वेनेज़ुएला में भीषण भूकंप, हज़ारों लोगों के मारे जाने की आशंका

इमेज स्रोत, Juan BARRETO / AFP via Getty Images
- बुधवार शाम एक मिनट से भी कम समय के अंतराल में दो शक्तिशाली भूकंप आए.
- पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र याराकुई राज्य के सैन फेलिपे में था.
- इसके सिर्फ़ 39 सेकंड बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 7.5 दर्ज की गई.
- अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि कितनी जनहानि हुई है और नुकसान कितना व्यापक है.
- आशंका है कि दूसरे बड़े भूकंप के बाद मृतकों की संख्या 10,000 से अधिक हो सकती है.
- राजधानी काराकास में भी तेज़ झटके महसूस किए गए, जहाँ कई इमारतें गिर गई हैं, पेट्रोल की आपूर्ति बाधित हो गई है और मलबे के नीचे फंसे लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं.
- गृह मंत्री ने लोगों से अपने घर तुरंत ख़ाली करने की अपील की है.
वेनेज़ुएला की राजधानी कराकास में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो बड़े भूकंप आए. पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जबकि दूसरा 7.5 तीव्रता का था.
भूकंप से भारी जनहानि और व्यापक तबाही की आशंका जताई जा रही है. यूनाइटेड स्टेट्स जीयोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, इस बात की 44% आशंका है कि मृतकों की संख्या 10 हज़ार से ज़्यादा हो सकती है.
वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की घोषणा कर दी है.
इस संबोधन में उनके साथ गृह मंत्री और नेशनल एसेंबली के प्रमुख और उनके भाई जॉर्ज रॉड्रिगेज़ भी मौजूद थे. राष्ट्रपति ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एक जनरल को ज़िम्मेदारी सौंपी है.
रॉड्रिगेज़ इसी साल जनवरी से अंतरिम रूप से देश का नेतृत्व कर रही हैं. अपने संबोधन में उन्होंने सबसे पहले वेनेजुएला की जनता से एकजुट रहने की अपील की.
उन्होंने भूकंप में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की, हालांकि मृतकों की संख्या नहीं बताई.
रॉड्रिगेज़ के अनुसार, भूकंप से हुए गंभीर नुकस़ान के कारण वेनेज़ुएला का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है. हवाई अड्डे से सामने आए शुरुआती वीडियो में लोग गलियारों से भागते हुए दिखाई दिए, जबकि भूकंप के झटकों के दौरान छतों से धूल के बड़े गुबार नीचे गिरते नज़र आए.
इस भूकंप में कई इमारतें ढह गई हैं और लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए हैं. गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने लोगों से अपने घर खाली करने की अपील की है.
भूकंप आने के समय वेनेज़ुएला में राष्ट्रीय अवकाश मनाया जा रहा था, इसलिए कई लोग अपने घरों में मौजूद रहे होंगे. भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 6:04 बजे आया.
भूकंप का केंद्र
भूकंप का केंद्र कराकास के पश्चिम में स्थित मोंटालबान क्षेत्र में था.
वेनेज़ुएला के कई अन्य राज्यों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए.
वेनेज़ुएला के गृह मंत्री ने सरकारी टेलीविजन से बातचीत में बताया कि देश के कई राज्य भूकंप से प्रभावित हुए हैं.
उन्होंने वीटीवी से फोन पर बात करते हुए कहा, "सभी संकेत बताते हैं कि इसकी तीव्रता सात से काफी अधिक थी."
उन्होंने कहा, "इसके झटके त्रूजिलो, याराकुई, काराबोबो, अरागुआ, मिरांडा, कराकास और ला गुआइरा में तीव्रता से महसूस किए गए."
उन्होंने आगे बताया कि राजधानी कराकास में पालोस ग्रांदेस और अल्तामीरा इलाके सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.
कोलंबिया तक महसूस किए गए झटके

इमेज स्रोत, Manaure QUINTERO / AFP via Getty Images
बीबीसी के नॉर्थ अमेरिका संवाददाता विल ग्रांट के मुताबिक़ सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ इमारतों में दरारें आ गई हैं, कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कुछ ढह गई हैं.
वहीं, आफ्टरशॉक्स के डर से हज़ारों निवासी अभी तक अपने अपार्टमेंट में वापस नहीं लौटे हैं.
भूकंप के झटके कोलंबिया की राजधानी बोगोटा तक महसूस किए गए.
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का आकलन जारी रहने के कारण, नुकसान की वास्तविक सीमा अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

इमेज स्रोत, Juan BARRETO / AFP via Getty Images

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज स्रोत, Manaure QUINTERO / AFP via Getty Images
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.



















