लाइव , मशहूर फ़िल्मकार संजय गुप्ता को अभिनेता तुषार कपूर ने कुछ इस तरह किया याद

फ़िल्मकार संजय गुप्ता ने 2007 की सुपरहिट फ़िल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' बनाई थी. तुषार ने उन्हें अपना प्रिय निर्देशक बताते हुए कहा कि वह ऐसे इंसान थे जो ज़िंदगी को पूरी तरह जीने में विश्वास रखते थे

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह

  1. मशहूर फ़िल्मकार संजय गुप्ता को अभिनेता तुषार कपूर ने कुछ इस तरह किया याद

    बॉलीवुड के फिल्म समारोह के दौरान संजय गुप्ता
    इमेज कैप्शन, बॉलीवुड के फिल्म समारोह के दौरान संजय गुप्ता (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़िल्मकार संजय गुप्ता ने 2007 की सुपरहिट फ़िल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' बनाई थी. तुषार ने उन्हें अपना प्रिय निर्देशक बताते हुए कहा कि वह ऐसे इंसान थे जो ज़िंदगी को पूरी तरह जीने में विश्वास रखते थे.

    तुषार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह दुखद ख़बर याद दिलाती है कि ज़िंदगी कितनी अनिश्चित है.

    उन्होंने लिखा, "आज सुबह अपने प्रिय निर्देशक संजय गुप्ता के अचानक और दुर्भाग्यपूर्ण निधन की दुखद ख़बर मिली. ज़िंदगी वाक़ई बहुत अनिश्चित है. हालांकि, इस शख़्स ने मुझे ज़िंदगी को पूरी तरह जीने का सबक दिया! उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे."

    'शूटआउट एट लोखंडवाला' साल 2007 में रिलीज हुई एक एक्शन थ्रिलर फ़िल्म थी, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया था. यह फ़िल्म 1991 में लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में हुई मुठभेड़ पर आधारित थी.

    फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरबाज खान, विवेक ओबेरॉय, अभिषेक बच्चन, तुषार कपूर और रोहित रॉय सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया था.

    संजय गुप्ता 'कांटे', 'काबिल' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी फ़िल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते थे. इसके अलावा उन्होंने 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'जज़्बा' और 'एसिड फैक्ट्री' जैसी फिल्मों का निर्माण भी किया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक़, मशहूर फ़िल्मकार संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया. पीटीआई ने इस खबर की पुष्टि उनके क़रीबी दोस्त मिलाप ज़ावेरी के हवाले से किया है.

  2. पंजाब विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने जारी की पहली लिस्ट

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    पंजाब में साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है.

    आम आदमी पार्टी ने इसमें अपने 40 उम्मीदवारों की घोषणा की है.

    इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया के सामने आकर इसकी घोषणा की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "मैं आपको बता देना चाहता हूं कि इस लिस्ट में मेरा भी नाम है और मैं धुरी से चुनाव लड़ रहा हूं."

    पंजाब में साल 2022 के फ़रवरी महीने में विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले गए थे.

    विधानसभा के कार्यकाल के लिहाज से माना जा रहा है कि अगले साल यानी 2027 में जनवरी-फ़रवरी के महीने में पंजाब में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं.

    साल 2022 में पंजाब में हुए चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी.

  3. सरदार पटेल की जयंती पर अमित शाह और राहुल गांधी ने क्या कहा?

    दिल्ली में राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर सभा को संबोधित करते गृह मंत्री अमित शाह
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर सभा को संबोधित करते गृह मंत्री अमित शाह

    दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मौक़े पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित किया. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है.

    अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "सरदार साहब को कई वर्षों तक उनकी उपलब्धियों के आधार पर जो उचित सम्मान था वो भारत ने नहीं दिया, कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से सरदार साहब को भुलाने का काम किया है, लेकिन सूर्य की तेज़ को कवर नहीं कर सकते"

    अमित शाह ने कहा, "नरेंद्र मोदी जब गुजरात के सीएम बने तो उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर एक गगन को छूने वाली प्रतिमा का निर्माण कर पूरे देश के सामने सरदार साहब के व्यक्तित्व को स्थापित करने का काम किया "

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.

