कॉमनवेल्थ गेम्स क्या होते हैं, ग्लासगो में हो रहे खेल कितने हैं अलग?

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई, 2026 को 'द हाइड्रो' में ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान टीम इंडिया के एथलीट परेड में हिस्सा ले रहे हैं

इमेज स्रोत, Mattia Ozbot/Getty Images

इमेज कैप्शन, स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई, 2026 को 'द हाइड्रो' में ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान टीम इंडिया के एथलीट परेड में हिस्सा लेते हुए
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

कॉमनवेल्थ गेम्स हर चार साल में आयोजित होने वाला एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन है, जिसमें कॉमनवेल्थ का हिस्सा रहे देश भाग लेते हैं.

साल 2026 के राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित किए जा रहे हैं. यह इस प्रतियोगिता का 23वां संस्करण है, जिसकी शुरुआत 1930 में ब्रिटिश एम्पायर गेम्स के रूप में हुई थी.

21वीं सदी में बर्मिंघम, गोल्ड कोस्ट, ग्लासगो, दिल्ली, मेलबर्न और मैनचेस्टर इन खेलों की मेज़बानी कर चुके हैं. 2026 के राष्ट्रमंडल खेलों में 74 अलग-अलग देशों और क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं.

ओलंपिक और पैरालंपिक जैसे आयोजनों के विपरीत, ग्रेट ब्रिटेन का हिस्सा रहे देश अलग-अलग टीमों के रूप में प्रतिस्पर्धा करते हैं. इसका मतलब है कि इंग्लैंड, वेल्स, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड एक संयुक्त टीम के बजाय एक-दूसरे के ख़िलाफ़ खेलते हैं.

राष्ट्रमंडल खेलों को प्रभावी रूप से ओलंपिक और पैरालंपिक का छोटा संस्करण माना जाता है, लेकिन इसमें हिस्सा लेने वाले सभी देशों के ऐतिहासिक संबंध ब्रिटिश साम्राज्य से रहे हैं.

ओलंपिक और पैरालंपिक की तरह राष्ट्रमंडल खेल भी हर चार साल में आयोजित किए जाते हैं. इनका आयोजन हर ओलंपिक और पैरालंपिक राउंड के बीच होता है.

राष्ट्रमंडल खेलों की विरासत का एक अहम हिस्सा यह भी है कि यह पहला मल्टी-स्पोर्ट आयोजन था, जिसमें पैरा स्पर्धाओं को पूरी तरह शामिल किया गया.

2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में कौन-कौन से खेल शामिल हैं?

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 27 जुलाई 2026 को ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा के मेडल समारोह के दौरान टीम इंडिया की सिल्वर मेडलिस्ट ज्ञानेश्वरी यादव.

इमेज स्रोत, Mattia Ozbot/Getty Images

इमेज कैप्शन, कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा के मेडल समारोह के दौरान टीम इंडिया की सिल्वर मेडलिस्ट ज्ञानेश्वरी यादव.

2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 10 खेल शामिल हैं. यह संख्या 2014 में ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के 17 खेलों की तुलना में काफ़ी कम है.

हॉकी और रैकेट से खेले जाने वाले सभी स्पोर्ट्स को इस बार के खेलों से बाहर कर दिया गया है.

एथलेटिक्स, तैराकी, ट्रैक साइक्लिंग, नेटबॉल, मुक्केबाज़ी और जूडो जैसे खेल अंतिम सूची में शामिल हैं.

एथलेटिक्स, तैराकी, ट्रैक साइक्लिंग, पावरलिफ्टिंग और बॉल्स में पैरा स्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही हैं.

भारतीय दल

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल की ध्वज वाहक वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू और बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन थीं

2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल खेलों की पूरी सूची

  • एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स (केवल ट्रैक और फ़ील्ड)
  • तैराकी और पैरा तैराकी
  • आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स
  • ट्रैक साइक्लिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग
  • नेटबॉल
  • वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग
  • मुक्केबाज़ी
  • जूडो
  • बॉल्स और पैरा बॉल्स
  • 3x3 बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल

खेलों में कौन-कौन से देश हिस्सा ले रहे हैं?

राष्ट्रमंडल खेल संघ (सीजीए) के सभी 74 सदस्य इस साल ग्लासगो में होने वाले खेलों में हिस्सा ले रहे हैं.

इनमें 55 देश, नौ ब्रिटिश ओवरसीज़ टेरिटरी, यूनाइटेड किंगडम के चार घटक देश, तीन क्राउन डिपेंडेंसी, न्यूज़ीलैंड के राजतंत्र से जुड़े दो एसोसिएटेड स्टेट और ऑस्ट्रेलिया का एक बाहरी क्षेत्र शामिल है.

प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने वाले अन्य देशों के विपरीत, 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार भाग लेने वाले गैबॉन और टोगो का राष्ट्रमंडल के साथ कोई ऐतिहासिक संबंध नहीं रहा है.

दोनों देश 2022 में ही राष्ट्रमंडल में शामिल हुए थे.

मीराबाई चनू

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, मीराबाई चनू ने 190 किलोग्राम वज़न उठाया

अब तक कैसा रहा है भारत का प्रदर्शन

भारत दो गोल्ड, पांच सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज़ समेत कुल 10 पदकों के साथ पदक तालिका में आठवें पायदान पर है.

