सरकार ने एसआईटी का पुनर्गठन कर दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी को अगली सुनवाई तक जांच की स्टेटस रिपोर्ट दाख़िलकरने का निर्देश दिया.

    मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की पीठ उन याचिकाओं पर सुनवाई की, जिनमें मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की गई है.

    उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि राज्य सरकार ने एसआईटी का पुनर्गठन कर दिया है. नई एसआईटी का नेतृत्व आईजी किरण एस कर रहे हैं. टीम में एक डीआईजी, एक आईजी और एक एसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हैं. उन्होंने यह भी बताया कि जांच में एक फ़ॉरेंसिक ऑडिटर को भी शामिल किया जाएगा.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश हुए वकील देवदत्त कामत ने अदालत को बताया, "देशभर के श्रद्धालुओं ने 100 से लेकर 500 रुपये तक का योगदान दिया था, लेकिन आरोप है कि पूरी राशि राम मंदिर के निर्माण और प्रबंधन से जुड़े ट्रस्ट तक नहीं पहुंची."

    उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट की ओर से जारी सभी रसीदों को ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश देने की मांग की.

    लाइव लॉ के अनुसार, इस पर सीजेआई ने कहा कि फ़िलहाल अदालत का ध्यान निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने पर है. उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बाक़ी उपायों पर विचार किया जाएगा.

    कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई तक एसआईटी अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाख़िल करे. अगर जांच के दौरान एसआईटी को किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो अदालत आवश्यक निर्देश जारी करेगी.

  7. ई20 से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट मामले में गडकरी को बॉम्बे हाईकोर्ट ने दी मुकदमे की मंजूरी

    नितिन गडकरी

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अदालत ने गडकरी को एक्स, मेटा, गूगल और अन्य अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ सिविल मुक़दमा दाख़िल करने की अनुमति दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन गडकरी को सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उनके ख़िलाफ़ कथित रूप से प्रसारित किए गए मानहानिकारक, डीपफ़ेक और एआई-जनरेटेड पोस्ट को लेकर मुक़दमा दायर करने की अनुमति दे दी.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, मामले की सुनवाई जस्टिस अभय आहूजा की पीठ के सामने हुई. गडकरी की ओर से वकील संदीप एस लड्डा पेश हुए और उन्होंने मुक़दमा दायर करने के लिए अदालत से अनुमति मांगी.

    अदालत ने गडकरी को एक्स, मेटा, गूगल और अन्य अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ सिविल मुक़दमा दाख़िल करने की अनुमति दी है. गडकरी ने इन पोस्ट को हटाने और उचित राहत दिए जाने की मांग को लेकर अदालत का रुख़ किया है.

    गडकरी ने अपनी याचिका में कहा कि वह वर्ष 2014 से लगातार सड़क परिवहन मंत्री हैं, लेकिन ई20 नीति से जुड़े फ़ैसलों में उनकी कोई भूमिका नहीं रही है. इसके बावजूद कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर डीपफ़ेक और भ्रामक सामग्री तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित की.

    याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन पोस्ट के ज़रिए गडकरी और उनके परिवार को एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम से आर्थिक लाभ मिलने का झूठा दावा किया गया. इसमें भ्रष्टाचार, पक्षपात, हितों के टकराव और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

    गडकरी ने अपनी याचिका में ऐसे 24 कथित मानहानि करने वाली पोस्ट का ज़िक्र किया है और अदालत से इन्हें हटाने का आदेश देने की मांग की है.

    गडकरी की ओर से कहा गया कि उनका उद्देश्य किसी भी तरह की सार्वजनिक बहस, आलोचना या नीतियों पर चर्चा को रोकना नहीं है.

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन डीपफ़ेक पोस्ट के ज़रिए उनकी पहचान और छवि का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना किया गया, जो उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन है.

    इसके अलावा, गडकरी ने इस मामले में 11 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की है.

