ध्रुव राठी ने कहा- मैं दिल्ली आ गया हूं, मुझे समझ नहीं आ रहा कि मोदी जी क्या कर रहे हैं

जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी ने बताया है कि वो दिल्ली पहुंच गए हैं. उन्होंने लोगों से शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • बेंगलुरु में सीजेपी का प्रदर्शन
  • नाना पेटकर का बीबीसी को दिया इंटरव्यू
  • नाना पाटेकर का निधन
  • saurav das
  • rahul gandhi
  • राहुल गांधी
  • राहुल गांधी

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ध्रुव राठी ने कहा- मैं दिल्ली आ गया हूं, मुझे समझ नहीं आ रहा कि मोदी जी क्या कर रहे हैं

    ध्रुव राठी
    इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई रील में ध्रुव राठी इंडिया गेट के सामने घूमते हुए दिख रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी ने बताया है कि वो दिल्ली पहुंच गए हैं. उन्होंने लोगों से शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.

    सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई रील में ध्रुव राठी इंडिया गेट के सामने घूमते हुए दिख रहे हैं.

    ध्रुव ने वीडियो में कहा, "मैं दिल्ली आ गया हूँ. मैंने देखा कि प्रधानमंत्री ने 50 से ज़्यादा मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए, कई ट्रेन और बसें रद्द कर दी गई हैं. प्रदर्शन की वजह से दिल्ली को लॉकडाउन पर डाल रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मुझे ये समझ नहीं आ रहा कि मोदी जी क्या कर रहे हैं. एक तरफ़ आपके आईटी सेल वाले कह रहे हैं कि हमारे प्रदर्शन में कोई भीड़ नहीं आएगी. यदि भीड़ नहीं आती तो ये सब क्यों कर रहे हैं. मुझे तो लगता है कि आप डर गए हैं. असल में पूरी जनता जाग चुकी है."

    दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन का एलान किया है. इस प्रदर्शन का आयोजन जंतर-मंतर पर प्रस्तावित है.

    सीजेपी के अलावा कई विपक्षी दलों ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. वहीं, बीजेपी का कहना है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है.

  3. पश्चिम बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम और रेजीनगर पर बीजेपी की जीत के मायने, प्रचेता पांजा, बीबीसी संवाददाता

    शुभेंदु अधिकारी
    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने नंदीग्राम और रेजीनगर, दोनों सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की है.

    इस बीच, एसआईआर को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने बीजेपी पर बड़े पैमाने पर “वोट चोरी” के आरोप लगाए हैं.

    नंदीग्राम में बीजेपी की रिकॉर्ड जीत

    नंदीग्राम सीट पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ बीजेपी की उम्मीदवार थीं. चंद्रनाथ रथ की कथित तौर पर विधानसभा चुनाव के दौरान हत्या कर दी गई थी.

    हासीरानी रथ ने इस सीट पर 1.2 लाख वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की. शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी. इसके बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जहां उपचुनाव हुआ.

    शुभेंदु अधिकारी ने पहले कहा था कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने बीजेपी को वोट नहीं दिया है. लेकिन नंदीग्राम में रिकॉर्ड अंतर से जीत के बाद उन्होंने मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया और दावा किया कि बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक मतदाताओं ने बीजेपी का समर्थन किया है.

    रेजीनगर: मुस्लिम बहुल सीट पर भी बीजेपी जीती

    मुर्शिदाबाद ज़िले की रेजीनगर विधानसभा सीट मुस्लिम बहुल है. इस सीट पर भी बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है.

    आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाई थी.

    अप्रैल में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने रेजिनगर और नौदा, दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी. बाद में उन्होंने नौदा सीट अपने पास रखी.

    रेजीनगर उपचुनाव में उनके बेटे गोलाम नबी आज़ाद एजेयूपी के उम्मीदवार थे. उनका मुक़ाबला बीजेपी के सखारव सरकार से था. सखारव सरकार ने यह सीट 75 हज़ार से ज़्यादा वोटों के अंतर से जीत ली.

    तृणमूल कांग्रेस के दोनों धड़े पीछे

    2026 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस दो धड़ों में बंट गई है. उपचुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस धड़े और विधानसभा में विपक्ष के नेता रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले दूसरे धड़े के उम्मीदवारों को ख़ास समर्थन नहीं मिला.

