गाम्बिया से स्पेन जा रही नाव पलटी, कम से कम 69 प्रवासियों की मौत
इमेज स्रोत, Anadolu Agency/Getty Images
इमेज कैप्शन, नाव में 160 लोग सवार थे, जिसमें गाम्बिया और सेनेगल के नागरिक थे
मॉरिटानिया के तटरक्षकों के अनुसार, इसके तट के पास एक नाव पलटने से कम से कम 69 प्रवासियों की मौत हो गई है और कई लोग लापता हैं.
17 लोगों को बचा लिया गया है और बाकी यात्रियों की तलाश जारी है. यह लकड़ी की डोंगी जैसी नाव स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह की ओर जा रही थी.
बचे हुए लोगों के मुताबिक, यह नाव मंगलवार को हुए हादसे से छह दिन पहले गाम्बिया से रवाना हुई थी. इसमें करीब 160 लोग सवार थे, जिनमें ज़्यादातर गाम्बिया और सेनेगल के नागरिक थे.
अटलांटिक महासागर के रास्ते का यह खतरनाक सफ़र यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे अफ्रीकी प्रवासियों के बीच लगातार आम होता जा रहा है.
पिछले साल करीब 47,000 लोग कैनरी द्वीपसमूह पहुंचे.
स्पेन की गैर-सरकारी संस्था कामिनांडो फ्रोंतेरास का अनुमान है कि इस दौरान 9,000 से अधिक प्रवासी यूरोप पहुंचने की कोशिश में मारे गए.
पाकिस्तान के पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से 14 लाख लोग प्रभावित, 17 लोगों की मृत्यु
इमेज कैप्शन, लाहौर के एक रिहायशी इलाक़े में सड़कों पर नावें चलाई जा रही हैं.
रावी, चिनाब और सतलुज नदियों में उफान के कारण पाकिस्तान के पंजाब में बाढ़ से 14 लाख लोग प्रभावित हुए हैं.
पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने चेतावनी दी है कि बारिश और भारत से आने वाले पानी की वजह से हालात और ख़राब हो सकते हैं.
लाहौर के कई इलाके पानी में डूब गए हैं. रावी पुल के टूटने का भी ख़तरा बना हुआ है. बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लाहौर में रावी नदी में जलस्तर बढ़ने से लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के लाहौर में नदी के किनारे पर बसे कई इलाके बाढ़ की जद में आ गए हैं.
रावी नदी का पानी अब किनारों पर बसे लोगों के घरों में घुसने लगा है. घरों की दीवारें टूट गई हैं और सामान भी बह गए हैं. लोग जलस्तर घटने का इंतजार कर रहे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पंजाब के सरगोधा में बचावकर्मी बाढ़ में फंसे लोगों और जानवरों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रहे हैं.
पंजाब पुलिस ने बताया है कि बाढ़ से प्रभावित 62,000 से ज़्यादा लोगों और 50,000 से ज़्यादा पशुओं को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बाढ़ प्रभावित जगहों पर लोग अपने घरों का सामान उठाकर दूसरी जगहों पर शिफ्ट कर रहे हैं.
अधिकारियों ने चिनाब और रावी नदी में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है. पंजाब समेत कई और हिस्सों में आज और बारिश का अनुमान है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लोगों के पास पानी से होते हुए सुरक्षित जगह पर पहुंचने के अलावा कोई और रास्ता नहीं है.
पाकिस्तान में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर सियालकोट में देखने को मिला है.
पंजाब के अधिकारियों ने अब तक प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ के कारण 17 लोगों की मौत की पुष्टि की है.
बाढ़ और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में सार्वजनिक और निजी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं.
कार्टून: पूंजी वाले और पैसे वाले
इमेज कैप्शन, बैंकों के मिनिमम बैलेंस नियम पर आज का कार्टून
भारत में जापान करेगा 10 ट्रिलियन येन का निवेश, पीएम मोदी के भाषण की ख़ास बातें
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों की साझेदारी को दुनिया में शांति लाने वाला बताया है.
जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के
निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान की दो दिवसीय यात्रा पर हैं और इस
मौक़े पर दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर घोषणाएं हुईं.
