लाइव , ग़ज़ा पर फिर किया इसराइल ने हमला, हमास के बड़े नेता की मौत की ख़बर

इसराइल ने ग़ज़ा के दीर अल-बलाह में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाकर हवाई हमला किया है. बीबीसी फ़ारसी ने फ़लस्तीनी मीडिया के हवाले से बताया कि इस हमले में हमास के उप शिक्षा मंत्री रह चुके खालिद अबुंदाह और उनकी पत्नी की मौत हो गई.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • pakistan social media sensation
  • pakistan china astronaut
  • नरेंद्र मोदी और बालेन शाह
  • कॉप-31
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  2. ग़ज़ा पर फिर किया इसराइल ने हमला, हमास के बड़े नेता की मौत की ख़बर

    ग़ज़ा
    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने भी हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने हमास के एक वरिष्ठ सदस्य क़ो निशाना बनाकर कार्रवाई की (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    इसराइल ने ग़ज़ा के दीर अल-बलाह में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाकर हवाई हमला किया है. बीबीसी फ़ारसी ने फ़लस्तीनी मीडिया के हवाले से बताया कि इस हमले में हमास के उप शिक्षा मंत्री रह चुके खालिद अबुंदाह और उनकी पत्नी की मौत हो गई.

    वहीं, इसराइली सेना ने भी हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने हमास के एक वरिष्ठ सदस्य क़ो निशाना बनाकर कार्रवाई की है.

    सेना ने कहा कि इस हमले से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी.

    उधर, ग़ज़ा के अधिकारियों के मुताबिक़, पिछले कुछ घंटों के दौरान इसराइली की ओर से किए गए तीन अलग-अलग हवाई हमलों में कम से कम आठ फ़लस्तीनियों की मौत हो गई.

    हमास के नागरिक सुरक्षा संगठन के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि बचाव दल और मेडिकल टीमों ने आठ मृतकों के शवों को अल-अक्सा और गज़ा सिटी के शिफ़ा अस्पताल पहुंचाया है.

  3. इराक़ में फ़्रांस के 8 नागरिकों को उम्रक़ैद की सज़ा क्यों सुनाई गई

    जेल
    इमेज कैप्शन, अदालत को गुरुवार को सभी 20 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला सुनाना था. हालांकि, बाकी 10 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला फ़िलहाल टाल दिया गया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    इराक़ की एक अदालत ने इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) का सदस्य होने के आरोप में 8 फ़्रांसीसी नागरिकों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई, जबकि दो को 15-15 साल जेल में रहने का आदेश दिया.

    समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के हवाले से बीबीसी फ़ारसी ने बताया कि अदालत ने गुरुवार को यह सज़ा सुनाई है.

    आईएसआईएस से जुड़े होने के आरोप में कुल 20 फ़्रांसीसी नागरिकों के ख़िलाफ़ इराक़ में मुकदमा चल रहा है.

    अदालत को गुरुवार को सभी 20 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला सुनाना था. हालांकि, बाकी 10 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला फ़िलहाल टाल दिया गया है.

    दरअसल, इराक़ी न्यायपालिका ने आईएसआईएस से जुड़े 20 फ़्रांसीसी नागरिकों के मामलों में गुरुवार को सज़ा सुनाने की प्रक्रिया शुरू की थी. ये सभी फ़्रांसीसी नागरिकों के उस समूह का हिस्सा हैं, जिन पर सितंबर से इराक़ में मुकदमा चल रहा है.

    इन सभी को पिछले साल सीरिया से इराक़ लाया गया था. इससे पहले अदालत इसी समूह के 15 अन्य सदस्यों को उम्रक़ैद और एक अभियुक्त को 15 साल की जेल की सज़ा सुना चुकी है. सुनवाई के दौरान अधिकांश अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल किया था और आईएसआईएस में शामिल होने पर पछतावा भी जताया था. कुछ अभियुक्तों ने फ़्रांस वापस भेजे जाने की अपील भी की थी.

    गौरलतब है कि आईएसआईएस ने 2014 में सीरिया और इराक़ के बड़े हिस्से पर क़ब्ज़ा कर लिया था. संगठन में शामिल होने के लिए यूरोप समेत दुनिया के कई देशों से लोग सीरिया और इराक पहुंचे थे.