  8. अरविंद केजरीवाल ने ई20 के ख़िलाफ़ एकजुट होने की अपील करते हुए किया ये एलान

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एलान किया कि वो इस शनिवार को ई20 के ख़िलाफ़ नेशनल टाउनहॉल आयोजित कर रहे हैं

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद अब ई20 के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई जाएगी.

    अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एलान किया कि वो इस शनिवार को ई20 के ख़िलाफ़ नेशनल टाउनहॉल आयोजित कर रहे हैं.

    केजरीवाल ने कहा, "देश के युवाओं ने एक अहंकारी सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया है और धर्मेंद्र प्रधान को जनता के सामने इस्तीफ़ा देना पड़ा है. मैं प्रधानमंत्री मोदी से अपील करता हूं कि वे इस मौके पर ई20 फ़्यूल का मामला भी सुलझा दें. लोगों को काफ़ी परेशानी हो रही है. उनकी गाड़ियां ख़राब हो रही हैं. मैं प्रधानमंत्री से निवेदन करता हूं कि वे आगे आएं और इस समस्या के और बढ़ने से पहले इसका समाधान करें."

    उन्होंने कहा, "इस मामले पर सभी को एक साथ लाने के लिए, हम इस शनिवार को ई20 के ख़िलाफ़ नेशनल टाउनहॉल आयोजित कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि हज़ारों लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह दोपहर 12:00 बजे शुरू होगा. जो लोग दिल्ली के आस-पास हैं उन्हें इसमें शामिल होने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचना है. बाक़ी लोग ऑनलाइन जुड़ेंगे."

    इसके बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने ई20 के ख़िलाफ़ एक होने की अपील की.

    उन्होंने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, "देश के युवाओं ने एक होकर आवाज़ उठाई तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना पड़ा. ई20 पर भी हमें एक होकर आवाज़ उठानी पड़ेगी."

  9. स्टूडेंट्स के 'संसद मार्च' में घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा की हेल्थ पर अस्पताल ने दिया ये अपडेट

    छात्रों का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अस्पताल ने हेल्थ बुलेटिन में कहा कि लड़की को पांच दिन पहले वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया था और वह अब खुद से सांस ले रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली में छात्रों के 'संसद चलो मार्च' के दौरान घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा की तबीयत को लेकर राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ने सोमवार को अपडेट जारी किया है.

    अस्पताल ने हेल्थ बुलेटिन में कहा कि लड़की को पांच दिन पहले वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया था और वह अब खुद से सांस ले रही है.

    अस्पताल ने कहा, "कथित तौर पर विरोध प्रदर्शन से जुड़ी घटना के बाद 21 वर्षीय महिला मरीज को गंभीर हालत में नई दिल्ली के डॉ राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है."

    हेल्थ बुलेटिन में बताया गया, "उसे करीब पांच दिन पहले सफलतापूर्वक वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया था और वह अब खुद से ठीक तरह से सांस ले रही है. मरीज होश में है और निर्देशों के अनुसार सही प्रतिक्रिया दे रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान उसे मुंह से खाना भी देना शुरू किया गया है."

    अस्पताल प्रशासन ने कहा कि फिलहाल लड़की की हालत स्थिर है. हालांकि, वह ऑब्ज़र्वेशन में रखी गई है और रिकवरी के लिए उसे पूरी देखभाल दी जा रही है.

  10. कॉकरोच जनता पार्टी ने आंदोलन के वॉलंटियर जुनैद के बारे में दिया ये अपडेट

    जुनैद

    इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha

    इमेज कैप्शन, सीजेपी ने अपील की है कि मोहम्मद जुनैद के बारे में फैलाई जा रही कथित ग़लत सूचनाओं और नफ़रत भरे प्रचार को रोका जाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद को लेकर कहा है कि उन्हें सभी जरूरी कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

    सीजेपी ने अपील की है कि उनके बारे में फ़ैलाई जा रही कथित गलत सूचनाओं और नफ़रत भरे प्रचार को रोका जाए.

    सीजेपी की प्रवक्ता रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोहम्मद जुनैद को लेकर चल रही सभी खबरें और अफ़वाहें गलत हैं. वह सुरक्षित हैं, उन्हें सभी जरूरी कानूनी मदद मिल रही है और वह कुछ समय के लिए हमारे वॉलंटियर्स की बैठक में भी मौजूद थे."