टोक्यो में जापानी पीएम के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमने 10 वर्षों
में जापान से भारत में 10 ट्रिलियन
येन के निवेश का लक्ष्य रखा है. भारत और जापान के लघु एवं मध्यम उद्यमों और
स्टार्टअप्स को जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा."
हाई-स्पीड रेल और नेक्स्ट जेनरेशन मोबिलिटी
प्रधानमंत्री ने कहा, “हम हाई-स्पीड रेल पर काम कर रहे हैं, साथ ही नेक्स्ट जेनरेशन मोबिलिटी
पार्टनरशिप के तहत बंदरगाहों, विमानन
और जहाज़ निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी तेज़ी से प्रगति करेंगे.”
“हम
चंद्रयान 5 मिशन
में सहयोग के लिए दोनों देशों की स्पेस एजेंसियों के बीच बनी सहमति का स्वागत करते
हैं."
50 हज़ार
कुशल भारतीय जापान जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मानव संसाधन आदान-प्रदान की कार्य योजना के तहत अगले 5 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में दोनों
पक्षों के 5 लाख
मानव संसाधन आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया जाएगा. 50 हज़ार कुशल भारतीय जापान की अर्थव्यवस्था
में योगदान देंगे."
समुद्री सुरक्षा पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आतंकवाद और साइबर सुरक्षा को लेकर हमारी चिंताएं समान हैं. हमारे
साझा हित रक्षा और समुद्री सुरक्षा से जुड़े हैं. हमने रक्षा उद्योग और इनोवेशन के
क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मज़बूत करने का फ़ैसला किया है."
बैटरी आपूर्ति
पीएम मोदी
ने कहा, “हम सतत ईंधन पहल और बैटरी आपूर्ति श्रृंखला
साझेदारी भी शुरू कर रहे हैं. हम आर्थिक सुरक्षा सहयोग पहल शुरू कर रहे हैं,
जिसके तहत हम महत्वपूर्ण और रणनीतिक क्षेत्रों
में एक व्यापक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ेंगे... इस संदर्भ में, डिजिटल साझेदारी 2.O और एआई सहयोग
पहल पर काम किया जा रहा है."
अमेरिकी टैरिफ़ लागू होने के बाद रुपये में रिकॉर्ड गिरावट, विकास दर पर असर की आशंका
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने भारत की वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ़ लगा दिया है, जो 27 अगस्त से लागू हो गया है.
अमेरिकी टैरिफ़ लागू होने के बाद शुक्रवार को भारतीय रुपये में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई और पहली बार यह 88 रुपये प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया.
टैरिफ़ से आशंका है कि भारत की विकास दर प्रभावित हो सकती है और पोर्टफोलियो निवेश पर भी असर पड़ सकता है.
अमेरिका ने इस हफ़्ते भारतीय सामानों पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगा दिया, जिससे कुल टैरिफ़ दर बढ़कर 50 प्रतिशत हो गई है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, शुक्रवार को एक डॉलर के मुकाबले रुपये 88.1950 पर पहुंच गया जो दिन भर में 0.65 प्रतिशत की गिरावट है.
यह लगभग तीन महीने में रुपये की सबसे बड़ी एक-दिवसीय गिरावट रही. अगस्त महीने में रुपया 0.68 प्रतिशत गिरा.
ट्रंप ने पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को दी जाने वाली अतिरिक्त सुरक्षा हटाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पिछले राष्ट्रपति चुनावों में कमला हैरिस ट्रंप से हार गई थीं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के लिए सीक्रेट सर्विस प्रोटेक्शन को रद्द कर दिया है.
क़ानून के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपतियों को पद छोड़ने के बाद छह महीने तक सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा मिलती है.
बाइडन ने अपने कार्यकाल के अंत में इस अवधि को एक साल तक बढ़ाने का आदेश दिया था. लेकिन ट्रंप ने एक मेमो जारी कर इसे रद्द कर दिया, जिसके मुताबिक़ यह अतिरिक्त सुरक्षा 1 सितंबर 2025 से समाप्त हो जाएगी.
यह फैसला ऐसे समय आया है जब हैरिस अपनी किताब "107 डेज़" के प्रचार अभियान के लिए देशभर में दौरा करेंगी.