  4. आनंद मोहन की रिहाई का फ़ैसला सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द, एक महीने के भीतर सरेंडर करने का दिया आदेश

    आनंद मोहन
    इमेज कैप्शन, बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से गुरुवार को झटका लगा है.

    कोर्ट ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की मॉब लिंचिंग के मामले में आनंद मोहन को दी गई रिहाई (रिमिशन) को रद्द कर दिया है. कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 में रिमिशन नीति में किए गए संशोधन को असंवैधानिक क़रार दिया. इस संशोधन के ज़रिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के मामले में उम्रक़ैद की सज़ा काट रहे दोषियों को समय से पहले रिहाई के लिए अयोग्य ठहराने वाली शर्त हटा दी गई थी. इसी संशोधन के आधार पर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ़ हुआ था.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह फ़ैसला आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया.

    हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार चाहे तो याचिकाकर्ता को सुनवाई का अवसर देने के बाद रिमिशन पर नए सिरे से विचार करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है.

    पीठ ने कहा, "बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में रिमिशन नीति में जो संशोधन किया, उसके पीछे कोई स्पष्ट उद्देश्य या उचित आधार नहीं था."

    कोर्ट ने इसे अचानक लिया गया फ़ैसला बताते हुए कहा कि राज्य सरकार संशोधन के समर्थन में कोई तार्किक और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित करने में विफल रही.

    इसी आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने संशोधन को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन मानते हुए निरस्त कर दिया.

    गौरतलब है कि आनंद मोहन को 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई थी. आरोप था कि आनंद मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ ने अधिकारी पर हमला किया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी.

    आनंद मोहन ने क़रीब 14 साल जेल में बिताए थे. इसके बाद बिहार सरकार की ओर से दी गई सज़ा में छूट के आधार पर वह 24 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आ गए थे.

  5. एलन मस्क को मिली 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की मंजूरी, स्पेस में डेटा सेंटर बनाने की योजना, मैक्स मात्ज़ा

    सैटेलाइट
    इमेज कैप्शन, स्पेसएक्स की योजना इन सैटेलाइट्स को सूर्य की रोशनी से मिलने वाली ऊर्जा से चलाने की है

    अमेरिका के रेगुलेटर्स ने उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को पृथ्वी की ऑर्बिट में 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है.

    इसके ज़रिए कंपनी अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है. इस तरह के प्रोजेक्ट को पहली बार मंजूरी दी गई है.

    स्पेसएक्स की योजना इन सैटेलाइट्स को सूर्य की रोशनी से मिलने वाली ऊर्जा से चलाने की है. ये सैटेलाइट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े डेटा को प्रोसेस करेंगे और उसके रिजल्ट वापस पृथ्वी पर भेजेंगे.

    अमेरिकी फ़ेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने बुधवार को इस प्रोजेक्ट को मंजूरी देते हुए कहा कि इससे अमेरिका की तेज़ी से बढ़ती सुपर इंटेलिजेंस इंडस्ट्री को मजबूती मिलेगी. इस प्रोजेक्ट का नाम 'स्टारमाइंड' बताया गया है.

    यह मंजूरी ऐसे समय में मिली है, जब अमेरिका के कई इलाकों में स्थानीय लोग जमीन पर डेटा सेंटरों के विस्तार का विरोध कर रहे हैं.

    स्पेसएक्स का मानना है कि अंतरिक्ष में बनाए जाने वाले डेटा सेंटर बढ़ती एआई कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने का किफायती विकल्प साबित हो सकते हैं.

    कंपनी के मुताबिक़, पृथ्वी पर मौजूद मौजूदा संसाधन भविष्य की कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं हो सकते.

    एफसीसी के चेयरमैन ब्रेंडन कैर ने इस फ़ैसले को अमेरिका के तकनीकी और आर्थिक नेतृत्व के लिए अहम बताया. उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट देश के कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक नई दिशा खोलेगी.

    मंजूरी की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बहुत-बहुत धन्यवाद. यह अमेरिका और पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा."

  6. समाजवादी पार्टी आज जारी करेगी घोषणा पत्र, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने क्यों जताई नाराज़गी

    इमरान मसूद
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है.

