लाइव, डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ोन कॉल पर नेतन्याहू को 'अपशब्द' कहे जाने से जुड़ी रिपोर्ट की पुष्टि की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्सियोस की उस रिपोर्ट की पुष्टि की है, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने एक फ़ोन कॉल के दौरान इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को ग़ुस्से में अपशब्द कहे.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • हादसे के बाद रेस्टोरेंट की तस्वीर
  • हैंडपंप से पानी पीता शख़्स
  • मर्लिन मुनरो के फै़न्स
  • चूहे
  • हिरण का बच्चा
  • rollercoaster

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ोन कॉल पर नेतन्याहू को 'अपशब्द' कहे जाने से जुड़ी रिपोर्ट की पुष्टि की

    डोनाल्ड ट्रंप और बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ग़ुस्से में नहीं थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्सियोस की उस रिपोर्ट की पुष्टि की है, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने एक फ़ोन कॉल के दौरान इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को ग़ुस्से में अपशब्द कहे.

    ट्रंप ने बुधवार को एक पॉडकास्ट में यह पुष्टि की.

    'पॉड फ़ोर्स वन विद मिरांडा डिवाइन' की होस्ट ने जब ट्रंप से सवाल किया, "एक्सियोस ने रिपोर्ट किया कि इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से आपकी फ़ोन पर बातचीत हुई, जिसमें आप ग़ुस्से में थे. आपने कहा, 'क्या तुम पागल हो? तुम क्या कर रहे हो? मैंने तुम्हें जेल जाने से बचाया.' क्या यह सच है कि आपने उनसे इसी तरह से बात की?"

    इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हां, मैंने की थी. मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं ग़ुस्से में था, लेकिन लेबनान के साथ उनकी लगातार लड़ाई को लेकर मैं थोड़ा चिंतित था."

    ट्रंप ने कहा, "मैंने कहा कि बीबी (नेतन्याहू) एक वक़्त पर हमें इसे रोकना होगा. लेकिन हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं. हमने साथ मिलकर अच्छा काम किया है."

    एक्सियोस ने सोमवार को एक रिपोर्ट प्रकाशित की, जिसमें दावा किया गया कि ट्रंप ने एक फ़ोन कॉल के दौरान नेतन्याहू को अपशब्द कहे.

  2. कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने फंडिंग से जुड़े सवाल का दिया ये जवाब

    कॉकरोच जनता पार्टी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सीजेपी की फंडिंग को लेकर चल रही चर्चाओं को सौरव दास ने 'काउंटर नैरेटिव' करार दिया

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने पार्टी की फंडिंग से जुड़े सवाल का जवाब दिया है.

    सीजेपी के प्रवक्ताओं ने आज (बुधवार) पार्टी की पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. यह प्रेस कॉन्फ़्रेंस छह जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से जुड़ी थी.

    इस दौरान सौरव दास से सीजेपी की फंडिंग से जुड़ा सवाल किया गया, जिस पर उन्होंने कहा, "फंडिंग किस चीज़ के लिए चाहिए?"

    उन्होंने अपने पीछे लगे पोस्टर की ओर इशारा करते हुए कहा, "ये पोस्टर 200 रुपये का है. यहां पर इतने सारे लोग इकट्ठा हो गए, सब लोग एक-एक रुपये देंगे तो 200 रुपये का पोस्टर नहीं बन जाएगा क्या?"

    उन्होंने कहा, "अगर युवा को रोड पर आना है, जंतर-मंतर पहुंचना है, तो ऑटो लेकर 100 रुपये देकर नहीं पहुंच सकते क्या? हम लोग पहुंच जाएंगे. इसके लिए किस चीज़ की फंडिंग चाहिए?"

    सौरव दास ने आगे कहा, "ये एक काउंटर नैरेटिव चलाया जाता है. कोई भी आंदोलन हो, इतिहास गवाही देगा कि जब भी एक अच्छा आंदोलन हुआ है, उसके ख़िलाफ़ एक काउंटर नैरेटिव चलाया जाता है. कॉन्सपिरेसी थ्योरी चलाई जाती है. फंडिंग लाया जाता है, फॉरेन हैंड लाया जाता है, बहुत सारी कहानियां बनाई जाती हैं. क्योंकि वो आंदोलन एक सही रास्ते पर है."