    मतगणना के दौरान ममता बनर्जी के तृणमूल कांग्रेस धड़े के नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने वोटों में गड़बड़ी का आरोप लगाया.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दावा किया कि पश्चिम बंगाल की रेजिनगर विधानसभा सीट के बूथ नंबर 109 पर बीजेपी को 909 वोट मिले, जबकि वहां पंजीकृत मतदाताओं की संख्या सिर्फ़ 772 थी.

    हालांकि, मुर्शिदाबाद के ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने इस दावे को ख़ारिज कर दिया. अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बूथ पर पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 1,109 थी और सभी उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 972 वोट पड़े थे.

    दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था. चुनाव के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की क़रीब 71 कंपनियां तैनात की गई थीं. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़, दोनों सीटों पर मतदान लगभग 78 फ़ीसदी रहा. हालांकि, विपक्षी दलों ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए हैं.

  4. कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा, 'कल इतिहास बनाएंगे, बस एक बात याद रखना'

    सीजेपी के नेता
    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि ये देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्तूबर के लिए जंतर-मंतर पर आंदोलन का आह्वान किया है. इस बीच पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा है कि हम इतिहास बनाएंगे.

    आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटोफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "डियर कॉकरोचेज! मुझे गर्व है कि हम सबने अब तक कितना लंबा सफर तय किया है. कल चाहे कुछ भी हो जाए, हम इतिहास ज़रूर रचेंगे!

    उन्होंने लिखा, "बस एक बात याद रखना - हाथ में संविधान और दिल में गांधी. कुछ भी हो जाये, हाथ हमारा नहीं उठेगा. भारत माता की जय."

    वहीं, सीजेपी फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है, "यदि कल मुझे गिरफ़्तार भी कर लिया जाता है, तो हमें हमारी मांगों पर अडिग रहना है. हम देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं, आप सब शांतिपूर्ण तरीके से कल के प्रदर्शन में शामिल हों."

    गौरतलब है कि पुलिस की ओर से सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की इजाज़त नहीं मिली है.

  5. तमिलनाडु: दो सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित, सीएम विजय की पार्टी का रहा ये हाल

    मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय
    इमेज कैप्शन, तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ की पार्टी विजयी हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं.

    मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके पार्टी ने मदुरंतकम और धारापुरम, दोनों ही सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है.

    मदुरंतकम सीट पर टीवीके की उम्मीदवार के. मरुगदम कुमारवेल ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी और डीएमके उम्मीदवार आई. परंथामन को 20,040 वोटों के अंतर से हराया है.

    दूसरी तरफ, धारापुरम सीट पर भी टीवीके प्रत्याशी पी. सत्यभामा ने 9,471 वोटों के अंतर से जीत हासिल की.

    वहीं, असम की नगांव लोकसभा सीट और पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है.

    इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "लोगों के लगातार मिल रहे आशीर्वाद के लिए उनका आभार. असम की नगांव लोकसभा सीट और पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीटों के नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि लोगों का बीजेपी-एनडीए के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है."

  6. राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों का राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसद राष्ट्रपति भवन की ओर जाते हुए

    इंडिया गठबंधन के सांसदों की संसद के सेंट्रल हॉल में हुई बैठक शुक्रवार शाम को ख़त्म हो गई है.

    बैठक के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसद राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च निकाल रहे हैं.

    विपक्षी नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात कर उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग वाला पत्र सौंपना चाहते हैं.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस पैदल मार्च में शामिल हैं.

    विपक्षी सांसदों ने पिछले चार दिनों में ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ तीसरी बार मार्च निकाला है.

    इससे पहले 6 अक्तूबर को सांसदों ने 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' निकाला था.

    इसके बाद 7 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जाते समय उन्हें रास्ते में रोक दिया गया था.

    वहीं, 8 अक्तूबर को विपक्षी सांसदों ने कनॉट प्लेस से राजघाट तक मार्च निकाला था.

  7. दिल्ली के इस इलाके में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, सौरव दास बोले- सरकार लॉकडाउन में है

    सीजेपी प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट रोकने का फ़ैसला भी किया गया है (फ़ाइल फ़ोटो: सीजेपी प्रदर्शन)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी है.

    गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक़, जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी.

    इसमें कहा गया है, "इंटरनेट सेवाओं पर यह प्रतिबंध 9 अक्तूबर की रात 10 बजे से 10 अक्तूबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगा."

    सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "भारत सरकार लॉकडाउन में है. यह युवाओं की ताकत है! आप सभी से कल मिलते हैं."

    गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट रोकने का फ़ैसला भी किया गया. साथ ही दर्जनों ट्रेन भी रद्द कर दी गई हैं.

    आदेश
    इमेज कैप्शन, गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश
  8. दिनभर: सीजेपी प्रदर्शन से पहले दिल्ली ठप, किले में तब्दील

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  9. जंतर-मंतर के अलावा प्रदर्शनकारियों के लिए दूसरी जगह तलाशे केंद्र: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट
    इमेज कैप्शन, भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा है कि वह इस बात पर विचार करे कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की जगह किसी दूसरी जगह को तय किया जाए.

    दरअसल, कोर्ट ने शुक्रवार को यह बात तब कही, जब सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि अधिकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर के अलावा किसी दूसरी जगह को तय करने के सुझाव पर विचार करेंगे.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, उन्होंने कोर्ट से इस बात को आदेश में दर्ज करने की भी मांग की. सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल भी इस सुझाव से सहमत हैं.

    कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, “सुनवाई के दौरान यह सुझाव भी दिया गया. सभी पक्षों के वरिष्ठ वकील और वकील इस बात पर सहमत हैं कि अब ऐसे किसी सही स्थान की पहचान कर उसे तय करने का समय आ गया है, जहां शांतिपूर्ण और क़ानून के दायरे में रहकर प्रदर्शन करने वालों को सभी ज़रूरी सुविधाएं दी जा सकें. संबंधित अधिकारी इस सुझाव पर विचार करें और उचित फ़ैसला लें.”

    भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी.

    इस याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ कल विपक्षी दलों और सीजेपी की ओर से घोषित प्रदर्शन से पहले दिल्ली आने वाली ट्रेनों और राजधानी में मेट्रो सेवाओं को रोकने के फ़ैसले को चुनौती दी गई थी.

  10. सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के सवाल पर क्या बोले अखिलेश यादव

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीजेपी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के साथ उनका नैतिक समर्थन है.

    दरअसल, अखिलेश यादव से शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया, "क्या सपा सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होगी?"

    इस पर अखिलेश यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी लोकतंत्र को बचाने और चुनाव आयोग के भेदभावपूर्ण रवैये को उजागर करने के लिए प्रदर्शन कर रहे लोगों का समर्थन करती है. हमने 2022 में भी यह मुद्दा उठाया था. समाजवादी पार्टी ने हलफनामों के साथ सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराई थीं."

    अखिलेश यादव ने कहा, "हमारा नैतिक समर्थन सीजेपी के साथ है, पहले भी था और आज भी है."

    गौरतलब है कि सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी.

  11. ट्रेनों को रोके जाने के फ़ैसले पर बोले चिराग पासवान, 'भारत के युवाओं को कोई नहीं रोक सकता'

    चिराग पासवान
    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि भारत के युवाओं को रोकने कि क्षमता किसी में नहीं (फाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 10 अक्तूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सरकार ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फ़ैसला किया है.

    इस मामले पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है.

    चिराग पासवान ने हरियाणा के सोनीपत में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से कहा, "ये भारत के युवा हैं, इन्हें कोई नहीं रोक सकता. जो लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उनसे मैं पूछना चाहता हूं कि आखिर कोई कितनी ट्रेनें रोक सकता है? कितने रास्तों से संपर्क तोड़ सकता है? कितनी सड़कों को जाम कर सकता है?"

    उन्होंने कहा, "ये भारत के युवा हैं. इनमें दुनिया को रास्ता दिखाने की क्षमता है. इसलिए इन्हें कोई नहीं रोक सकता."

    गौरतलब है कि इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने भी सरकार से कहा है कि सेवाएं इस तरह से रेगुलेट की जाएं ताकि लोगों को असुविधा न हो.