    इस बीच कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस पर नाराज़गी ज़ाहिर की है.

    इमरान मसूद ने मीडिया से बातचीत में कहा, "उनके फ़ैसले पर मेरा टिप्पणी करना उचित नहीं है. गठबंधन का अर्थ यही होता है कि जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है और इसमें हर बात संयुक्त होती है. गठबंधन का तो अर्थ यही होता है लेकिन यहां कुछ और हो रहा है तो इसका मुझे पता नहीं."

    वहीं, सीट शेयरिंग को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब भी कांग्रेस ने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था.

    उन्होंने कहा कि अब जब सरकार बनाने की बात है, तो इससे कम सीटों पर चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है.

  7. 'अमेरिकी टैरिफ़ लगने से भारत में पांच लाख नौकरियों पर ख़तरा', पीएम मोदी को पत्र लिखेगा उद्योग संगठन

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कुछ सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों पर कई तरह के नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका की ओर से भारत पर टैरिफ़ लगाने के फ़ैसले को लेकर चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने नाराज़गी ज़ाहिर की है.

    सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ़ से भारत का क़रीब 48 अरब डॉलर का निर्यात प्रभावित हो सकता है और पांच लाख नौकरियों पर भी संकट मंडरा रहा है.

    बृजेश गोयल ने कहा, "अमेरिका ने कहा है कि अगर भारत अमेरिका के साथ ट्रेड डील करता है तो 17% टैरिफ़ लगेगा और अगर भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील नहीं की तो अमेरिका भारत के उत्पादों पर 25% टैरिफ़ लगा देगा. इसे लेकर देश और दिल्ली के व्यापारियों में बहुत नाराज़गी है क्योंकि भारत अमेरिका को बड़े पैमाने पर कपड़ा, फ़ार्मा सूटिकल, इलेक्ट्रॉनिक, सी-फूड आदि उत्पाद निर्यात करता है."

    सीटीआई का मानना है कि अमेरिकी टैरिफ़ से भारत का लगभग 48 अरब डॉलर का निर्यात इससे प्रभावित हो सकता है और पांच लाख नौकरियों पर भी संकट आ सकता है.

    बृजेश गोयल
    इमेज कैप्शन, चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल

    बृजेश गोयल ने कहा, "व्यापारियों का कहना है कि जो ऑर्डर आ चुके हैं और जो सामान अभी रास्ते में है और यहां से भेजा जा चुका है उसका क्या होगा? सीटीआई इसे लेकर आज हम प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिख रही है. हमने उनसे मांग की है कि भारत भी अमेरिका पर जवाबी टैरिफ़ लगा दे क्योंकि बहुत सारे उत्पाद अमेरिका भारत को निर्यात करता है."

    बृजेश गोयल के मुताबिक़, अगर भारत भी जवाबी टैरिफ़ लगाएगा तो अमेरिका का सामान यहां महंगा होगा और वहां के व्यापारी भी अमेरिकी सरकार पर दबाव बनाएंगे.

    दूसरी ओर, अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य ग्रेस मेंग ने कहा है कि अगले साल डेमोक्रेट्स के अमेरिकी कांग्रेस में कंट्रोल हासिल करने के बाद इन टैरिफ़ को ख़त्म करने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

  8. पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें घटीं, एक लीटर के दाम हुए इतने

    पेट्रोल
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी की गई नई दरें 26 नवंबर से लागू होंगी

    पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमतों को एक बार फिर कम किया है.

    ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (ओजीआरए) की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, पेट्रोल की क़ीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है. इसके बाद पेट्रोल का नया भाव 314 रुपये प्रति लीटर हो गया है.

    वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत में भी 5 रुपये प्रति लीटर कम की गई हैं. इसके बाद डीज़ल की नई कीमत 348 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, सरकार की ओर से जारी की गई नई दरें 26 नवंबर से लागू होंगी.

    पाकिस्तान के अख़बार द डॉन के अनुसार, पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की मौजूदा क़ीमतें 18 जुलाई को निर्धारित दरों से भी नीचे आ गई हैं. उस समय पेट्रोल की कीमत 354.35 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत 316.15 रुपये प्रति लीटर थी.

