ओमान के तट के पास भारतीय झंडा लगे जहाज़ का इंजन फ़ेल, 14 लोगों के सवार होने की ख़बर

इमेज स्रोत, Getty Images
ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास ने रविवार को एक्स पर पोस्ट कर बताया है कि ओमान के तट पर उसे भारतीय झंडे वाले एक जहाज़ का इंजन फ़ेल होने की ख़बर मिली है.
भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, "मिशन को ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज़ विराट-1 से जुड़ी एक घटना की जानकारी मिली है. जहाज़ पर कथित तौर पर चालक दल के 14 भारतीय सवार थे. घटना के संबंध में ओमानी अधिकारियों और आसपास मौजूद जहाज़ों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया जा रहा है."
इसके बाद दूतावास ने एक और पोस्ट कर जानकारी दी कि जहाज़ का इंजन ख़राब हो गया था.
दूतावास ने लिखा, "जानकारी के मुताबिक, जहाज़ में इंजन ख़राब हो गया था, जिसके बाद चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित रूप से एक लाइफराफ्ट (रेस्क्यू बोट) में भेज दिया गया. ओमानी अधिकारियों और आसपास मौजूद जहाज़ों की मदद से बचाव अभियान फ़िलहाल जारी है."
इससे पहले ओमान के तट के पास अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत हो गई थी.
इसे लेकर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

















