दिल्ली बनाम पंजाब: एक दिन में बने दो रिकॉर्ड, केएल राहुल का कारनामा तो श्रेयस अय्यर की ताबड़तोड़ पारी

इमेज स्रोत, ANI
शनिवार को आईपीएल के मुक़ाबले में एक ही दिन में दो रिकॉर्ड बन गए. पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के 264 रनों को पीछे छोड़कर रन चेज़ करने के अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाज़ी की और उसके ओपनिंग बल्लेबाज़ केएल राहुल ने 152 रनों की आतिशी पारी खेल कर एक नया रिकॉर्ड बनाया था.
हालांकि उनका रिकॉर्ड टीम की जीत के काम न आ सका. पंजाब की तरफ़ से श्रेयस अय्यर ने 36 गेंद में 71 रन और शशांक सिंह ने 10 गेंद में 19 रन की नाबाद पारी खेली.
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज़ प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों पर 43 रन और प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों पर 76 रन बनाए. दोनों ही बल्लेबाज़ों ने ओपनिंग करते हुए पंजाब के लिए पहले विकेट की साझेदारी में महज़ 6.5 ओवर में 126 रन बना डाले.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
इस मज़बूत नींव के बाद पंजाब की टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और इस रोमांचक मुक़ाबले में दिल्ली को छह विकेट से हरा दिया. पंजाब की टीम ने 19वें ओवर में ही यह मुक़ाबला जीत लिया.
जीत के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयर अय्यर ने कहा, "मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं. सबसे पहले, वहां फ़ील्डिंग करने के लिए बहुत तेज़ गर्मी थी. हमें लगा था कि पिच पर टर्न मिलेगा, लेकिन ऐसा ज़्यादा नहीं हुआ. गेंद थोड़ा रुक कर आ रही थी. केएल को श्रेय जाता है. मेरे मन में यही चल रहा था कि अब यहां से वे जितने भी रन बना लें, हमें उससे एक रन अधिक बनाना है."
"वह हालात के हिसाब से खेलते हुए शानदार शॉट्स लगा रहे थे. मैंने बस इतना कहा कि अगर वे कर सकते हैं, तो हम भी कर सकते हैं. हम पहले भी 220 या 225 रन का लक्ष्य कुछ ओवर बाकी रहते हासिल कर चुके हैं. इसलिए सोच वही थी कि पावरप्ले में जितने हो सके उतने रन बनाए जाएं. अभी हमारा फोकस है कि मैदान पर जाकर खेल का आनंद लें. यह तीन दिन की कड़ी मेहनत थी, जिसमें अभ्यास और गर्मी में खेलना शामिल रहा."
आईपीएल का सबसे सफल रन चेज़

इमेज स्रोत, ANI
पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को मात देते हुए एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में आईपीएल का सबसे बड़ा सफल रन चेज पूरा किया और 264 के जवाब में जहां 265 बनाए.
टीम ने छह विकेट और सात गेंद बाकी रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया.
इसकी शुरुआत प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की तेज़ शुरुआत ने नींव रखी.
दोनों ने पावरप्ले में मिलकर 116 रन जोड़े.
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंद में नाबाद 71 रन की संयमित पारी खेली, जिसने केएल राहुल के 67 गेंद में नाबाद 152 रन के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया.
यह पारी दिल्ली की सपाट पिच पर आई थी.
अबतक के सबसे बड़े सफल रन चेज़
पंजाब किंग्स ने 2024 में केकेआर के ख़िलाफ़ 262 रनों का सफल रन चेज़ किया था.
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर सनराइज़र्स हैदराबाद का नाम आता है जिसने 2025 में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ 246 रनों का सफल रन चेज़ किया था.
चौथे नंबर पर 2025 में ही रॉयल चैलेंजर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़ 228 रन और साल 2020 में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ 224 रनों का सफल चेज़ किया था.
आईपीएल में भारतीय बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर

इमेज स्रोत, ANI
इससे पहले दिल्ली के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने पंजाब किग्स के ख़िलाफ़ 112 गेंदों में 152 रनों की आतिशी पारी खेल कर रिकॉर्ड बनाया.
आईपीएल इतिहास में यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर है.
दूसरे नंबर पर ऋषभ पंत का नाम है जिन्होंने 2018 में नाबाद 128 रन बनाए थे.
आईपीएल 2026 क्रिकेट के इस फॉर्मेट का 19वां सीज़न है. इस दौरान खेल के मैदान पर कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं.
महज़ 20 ओवर के खेल में कई बल्लेबाज़ों ने शतक जड़े हैं तो कई गेंदबाज़ों ने विपक्षी टीम को बांधकर रखने वाले स्पेल डाले हैं.
शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जिसे लेकर वो क्रिकेट फ़ैंस के बीच चर्चा में आ गए हैं.
आईपीएल के 19 साल के इतिहास में इससे बड़ी पारी केवल दो बार खेली गई है.
ख़ास बात यह है कि आईपीएल में 13 साल पहले इससे बड़ा शतक बना था, जब क्रिस गेल ने 175 रनों की पारी खेली थी.
केएल राहुल की आतिशी पारी