    उन्होंने कहा, "हमें ये वैलिडेशन मिल चुकी है कि ये आंदोलन सही रास्ते पर चल रहा है, इसलिए ऐसी कहानियां बनाई जा रही हैं."

  3. कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत, विदेश मंत्रालय ने की निंदा

    कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला

    इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और इसराइल के साथ सैन्य संघर्ष में ईरान ने खाड़ी देशों के नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया है (यह तस्वीर एक अप्रैल, 2026 की है, जब कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ़्यूल टैंकों पर ईरानी ड्रोन से हमला हुआ था)

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले की निंदा की है.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है और कई भारतीय नागरिक घायल हैं.

    इससे पहले कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने भी एक भारतीय के मारे जाने की पुष्टि की.

    दूतावास ने एक बयान जारी कर संवेदना जाहिर की है और कहा है कि दूतावास मृतक के परिवार के संपर्क में है.

    वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के सभी पक्षों से हमले रोकने की अपील की है और आम नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना नहीं बनाए जाने पर ज़ोर दिया है.

    इससे पहले कुवैत की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने बताया था कि ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमले से कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई लोग घायल हुए हैं.

    इस हमले के बाद उड़ानों को रोक दिया गया और उन्हें दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया.

    रिपोर्ट में कुवैत सिविल एविएशन अथॉरिटी के हवाले से कहा गया कि हमला एयरपोर्ट की टी-1 बिल्डिंग पर किया गया.

  4. कॉकरोच जनता पार्टी में महिला प्रवक्ता नहीं होने पर हुई आलोचना, अभिजीत दीपके ने दिया जवाब

    अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी

    इमेज स्रोत, X/Cockroachisback

    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने युवा महिलाओं से उनके आंदोलन से जुड़ने की अपील की है

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पार्टी के प्रवक्ताओं की सूची में किसी महिला का नाम नहीं होने पर हुई आलोचना का जवाब दिया है.

    सीजेपी ने बुधवार को अपने तीन प्रवक्ताओं के नाम का एलान किया. पार्टी ने खोजी पत्रकार सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता बनाया है, जबकि लेखक और फ़िल्म निर्माता विजेता दहिया और आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र आशुतोष रांका को प्रवक्ता की ज़िम्मेदारी दी गई है.

    इस एलान के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) की पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने किसी महिला को प्रवक्ता न बनाए जाने पर सीजेपी की आलोचना की.

    प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पर लिखा, "तो कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत संस्थापक, सह-संस्थापक और प्रवक्ताओं के रूप में 100 प्रतिशत पुरुष प्रतिनिधित्व के साथ हुई है."

    उन्होंने कहा, "आगे और क्या सामने आता है, इसका इंतज़ार रहेगा."

    अब अभिजीत दीपके ने इस आलोचना का जवाब दिया है. उनका कहना है कि सीजेपी की महिला सदस्यों ने 'ऑनलाइन मिल रही धमकियों की वजह से' पर्दे के पीछे रहकर काम करना चुना.

    दीपके ने एक्स पर लिखा, "हमने अपनी महिला टीम के सदस्यों को यह (प्रवक्ता की) भूमिका देने की पेशकश की थी, लेकिन उनमें से कई ने कहा कि वे लगातार हो रहे ऑनलाइन हमलों और धमकियों के कारण सामने आने के बजाय पीछे रहकर सक्रिय रूप से काम करना पसंद करेंगी."

    उन्होंने कहा, "हम उनके इस फ़ैसले का सम्मान करते हैं."

    दीपके ने युवा महिलाओं से उनके आंदोलन से जुड़ने की अपील भी की.

    उन्होंने कहा, "हम उन युवा महिलाओं को इस आंदोलन से जुड़ने के लिए आमंत्रित करना चाहते हैं जो इसकी हिस्सा बनना चाहती हैं और प्रवक्ता के रूप में आगे आने के लिए तैयार हैं."