    उन्होंने आगे कहा, "हम सभी से अपील करते हैं कि गलत जानकारी और नफ़रत फैलाना बंद करें. उनके घर पर जो भी कार्रवाई हुई थी, उसे पहली ही बार में तुरंत संभाल लिया गया था."

    सीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने हमेशा मोहम्मद जुनैद के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी.

    उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद ज़िले के मोहम्मद जुनैद जंतर-मंतर आंदोलन में वॉलंटियर के तौर पर जुड़े थे. उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए मुफ़्त भोजन, चाय और पीने के पानी के स्टॉल (लंगर) की व्यवस्था की थी.

    आंदोलन के अंतिम दिनों में मोहम्मद जुनैद ने आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा. जुनैद का दावा था कि पुलिस ने उनके पिता और एक भाई को हिरासत में लिया और परिवार के पहचान पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक जैसे जरूरी दस्तावेज़ अपने कब्ज़े में ले लिए.

    हालांकि, इस मामले में मेरठ पुलिस ने जुनैद के परिवार के किसी सदस्य को हिरासत में लेने या प्रताड़ित किए जाने के आरोपों से इनकार किया था.

  11. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा रात दस बजे तक आपतक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    'जौहर यूनिवर्सिटी गिराई गई तो हमारा क्या होगा?', बुलडोज़र चलाने के आदेश से चिंता में स्टूडेंट

    स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, 'शांतिपूर्ण प्रदर्शन का हक़ किसी से छीना नहीं जा सकता

    स्टूडेंट प्रोटेस्ट में पैलेट गन और एके-47 चलाने का आरोप: संसद में विपक्ष और सरकार के बीच हो सकती है तीखी बहस

    सीजेपी के प्रदर्शन से मोदी सरकार जिस तरह से निपटी, उससे क्या कांग्रेस को फ़ायदा होगा

  12. सोनम वांगचुक को आज मिलेगी अस्पताल से छुट्टी, लद्दाख रवाना होने से पहले क्या बोले

    सोनम वांगचुक

    इमेज स्रोत, @Wangchuk66

    सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा है कि उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से आज छुट्टी मिल जाएगी.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा है, ''आज वो दिन आया जब मैं इस अस्पताल से डिस्चार्ज हो रहा हूं. काफ़ी बेहतर महसूस कर रहा हूं. मैं ठीक से खा रहा हूं और शरीर में भी जान आ रही है.''

    ''मैं आज अपने घर लद्दाख जाने से पहले राजघाट पर जाकर बापू को श्रद्धांजलि दूंगा. आप लोगों को याद होगा कि ऐसे ही मैं जब स्विट्जरलैंड से आया था तो तो राजघाट पर श्रद्धांजलि देने के बाद ही अनशन शुरू करने जंतर-मंतर गया था.''

    ''जाने से पहले मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने आवाज़ से आवाज़ मिलाकर एक आंदोलन को चलाया और हम कामयाब भी हुए. हम आगे भी आपसे जुड़े रहेंगे.''

    नीट पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग लेकर सोनम वांगचुक ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन किया था.

    लेकिन दिल्ली पुलिस उन्हें वहां से हटाकर सफ़दरजंग अस्पताल ले गई थी. बाद में उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 दिनों के बाद उन्होंने अनशन तोड़ा था.

  13. सौरव दास ने पार्टी करने के वायरल वीडियो पर टिप्पणी करने वालों पर क्या कहा

    सौरव दास

    इमेज स्रोत, ANI

    कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद सीजेपी के कार्यकर्ताओं साथ पार्टी और डांस करने के वायरल वीडियो पर की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी है.

    सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''इससे एक बार फिर साफ़ हो जाता है कि सरकार और गोदी एंकर, जेन-ज़ी और नई पीढ़ी की सोच और भाषा को समझ ही नहीं पा रहे हैं.’’