    सरदार पटेल की पुण्यतिथि के मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, "एकता के सूत्रधार और आधुनिक भारत के शिल्पकार के रूप में उन्होंने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की मजबूत नींव रखी. उनके आदर्श सदैव हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे''

  4. 1 नवंबर 2026 से देशभर में लागू होंगे ये नियम

    ज्वैलरी दुकान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, 1 नवंबर 2026 की शुरुआत के साथ ही आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी चीजों में बदलाव होने वाला है

    1 नवंबर 2026 से देश में टेलीकॉम, बैंकिंग, टैक्स से जुड़े कई अहम बदलाव लागू होने वाले हैं.

    नवंबर 2026 की शुरुआत के साथ ही आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी चीजों जैसे, बैंकिंग, टेलीकॉम और जीएसटी से जुड़े कई नए और महत्वपूर्ण नियमों को लागू करने की घोषणा की गई है.

    टेलीकॉम सेक्टर में स्पैम कॉल्स पर लगाम लगाने और धोखाधड़ी रोकने के लिए ट्राई (टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के निर्देश पर 1 नवंबर 2026 से अब मोबाइल फोन पर कॉल करने वाले व्यक्ति या संस्था का असली नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, जो उनके टेलीकॉम डेटाबेस में रजिस्टर्ड है.

    भारतीय रिजर्व बैंक के नए दिशा-निर्देशों के तहत बैंक खाताधारकों को अब अपने खातों और लॉकर में एक से अधिक, यानी अधिकतम चार लोगों तक को नॉमिनी बनाने की सुविधा मिल रही है.

    इसमें ग्राहक एक साथ हिस्सेदारी तय करते हुए या प्राथमिकता के आधार पर चार तक नाम दर्ज करा सकते हैं.

    1 नवंबर से जीएसटी के नियमों में कई सुधार लागू होंगे, जिसमें ई-कॉमर्स विक्रेताओं के लिए गोदाम के पते पर रजिस्ट्रेशन, पोस्ट-सेल डिस्काउंट और स्क्रैप/ई-वेस्ट पर टीडीएस के नए प्रावधान शामिल हैं.

    भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के अनिवार्य हॉलमार्किंग नियमों के तहत अब देश के सैकड़ों जिलों में बिना 6-अंकों के अल्फान्यूमेरिक एचयूआईडी (हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफ़िकेशन) कोड वाली सोने की ज्वेलरी बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित होगी.

    उपभोक्ता अब खरीदारी करते समय ज्वेलरी पर बीआईएस लोगो, शुद्धता और एचयूआईडी कोड की ऑनलाइन जांच कर सकते हैं.

  5. तुर्की में आयोजित सम्मेलन में बुलावे के बाद भी नहीं आए अज़रबैजान के राष्ट्रपति

    तुर्किए में आयोजित ओटीएस शिखर सम्मेलन की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, तुर्किए में आयोजित ओटीएस शिखर सम्मेलन की तस्वीर

    अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव तुर्की में आयोजित ओटीएस शिखर सम्मेलन में बुलाए जाने के बावजूद नहीं शामिल हुए.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स से मिली जानकारी के मुताबिक, तुर्की और अज़रबैजान के बीच क्षेत्रीय नीतियों को लेकर सहयोगियों के बीच तनाव बढ़ने के संकेत मिले हैं.

    बीते कुछ हफ़्तों पहले तुर्की और अज़रबैजान के रिश्तों में तब तनाव बढ़ गया था, जब तुर्की के कुछ अधिकारियों ने स्कूल यूनिफ़ॉर्म के नए नियमों के तहत हेडस्कार्फ़ यानी हिजाब के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने के बाकू के फ़ैसले की आलोचना की.

