बिसलेरी के सैंपल में ऐसा क्या मिला, जिस पर FSSAI ने कार्रवाई की?

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी है.
इमेज कैप्शन, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी है.
    • Author, शुभ राणा
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

भारत में सफ़र के दौरान, रेलवे स्टेशन पर या किसी दुकान पर पानी की बोतल खरीदनी हो, तो कई बार लोग बोतलबंद पानी को ही 'बिसलेरी' कह देते हैं.

देश में बोतलबंद पानी के बाज़ार में बिसलेरी एक जाना-पहचाना नाम है.

इसकी लोकप्रियता का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि बाज़ार में कई बार अलग-अलग स्पेलिंग वाले ऐसे ब्रांड भी दिख जाते हैं, जिनके नाम बिसलेरी से मिलते-जुलते हैं.

लेकिन अब इसी ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी एफ़एसएसएआई ने कार्रवाई की है.

एफ़एसएसएआई का कहना है कि बिसलेरी के एक सैंपल में तय मानकों का उल्लंघन पाया गया और उसे असुरक्षित घोषित किया गया है.

आख़िर इस सैंपल की जांच में क्या मिला? बिसलेरी का इस कार्रवाई पर क्या कहना है? और पानी में मिले इन रसायनों से सेहत को कितना ख़तरा हो सकता है? इन्हीं सवालों को समझने के लिए हमने एक्सपर्ट से बात की.

एफ़एसएसएआई ने बिसलेरी के सैंपल पर क्या कहा?

22 नवंबर 2026 को एफ़एसएसएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए बताया कि प्राधिकरण ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी है.

एफ़एसएसएआई के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का रेगुलेटरी सैंपल लिया गया था. प्राधिकरण ने इसे 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर' की श्रेणी में रखा, जो 'नेचुरल मिनरल वॉटर' से अलग होता है.

छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

दरअसल, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर अलग-अलग स्रोतों से लिया जा सकता है. इसे फ़िल्टर और आरओ जैसी प्रक्रियाओं से साफ़ करके पीने लायक बनाया जाता है.

वहीं, नेचुरल मिनरल वॉटर ज़मीन के नीचे मौजूद प्राकृतिक स्रोतों से आता है. इसमें प्राकृतिक रूप से मौजूद खनिज तत्व होते हैं.

एफ़एसएसएआई के मुताबिक, सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं थी. इसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया.

कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोटरी भेजा गया.

एफ़एसएसएआई के मुताबिक, इस लैब ने सैंपल में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (पीएएच) पाए और इसे दोबारा असुरक्षित घोषित किया.

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत एफ़एसएसएआई खाद्य पदार्थों के मानक तय करता है और नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित कंपनियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जा सकती है.

एफ़एसएसएआई ने बिसलेरी के ख़िलाफ़ इस मामले में मुकदमा शुरू करने की मंज़ूरी दी है.

इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी अदालत में दोषी साबित हो चुकी है. अब मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ सकता है.

बिसलेरी का क्या जवाब है?

बिसलेरी इंटरनेशनल ने इस मामले पर बयान जारी कर अपने पानी को सुरक्षित बताया.
इमेज कैप्शन, बिसलेरी इंटरनेशनल ने इस मामले पर बयान जारी कर अपने पानी को सुरक्षित बताया.

एफ़एसएसएआई की कार्रवाई के बाद बिसलेरी ने बयान जारी किया. कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए बैच से जुड़ा है.

कंपनी ने अपने बयान में कहा 30 सितंबर 2025 को एफ़एसएसएआई ने गोवा प्लांट से छह सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल तय मानकों के अनुरूप पाए गए. छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.

बिसलेरी के मुताबिक, कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस नतीजे के ख़िलाफ़ अपील की.

इसके बाद रेफरल लैब ने ब्रोमेट को निर्धारित सीमा के भीतर पाया, लेकिन उसी सैंपल में पीएएच की मौजूदगी दर्ज की गई.

कंपनी ने दावा किया कि उसने एक एफ़एसएसएआई-अनुमोदित स्वतंत्र लैब से भी जांच कराई, जिसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई.

