लाइव, सीबीएसई ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया, जानें कहां कर सकते हैं चेक

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. 10वीं की परीक्षा में क़रीब 25 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे, इनमें 14 लाख के आसपास छात्र और 11 लाख के आसपास छात्राएं थीं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. सीबीएसई ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया, जानें कहां कर सकते हैं चेक

    स्टूडेंट्स

    इमेज स्रोत, Ravi Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में क़रीब 25 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है.

    रिजल्ट चेक करने के लिए cbseresults.nic.in पर जा सकते हैं. इसके अलावा, उमंग ऐप या इसकी वेबसाइट पर जाकर चेक किया जा सकता है.

    सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में क़रीब 25 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे, इनमें 14 लाख के आसपास छात्र और 11 लाख के आसपास छात्राएं थीं.

    यह परीक्षा देश के 8 हज़ार से अधिक सेंटर्स पर आयोजित की गई थी.

    परीक्षा में पास होने के लिए थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट दोनों में न्यूनतम 33% अंक लाना ज़रूरी है.

  2. अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत के बाद इन देशों के दौरे पर जा रहे पाकिस्तानी पीएम

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, FAYEZ NURELDINE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब इस्लामाबाद में दूसरे दौर की बातचीत की संभावना जताई जा रही है (तस्वीर: शहबाज़ शरीफ़)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ चार दिन की विदेश यात्रा पर जा रहे हैं. वो सऊदी अरब, क़तर और तुर्की का दौरा करेंगे.

    यह जानकारी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने साझा की है. विदेश मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि शरीफ़ का सऊदी अरब और क़तर का दौरा "द्विपक्षीय संदर्भ" में होगा.

    तुर्की में शहबाज़ शरीफ़ अंतालिया डिप्लोमेसी फ़ोरम में हिस्सा लेंगे और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन समेत अन्य नेताओं से मुलाक़ात करेंगे.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रलाय का बयान

    इमेज स्रोत, X/ForeignOfficePk

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्रलाय की ओर से जारी किया गया बयान

    यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत की संभावना जताई जा रही है.

    हालांकि, इससे पहले ईरान और अमेरिका के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही थी.

    इससे पहले ट्रंप ने मंगलवार को न्यूयॉर्क पोस्ट के एक रिपोर्टर से कहा था कि इस्लामाबाद में अगले दो दिनों में कुछ हो सकता है.

  3. अमेरिका से दूसरे दौर की बातचीत की संभावना के बीचे ईरान के राष्ट्रपति ने क्या कहा?

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मसूद पेज़ेश्कियान ने तेहरान में इमरजेंसी सर्विसेज़ के अधिकारियों के साथ बैठक की

    ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि अमेरिका या इसराइल की ओर से ईरान को झुकाने की कोशिशें नाकाम होंगी.

    मसूद पेज़ेश्कियान ने बुधवार को तेहरान में इमरजेंसी सर्विसेज़ के अधिकारियों के साथ बैठक की.

    बैठक में उन्होंने कहा, "ईरानी जनता कभी भी अमेरिका और इसराइल के ऐसे तरीक़े को स्वीकार नहीं करेगी. ईरान हमेशा अलग-अलग देशों के साथ अच्छे रिश्तों की ज़रूरत पर ज़ोर देता रहा है."

    मसूद पेज़ेश्कियान के बयान ऐसे समय में आए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरे दौर की बातचीत की संभावना जताई है.

    ईरान के अधिकारियों या नेताओं ने सीधे तौर पर अब तक इस पर टिप्पणी नहीं की है.

    हालांकि, सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने कूटनीतिक सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान के पास आगे की बातचीत को लेकर "कोई जानकारी नहीं" है.

  4. क्या अमेरिका के साथ फिर होगी बातचीत? ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने ये बताया

    तेहरान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईआरएनए के मुताबिक़, ईरान और पाकिस्तान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित बातचीत को लेकर कहा है कि अगले दो दिनों में इस्लामाबाद में "कुछ हो सकता है."