    दोनों देशों के बीच इसराइल को लेकर भी मतभेद हैं. ग़ज़ा युद्ध को लेकर तुर्की इसराइल का कड़ा आलोचक है, जबकि अज़रबैजान के इसराइल के साथ मज़बूत रिश्ते हैं.

    हालांकि, तुर्की के अधिकारियों ने इस तनाव को कम करके दिखाने की कोशिश की है.

    भाषा, संस्कृति और जड़ों से जुड़े देशों के इस शिखर सम्मेलन की शुक्रवार को शुरुआत करते हुए तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने एकता का संदेश दिया.

    अंकारा में हुई इस बैठक में अज़रबैजान का नाम लिए बिना अर्दोआन ने कहा, "हमारे परिवार की तस्वीर में अलगाव, बँटवारे या टकराव के लिए कोई जगह नहीं है. हम सब एक हैं, साथ हैं और अल्लाह ने चाहा तो हमेशा भाई रहेंगे."

    शिखर सम्मेलन में विदेश मंत्री जेहुन बायरामोव ने अज़रबैजान का प्रतिनिधित्व किया. अर्दोआन के बाद बोलते हुए उन्होंने तनाव का कोई ज़िक्र नहीं किया और मेहमाननवाज़ी के लिए तुर्की का शुक्रिया अदा किया.

  6. दिल्ली में बारिश के बीच कैसा रहा, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट?

    दिल्ली में आयोजित ऑरा इंडिया टूर के दौरान सिंगर दिलजीत दोसांझ की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में आयोजित ऑरा इंडिया टूर के दौरान सिंगर दिलजीत दोसांझ की तस्वीर

    दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार शाम बेमौसम बारिश के बावजूद मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में हज़ारों प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी.

    दिलजीत दोसांझ अपने 'ऑरा इंडिया टूर' को लेकर चर्चा में हैं.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने इस कॉन्सर्ट का वीडियो शेयर किया है.

    द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक़, शाम तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन खचाखच भर गया और इसके एग्ज़िट पर लंबी क़तारें लग गईं थी.

    स्टेडियम में जनरल पार्किंग उपलब्ध न होने की वजह से बहुत से लोगों ने मेट्रो से आने का विकल्प चुना.

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के लिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर बाक़ी सभी लाइनों पर अपनी सेवाएं आधी रात तक के लिए बढ़ा दी थीं.

    पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में पहुंचीं उनकी प्रशंसक पूजा बजाज ने कहा, "हम दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट देखने के लिए लंदन से आए हैं. मैं पहली बार इसमें शामिल हो रही हूं. हम सभी बहुत उत्साहित हैं".

  7. अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलों की बिक्री को मंज़ूरी दी

    जर्मनी में एक अज्ञात स्थान पर सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र के दौरे के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की
    इमेज कैप्शन, जर्मनी में एक अज्ञात स्थान पर सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र के दौरे के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका ने बढ़ते रूसी हवाई हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर की 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की मंज़ूरी दे दी है.

    यह फ़ैसला ऐसे वक्त में आया है, जब यूक्रेन ने कहा था कि हाल के महीनों में इसकी डिलीवरी में देरी हुई है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि, इन आधुनिक पीएसी-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की क़ीमत तक़रीबन 2.1 अरब डॉलर होगी और इसका पूरा ख़र्च यूरोप में यूक्रेन के सहयोगी देश और कनाडा उठाएंगे.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका से पैट्रिएट मिसाइलों की डिलीवरी तेज करने की बार-बार अपील की थी.

    रूस की घातक बैसिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में यही एकमात्र असरदार हथियार है.

    यह क़दम ज़ेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई तनातनी के कुछ ही दिनों बाद सामने आया था. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि, "रूस के साथ युद्ध ख़त्म करने की कोशिश के लिए अब वक़्त आ गया है कि यूक्रेन को एक नया नेता मिले."

    शुक्रवार को जारी बयान में अमेरीकी विदेश मंत्रालय ने कहा, " इस ख़रीद का भुगतान 'जंपस्टार्ट' प्रोग्राम के ज़रिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिले डोनेशन और यूरोपीय यूनियन के 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' से फ़ाइनेंस किए गए राष्ट्रीय फंड से करेगा."