    हालांकि, सरकार पेट्रोल पर अब भी 114 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल पर 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स और ड्यूटी वसूल रही है.

    नोट: ख़बर में रुपये का मतलब पाकिस्तानी रुपये से है

  9. कॉकरोच जनता पार्टी का आज नागपुर में प्रदर्शन, क्या बोले अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका

    अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) गुरुवार को नागपुर में 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम करेगी. यह प्रदर्शन शाम 4 बजे संविधान चौक पर होना है.

    इससे पहले सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि देश में डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है.

    उन्होंने गुरुवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "जनवरी से जून 2026 के बीच, मेटा द्वारा 54 लाख पोस्ट डिलीट कर दिए. हर बार एक ही कारण दिया जाता है कि ऐसा सरकार के कहने पर हुआ है या नियमों का पालन करते हुए ऐसा किया गया."

    "इस देश में ऐसा क्या हो गया है कि सिर्फ़ छह महीनों में 54 लाख पोस्ट डिलीट करने पड़े? जबकि पीएम मोदी से समर्थन से जुड़े कंटेंट को एल्गोरिदम पुश करता है, जबकि बाबासाहेब से जुड़े कंटेंट को एल्गोरिदम नीचे कर देता है. हम मुद्दे उठाने की कोशिश करते हैं, तब भी एल्गोरिदम इसे ख़त्म कर देता है."

    रांका ने कहा, "इस देश में खुलेआम तरीके से डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है, जिसे हम बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करेंगे. हम एकजुट होकर इसके ख़िलाफ़ अपनी आवाज़ उठाएंगे."

    वहीं, सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया. साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पीएम मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य पॉलिटिकल पोस्ट को दबाया जा रहा है.

  10. ट्रंप के फ़ैसले पर डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता ने कहा- अगले साल ये टैरिफ़ ख़त्म कर देंगे

    डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिका ने भारत समेत अपने कुछ सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों पर कई तरह के नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है. अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य ग्रेस मेंग ने कड़ी आलोचना की है.

    ग्रेस मेंग ने बुधवार को कहा कि अगले साल डेमोक्रेट्स के अमेरिकी कांग्रेस में कंट्रोल हासिल करने के बाद इन टैरिफ़ को ख़त्म करने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेसनल एशियन पैसिफ़िक अमेरिकन कॉकस (सीपीएसी) की अध्यक्ष ग्रेस मेंग ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के टैरिफ़ के कारण एशियाई अमेरिकी, मूल हवाईयन और प्रशांत द्वीप समूह के लोगों के लिए जीवनयापन महंगा हो गया है.

    उन्होंने कहा, "ट्रंप की व्यापार नीतियों का सबसे ज़्यादा असर इन समुदायों के छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है."

    मेंग ने अपने बयान में, "ट्रंप की लापरवाह व्यापार नीतियों ने अमेरिका में एशियाई मूल के लोगों के स्वामित्व वाले क़रीब 30 लाख कारोबारों को बुरी तरह प्रभावित किया है."

    ग्रेस मेंग ने कहा कि अगले साल सीपीएसी के सदस्य अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद-1 के तहत संसद को व्यापार से जुड़े फ़ैसले लेने का अधिकार वापस दिलाने की कोशिश करेंगे.

    दूसरी ओर, भारत ने बुधवार को कहा कि वह ट्रेड को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है.

  11. पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली ने अंतरिक्ष में पहुंचकर इक़बाल का कौन-सा शेर पढ़ा?

    पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली ने चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंच चुके हैं.

    चीन शेनझोउ-24 मिशन के तहत तीन एस्ट्रोनॉट्स को तियांगोंग स्पेस स्टेशन भेजा गया है. इनमें कमांडर तांग होंगबो, फ़्लाइट इंजीनियर वू यी और पाकिस्तान के पायलट मुहम्मद ज़ीशान अली शामिल हैं. ज़ीशान अली को मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, स्पेस स्टेशन पहुंचने पर ज़ीशान अली ने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अंतरिक्ष में पहुंचने और चीनी स्पेस स्टेशन में प्रवेश करने वाले पहले पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट बनकर बेहद ख़ुश हैं.

    इस दौरान उन्होंने अल्लामा इक़बाल की मशहूर पंक्तियां भी सुनाईं.