हैरिस की सीक्रेट सर्विस सुरक्षा हटने का मतलब है कि अब उनके साथ नियुक्त एजेंट, जो उन्हें और लॉस एंजिलिस स्थित उनकी संपत्ति की सुरक्षा करते थे, नहीं रहेंगे.
इसके साथ ही संभावित ख़तरों की पहचान और रोकथाम के लिए की जाने वाली ख़ुफ़िया निगरानी भी नहीं होगी.
पिछले राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस, ट्रंप के सामने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में मैदान में थीं.
दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः जापान दौरे से मोदी, अमेरिका और चीन को साध पाएंगे- LIVE
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
पश्चिम बंगाल के प्रवासी मुसलमान मज़दूरों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बोलीं ममता बनर्जी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एक जनहित याचिका में पश्चिम बंगाल के प्रवासी मज़दूरों को हिरासत में लेने को चुनौती दी गई थी.
पश्चिम बंगाल के प्रवासी मुस्लिम मज़दूरों को बांग्लादेशी नागरिक होने के शक में हिरासत में लिए जाने को चुनौती देने वाली एक जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से सफ़ाई मांगी है.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे पश्चिम बंगाल के मज़दूरों के लिए बड़ी राहत बताया है.
लाइव लॉ वेबसाइट के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने आज केंद्र सरकार से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या केवल बंगाली भाषा बोलने की वजह से प्रवासियों को विदेशी मानकर हिरासत में लिया गया था.
याचिकाकर्ताओं ने मांग की थी कि संबंधित अधिकारी किसी भी व्यक्ति को उसकी नागरिकता की पुष्टि किए बिना निर्वासित न करें.
सुप्रीम कोर्ट ने एक हफ़्ते के भीतर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है और गुजरात राज्य को भी पक्षकार बनाया है.
याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि सुनाली बीबी को सिर्फ़ इस धारणा के आधार पर भारत से जबरन बाहर कर दिया गया कि वह बांग्लादेशी हैं, जबकि किसी अधिकारी ने यह तय नहीं किया था कि वह विदेशी हैं.
उन्होंने यह भी दावा किया कि वह गर्भवती हैं और केवल बंगाली भाषा बोलने की वजह से उन्हें देश से निकाला गया.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को हिरासत में रखे गए मज़दूरों के लिए बड़ी राहत बताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "हम न्यायपालिका पर पूरा विश्वास रखते हैं कि वह बंगाल के हर मज़दूर के लिए गरिमा, निष्पक्षता और संवैधानिक न्याय सुनिश्चित करेगी."
इंडोनेशिया में सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन उग्र हुआ, आंसू गैस के गोले दागे गए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस सप्ताह के शुरू में इंडोनेशिया में सांसदों के वेतन भत्तों और सुविधाओं के ख़िलाफ़ प्रदर्शन शुरू हुआ था.
इंडोनेशिया में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक टैक्सी बाइक राइडर की मौत के बाद शुक्रवार को स्थिति और तनावग्रस्त हो गई.
गुरुवार को सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ी की चपेट में आकर एक बाइक टैक्सी राइडर अफ़्फ़ान कुर्नियावान की मौत हो गई थी.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया में जारी विरोध प्रदर्शन ने शुक्रवार को और गंभीर रूप ले लिया.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रदर्शन करने वालों में युवा समूहों के साथ-साथ राइड टैक्सी ड्राइवर भी शामिल थे. शुरू में मज़दूर संगठनों ने मज़दूरी बढ़ाने और टैक्स कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था.
जकार्ता में प्रदर्शनकारी मोबाइल ब्रिगेड कोर हेडक्वॉर्टर के बाहर सैकड़ों की संख्या में जमा हुए थे.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की, जिसके जवाब में कुछ युवा प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पत्थरबाज़ी की.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जकार्ता पुलिस ने आंसू गैस के गोलों को इस्तेमाल किया.
जकार्ता में पुलिस हेडक्वॉर्टर की तरफ़ बढ़ती भीड़ को रोकने के लिए उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए. विरोध प्रदर्शन को देखते हए जकार्ता के स्कूलों में बच्चों को जल्दी घर भेज दिया गया.
कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जकार्ता पुलिस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे.
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से शुरू हुए प्रदर्शन देश के अन्य बड़े शहरों में फैलने लगे हैं.
मेदान, ईस्ट जावा और सुरबाया में भी लोगों ने पुलिस के ख़िलाफ़ विरोध ज़ाहिर किया. ईस्ट जावा में लोगों ने गवर्नर के घर के बाहर भी प्रदर्शन किया.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जकार्ता में लोग सांसदों के वेतन वृद्धि समेत अन्य मुद्दों पर इस सप्ताह की शुरुआत से विरोध कर रहे हैं.
जकार्ता में इस सप्ताह की शुरुआत से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनकारी इंडोनेशिया में सांसदों के वेतन वृद्धि और भत्तों के समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जकार्ता पुलिस स्टेशन के बाहर लोग पुलिस के ख़िलाफ़ तख्तियां लिए पहुंचे थे.
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और पुलिस चीफ़ ने मृत बाइक टैक्सी ड्राइवर के परिवार वालों से माफ़ी मांगी है.
राष्ट्रपति सुबियांतो ने लोगों से सरकार पर भरोसा रखने को कहा है. उन्होंने कहा, "मेरी सरकार लोगों की भलाई के लिए हर ज़रूरी क़दम लेगी. जनता की शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी."
मराठा आरक्षण के लिए मनोज जरांगे पाटिल का मुंबई में आमरण अनशन शुरू, दिपाली जगताप, बीबीसी मराठी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मनोज जरांगे पाटिल ने मुंबई के आज़ाद मैदान में आमरण अनशन शुरू किया है.
महाराष्ट्र में मराठा समुदाय को ओबीसी वर्ग में आरक्षण देने की माँग के लिए फिर से आंदोलन शुरू हो गया है.
मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने मुंबई के आज़ाद मैदान में शुक्रवार सुबह 10 बजे से मराठा आरक्षण के लिए आमरण अनशन शुरू कर दिया है.
बारिश के बीच राज्य भर से बड़े पैमाने पर मराठा समुदाय से लोग आज़ाद मैदान में पहुंचे हैं.
सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर आंदोलन में शामिल होने वालों की भारी भीड़ दिखी. दक्षिण मुंबई के रास्तों पर भी सुबह से ट्रैफ़िक जाम लग गया.
इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारी आंदोलन में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंच रहे हैं
दूसरी ओर महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने कहा है कि 10 फ़ीसदी मराठा आरक्षण पहले ही दे दिया गया है. क़ायदे से दूसरे वर्ग का आरक्षण कम कर किसी और समुदाय को आरक्षण नहीं दिया जा सकता.
मनोज जरांगे पाटिल ने कहा है कि जब तक सरकार ओबीसी वर्ग से आरक्षण नहीं देती तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा.
मोहन भागवत के तीन बच्चे वाले बयान पर ओवैसी की तीख़ी प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, ANI/RSS Youtube
इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी ने संघ पर मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने का आरोप लगाया.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के 'तीन बच्चे वाले बयान' पर एआईएमआईएम नेता और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "अपनी स्थापना से ही आरएसएस लगातार यह झूठा भ्रम फैलाता रहा है कि बढ़ती मुस्लिम आबादी हिंदू आबादी को पीछे छोड़ देगी. मुसलमानों की कुल प्रजनन दर में गिरावट आई है और यह गिरावट अन्य सभी समुदायों से अधिक तेज़ है."
उन्होंने कहा, "क्या नरेंद्र मोदी ने 2024 में संसद के भाषण में जनसंख्या वृद्धि के लिए मुस्लिम समुदाय को दोषी नहीं ठहराया था? और अब वही कह रहे हैं कि ‘तीन बच्चे पैदा करो."
ओवैसी ने पूछा, "लोगों के पारिवारिक जीवन में दखल देने वाले ये कौन होते हैं?"