  5. दिल्ली: मालवीय नगर में आग की घटना में मारे गए 21 लोगों में 11 विदेशी नागरिक, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता

    मालवीय नगर आग घटना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आग की वजहों की जांच की जा रही है

    दिल्ली के मालवीय नगर इलाक़े की एक इमारत में आग लगने से अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है.

    दिल्ली सरकार के मुताबिक़, मारे गए लोगों में 11 विदेशी नागरिक हैं, जबकि 10 भारतीय हैं.

    सरकार के मुताबिक़, मृतकों के अलावा 23 विदेशी नागरिक और 14 भारतीय घायल भी हुए हैं.

    डेटा में बताया गया कि पांच विदेशी नागरिक घायल अवस्था में हैं, जबकि 16 विदेशी नागरिकों की हालत गंभीर है. इनमें से 10 लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया है और छह का इलाज बगैर वेंटिलेटर के चल रहा है.

    इसके अलावा नेपाल के दो नागरिकों को डिस्चार्ज कर दिया गया है.

    डेटा में यह भी बताया गया कि घायल हुए 11 भारतीय नागरिकों में दिल्ली पुलिस के 10 जवान भी शामिल हैं. इसके अलावा तीन भारतीयों की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें वेंटिलेटर पर नहीं रखा गया है.

  6. कार्टून : कॉकरोच से डरने वाले

    बीबीसी कार्टून
    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन की घोषणा पर आज का कार्टून
  7. डीके शिवकुमार ने ली कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई

    थावरचंत गहलोत और डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार ने संविधान की एक प्रति हाथ में लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

    कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उन्हें बेंगलुरु स्थित लोकभवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

    शिवकुमार ने संविधान की एक प्रति हाथ में लेकर शपथ ली. उनके साथ 13 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है.

    कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर को उप-मुख्यमंत्री बनाया है.

    शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

    शपथ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीके शिवकुमार को बधाई दी.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर डीके शिवकुमार जी को हार्दिक बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं. केंद्र सरकार कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर राज्य के लोगों के कल्याण के लिए क़रीबी सहयोग से काम करेगी."

  8. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात के बाद नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष क्या बोले

    रवि लामिछाने और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, लामिछाने ने कहा कि भारत और नेपाल 'प्रगति और आपसी भरोसे' पर आधारित साझेदारी का निर्माण कर सकते हैं

    नेपाल की सत्ताधारी पार्टी आरएसपी (राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की.

    रवि लामिछाने के मुताबिक़, दोनों नेताओं की यह मुलाक़ात क़रीब एक घंटे तक चली. लामिछाने ने इस बैठक को 'सार्थक' बताया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लगभग एक घंटे तक हुई ऐसी सार्थक चर्चा में शामिल होकर वास्तव में बहुत खुशी हुई. मैं उस भविष्य को लेकर आपके विज़न से सहमत हूं, जिसमें नेपाल और भारत अतीत की बाधाओं से आगे बढ़कर विकास आधारित कूटनीति के एक नए दौर को अपनाएं."

    लामिछाने ने कहा कि दोनों देश वास्तव में ऐसी साझेदारी का निर्माण कर सकते हैं, जिसकी पहचान 'प्रगति और आपसी भरोसा' हो.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी नेपाल और भारत के लोगों के लिए इन संभावनाओं को वास्तविकता में बदलने की दिशा में काम करने के लिए उत्सुक है.

    इससे पहले पीएम मोदी ने लामिछाने से मुलाक़ात के बाद कहा कि भारत की 'नेबरहुड फ़र्स्ट पॉलिसी' के तहत नेपाल एक प्राथमिकता वाला साझेदार देश है.

    उन्होंने दोनों देशों के 'साझा और समृद्ध भविष्य के लिए साथ मिलकर काम करने' पर सहमति जताई.

  9. केंद्र सरकार ने एयर टरबाइन फ़्यूल की क़ीमत स्थिर करने लिए लिया यह फ़ैसला

    भारतीय एयरलाइंस

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मध्य-पूर्व में जारी संकट की वजह से दुनियाभर में तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है (सांकेतिक तस्वीर)

    केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को वित्तीय सहायता के रूप में 10 हज़ार करोड़ रुपये तक की मंज़ूरी दी है.