भारत को पहला मेडल इस प्रतियोगिता में पैरा पावरलिफ़्टिंग में झंडु कुमार ने दिलाया था. उन्होंने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता था. उनके बाद ऋषिकांत सिंह ने 60 किलोग्राम पुरुष वेटलिफ़्टिंग में सिल्वर मेडल दिलाया.

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला गोल्ड मेडल वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने दिलाया. महिलाओं की 48 किलोग्राम की स्पर्धा में मीराबाई ने कई रिकॉर्ड तोड़े.

उन्होंने स्नैच में 85 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम समेत कुल 190 किलोग्राम वज़न उठाया.

मीराबाई चनू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्नैच में 85 किलोग्राम वज़न उठाया है जो कि एक रिकॉर्ड है.

भारत को दूसरा गोल्ड मेडल पैरा एथलेटिक्स शर्मिला धनखड़ ने दिलाया. शर्मिला धनखड़ ने महिलाओं के शॉटपुट एफ-57 इवेंट में ये मेडल जीता.

भारत ने अब तक वेटलिफ़्टिंग में छह मेडल, पैरा इवेंट में तीन मेडल और एथलेटिक्स में एक मेडल जीता है.

2026 के राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले देशों और क्षेत्रों की पूरी सूची

  • अंगुइला
  • एंटीगुआ और बारबुडा
  • ऑस्ट्रेलिया
  • बहामास
  • बारबाडोस
  • बेलीज़
  • बरमूडा
  • बोत्सवाना
  • ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स
  • ब्रुनेई
  • कैमरून
  • कनाडा
  • केमैन आइलैंड्स
  • कुक आइलैंड्स
  • साइप्रस
  • डोमिनिका
  • इंग्लैंड
  • एस्वातिनी
  • फ़ॉकलैंड आइलैंड्स
  • फ़िजी
  • गैबॉन
  • घाना
  • जिब्राल्टर
  • ग्रेनेडा
  • ग्वेर्नसी
  • गुयाना
  • भारत
  • आइल ऑफ़ मैन
  • जमैका
  • जर्सी
  • केन्या
  • किरिबाती
  • लेसोथो
  • मलावी
  • मलेशिया
  • मालदीव
  • माल्टा
  • मॉरीशस
  • मॉन्टसेराट
  • मोज़ाम्बिक
  • नामीबिया
  • नाउरू
  • न्यूज़ीलैंड
  • नाइजीरिया
  • नियू
  • नॉरफ़ॉक आइलैंड
  • उत्तरी आयरलैंड
  • पाकिस्तान
  • पापुआ न्यू गिनी
  • रवांडा
  • सेंट हेलेना
  • सेंट किट्स और नेविस
  • सेंट लूसिया
  • सेंट विंसेंट और द ग्रेनाडाइंस
  • समोआ
  • स्कॉटलैंड
  • सेशेल्स
  • सिएरा लियोन
  • सिंगापुर
  • सोलोमन आइलैंड्स
  • दक्षिण अफ़्रीका
  • श्रीलंका
  • तंज़ानिया
  • द गाम्बिया
  • टोगो
  • टोंगा
  • त्रिनिदाद और टोबैगो
  • तुर्क्स और कैकोस आइलैंड्स
  • तुवालु
  • युगांडा
  • वनुआतु
  • वेल्स
  • ज़ाम्बिया
सर्वेश कुशारे

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता

किन देशों का रिकॉर्ड सबसे बेहतर है?

  • राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे ज़्यादा पदक
  • ऑस्ट्रेलिया – 2,604 (1,003 स्वर्ण, 834 रजत और 767 कांस्य)
  • इंग्लैंड – 2,322 (773 स्वर्ण, 783 रजत और 766 कांस्य)
  • कनाडा – 1,647 (510 स्वर्ण, 548 रजत और 589 कांस्य)
  • न्यूज़ीलैंड – 706 (179 स्वर्ण, 232 रजत और 295 कांस्य)
  • भारत – 564 (203 स्वर्ण, 190 रजत और 171 कांस्य)
  • स्कॉटलैंड – 502 (132 स्वर्ण, 143 रजत और 227 कांस्य)
  • दक्षिण अफ़्रीका – 416 (137 स्वर्ण, 132 रजत और 147 कांस्य)
  • वेल्स – 334 (75 स्वर्ण, 104 रजत और 155 कांस्य)
  • नाइजीरिया – 271 (82 स्वर्ण, 84 रजत और 105 कांस्य)
  • कीनिया – 258 (91 स्वर्ण, 80 रजत और 87 कांस्य)

कॉमनवेल्थ गेम्स के वे देश जिन्होंने कभी कोई पदक नहीं जीता

  • अंगुइला
  • एंटीगुआ और बारबुडा
  • बेलीज़
  • ब्रुनेई
  • एस्वातिनी
  • फ़ॉकलैंड आइलैंड्स
  • गैबॉन (2026 में पहली बार भाग ले रहा है)
  • जिब्राल्टर
  • मालदीव
  • मॉन्टसेराट
  • रवांडा
  • सेंट हेलेना
  • सिएरा लियोन
  • टोगो (2026 में पहली बार भाग ले रहा है)
  • तुर्क्स और कैकोस आइलैंड्स
  • तुवालु

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.