ओवैसी ने कहा, "यह याद रखना चाहिए कि केशव बलिराम हेडगेवार, वी.डी. सावरकर को अपना नायक मानते थे. वी.डी. सावरकर ने 1937 में अहमदाबाद में हुए हिंदू महासभा के 19वें अधिवेशन में दो-राष्ट्र सिद्धांत रखा था. बाद में 1940 में मुस्लिम लीग ने दो-राष्ट्र सिद्धांत को अपनाया. उस समय तक हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग दोनों ही सत्ता में साझेदार थे."
उन्होंने कहा, "कई मौके ऐसे रहे हैं जब मोहन भागवत ने मुसलमानों को ‘चोरी का सामान’ और ‘मुगल बादशाह की औलाद’ कहा. ये धर्म संसद कौन आयोजित कर रहा है, जहां मुसलमानों के खुले नरसंहार की बातें की जा रही हैं? ये सब आरएसएस प्रायोजित संगठन हैं... हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी ताकतों को हमेशा के लिए राजनीति से बाहर कर दिया जाए."
गुरुवार को आरएसएस के शताब्दी समारोह में बोलते हुए भागवत ने कहा था, "हमारे देश की पॉलिसी हर नागरिक को 2.1 बच्चे रिकमंड करती है. ये देश का एवरेज है. संतान 0.1 तो हो नहीं सकती. इसलिए भारत के हर नागरिक को चाहिए कि उसके घर में तीन बच्चे हों."
साथ ही उन्होंने कहा था कि, "इस्लाम नहीं रहेगा, ऐसी सोच रखने वाला हिंदू नहीं हो सकता."
जीडीपी के ताज़ा आंकड़े जारी, अनुमान से बेहतर रहा ग्रोथ रेट
इमेज कैप्शन, भारत सरकार ने पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी कर दिए हैं.
भारत सरकार ने जीडीपी के ताज़ा
आंकड़े जारी कर दिए हैं. इसके अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.8
प्रतिशत की दर से बढ़ी.
ताज़ा आंकड़े अनुमान से बेहतर हैं. इस दौरान जीडीपी ग्रोथ रेट 6.7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया था.
यह पिछले पांच तिमाहियों में सबसे तेज़ वृद्धि है.
यह वृद्धि अमेरिकी टैरिफ़ लागू होने से पहले दर्ज की गई.
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में
जीडीपी की वृद्धि मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र के अच्छे प्रदर्शन की वजह से रही.
भारत अब भी सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली
बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है, क्योंकि
अप्रैल-जून की अवधि में चीन की जीडीपी वृद्धि 5.2 प्रतिशत रही.
पटना: बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प पर बोले राहुल गांधी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शुक्रवार सुबह पटना के कांग्रेस कार्यालय के सामने बीजेपी के लोगों ने प्रदर्शन किया और इस दौरान झड़प हुई थी.
पीएम मोदी के कथित अपमान को लेकर शुक्रवार
सुबह पटना में कांग्रेस कार्यालय में हुई हिंसा को लेकर राहुल गांधी ने
प्रतिक्रिया दी है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक्स
पर लिखा, “सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते. मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है - हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे.
सत्यमेव जयते.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के
मुताबिक़, पटना में बीजेपी कार्यकर्ता पीएम
मोदी के 'अपमान' को लेकर कांग्रेस के ऑफ़िस के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इस
दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई.
गुरुवार को बीजेपी ने बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'अपमानजनक टिप्पणी' किए जाने का आरोप लगाया
है.
कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया राहुल गांधी की यात्रा को बदनाम करने का आरोप
इमेज स्रोत, @RahulGandhi
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी और विपक्षी पार्टियां बिहार में एसआईआर के ख़िलाफ़ वोटर अधिकार यात्रा निकाल रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर कांग्रेस पार्टी ने आरोप
लगाया है कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को बीजेपी बदनाम करने की कोशिश कर
रही है.
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के ख़िलाफ़ किसने गाली-गलौज की? उसका नाम बताइए. यह बीजेपी की साज़िश है. यह एक प्लांटेड स्टोरी है, ताकि यात्रा से ध्यान हटाया जा सके. वह वीडियो दिखाइए जिसमें राहुल गांधी, तेजस्वी यादव खड़े हों... ऐसा कुछ नहीं हुआ. यह सोची-समझी साज़िश है."