    यह बयान उस समय आया, जब कुछ घंटे पहले एक कूटनीतिक सूत्र ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए को बताया था कि आगे की बातचीत को लेकर "कोई जानकारी नहीं" है.

    आईआरएनए के मुताबिक़, ईरान और पाकिस्तान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है. लेकिन अभी तक किसी नई बातचीत की पुष्टि नहीं हुई है. पाकिस्तान इस पूरे मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.

    सूत्र ने कहा कि इस्लामाबाद में पहले हुई अमेरिका-ईरान वार्ता बिना किसी समझौते के ख़त्म होने के बाद भी पाकिस्तान अपनी मध्यस्थता की कोशिशें जारी रखे हुए है.

    ट्रंप के ताज़ा बयान पर ईरान की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    गौरतलब है कि 8 अप्रैल को दो हफ़्ते का युद्धविराम घोषित किया गया था, जो 22 अप्रैल को ख़त्म होने वाला है.

  5. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  6. अमित शाह की बधाई पर बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

    फ़ाइल फ़ोटो

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ देता हूँ."

    अमित शाह ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एनडीए जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी."

    उन्होंने कहा, "साथ ही, एक सुरक्षित और विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में एनडीए की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी."

    इस पर बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी ने अमित शाह का धन्यवाद किया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह जी आपके कुशल नेतृत्व और अनुभव से ही बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे."

  7. आम आदमी पार्टी का दावा, अशोक मित्तल से जुड़े कारोबारी ठिकानों पर पंजाब में ईडी की छापेमारी

    अशोक मित्तल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अशोक मित्तल राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर हैं

    आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को अशोक मित्तल से जुड़े कारोबारी ठिकानों पर पंजाब में छापेमारी की है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 61 वर्षीय अशोक मित्तल एक कारोबारी और शिक्षाविद हैं. वे लवली ग्रुप के प्रमुख हैं, जिसमें इसी नाम का एक विश्वविद्यालय भी शामिल है.

    पीटीआई ने अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि यह कार्रवाई फेमा (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) से जुड़े मामले में की गई है.

    हाल ही में अशोक मित्तल को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपना डिप्टी लीडर बनाया है. उन्होंने इस पद पर राघव चड्ढा की जगह ली है.

    इस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बीजेपी की ओर से पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड."

    वहीं आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने लिखा, "मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी. लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे. बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे."

  8. छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट में मरने वालों की संख्या 15 पहुंची, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने के बाद की तस्वीर

    इमेज स्रोत, Alok Putul

    इमेज कैप्शन, वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने के बाद की तस्वीर

    छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में वेदांता पावर प्लांट में मरने वाले मज़दूरों की संख्या 16 हो गई है.

    इस बीच राज्य सरकार ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं. इधर कांग्रेस पार्टी ने भी एक जांच दल बनाया है.

    गौरतलब है कि मंगलवार की दोपहर सक्ति ज़िले के वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से लगभग तीन दर्जन मज़दूर बुरी तरह से झुलस गए थे. इनमें से 9 मज़दूरों की मौत कल हुई थी. जबकि इलाज के दौरान 7 अन्य मज़दूरों की मौत हो गई.

    अभी तक मृतकों में से केवल चार की पहचान हो पाई है, जिनमें ठंडाराम, पप्पू कुमार, अमृत पटेल और बृजेश कुमार का नाम शामिल है. प्लांट प्रबंधन का कहना है कि मृतकों के शरीर जलने के कारण उनकी पहचान में मुश्किल हो रही है.

    इस दुर्घटना में 36 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 12 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. शेष मज़दूर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हैं.

    लोगों को आरोप है कि इस पावर प्लांट में काम करने वाले कई लोग लापता हैं. प्रबंधन न तो उनकी जानकारी दे रहा है, न ही वे अस्पताल में भर्ती हैं. इसे लेकर कल रात से ही पीड़ित परिवार के सदस्य पावर प्लांट के सामने धरना दे रहे हैं.

    इस बीच वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और नौकरी देने की घोषणा की है. घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे. प्रधानमंत्री राहत कोष से भी मृतकों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे. राज्य सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है.

    वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने का एलान किया है और घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे.

    इससे पहले पीएमओ ने मुआवजे़ की घोषणा की थी. हर मृतकों के परिवार वालों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हज़ार रुपए दिए जाएंगे.

  9. नीतीश कुमार ने बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी पर क्या कहा?

    सम्राट चौधरी

    इमेज स्रोत, BJP4Bihar/X

    इमेज कैप्शन, सम्राट चौधरी बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री हैं

    बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद राज्य के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है.

    सम्राट चौधरी के सीएम बनने का रास्ता नीतीश कुमार के इस्तीफ़े से साफ़ हुआ था. नीतीश ने हाल ही में राज्यसभा की शपथ ली.

    बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं."

    उन्होंने लिखा, "मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेज़ी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा."

  10. जस्टिस शर्मा के ख़िलाफ़ केजरीवाल का अतिरिक्त हलफ़नामा

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट की जज स्वर्ण कांता शर्मा से शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने की मांग करते हुए एक अतिरिक्त हलफ़नामा दाखिल किया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अपने हलफ़नामे में केजरीवाल ने कहा है कि जस्टिस शर्मा के बेटे और बेटी दोनों केंद्र सरकार के वकील के तौर पर पैनल में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि जस्टिस शर्मा के बच्चों को काम भारत के सॉलिसिटर जनरल की ओर से दिया जाता है, जो इस मामले में सीबीआई की ओर से पेश हुए थे.

    केजरीवाल का कहना है कि इससे निष्पक्षता को लेकर संदेह पैदा होता है, इसलिए जस्टिस शर्मा को इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लेना चाहिए.

    गौरतलब है कि 13 अप्रैल को जस्टिस शर्मा ने केजरीवाल और अन्य अभियुक्तों की उस याचिका पर फै़सला सुरक्षित रख लिया था, जिसमें उनसे इस मामले की सुनवाई से अलग होने की मांग की गई थी. यह याचिका सीबीआई की उस पुनर्विचार याचिका से जुड़ी है, जिसमें सभी अभियुक्तों को मिली राहत को चुनौती दी गई है.

    सुनवाई के दौरान केजरीवाल ने खुद अपनी पैरवी करते हुए कहा था कि सोशल मीडिया पर जस्टिस शर्मा के बच्चों के केंद्र सरकार से पेशेवर संबंधों को लेकर चर्चा हो रही है.

  11. केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना क्यों लगा?

    अजिंक्य रहाणे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

    आईपीएल के एक मीडिया बयान के मुताबिक़, यह कार्रवाई मंगलवार को चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ खेले गए मैच के लिए की गई है.

    इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हार का सामना करना पड़ा. टीम इस सीज़न में अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाई है और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है.

    आईपीएल के नियमों के तहत, स्लो ओवर रेट के लिए कप्तान पर जुर्माना लगाया जाता है.

  12. 'ट्रंप ईरान के साथ एक बड़ा समझौता करना चाहते हैं'- जेडी वेंस

    जेडी वेंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ एक 'बड़ा समझौता' करना चाहते हैं.

    सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, जेडी वेंस ने जॉर्जिया के एथेंस में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान में सप्ताहांत के दौरान बातचीत में 'काफ़ी प्रगति' हुई है.

    उन्होंने कहा कि ट्रंप ईरान के साथ कोई 'छोटा समझौता' नहीं, बल्कि एक "बड़ा समझौता" करना चाहते हैं.

    वेंस ने यह भी माना कि दोनों देशों के बीच गहरा अविश्वास है.

    उन्होंने कहा, "इस समस्या को रातों-रात हल नहीं किया जा सकता."

  13. होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकाबंदी और ईरान की अर्थव्यवस्था पर अमेरिका ने ये कहा

    होर्मुज़ स्ट्रेट की ओर बढ़ता हुआ एक जहाज (8 अप्रैल की तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट की ओर बढ़ता हुआ एक जहाज (8 अप्रैल की तस्वीर)

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा है कि ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी पूरी तरह लागू कर दी गई है और मध्य पूर्व में अमेरिकी सेना समुद्री बढ़त बनाए हुए है.