बिसलेरी के मुताबिक, 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट एफ़एसएसएआई के वेस्टर्न रीजनल ऑफ़िस को भेजी थी. इसके बाद एफ़एसएसएआई की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली और बिसलेरी ने मान लिया कि मामला बंद हो गया है.

कंपनी ने अपने बयान में यह भी कहा कि उसकी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 10 चरण और 90 से ज़्यादा क्वालिटी टेस्ट शामिल हैं. उसने पानी को सुरक्षित बताते हुए नियामक के साथ सहयोग करने की बात कही है.

हालाकि, कंपनी का दावा और एफ़एसएसएआई की जांच के नतीजे अलग-अलग हैं.

ब्रोमेट और पीएएच क्या हैं और पानी में कैसे पहुंचते हैं?

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पीने के पानी में ब्रोमेट की अस्थायी गाइडलाइन सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय की है
इमेज कैप्शन, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पीने के पानी में ब्रोमेट की अस्थायी गाइडलाइन सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय की है

एफ़एसएसएआई ने जांच के बाद बिसलेरी के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित करते हुए कंपनी के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी है. वहीं, कंपनी ने अपने पानी को सुरक्षित बताते हुए अपनी जांच के नतीजों का हवाला दिया है.

दोनों के दावों में अंतर है. हालांकि, मुक़दमे की मंज़ूरी का मतलब यह नहीं कि अदालत में कंपनी दोषी साबित हो गई है.

एफ़एसएसएआई की इस कार्रवाई के बाद कई लोगों के मन में सवाल है कि आखिर ब्रोमेट और पीएएच क्या हैं? ये पीने के पानी में कैसे पहुंचते हैं और इनकी मौजूदगी से सेहत को कितना ख़तरा हो सकता है?

समीर भाटी ने पब्लिक हेल्थ के क्षेत्र काफ़ी काम किया है.

उनके मुताबिक, ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को ओज़ोन से साफ़ करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है.

दरअसल, पानी में प्राकृतिक रूप से मौजूद ब्रोमाइड आयन ओज़ोन के संपर्क में आने पर रासायनिक प्रतिक्रिया कर सकते हैं. इस प्रक्रिया से ब्रोमेट बन सकता है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, ओज़ोन से पानी साफ़ करने की प्रक्रिया के दौरान ब्रोमेट बन सकता है.

वहीं, पीएएच कई तरह के रासायनिक यौगिकों का एक समूह है. ये मुख्य रूप से तेल, कोयले और दूसरे कार्बनिक पदार्थों के अधूरे जलने से बनते हैं.

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, पीने के पानी में पीएएच पहुंचने का एक प्रमुख स्रोत पानी की पाइपलाइनों पर लगी कोलतार की परत हो सकती है. इसके अलावा, औद्योगिक प्रदूषण और दूषित पानी के स्रोत भी इसकी वजह बन सकते हैं.

हालांकि, पीएएच कई अलग-अलग यौगिकों का समूह है और इनके स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी अलग-अलग हो सकते हैं.

ब्रोमेट और पीएएच से सेहत को कितना ख़तरा हो सकता है?

एफ़एसएसएआई के मुताबिक, सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं थी
इमेज कैप्शन, एफ़एसएसएआई के मुताबिक, सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं थी

समीर भाटी का कहना है कि अगर पानी में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है, तो यह डब्ल्यूएचओ की तय 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की सीमा से 20 फ़ीसदी अधिक है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि ऐसा पानी पीने वाले व्यक्ति को तुरंत कोई नुकसान होगा या कैंसर हो जाएगा.

जानवरों पर हुए अध्ययनों में ब्रोमेट के संपर्क से किडनी पर असर और ट्यूमर देखे गए हैं. वहीं, पीएएच के कुछ यौगिकों को कैंसरकारी माना गया है.

लेकिन ब्रोमेट और पीएएच शरीर को कैसे नुकसान पहुंचा सकते हैं?

इसका असर समझने के लिए हमने बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के अटेंडिंग कंसल्टेंट डॉ. सुशांत से बात की.

डॉ. सुशांत के मुताबिक, ब्रोमेट की अधिक मात्रा कोशिकाओं और खासकर किडनी को नुकसान पहुंचा सकती है. इसके संपर्क से उल्टी, दस्त और पेशाब कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. गंभीर मामलों में किडनी फेल होने का ख़तरा भी रहता है.