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "हम यह जानना चाहते हैं कि इसके पीछे किसने उकसाया. हम अपनी ही यात्रा को बाधित नहीं करेंगे, यह उनकी टूलकिट है...लोगों को भेजना, अपने ही नेताओं को गाली दिलवाना, उसे सोशल मीडिया पर फैलाना, राजनीतिक मुद्दा बनाना और फिर पार्टी मुख्यालय पर हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला करना."
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता का अपमान किए जाने के लिए राहुल गांधी को माफ़ी मांगनी चाहिए.
वहीं शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने पत्रकारों से कहा, “शायद बीजेपी ने अंदर अपने लोगों को छोड़ा होगा. यात्रा और राहुल गांधी को बदनाम करने के लिए बीजेपी के लोग किसी भी हद तक जा सकते हैं. महाराष्ट्र में ये हमारा अनुभव है, ये लोग किसी भी स्तर पर गिर सकते हैं. ये उनके लोग होंगे.”
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा बीते गुरुवार को जब दरभंगा पहुंची थी तो कथित तौर पर कुछ अज्ञात लोगों ने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ अपशब्द कहे थे. हालांकि उस समय वहां कांग्रेस या आरजेडी का कोई बड़ा नेता नहीं था.
बीजेपी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है, “कांग्रेस के नेता पीएम मोदी को जितनी गालियां देंगे, कमल उतना ही खिलेगा.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है.
थाईलैंड के संवैधानिक कोर्ट ने पैतोंगटार्न शिनावात्रा को पीएम पद से हटाया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, थाईलैंड के संवैधानिक कोर्ट में फ़ोन लीक मामले में सुनवाई चल रही थी.
थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा को पद से हटा दिया है और उनकी कैबिनेट भंग कर दी है.
वह 2008 के बाद संवैधानिक अदालत द्वारा पद से हटाई जाने वालीं थाईलैंड की पांचवीं प्रधानमंत्री बन गई हैं.
कंबोडिया के पूर्व प्रधानमंत्री हून सेन के साथ उनकी फ़ोन कॉल लीक होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था जिसके बाद जुलाई में उन्हें निलंबित कर दिया गया था.
पैतोंगटार्न थाईलैंड की सबसे युवा प्रधानमंत्री थीं. उन्होंने 37 साल की उम्र में पद संभाला था. वह देश की दूसरी महिला प्रधानमंत्री भी बनीं.
उनसे पहले उनकी चाची यिंगलक शिनावात्रा 2011 से 2014 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं.
इमेज स्रोत, getty
इमेज कैप्शन, पैतोंगटार्न के पिता थाकसिन शिनावात्रा भी प्रधानमंत्री रहे हैं.
पैतोंगटार्न थाई अरबपति और पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा की बेटी हैं. उन्होंने थाईलैंड के सबसे अच्छे स्कूलों में पढ़ाई की और इसके बाद ब्रिटेन के सरे विश्वविद्यालय में पढ़ीं. इसके बाद वह परिवार के ‘रेनॉन्डे’ होटल ग्रुप से जुड़ गईं.
उन्हें उनके निकनेम "उंग इंग" से भी जाना जाता है. उन्होंने 2021 में फ्यू थाई पार्टी जॉइन की थी और 2023 में पार्टी की नेता बनीं.
पिछले साल थाई संसद ने उन्हें उनके पूर्ववर्ती स्रेत्था थाविसिन की जगह चुना था. थाविसिन को संवैधानिक अदालत ने कैबिनेट नियुक्तियों के नियम तोड़ने के मामले में पद से हटा दिया था.
शिनावात्रा परिवार का दशकों से थाई राजनीति में दबदबा है और पैतोंगटार्न की पद से विदाई इस राजनीतिक परिवार के लिए बड़ा झटका है.
उत्तराखंडः भारी बारिश से रुद्रप्रयाग और चमोली में भूस्खलन, आठ लोग मलबे में दबे, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Asif/BBC
उत्तराखंड
में भारी बारिश के कारण रुद्रप्रयाग और चमोली ज़िलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने
आई हैं. प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य
युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है.