    इससे पहले 12 अप्रैल को ट्रुथ सोशल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान कर दिया था कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज़ स्ट्रेट में आने-जाने की कोशिश करने वाले हर जहाज़ की नाकाबंदी शुरू करेगी.

    अब सेंटकॉम प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान की अर्थव्यवस्था का करीब 90 फ़ीसदी हिस्सा समुद्री अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर निर्भर है."

    "नाकेबंदी लागू होने के 36 घंटे के भीतर ही अमेरिकी बलों ने ईरान के अंदर और बाहर जाने वाले समुद्री व्यापार को पूरी तरह रोक दिया है."

    यह क़दम अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है, जिसका मक़सद ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाना और उसे बातचीत के लिए मजबूर करना माना जा रहा है.

  14. हिंद महासागर में प्रवासियों से भरी नाव डूबी, 250 लोग लापता

    नाव

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी और प्रवासन एजेंसियों के मुताबिक़, अंडमान सागर में नाव पलटने की घटना के बाद क़रीब 250 रोहिंग्या और बांग्लादेशी लोग लापता हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.

    यह ट्रॉलर (मछलियाँ पकड़ने वाली नाव) बांग्लादेश से मलेशिया जा रहा था. एजेंसियों का कहना है कि तेज हवा, ख़राब समुद्री हालात और नाव में ज़्यादा भीड़ होने की वजह से यह डूब गया.

    बांग्लादेश कोस्ट गार्ड ने एएफ़पी समाचार एजेंसी को बताया कि 9 अप्रैल को उसके एक जहाज़ ने इस नाव से नौ लोगों को बचाया था. हालांकि, नाव कब पलटी, यह अभी साफ़ नहीं है.

    रोहिंग्या, जो म्यांमार का एक अल्पसंख्यक समुदाय हैं, 2017 में हुए हिंसक अभियान के बाद बड़ी संख्या में बांग्लादेश भागकर आए थे.

    म्यांमार, जहां बहुसंख्यक आबादी बौद्ध है, वहां रोहिंग्या मुसलमानों को नागरिकता नहीं दी जाती.

    बांग्लादेश में ख़राब हालात के कारण कई रोहिंग्या जोखिम भरी समुद्री यात्राएं कर मलेशिया पहुंचने की कोशिश करते हैं, जिसे वे एक सुरक्षित जगह के तौर पर देखते हैं.

    बचे हुए लोगों में से एक, रफ़ीकुल इस्लाम ने बताया कि उन्हें बचाए जाने से पहले क़रीब 36 घंटे तक समुद्र में तैरते रहना पड़ा. उन्होंने कहा कि नाव से तेल गिरने की वजह से वे झुलस भी गए थे.

    40 साल के रफ़ीकुल इस्लाम ने बताया कि मलेशिया में नौकरी मिलने के वादे ने ही उन्हें इस यात्रा पर जाने के लिए राज़ी किया था.

  15. मोहम्मद कैफ़ ने कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़राब प्रदर्शन और आंद्रे रसेल पर क्या कहा?

    मोहम्मद कैफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद कैफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की रणनीति पर सवाल उठाए हैं.

    मोहम्मद कैफ़ का यह बयान तब आया है जब मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने 32 रनों से केकेआर को करारी शिकस्त दी.

    कोलकाता नाइट राइडर्स का यह सीज़न अब तक ख़राब गया है.

    इस पर मोहम्मद कैफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "शायद इस सीज़न केकेआर की सबसे बड़ी ग़लती यह रही कि उन्होंने आंद्रे रसेल को पावर कोच बना दिया और उन्हें ऑलराउंडर के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया."

    कैफ़ ने कहा, "उन्हें केकेआर के डगआउट में बैठाकर रखना और बाकी फ्रेंचाइज़ी को उन्हें नीलामी में खरीदने से रोकने की रणनीति काम नहीं आई."