    बयान में यह भी कहा गया है कि," इस डील की मुख्य कॉन्ट्रैक्टर अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन होगी और इस बिक्री में अमेरिका का कोई फंड शामिल नहीं है."

  8. जीएसएलवी ने नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 को ऑर्बिट में स्थापित किया

    सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट की तस्वीर

    इसरो ने श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट के ज़रिए एनवीएस-03 नेविगेशन सैटेलाइट को सफलतापूर्वक ऑर्बिट में स्थापित कर दिया है.

    शुक्रवार को इसरो ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट ने एनवीएस-03 सैटेलाइट को सफलतापूर्वक ऑर्बिट में स्थापित कर दिया है.

    जीएसएलवी-एफ 18/एनवीएस-03 मिशन के पूरा होने पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में इसरो के वैज्ञानिकों ने एक-दूसरे को बधाई दी.

    जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट ने एनवीएस-03 सैटेलाइट अगली पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम का तीसरा सैटेलाइट है, जिसे आईआरएनएसएस सिरीज़ की नेविगेशन सेवाओं को लगातार जारी रखने के लिए तैयार किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इसरो चीफ़ डॉ वी. नारायणन ने कहा, " यह एक स्ट्रैटिजिक एसेट है, जो देश को पोज़िशन, नेविगेशन और टाइमिंग तक स्वतंत्र पहुंच देता है."

    इसरो चीफ़ ने कहा, "नेविगेशन सैटेलाइटों का उपयोग आम नागरिकों से जुड़े कामों के लिए भी किया जाता है. इसके ज़रिए ट्रेनों की रियल-टाइम ट्रैकिंग के साथ-साथ गाड़ियों और समुद्री जहाज़ों को भी ट्रैक किया जाता है. साथ ही, यह 'वन नेशन वन टाइम' प्रोजेक्ट का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है."

    उन्होंने बताया कि, 'गगन' के साथ मिलकर नेविगेशन सेवाओं के ज़रिए व्यापक वैश्विक नेविगेशन इकोसिस्टम में भारत के योगदान को दर्शाता है.

  9. दिल्ली के मंगोलपुरी में जूते की फैक्ट्री में लगी आग में कम से कम चार लोगों की मौत

    दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक जूता फ़ैक्ट्री में लगी आग
    इमेज कैप्शन, दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक जूता फ़ैक्ट्री में लगी आग

    दिल्ली में मंगोलपुरी के इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को जूते की एक फैक्ट्री में लगी आग में चार लोगों की मौत हो गई.

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात क़रीब 9.30 बजे मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-1 स्थित बी-293/294 में हुई.

    पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौक़े पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया. दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, आग बुझाने के लिए क़रीब 20 दमकल गाड़ियों को मौक़े पर भेजा गया.

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर छह लोग बेहोशी की हालत में मिले. सभी को तुरंत इलाज के लिए मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया.

    इन छह लोगों में से चार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो का अस्पताल में इलाज जारी है. अधिकारी ने कहा, "आगे की तलाशी और बचाव अभियान जारी है. क़ानून के मुताबिक़ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है."

    समाचार एजेंसी एएनआई से फ़ायर ऑफ़िसर (एडीओ) पारस कुमार ने बताया, "फ़ायर सर्विस को रात क़रीब 9:31 से 9:32 बजे के बीच मंगोलपुरी की एक फ़ैक्ट्री के अंदर आग लगने की सूचना मिली थी. वहां से छह लोगों को रेस्क्यू किया गया है और उन सभी को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया है."

    उन्होंने बताया कि, "यह जूते बनाने वाली यूनिट है, जहां इस परिसर में जूते बनाए और रखे जाते हैं."

    फ़ायर ऑफ़िसर पारस कुमार के मुताबिक़, "आग की शुरुआत बेसमेंट से हुई थी. हमने इसे बेसमेंट के अंदर ही रोक लिया और आगे फैलने नहीं दिया."

  10. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.