रुद्रप्रयाग
ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, रात में हुई भारी बारिश की वजह से ज़िले के बसुकेदार क्षेत्र में कई स्थान प्रभावित हुए हैं. तालजामण क्षेत्र में 4 से
5 मकानों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है. प्रभावित परिवारों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट
किया गया है.
वहीं
छेनागाढ़ क्षेत्र में आठ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. एसडीआरएफ़, डीडीआरएफ़ और
स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं. जखोली
क्षेत्र में एक महिला की मौत की भी सूचना है.
चमोली
ज़िले के देवाल विकासखंड में गुरुवार रात भूस्खलन से एक आवासीय भवन
मलबे की चपेट में आ गया.
इमेज स्रोत, Asif/BBC
उप ज़िलाधिकारी पंकज कुमार भट्ट ने बताया, "यहां दो लोग लापता हैं, दो घायल हैं और 15 से 20 मवेशियों के मलबे में दबे होने की आशंका है."
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने आपदा प्रबंधन को लेकर एक आपात बैठक की है जिसमें "रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र के बड़ेथ डुंगर तोक, जनपद चमोली के देवाल क्षेत्र एवं नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी में अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की गई."
उन्होंने लिखा कि अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर किए जाने के निर्देश दिए गए हैं.
नमस्कार!
अभी तक बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
जापान में पीएम मोदी बोले, 'दुनिया भारत पर भरोसा कर रही है'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी दो देशों- जापान और चीन की चार दिवसीय यात्रा पर हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को टोक्यो में इंडिया-जापान इकोनॉमिक फ़ोरम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में पूंजी सिर्फ़ बढ़ती नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ती है.
उन्होंने बताया कि विदेशी कंपनियों का निवेश लगातार बढ़ रहा है और आर्थिक सुधारों की वजह से भारत आज तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है.
मोदी ने कहा, "जेट्रो (जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन) के मुताबिक़ 80 फ़ीसद कंपनियां भारत में विस्तार करना चाहती हैं और 75 प्रतिशत कंपनियां मुनाफ़ा कमा रही हैं. भारत में पूंजी सिर्फ़ बढ़ती नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ती है."
उन्होंने कहा कि भारत राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता के साथ जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है. दुनिया सिर्फ़ भारत को देख ही नहीं रही, बल्कि भारत पर भरोसा भी कर रही है.
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार सुबह टोक्यो पहुंचे. दो दिन की इस यात्रा के दौरान वे 15वें भारत-जापान वार्षिक सम्मेलन में शामिल होंगे और प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ बातचीत करेंगे.
जापान की यात्रा के बाद मोदी 31 अगस्त को चीन के तियानजिन जाएंगे जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे.
मोदी जी को जितनी ज़्यादा गालियां दोगे, कमल का फूल उतना ही खिलेगा: अमित शाह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी के अपमान के आरोप पर कांग्रेस का कहना है कि ये सब ध्यान भटकाने वाली बातें हैं
बिहार में 'इंडिया' गठबंधन के एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के लिए कथित आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है.
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के नेता पीएम मोदी को जितनी गालियां देंगे, कमल उतना ही खिलेगा.
असम के गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस नेताओं ने घुसपैठिया बचाओ यात्रा में पीएम मोदी की मां के लिए आपत्तिजनक शब्द कहकर बेहद निंदनीय काम किया है. मैं इसकी निंदा करता हूं. हर कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी के ख़िलाफ़ अपशब्द कहे हैं."
अमित शाह का कहना है कि राहुल गांधी ने घृणा की जो राजनीति शुरू की है, वो हमारे सार्वजनिक जीवन को गर्त में ले जाएगी.
वहीं, कांग्रेस का कहना है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए.
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "किसने बयान दिया? इसकी जांच-पड़ताल होनी चाहिए. कांग्रेस का कोई भी व्यक्ति नहीं चाहेगा कि प्रधानमंत्री जी के परिवार को लेकर कोई अपशब्द बोला जाए."
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, "दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और राजद के मंच से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और उनकी स्व. माता जी के विरूद्ध जिस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत अशोभनीय है और मैं इसकी निंदा करता हूं."