    उन्होंने कहा, "क्या वह अब भी 25 करोड़ रुपये में खरीदे गए कैमरन ग्रीन से बेहतर ऑलराउंडर नहीं हैं? इसका जवाब साफ़ है."

    आंद्रे रसेल आईपीएल के इस सीज़न में कोलकाता नाइट राइडर्स के "पावर कोच" के रूप में काम कर रहे हैं.

    वहीं केकेआर इस सीज़न के शुरुआती पांच मुकाबलों में एक भी मैच नहीं जीत पाई है. हालांकि बारिश के कारण इनमें से एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला.

  16. तेहरान में धमाके की आवाज़ सुनी गई: ईरानी मीडिया

    दक्षिणी तेहरान में सैन्य अभियान में नष्ट हुई इमारत (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिणी तेहरान में सैन्य अभियान में नष्ट हुई इमारत (सांकेतिक तस्वीर)

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी मीडिया का कहना है कि तेहरान में एक विस्फोट की आवाज़ सुनी गई है.

    ईरान की राजधानी तेहरान के ज़िला 10 में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद बलिदेह ने एक वीडियो संदेश में कहा कि 'देशद्रोही और देशद्रोही तत्वों' ने 'मामूली विस्फोट' किया है. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि विस्फोट के पीछे कौन था.

    उनका कहना है कि शहर में स्थिति 'नियंत्रण में' है.

    इस वीडियो संदेश के बाद, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने एक अलग रिपोर्ट में कहा कि विस्फोट 'लिक्विफ़ाइड गैस से बने दो विस्फोटकों' के कारण हुआ था.

    रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट में तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि तीन घरों की खिड़कियां टूट गईं और दो वाहनों को मामूली नुक़सान पहुंचा.

  17. इसराइल-लेबनान के बीच 1993 के बाद पहली बार सीधी बातचीत

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ये बातचीत क्षेत्र में हिज़्बुल्लाह के प्रभाव को ख़त्म करने का एक 'ऐतिहासिक अवसर' है

    लेबनान और इसराइल के बीच तीन दशक से ज़्यादा समय बाद पहली बार सीधी कूटनीतिक बातचीत हुई है.

    यह पहल बेहद अहम मानी जा रही है, जिसका मक़सद इसराइल और ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह के बीच जारी संघर्ष को ख़त्म करना है.

    इस बातचीत में मध्यस्थता करने वाले अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे 'ऐतिहासिक मौक़ा' बताया. उनका कहना है कि इससे हिज़्बुल्लाह के प्रभाव को ख़त्म करने की दिशा में क़दम बढ़ सकता है.

    अमेरिका की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों पक्ष सीधे बातचीत शुरू करने पर सहमत हुए हैं, हालांकि इसके समय और जगह का अभी फै़सला नहीं हुआ है. इसराइल ने कहा है कि वह सभी गै़र-सरकारी सशस्त्र समूहों को निरस्त्र करना चाहता है, जिसका इशारा हिज़्बुल्लाह की ओर है.

    वहीं, लेबनान ने युद्धविराम और देश में गहराते मानवीय संकट से निपटने के लिए ठोस क़दम उठाने की मांग की है. दोनों देशों के बीच औपचारिक कूटनीतिक संबंध नहीं हैं और आख़िरी बार इस स्तर की सीधी बातचीत 1993 में हुई थी.

    2 मार्च से लेबनान में इसराइल सैन्य अभियान शुरू होने के बाद अब तक 2,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. यह अभियान उस समय शुरू हुआ था, जब कुछ ही दिन पहले ईरान में अमेरिका और इसराइल के हमले हुए थे.

    मंगलवार को जब वॉशिंगटन में दोनों पक्ष बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान हिज़्बुल्लाह ने इसराइल और लेबनान में तैनात इसराइली सैनिकों पर कम से कम 24 हमलों का दावा किया.

    इसराइल का कहना है कि उसका अभियान हिज़्बुल्लाह को कमज़ोर और ख़त्म करने के लिए है. इससे पहले 2023 और 2024 में भी ग़ज़ा युद्ध के दौरान दोनों के बीच संघर्ष हो चुका है.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.