फ़्रांस को हराकर फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप फ़ाइनल में स्पेन
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में स्पेन ने फ़्रांस को हराकर वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में जगह बना ली है.
इसे वर्ल्ड कप की सबसे मज़बूत अटैकिंग टीम और टूर्नामेंट की सबसे मज़बूत डिफ़ेंस वाली टीम के बीच की टक्कर बताया जा रहा था.
लेकिन ये मुक़ाबला एकतरफ़ा साबित हुआ. स्पेन ने फ़्रांस को 2-0 से हराया.
स्पेन के डिफ़ेंडरों ने फ़्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बापे को अपनी टीम के लिए ख़तरा नहीं बनने दिया.
वहीं मिकेल ओयारज़ाबाल और पेद्रो पोरो के गोल की बदौलत रविवार को होने वाले फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
पहले हाफ़ के बीच में स्पेन को पेनल्टी मिली. ओयारज़ाबाल ने पूरे आत्मविश्वास के साथ पेनल्टी को गोल पोस्ट के कोने में भेज दिया.
स्पेन ने दूसरे हाफ़ में भी खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा.
पेद्रो पोरो ने दानी ओल्मो के साथ शानदार वन-टू खेला और फिर नज़दीकी पोस्ट के पास से दूसरा गोल दाग दिया.
इसके बाद फ़्रांस के पास वापसी के लिए आधे घंटे से थोड़ा ज़्यादा समय था, लेकिन बेहद अनुशासित स्पेनिश टीम के सामने उसकी एक नहीं चली. पूरे टूर्नामेंट में स्पेन ने अब तक सिर्फ़ एक गोल ही खाया है.
मैच के आख़िर तक स्पेन ने पूरी शांति, संयम और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और जीत अपने नाम कर ली.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