  12. कार्टून: यक़ीन मानिए

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर पुलिस की तैयारियों पर आज का कार्टून
  13. पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के नतीजे घोषित हुए

    हासीरानी रथ
    इमेज कैप्शन, बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को वोटों के बड़े अंतर से हराया है

    पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफ़ाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जीत दर्ज की है.

    बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को वोटों के बड़े अंतर से हराया है.

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़, बीजेपी की हासीरानी रथ को कुल 1,64,427 वोट मिले.

    उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के अंतर से हराया.

    कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को 41,674 वोट मिले.

    इसके अलावा, रेजीनगर सीट पर भी बीजेपी जीत गई है.

    प्रत्याशी सखाराव सरकार ने 75816 वोट से जीत दर्ज की है. उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रत्याशी को चुनाव हराया है.

  14. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की सभी 10 सीटों के नतीजे घोषित

    विद्यासागर सोनकर और प्रोफ़ेसर रामगोपाल यादव
    इमेज कैप्शन, विद्यासागर सोनकर और प्रोफ़ेसर रामगोपाल यादव (फाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की सभी 10 सीटों के चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है.

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के आठ और समाजवादी पार्टी (सपा) के दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं.

    किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण मतदान की ज़रूरत नहीं पड़ी.

    बीजेपी की ओर से विद्यासागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, गोपी कृष्ण पांडे, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को निर्विरोध चुना गया है.

    वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से प्रोफ़ेसर रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं.

  15. जेएनयू ने प्रोफ़ेसर बिमोल अकोइजम को किस आरोप के बाद किया बर्खास्त

    अंगोमचा बिमोल अकोइजम
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद और प्रोफ़ेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम (फ़ाइल फ़ोटो)

    जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने प्रोफ़ेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है.

    वह यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ़ सोशल साइंसेज के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफ़ेसर थे. अकोइजाम इनर मणिपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद भी हैं.

    विश्वविद्यालय ने छात्राओं के यौन शोषण के आरोपों की जांच के बाद यह कार्रवाई की है. मामले की जांच विश्वविद्यालय की इंटरनल कमेटी ने की थी.

    कमेटी के निष्कर्षों के आधार पर बिमोल अकोइजम के ख़िलाफ़बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने उन्हें बर्खास्त करने का फैसला लिया.

    जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय का आदेश
    इमेज कैप्शन, जेएनयू की ओर से जारी किया गया ऑर्डर
  16. नोएडा एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने पर सीएम योगी ने क्या कहा?

    योगी आदित्यनाथ
    इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और भविष्य में देश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने 9 अक्तूबर 2026 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का नाम बदलकर 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर' करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है.

    राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने पर प्रतिक्रिया दी है.

    योगी आदित्यनाथ ने मीडिया की मौजूदगी में कहा कि यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और भविष्य में देश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद, राज्य को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का तोहफ़ा देने के लिए प्रधानमंत्री का आभारी है. यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और भविष्य में देश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है."

    "मंत्रिपरिषद ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर' करने का प्रस्ताव भी पास किया है."

    उन्होंने कहा, "मंत्रिपरिषद पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रेरणादायी मार्गदर्शन और राज्य के प्रति अटूट समर्पण का अभिनंदन करता है."

  17. आज रात 9 बजे से बंद होंगे दिल्ली के ये 57 मेट्रो स्टेशन

    दिल्ली मेट्रो
    इमेज कैप्शन, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली में 10 अक्तूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से पहले 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फ़ैसला लिया गया है.

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी. डीएमआरसी के मुताबिक़, 9 अक्तूबर, 2026 को रात 9 बजे से इन स्टेशनों को बंद कर दिया जाएगा. ये स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे.

    डीएमआरसी ने एक्स पर लिखा, "सुरक्षा कारणों से, इन मेट्रो स्टेशनों पर 9 अक्तूबर, 2026 को रात 09:00 बजे से एंट्री और एग्ज़िट के रास्ते बंद रहेंगे. यह रोक 10 अक्तूबर, 2026 को भी अगले आदेश तक जारी रहेगी. हालांकि, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर, सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी."