    ''हम जितने दिन ज़रूरत होगी, उतने दिन सड़क पर बैठ सकते हैं. हम नाचते-गाते हुए भी प्रदर्शन कर सकते हैं. हम हाथ में कोल्ड कॉफी लेकर भी आंदोलन को संगठित कर सकते हैं. बदलाव के लिए लड़ने के लिए हमारा वैसा दिखना ज़रूरी नहीं है, जैसा पिछली पीढ़ियां किसी आंदोलन से उम्मीद करती हैं. (इसका मतलब किसी पर तंज कसना नहीं है.''

    ''यही इस पीढ़ी की पहचान है-आत्मविश्वासी, रचनात्मक, जुझारू और ऐसी, जिसे किसी एक तयशुदा छवि में बांधा नहीं जा सकता.''

    ''अंकल-आंटी चाहे जितनी शिकायत करते रहें, उन्हें हमारी इस पीढ़ी के साथ जीना और हमें स्वीकार करना ही होगा.''

    सोशल मीडिया पर चल रहे कुछ वीडियो में सौरभ दास जंतर-मंतर पर प्रदर्शन ख़त्म होने के बाद पार्टी करते दिख रहे हैं. इस वीडियो में वो अपने कुछ साथियों के साथ डांस भी कर रहे हैं.

    हालांकि बीबीसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता

  14. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 : जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर पर जीत के बाद क्या कहा

    जादूमणि सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग मुक़ाबले में भारत के बॉक्सर जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर सुमामा रहमानी के ख़िलाफ़ अपनी जीत कारगिल के सैनिकों को समर्पित की है.

    जीत के बाद जादूमणि सिंह ने कहा, ‘’आज कारगिल दिवस है और मैं अपनी जीत कारगिल हीरो को समर्पित कर रहा हूं. जज ने मेरे पक्ष में 5-0 से फ़ैसला दिया. मैं दिखा रहा था कि भारत सबसे आगे है.’’

    कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उन्होंने एक हाई वोल्टेज मुक़ाबले में पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से मात दी.

    जादूमणि सिंह ने ओपनिंग बेल के साथ ही मुक़ाबले में बढ़त बनानी शुरू कर दी थी.

    शुरुआत में उन्होंने ज्यादा प्रहार करने से परहेज किया. एक बार विपक्षी की रेंज और ताक़त का अंदाजा होने के बाद जादूमणि ने दूसरे और तीसरे राउंड में उन पर मुक्कों की बरसात कर दी.

    जजों ने एकमत होकर 5-0 से जादूमणि के हक में फ़ैसला सुनाया

  15. लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने मांगा अमित शाह से जवाब, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

    इमेज स्रोत, SANSAD TV

    संसद के मॉनसून सत्र के दौरान आज लोकसभा की शुरुआत ही हंगामेदार रही.

    प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस के एक्शन पर गृह मंत्री अमित शाह से जिम्मेदारी लेने की मांग और उनसे इस मामले में जवाब मांगना शुरू किया.

    इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल सिर्फ़ प्रश्न करने के लिए होता है.

    वो इस मुद्दे को उठाने की इजाज़त नहीं देगे. लेकिन विपक्षी सांसद इससे शांत होते नहीं देखे.

    हंगामा रुकते न देख लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

  16. न्यूयॉर्क जाने पर गिरफ़्तारी से जुड़े सवालों पर बिन्यामिन नेतन्याहू ये बोले, केयला एपस्टीन

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह सितंबर में यूएन जनरल असेंबली में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क जाएंगे.

    नेतन्याहू का ये बयान ऐसे वक़्त आया है जब न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी अपने एक बयान में उन्हें गिरफ़्तार कराने की बात कह चुके हैं.

    हालांकि, पिछले सप्ताह ममदानी अपने उस बयान से पीछे हट गए थे. उन्होंने माना था कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की ओर से जारी गिरफ़्तारी वारंट के आधार पर नेतन्याहू को गिरफ़्तार कराने का कानूनी अधिकार उनके पास नहीं है.