    यह सहायता शेड्यूल्ड भारतीय एयरलाइन्स के लिए एविएशन टरबाइन फ़्यूल (एटीएफ़) की क़ीमतों को स्थिर रखने के उद्देश्य से दी जा रही है. इसका लाभ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों परिचालनों में मिलेगा.

    प्रेस इन्फ़ॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के मुताबिक़, सरकार ने यह फ़ैसला पश्चिम एशिया संकट के कारण तेल की क़ीमतों में जारी उतार-चढ़ाव को देखते हुए लिया है. इसका उद्देश्य एटीएफ़ की क़ीमतों को स्थिर बनाए रखना है.

    मध्य-पूर्व में जारी संकट की वजह से दुनियाभर में तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है.

    ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों के बाद से ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को प्रभावी तौर पर बंद कर रखा है. इस समुद्री मार्ग से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत ऊर्जा व्यापार का संचालन होता है.

  10. कॉकरोच जनता पार्टी ने छह जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की जानकारी के लिए बुलाई प्रेस कॉन्फ़्रेंस

    कॉकरोच जनता पार्टी और अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke

    इमेज कैप्शन, सीजेपी ने बुधवार को अपने प्रवक्ताओं के नाम का भी एलान किया

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस की घोषणा की है. यह प्रेस कॉन्फ़्रेंस आज यानी बुधवार शाम 5:15 होगी.

    सीजेपी का कहना है कि यह प्रेस कॉन्फ़्रेंस छह जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर होने जा रही है. इस संबंध में सीजेपी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर मीडिया को आमंत्रित किया है.

    बयान में कहा गया, "मीडिया प्रतिनिधियों को आज शाम 5:15 बजे नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आमंत्रित किया जाता है."

    "इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस को पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका संबोधित करेंगे. इस दौरान वे 6 जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे."

    इससे पहले सीजेपी ने बुधवार को ही अपने प्रवक्ताओं के नाम का एलान किया.

    सीजेपी ने खोजी पत्रकार सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता बनाया है, जबकि लेखक और फ़िल्म निर्माता विजेता दहिया और आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र आशुतोष रांका को प्रवक्ता की ज़िम्मेदारी दी गई है.

  11. प्रधानमंत्री मोदी से मिले नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने

    रवि लामिछाने और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि भारत की 'नेबरहुड फ़र्स्ट पॉलिसी' के तहत नेपाल एक प्राथमिकता वाला साझेदार देश है

    नेपाल की सत्ताधारी पार्टी आरएसपी (राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की है. इसकी जानकारी पीएम मोदी ने एक्स पर दी.

    प्रधानमंत्री ने लिखा, "नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने से मिलकर खुशी हुई. साथ मिलकर साझा और समृद्ध भविष्य के लिए क़रीबी सहयोग से काम करने की उनकी इच्छा का मैं स्वागत करता हूं और उससे पूरी तरह सहमत हूं."

    पीएम मोदी ने कहा कि भारत की 'नेबरहुड फ़र्स्ट पॉलिसी' के तहत नेपाल एक प्राथमिकता वाला साझेदार देश है.

    उन्होंने कहा, "हम नई सरकार के साथ मिलकर काम करने और दोनों देशों के बीच विशेष और बहुआयामी संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं."

    रवि लामिछाने इस वक़्त भारत दौरे पर हैं. वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के बुलावे पर भारत आए हैं. उन्होंने बीजेपी के नेताओं से भी मुलाक़ात की है.

    रवि लामिछाने की आरएसपी नेपाल में सत्ता में है और उसके नेता बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री हैं.

  12. रूस के क़ब्ज़े वाले यूक्रेनी क्षेत्र में बस पर ड्रोन हमला, सात लोग मारे गए, जेम्स चैटर

    ड्रोन हमला

    इमेज स्रोत, YURIY DYACHYSHYN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि रातभर में 350 से ज़्यादा ड्रोन गिराए गए (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के क़ब्ज़े वाले यूक्रेन के हिस्से में बुधवार सुबह एक बस पर ड्रोन हमले में सात लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए.

    दोनेत्स्क क्षेत्र में रूस समर्थित नेता डेनिस पुशिलिन ने बताया कि बुधवार तड़के यह हमला हुआ. बस मॉस्को से सिम्फ़रोपोल (क्राइमिया) जा रही थी.

    रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि रात भर में 350 से ज़्यादा ड्रोन गिराए गए.

    इससे पहले रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर बड़ा हमला किया था. उस हमले में कम से कम 22 लोग मारे गए थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.

    रूस की ओर से रातभर चले हवाई हमलों में रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया था, जिसमें कई बच्चों समेत दर्जनों लोग घायल भी हुए.

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. पश्चिम बंगाल में टीएमसी से जुड़ी सभी कमेटियां और संगठन भंग किए गए

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टूट की आशंका के बीच बुधवार को टीएमसी की ओर से बड़ा एलान किया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़ी सभी कमेटियां और उससे जुड़े सभी संगठन भंग कर दिए गए हैं.

    ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने टूट की आशंका के बीच बुधवार को यह एलान किया है.

    टीएमसी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई, "गहन विचार के बाद यह तय किया गया है कि पश्चिम बंगाल में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की सभी कमेटियां और उससे जुड़े सभी संगठन तुरंत भंग किए जाते हैं."

    आगे कहा गया है, "पार्टी अब हर स्तर पर आत्म-मंथन, कामकाज की समीक्षा और संगठन की जांच करेगी. इस प्रक्रिया से जो नतीजे निकलेंगे, उसके आधार पर मुख्य संगठन और उससे जुड़े सभी संगठन दोबारा बनाए जाएंगे और सही समय पर इसकी घोषणा की जाएगी."

    एक्स पोस्ट में लिखा है, "पार्टी अपने संगठन को मज़बूत करने और आने वाले समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध है."

  15. 12 अरब डॉलर का सोना बेच देने के दावों को आरबीआई ने किया ख़ारिज

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया

    इमेज स्रोत, Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरबीआई ने कहा है कि सोने का फ़िज़िकल स्टॉक अभी भी 880.52 टन है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ (फ़ाइल फ़ोटो)

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को ख़ारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि केंद्रीय बैंक ने अपना सोना बेचा है.

    आरबीआई ने अपने बयान में साफ़ किया कि उसके पास मौजूद सोने के भंडार में कोई कमी नहीं आई है और यह सुरक्षित है.

    आरबीआई ने प्रेस रिलीज़ जारी करते हुए बताया कि सोने का फ़िज़िकल स्टॉक हर महीने की बुलेटिन में दिया जाता है. ताज़ा बुलेटिन आरबीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है.

    आरबीआई ने कहा, "इसमें साफ़ लिखा है कि सोने का फ़िज़िकल स्टॉक अभी भी 880.52 टन है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है."

    गौरतलब है कि एक मीडिया आउटलेट ने रिपोर्ट में दावा किया था आरबीआई ने संभवतः क़रीब 12 अरब डॉलर का सोना बेच दिया है.

  16. कॉकरोच जनता पार्टी ने तीन प्रवक्ताओं के नाम का किया एलान

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, X/Cockroachisback

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को भारत लौटेंगे

    कॉकरोच जनता पार्टी ने तीन प्रवक्ताओं के नाम का एलान किया है. आधिकारिक एक्स हैंडल के ज़रिए इसकी जानकारी दी गई है.

    कॉकरोच जनता पार्टी ने एक्स पर लिखा, "जो तीन प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं, वो जनता और मीडिया के सामने आंदोलन से जुड़ी बात रखेंगे."

    सीजेपी ने बताया, "खोजी पत्रकार सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है. लेखक और फ़िल्म निर्माता विजेता दहिया और आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र आशुतोष रांका भी प्रवक्ता की ज़िम्मेदारी निभाएंगे."

    एक्स पोस्ट में लिखा गया है, "सीजेपी भारत की राजनीति की भाषा और सोच को बदलने के लिए काम कर रहा है, और यह काम नई पीढ़ी के नेताओं के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा."

    गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि वो 6 जून को भारत लौटेंगे. उन्होंने कहा कि वो शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे.