    ये 57 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे

    मेट्रो स्टेशनों के नाम
    इमेज कैप्शन, डीएमआरसी ने ये जानकारी साझा की है
  18. भारतीय मूल की नवनेथम 'नवी' पिल्लई को 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार

    नवनेथम नवी पिल्लई
    इमेज कैप्शन, नवनेथम नवी पिल्लई (फ़ाइल फ़ोटो)

    नोबेल कमेटी ने 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नवनेथम 'नवी' पिल्लईके नाम की घोषणा की है.

    नोबेल पुरस्कार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के मुताबिक, पिल्लई को शांति और अंतरराष्ट्रीय क़ानून को बढ़ावा देने की दिशा में उनके प्रयासों के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाज़ा जाएगा.

    दक्षिण अफ़्रीका के डरबन में भारतीय तमिल मूल के परिवार में जन्मीं नवनेथम नावी पिल्लई ने रंगभेद के दौर में भेदभाव और सामाजिक असमानता का सामना किया.

    उन्होंने वकालत के पेशे में कदम रखा और कानूनी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई. पिल्लई ने संस्थागत भेदभाव, नस्लीय अलगाव और समाज से वंचित किए जाने जैसी व्यवस्थागत चुनौतियों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई.

  19. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    जंतर मंतर पर सीजेपी के आंदोलन से पहले पुलिस की ये चेतावनी, दिल्ली में मेट्रो और रेल सर्विस पर ये अहम फ़ैसला

    भारतीय कंपनियों के ख़िलाफ़ एक्शन: अमेरिकी मंत्री ने कहा- वी आर कटिंग ऑफ़ द हेड ऑफ़ द स्नेक

    'स्माइलिंग डिप्रेशन' क्या है और आप इसे कैसे पहचान सकते हैं?

    मुकेश अंबानी पर एलन मस्क के हमले में राहुल गांधी की एंट्री क्या कांग्रेस की लाइन से अलग है?

  20. टेक्नॉलोजी कंपनियों पर कार्रवाई के समर्थन वाले जेडी वेंस के बयान पर भारत ने दिया जवाब

    जेडी वेंस
    इमेज कैप्शन, टेक्नोलॉजी कंपनियों पर कार्रवाई के मामले में जेडी वेंस के बयान की भारत ने आलोचना की है

    अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने देश की ओर से आठ टेक्नोलॉजी कंपनियों को परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन कार्यक्रम (पीईआरएम) से बाहर करने के फ़ैसले का समर्थन किया है.

    अब इस मामले में वेंस के बयान का भारत ने जवाब दिया है.

    जिन कंपनियों पर कार्रवाई की कई है उनमें माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी, कॉग्निज़ेंट, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस), विप्रो, एचसीएल और कैपजेमिनी शामिल हैं. इन कंपनियों में एच-1बी वीजा के जरिये बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं.

    भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, '' हम कुछ कंपनियों के लिए पर्मानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (पीईआरएम) प्रोग्राम के संबंध में अमेरिकी श्रम विभाग के फ़ैसले से अवगत हैं.''

    ''यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि पीईआरएस कार्यक्रम, एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम से अलग है. पीईआरएल आवेदनों पर रोक लगने से मौजूदा एच-1बी वीज़ा की वैधता या एच-1बी वीज़ा धारकों और उनके आश्रितों की स्थिति पर अपने आप कोई असर नहीं पड़ता. हालांकि, इससे प्रभावित कंपनियों के पात्र कर्मचारियों के स्थायी निवास/ग्रीन कार्ड की प्रक्रिया पर कुछ असर पड़ सकता है.''

    विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया गया है, '' हमारा मानना है कि इस तरह की टिप्पणियां अनुचित हैं और अमेरिका में भारतीय पेशेवरों के योगदान की अनदेखी करती हैं. भारतीय पेशेवर काफ़ी शिक्षित और कुशल हैं और अमेरिका की अर्थव्यवस्था और इनोवेशन इको सिस्टम में में अहम योगदान देते हैं.''

    बयान में आगे कहा गया है, ''दरअसल, अमेरिका का इतिहास ख़ुद आप्रवासियों की कई पीढ़ियों ने गढ़ा है, जिनके श्रम, एंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन ने देश की प्रगति और समृद्धि में योगदान दिया है. ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना, जिनमें इतिहास के दर्दनाक पहलुओं और औपनिवेशिक विरासत की झलक मिलती हो, बेहद आपत्तिजनक है.''