    रविवार को फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में नेतन्याहू ने कहा कि वह ममदानी के पहले दिए गए बयान को लेकर ‘चिंतित नहीं हैं’.

    उन्होंने आरोप लगाया कि ममदानी 'नफ़रत को बढ़ावा दे रहे हैं.'

    नेतन्याहू ने कहा, "उन्हें सभी न्यूयॉर्कवासियों के मेयर की तरह काम करना चाहिए. चाहे वे यहूदी हों, ईसाई हों, मुसलमान हों या किसी भी समुदाय के. लेकिन वह एक समुदाय को दूसरे के ख़िलाफ़ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं."

    नेतन्याहू ने गुरुवार को न्यूयॉर्क में हुई चाकूबाजी की दो घटनाओं का भी जिक्र किया. इन घटनाओं में एक संदिग्ध ने कुछ ही दूरी पर एक यहूदी और एक एशियाई मूल के व्यक्ति पर चाकू से हमला किया था.

  17. पेपर लीक रोकने के लिए आज संसद में नया बिल पेश करेगी सरकार

    नीट पेपर लीक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीट पेपर लीक पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते युवाओं का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्र सरकार पेपर लीक रोकने के लिए पब्लिक एग्ज़ामिनेशन (प्रिव्हेंशन ऑफ अनेफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 में बदलाव का बिल आज लोकसभा में पेश करेगी.

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ये बिल पेश करेंगे.

    पेपर लीक करने वालों को दस साल तक की जेल और दस करोड़ तक जुर्माना होगा. केंद्र सरकार ऐसे मामलों के लिए स्पेशन टास्क फोर्स बना सकेगी.

    इस बिल के मुताबिक़ सीबीआई या एसआईटी को दो महीने के भीतर जांच पूरी करनी होगी.

    प्रस्तावित क़ानून के तहत 5 से 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना होगा. अभियुक्तों से परीक्षा का खर्च भी वसूला जाएगा. उन्हें आठ साल तक कोई सार्वजनिक परीक्षा देने पर रोक लगेगी. पहले एक करोड़ का जुर्माना था बैन चार साल का था.

  18. स्टूडेंट लीडर नेहा बोरा ने बिहार में प्रदर्शकारियों की गिरफ़्तारी का लगाया आरोप और दी चेतावनी

    नेहा वोरा

    इमेज स्रोत, AISA

    इमेज कैप्शन, नेहा बोरा ने बिहार में प्रदर्शनकारियों की गिरफ़्तारी पर सवाल उठाए हैं

    सीपीआई (एमएल-लिबरेशन) के छात्र संगठन आइसा की नेता नेहा बोरा ने बिहार में पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ़्तार किए जाने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने आइसा के एक्स हैंडल पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि वह बिहार पहुंचकर इस मामले को पूरे ज़ोर-शोर से उठाएंगीं.

    उनका कहना है कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों से किए गए वादे का उल्लंघन किया है.

    कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया था कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कोई क़ानूनी कार्रवाई न करने का वादा किया था. नेहा ने कहा, ''इसके बावजूद स्टूडेंट्स को गिरफ़्तार कर जेलों में भरा जा रहा है.''

    उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया गया है. इनमें ज़्यादातर मुस्लिम स्टूडेंट्स हैं.

    वीडियो में वह कहती दिख रही हैं, ''एक तरफ़ जहां हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देशभर में पेपर लीक के ख़िलाफ़ आंदोलनों में शामिल लोगों को निशाना बनाया जा रहा है.''

    ''बिहार में पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ के साथ आइसा के एक्टिविस्ट साथी धनंजय, साथी दीपांकर, साथी सबा और साथी दिव्यम को बेऊर जेल में तीन दिन से बंद किया गया है. उनके ख़िलाफ़ नौ से ज़्यादा मुक़दमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें हत्या के प्रयास का केस भी शामिल है.''

    ''एक दिन के प्रदर्शन के आधार पर ये सभी फ़र्ज़ी केस लगाए जा रहे हैं. बिहार के अलग-अलग ज़िलों में 100 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई किए जाने की ख़बर आ रही है.''

    उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई पर सवाल उठाए.

    उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल में लगभग 14 स्टूडेंट्स को पेपर लीक के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने पर जेल में बंद कर दिया गया है. इन प्रदर्शनकारियों में ज़्यादातर मुस्लिम स्टूडेंट्स हैं. बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि अब 70 और लोगों के ख़िलाफ़ इस तरह के मुक़दमे किए जाएंगे. ये तमाम गिरफ़्तारियां और कार्रवाइयां प्रदर्शनकारियों से सरकार के किए गए वादे का उल्लंघन हैं. सरकार ने वादा किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होगी.''

    नेहा बोरा ने कहा कि वह पटना पहुंच रही हैं, जहां वह जेल में बंद प्रदर्शनकारियों से मिलेंगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस काम में उनकी मदद करें.

  19. कौन हैं ज्योतिर्मयी नायक, जिन्हें धर्मेंद्र प्रधान ने दी बधाई

    इंडियन आइडल-16

    इमेज स्रोत, jyotirmayeenayak_official18

    सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) प्रोटेस्ट के बाद शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इंडियन आइडल का 16वां एडिशन जीतने वाली ज्योतिर्मयी नायक को बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''ओडिशा की बेटी और इंडियन आइडल-16 की विजेता बनीं ज्योतिर्मयी नायक को हार्दिक बधाई. अपनी मधुर आवाज़ और अथक मेहनत के दम पर उन्होंने पूरे देश में ओडिशा का नाम रोशन किया है. उनकी लगन, निरंतर अभ्यास और यह शानदार उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.''

    क़रीब 10 महीने तक चले इंडियन आइडल के 16वें एडिशन का समापन ओडिशा की 24 वर्षीय ज्योतिर्मयी नायक की जीत के साथ हुआ.

    उन्हें इस सीजन का विजेता घोषित किया गया, जबकि जबलपुर के तनिष्क शुक्ला पहले रनर-अप रहे.

    इंडियन आइडल-16 में श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह जज थे.

    इंडियन आइडल-16

    इमेज स्रोत, jyotirmayeenayak_official18

    ज्योतिर्मयी नायक को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये भी मिले.

    उन्होंने अपनी इस जीत का श्रेय उन कैंसर मरीजों को दिया, जिनकी उन्होंने म्यूजिक थेरेपी के जरिए मदद की और उन्हें नई उम्मीद देने की कोशिश की.

  20. मीराबाई चनू ने कॉमनवेल्थ गेम में गोल्ड मेडल जीतने के बाद क्या कहा

    मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत की स्टार वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने के बाद कहा है कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने से ज़्यादा खुशी की और कोई बात नहीं हो सकती.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मीराबाई चानू ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं. कॉमनवेल्थ खेलों में यह मेरा तीसरा गोल्ड मेडल है. कुल मिलाकर चौथा मेडल. मेरी यात्रा 2014 के कॉमनवेल्थ खेलों से ही शुरू हुई थी, जहां मैंने सिल्वर मेडल जीता था.

    उन्होंने कहा, ''आज भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर मुझे बेहद खुशी हो रही है. लगातार गोल्ड मेडल जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होती है, इसलिए आज मैं बहुत खुश हूं."

    मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोल्ड मेडल जीतने के बाद मीराबाई चनू भावुक हो गईं

    अपने बालों में लगे तिरंगे वाले क्लिप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "ये तिरंगे वाले क्लिप मैंने खुद बनाए हैं. मैं चाहती थी कि मेरे पास ऐसी कोई खास चीज हो जो हमारे राष्ट्रीय ध्वज का प्रतिनिधित्व करे. कल रात अचानक लगा कि मुझे कुछ बनाना चाहिए, इसलिए मैंने तितली के आकार के ये क्लिप खुद तैयार किए. तिरंगे को अपने साथ रखने से मुझे बहुत खुशी मिलती है. आज मैं बेहद भावुक हो गई थी और बहुत रोई भी. यह पल मेरे लिए भावनाओं से भरा हुआ था, लेकिन उतना ही खुशी देने वाला भी.''