  17. कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन और मिसाइल हमला, कई लोग घायल हुए

    कुवैत एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयरपोर्ट पर हमले के बाद उड़ानों को रोक दिया गया (सांकेतिक तस्वीर- 1 अप्रैल 2026 को कथित ड्रोन हमले के बाद कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक इलाक़े से धुआं उठता हुआ)

    कुवैत की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने बुधवार को बताया कि ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमले से कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई लोग घायल हुए हैं.

    इस हमले के बाद उड़ानों को रोक दिया गया और उन्हें दूसरे एयरपोर्ट पर भेजा गया.

    रिपोर्ट में कुवैत सिविल एविएशन अथॉरिटी के हवाले से कहा गया कि हमला इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टी-1 बिल्डिंग पर किया गया और उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया.

    कुवैत की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि नागरिकों को चेतावनी दी गई कि मिसाइल हमलों के ख़िलाफ़ की गई फ़ायरिंग से गिरने वाले मलबे से सावधान रहें.

  18. इसराइल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद को मिला नया चीफ़, पीएम नेतन्याहू ने दी जानकारी

    रोमन गोफमैन

    इमेज स्रोत, x/@netanyahu

    इमेज कैप्शन, रोमन 14 साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ बेलारूस से इसराइल आए थे

    रोमन गोफ़मैन ने मंगलवार को इसराइल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद के नए चीफ़ के तौर पर ज़िम्मेदारी संभाली है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि रोमन गोफ़मैन को मोसाद का अगला डायरेक्टर नियुक्त करने पर गर्व महसूस कर रहा हूं.

    नेतन्याहू ने बाद में रोमन गोफ़मैन के बारे में एक और एक्स पोस्ट किया. इसमें उन्होंने बताया, "रोमन 14 साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ बेलारूस से इसराइल आए थे."

    उन्होंने लिखा, "रोमन ने अपनी राह ख़ुद बनाई और सभी मुश्किलों को पार किया. कई सालों की सैन्य सेवा के बाद मैंने उन्हें देश के सबसे अहम समय में अपना सैन्य सचिव चुना."

    नेतन्याहू ने लिखा, "आज वो आधिकारिक तौर पर मोसाद के प्रमुख बन गए हैं. मैं अपनी ओर से और पूरे इसराइल की जनता की ओर से उन्हें बधाई देता हूं."

    ग़ौरतलब है कि रोमन गोफ़मैन से पहले मोसाद के चीफ़ डेविड बार्निया थे. उन्होंने लगभग पांच साल तक यह पद संभाला और जून 2026 में अपना कार्यकाल पूरा किया.

  19. नॉर्वे चेस 2026: भारत के प्रज्ञानानंद ने दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को दूसरी बार हराया

    प्रज्ञानानंद

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रज्ञानानंद अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस साल क्लासिकल गेम में कार्लसन को दो बार हराया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद ने मंगलवार को दुनिया के नंबर वन चेस खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को उनके ही घर में फिर से हराया है.

    नॉर्वे चेस 2026 में क्लासिकल गेम में कार्लसन को हराने के बाद प्रज्ञानानंद ने इस बड़े टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मज़बूत कर दी है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट में प्रज्ञानानंद अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस साल क्लासिकल गेम में कार्लसन को दो बार हराया है.

    विश्व चैंपियन डी गुकेश की ख़िताब जीतने की उम्मीद पहले ही ख़त्म हो गई. 8वें राउंड में वो फ़्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेज़ा फ़िरोज़जा से हार गए.

    इसके बाद वह आठ अंकों के साथ टेबल पॉइंट में सबसे नीचे पहुंच गए. 2024 में विश्व ख़िताब जीतने के बाद से उनका प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा है.

  20. कर्नाटक: डीके शिवकुमार आज शाम 4 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार के साथ कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार बुधवार शाम को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लोक भवन के ग्लास हाउस में राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम 4 बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. उनके साथ कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे. यह कार्यक्रम लोक भवन में रखा गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि डीके शिवकुमार के साथ 12 से 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं.

    मंगलवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पूर्व सीएम सिद्धारमैया और शिवकुमार के साथ बैठक की. इस बैठक में राज्य की नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई.

    इसी बीच कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कांग्रेस वर्किंग कमेटी का सदस्य बनाया है.

    गौरतलब है कि 64 वर्षीय शिवकुमार को 30 मई को कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था.