इमेज स्रोत, ANI
आईपीएल 2026 के 35वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ शानदार शतक जड़ा.
उन्होंने 152 रनों की अपनी पारी में 16 चौके और नौ छक्के लगाए.
कमाल की बात यह भी रही कि राहुल अपनी टीम के लिए ओपनिंग करने उतरे थे और पूरे 20 ओवरों तक पंजाब का कोई गेंदबाज़ न तो उन्हें आउट कर पाया और न ही उन पर अंकुश लगा पाया.
राहुल ने दूसरे विकेट के लिए नीतीश राणा के साथ 220 रनों की साझेदारी भी की. नीतीश राणा ने 44 गेंदों में 91 रनों की पारी खेली और अपने शतक से चूक गए.
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच यह मैच दिल्ली में खेला जा रहा है.
इस मैच में केएल राहुल ने 47 गेंदों में शतक पूरा किया. आईपीएल 2026 में यह उनका पहला शतक है.
आईपीएल के इतिहास में बड़े शतक

इमेज स्रोत, Getty Images
आईपीएल के इतिहास में अब तक किसी बल्लेबाज़ ने एक पारी में 150 या इससे ज़्यादा रन महज़ तीन बार बनाए हैं.
सबसे पहले यह कारनामा साल 2008 में 18 अप्रैल को आईपीएल के पहले सीज़न में बैंडन मैकुलम ने केकेआर की तरफ़ से खेलते हुए आरसीबी के ख़िलाफ़ 158 रनों की नाबाद पारी खेली थी.
मैकुलम ने 73 गेंदों का सामना किया था.
जबकि वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ क्रिस गेल ने साल 2013 में आरसीबी की तरफ़ से खेलते हुए वॉरियर्स (पुणे) के ख़िलाफ़ 175 रनों की पारी खेली थी.
गेल ने महज़ 66 गेदों का सामना किया था.
यह आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
स्ट्राइक रेट की बात करें तो क्रिस गेल ने 265 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की थी.
जबकि केएल राहुल का स्ट्राइक रेट 226 से ज़्यादा रहा है और मैकुलम ने क़रीब 216 के स्ट्राइक रेट से अपनी पारी खेली थी.
'ऐतिहासिक पारी'

केएल राहुल अपनी पारी के बाद क्रिकेट के गरियारों में चर्चा में आ गए हैं.
भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने एक्स पर लिखा, "केएल राहुल के लिए हर साल एक जैसी कहानी. सुपर हिट स्टोरी."
वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज़ मोहम्मद कैफ़ ने लिखा, "केएल राहुल- कोई शिकायत नहीं. टेस्ट में ओपनिंग, स्लिप कैच पकड़ने वाले, स्टैंड-इन कप्तान, विकेटकीपर, और वनडे में फ़िनिशर. और अब, सिर्फ़ 67 गेंदों में 152 रन बनाए. आईपीएल के इतिहास में क्रिस गेल और बैंडन मैकुलम के बाद तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए."
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन ने एक्स पर लिखा, "यह स्पेशल पारी है. केएल राहुल भारत के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं जिन्होंने 150 से ज़्यादा रन (आईपीएल) बनाए हैं. उन्होंने ग़ज़ब के नियंत्रण के साथ बेहतरीन बल्लेबाज़ी की है."
आईपीएल में केएल राहुल का प्रदर्शन

इमेज स्रोत, Getty Images
34 साल के केएल राहुल ने साल 2013 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी.
आईपीएल की इस सीज़न में उन्होंने अब तक 7 मैचों में 357 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक और एक शतक शामिल हैं.
राहुल ने अब तक आईपीएल में 157 मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने 5599 रन बनाए हैं. शनिवार को आईपीएल में उन्होंने अपना छठा शतक बनाया है. इससे पहले वो टी-20 के इस फॉर्मेट में पांच शतक लगा चुके हैं.
इसके अलावा उन्होंने 42 अर्धशतक भी लगाए हैं.
आईपीएल में उनका सबसे अच्छा सीज़न साल 2020 में रहा था, जब उन्होंने 14 मैचों में 670 रन बनाए.
इसके अलावा राहुल ने आईपीएल सीज़न 2018, 2021 और 2022 में भी 600 से ज़्यादा रन बनाए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
