वहीं, पीएएच के कुछ यौगिक कोशिकाओं के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकते हैं और लंबे समय तक इनके संपर्क से कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है.

डॉ. सुशांत के मुताबिक, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुज़ुर्गों और किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.

बोतलबंद पानी की जांच कैसे होती है?

एफ़एसएसएआई ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की जांच के लिए नियम तय किए हैं, जो 1 जनवरी 2026 से लागू हैं
इमेज कैप्शन, एफ़एसएसएआई ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की जांच के लिए नियम तय किए हैं, जो 1 जनवरी 2026 से लागू हैं

भाटी के मुताबिक, बोतलबंद पानी की गुणवत्ता की जांच पानी के स्रोत से ही शुरू हो जाती है.

सबसे पहले यह देखा जाता है कि पानी में कोई हानिकारक रसायन, भारी धातु या बैक्टीरिया तो नहीं हैं. इसके बाद पानी को साफ़ करने की प्रक्रिया से गुज़ारा जाता है और फिर उसकी दोबारा जांच होती है.

इस दौरान ई-कोलाई जैसे हानिकारक बैक्टीरिया, नाइट्रेट, फ्लोराइड और ब्रोमेट जैसे रसायनों की मात्रा जांची जाती है. साथ ही, पानी का पीएच और टीडीएस भी देखा जाता है.

पानी के साथ उसकी पैकेजिंग की जांच भी होती है, ताकि यह पता चल सके कि बोतल या कंटेनर से कोई हानिकारक रसायन पानी में तो नहीं मिल रहा.

इनके मुताबिक:

- बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्मजीवों की जांच हर महीने होनी चाहिए.

- कुछ रासायनिक तत्वों की जांच हर तीन महीने में होनी चाहिए.

- कीटनाशकों के अवशेषों की जांच हर छह महीने में होनी चाहिए.

- पानी के सभी तय मानकों की पूरी जांच हर छह महीने में एफ़एसएसएआई से मान्यता प्राप्त और नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेट्रीज़ से प्रमाणित लैब में करानी ज़रूरी है.

अगर किसी जांच में गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित तत्व की जांच हर महीने करनी होती है. ऐसा तब तक किया जाता है, जब तक लगातार तीन बैच के नतीजे सही नहीं आ जाते.

बैक्टीरिया से जुड़ी गड़बड़ी मिलने पर उत्पादन और सप्लाई दोबारा शुरू करने से पहले लगातार पांच बैच की जांच के नतीजे संतोषजनक होने ज़रूरी हैं.

भारत में बिसलेरी कब आया और कितना बड़ा है बोतलबंद पानी का बाज़ार?

बिसलेरी की शुरुआत भारत में 1965 में मुंबई से हुई थी
इमेज कैप्शन, बिसलेरी की शुरुआत भारत में 1965 में मुंबई से हुई थी

बिसलेरी की शुरुआत भारत में 1965 में मुंबई से हुई थी. साल 1969 में पारले ग्रुप ने इसे इटली के उद्यमी फेलिस बिसलेरी से ख़रीद लिया था.

पांच दशक से ज़्यादा समय में बिसलेरी देश के सबसे पहचाने जाने वाले बोतलबंद पानी के ब्रांड्स में शामिल हो गया है.

इंडिया ब्रांड इक्विटी फ़ाउंडेशन (आईबीईएफ़) के मुताबिक, भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का बाज़ार 2025 में क़रीब 32,040 करोड़ रुपये का था. इसके 2032 तक बढ़कर 57,850 करोड़ रुपये होने का अनुमान है.

इस बाज़ार में बिसलेरी के अलावा किनले, एक्वाफ़िना और कई क्षेत्रीय ब्रांड भी मौजूद हैं.

बिसलेरी के मामले के बाद बोतलबंद पानी के दूसरे ब्रांड्स की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं.

न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एफ़एसएसएआई अब बिसलेरी के देशभर से लिए गए दूसरे सैंपल के साथ-साथ अन्य कंपनियों के बोतलबंद पानी के सैंपल की भी जांच करेगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.