    उन्होंने उर्दू में कहा, ''सितारों से आगे जहां और भी हैं, अभी इश्क़ के इम्तिहां और भी हैं.''

    इसके बाद उन्होंने इन पंक्तियों का चीनी भाषा में अनुवाद भी अपने साथियों को सुनाया, जिसे वहां मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने ख़ूब सराहा.

  12. ईरान के विदेश मंत्री का आरोप- अमेरिका को फिर युद्ध लड़ने के लिए भड़का रहा इसराइल

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची
    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने कहा कि ईरान पर रासायनिक हथियार विकसित करने और उन्हें छिपाने के आरोप बेबुनियाद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने केमिकल वेपन बनाने के इसराइल के आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है.

    विदेश मंत्री अराग़ची ने बुधवार को कहा कि ईरान पर रासायनिक हथियार विकसित करने और उन्हें छिपाने के आरोप बेबुनियाद हैं और इनका मक़सद क्षेत्र में तनाव बढ़ाना है.

    दरअसल, इससे पहले इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ईरान पर केमिकल वेपन विकसित करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा है कि इसराइल ईरान को ऐसी क्षमता हासिल नहीं करने देगा.

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बयान जारी किया.

    उन्होंने कहा, "इसराइली शासन ने न्यूक्लियर, केमिकल या बायोलॉजिकल वेपन पर रोक लगाने वाली किसी भी संधि में शामिल होने से इनकार किया है. उसके पास सैकड़ों परमाणु हथियार हैं. उसने इस क्षेत्र के सात देशों पर हमला किया है और तीन देशों के इलाकों पर क़ब्ज़ा किया है. पिछले एक साल में ही उसने ईरान के ख़िलाफ़ दो नाकाम युद्धों में अमेरिका को भी घसीटा है."

    "अब यह युद्ध भड़काने वाला देश बेशर्मी से ईरान पर आरोप लगा रहा है. ईरान परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर करने वाला देश है, केमिकल वेपन पर रोक लगाने वाले संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) का सदस्य है और ख़ुद भी केमिकल वेपन का शिकार रहा है. ये हथियार वेस्ट जर्मनी ने सद्दाम हुसैन के शासन को दिए थे. इसके बावजूद इसराइल आरोप लगा रहा है कि ईरान दवा बनाने वाली फ़ैक्ट्रियों में ऐसे ख़तरनाक हथियार बना रहा है और उन्हें छिपा रहा है."

    अराग़ची ने कहा कि इस तरह की बयानबाज़ी से इसराइल अमेरिका युद्ध में घसीटना चाह रहा है.

    गौरतलब है कि इसराइल के रक्षा मंत्री ने अपने आरोपों से जुड़ा कोई सबूत सामने नहीं रखा था.

  13. मिस्र: हाइवे पर टैंकर में आग लगने से 31 लोगों की मौत, 21 घायल, एलेक्स फिलिप्स

    टैंकर
    इमेज कैप्शन, हाइवे पर एक ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आसपास से गुज़र रहे कई वाहन भी आ गए

    मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे के बाद आग लगने से 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए.

    मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, हाइवे पर एक ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आसपास से गुज़र रहे कई वाहन भी आ गए.

    यह हादसा काहिरा के वर्राक इलाके के रिंग रोड पर हुआ. घटना के बाद आसपास के अस्पतालों में झुलसे हुए और धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी झेल रहे लोगों का इलाज किया गया.

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हाइवे पर आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार दिखाई दिया. आग इतनी भीषण थी कि आसपास खड़े कई वाहन भी जलकर ख़ाक हो गए.

    हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक आग लगने की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की है. वहीं, सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, ईंधन टैंकर पलट गया था, जिससे उसमें भरा पेट्रोल सड़क पर फैल गया और आसपास के वाहन भी इसकी चपेट में आ गए.

    सरकारी अख़बार अल-अहराम ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि निजी ठेकेदार के स्वामित्व वाला टैंकर हाइवे से गुज़र रहा था. इसी दौरान उसके सामने हाई-वोल्टेज बिजली का तार गिर गया. इससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. टैंकर डिवाइडर पार करते हुए पलट गया और उसमें आग लग गई.

  14. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.