नेपाल में फिर बाढ़ की चेतावनी- तिब्बत की ओर बना डैम टूटा, लोगों को सुरक्षित जगह जाने को कहा गया

इमेज स्रोत, Safal Prakash Shrestha/NurPhoto via Getty Images
नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएम) ने बताया है कि चीन की तरफ बांध टूटने की उन्हें कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.
अथॉरिटी के प्रवक्ता शांति महत ने कहा, "भोटेकोशी नदी में बाढ़ और मिट्टी का बहाव बढ़ा है, लेकिन बांध टूटने की उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है."
इससे पहले नेपाल पुलिस ने कहा था कि जानकारी मिली है कि तिब्बत की ओर बनाया गया पानी का बांध फिर से टूट गया है.
पुलिस ने बचाव और राहत के काम में लगे सभी सुरक्षाकर्मियों, बचाव दल के लोगों और आम जनता से सतर्क रहने को कहा है.
एनडीआरआरएम को जानकारी मिली है कि आज फिर उसी इलाके में पानी के साथ मिट्टी का बहाव थोड़ा बढ़ गया है, जहां रसुवा में भोटेकोशी नदी में भारी बाढ़ आई थी. वहां फिर से बाढ़ आने का खतरा है.
अथॉरिटी ने कहा, "ख़तरे वाले इलाकों में रहने वाले सभी लोगों से बहुत सतर्क रहने और किसी भी ख़तरे के संकेत दिखने पर तुरंत सुरक्षित जगह जाने की अपील की जाती है."

उत्तरी नेपाल में फिर बाढ़ आने की चेतावनी दी जा रही है. बचाव और राहत के काम में लगे कर्मचारी लोगों को ऊंची जगहों पर ले जा रहे हैं.
बीबीसी की दक्षिण एशिया संवाददाता आज़ादेह मोशिरी ने बताया, "हम भी त्रिशूली नदी से ऊपर एक इलाक़े में पहुंचे हैं, जहां लोग सुरक्षित रहने के लिए इकट्ठा हुए हैं और ख़तरा टलने का इंतज़ार कर रहे हैं. जिस होटल में हम ठहरे थे, उसके मैनेजर भी हमारे साथ हैं. सेना वहां पहुंची थी और उसने उन्हें होटल खाली करने को कहा था."
इस बीच, त्रिशूली में सेना की बैरक में हर कुछ मिनट में हेलिकॉप्टर उतर रहे हैं. वे बचे हुए लोगों को लेकर आ रहे हैं, जिनमें से कुछ घायल हैं.
बाहर दर्जनों लोग अपने परिवार के लोगों की ख़बर मिलने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं या किसी जाने-पहचाने चेहरे के आने की उम्मीद में खड़े हैं.
कुछ लोग दीवार पर लगे काग़ज़ों के आसपास भीड़ लगाए हुए हैं. इन काग़ज़ों पर उन लोगों के नाम लिखे हैं, जिन्हें ढूंढ लिया गया है.
चीनी में झील से पानी का ऑवरफ़्लो रुका
वहीं दूसरी ओर, चीन के सरकारी मीडिया ने बताया कि बांध टूटा नहीं था, बल्कि बांध के ऊपर से पानी बह गया था. हालांकि, अब इसके रुकने की जानकारी सामने आई है.
सरकारी टीवी चैनल के अनुसार,पानी धीरे-धीरे बाहर निकल रहा था. इसके चलते अधिकारियों ने इलाके में बचाव का काम रोक दिया था और स्थिति पर नजर रखी जा रही थी.
लेकिन अब पानी का बाहर निकलना रुक गया है और बचावकर्मी फिर से बचाव का काम शुरू कर दिया है.
समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने यह भी बताया है कि आने वाले घंटों में स्थिति को बेहतर तरीके से समझने के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं.
अधिकारी नेपाल और तिब्बत के बीच स्थित ग्यिरोंग पोर्ट के ऊपर की तरफ पानी के बढ़ते स्तर पर लगातार नज़र रख रहे हैं. बुधवार को हुए भूस्खलन के दौरान कीचड़ और पानी के तेज़ बहाव ने इस सीमा क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया था.
कई घंटों से हो रही भारी बारिश के बाद मलबे के बीच बनी झील का पानी लगातार बढ़ रहा है. अधिकारियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में नीचे के इलाकों में फिर भारी बाढ़ आ सकती है.
सीमा के तिब्बत वाले हिस्से में 550 से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. इनमें करीब 260 विदेशी नागरिक शामिल हैं. लापता लोगों में वे श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो तिब्बत के पवित्र माउंट कैलाश की यात्रा पर जा रहे थे.
झील से बढ़ते ख़तरे की वजह से अब राहत और बचाव टीमों के सामने दोहरी चुनौती है. एक तरफ लापता लोगों की तलाश और दूसरी तरफ संभावित नई बाढ़ से लोगों को सुरक्षित रखना.



















